डीसी कुल्लू होंगे भुंतर गुरुद्वारे के कार्यवाहक

कुल्लू।। हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने डीसी कुल्लू को भुंतर में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वामित्व वाली संपत्ति की सुरक्षा के उद्देश्य से कार्यवाहक और रिसीवर के रूप में नियुक्त किया है। पिछले हफ्ते दो दशक से अधिक पुरानी सिविल अपील पर फैसला करते हुए कोर्ट ने उन सभी पक्षों को जो संपत्ति के प्रबंधन पर अधिकार का दावा कर रहे थे, इसे दो हफ्ते के भीतर डीसी कुल्लू को सौंपने के निर्देश जारी किए हैं।

जस्टिस सुरेश्वर ठाकुर ने डीसी को सिख विद्वानों की सहायता से पवित्र धर्मग्रंथों के रखरखाव और समर्पित रखरखाव को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। हाई कोर्ट ने उन्हें सिख धर्म से संबंधित सभी अनुष्ठानों का नियमित रूप से समर्पित पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा, वह भुगतान किए गए वेतन के साथ-साथ संपत्ति से अर्जित राजस्व का नियमित लेखा-जोखा भी रखेंगे। डीसी सिख सेवादारों और विद्वानों की सहायता से संपत्ति की आय से पवित्र मंदिर के भविष्य के जीर्णोद्धार को भी सुनिश्चित करेंगे।

हाई कोर्ट ने 1997 में एक परिवार के सदस्यों और गुरुद्वारा ग्रंथ साहिब, भुंतर की समिति के सदस्यों के बीच एक विवाद के संबंध में गुरुद्वारे के प्रबंधन पर अधिकार का दावा करते हुए एक अपील का निपटारा करते हुए यह निर्देश पारित किए हैं।

हाई कोर्ट ने कहा कि सिख गुरुद्वारा अधिनियम, 1925 की धारा 38 के अनुसार, सिविल कोर्ट के पास गुरुद्वारा संपत्ति से संबंधित मुकदमों को चलाने और बनाए रखने का कोई अधिकार क्षेत्र नहीं है, जो कि डीसी की पूर्व अनिवार्य अनुमति के बिना उनके सामने लाये गए हैं।

सेब का रेट कम पड़ा तो अड़ गईं दो बहनें, बोलीं- हमें बच्चे भी पालने हैं, सही रेट दो

शिमला।। सेब बेचने के लिए मंडी गई दो बहनों के सेब का रेट जब कम पड़ा तो दोनों अच्छे दाम के लिए अड़ गईं। मामला शिमला जिले की मतियाना फल मंडी का है। ननखड़ी के खुन्नी पनोली से पिंका नेगी और उनकी बहन कल्पना सेब बेचने आई थीं। जब उनके सेब का रेट 1450 रुपये लगाया गया, तो दोनों ने खरीदार दो टूक शब्दों में कह दिया कि हमें बच्चे भी पालने हैं, सही रेट दो। सेब की क्वालिटी देखो, कोई रस्टिंग नहीं हैं।

इस पर खरीदार ने कहा कि माल दागी है। माल में
छीटा यानी ओले के निशान हैं। तो महिला ने कहा कि थोड़ा तो होगा ही, बड़े पेड़ में जाली के बाहर लग जाता है। वेट और कलर में कोई कमी है तो बोलो। इसपर खरीदार ने कहा कि मैडम सेब नहीं बिकता, वक्त बिकता है। आजकल यही मार्केट है।

जवाब में महिला बोली, हमें पता है, ये सेब जब स्टोर से निकलेगा तो 250 रुपये बिकेगा। इंटरनेट का जमाना है हम सब देखते हैं। महिला के न मानने पर खरीदार 1475 रुपये देने को राजी हो जाता है। लेकिन दोनों बहनें 155 रुपये पर अड़ी रही। जिसके बाद खरीदार भी 1500 रुपये देने को राजी हो गया। पेटी का वजन करीब 28 किलो था।

दोनों बहनों का कहना है कि बागवान को मंडियों में फसल के सही रेट नहीं मिल रहे हैं। सरकार भी कुछ नहीं के रही। सही रेट के लिए बागवान को गिड़गिड़ाना पड़ रहा है। सरकार ने कार्टन के रेट बढ़ा दिए हैं। दवाइयों पर सब्सिडी खत्म कर दी है। मन करता है बगीचे काटकर कोई और खेती करें।

वहीं, खरीदार ने बताया कि माल की सही क्वालिटी नहीं आ रही है। पिछले साल भी रेट गिरे थे। लाखों का नुकसान हुआ था। पिछले साल 2500 में भी माल खरीदा था। महंगे डीजल और मनमानी कमीशन से बचाने के लिए सरकार को सोचना चाहिए।

अनुराग ठाकुर होंगे यूपी विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी

नई दिल्ली।। 2022 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री व हिमाचल के हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर को भाजपा ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। अनुराग ठाकुर को यूपी चुनाव का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इसका ऐलान किया है।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को यूपी चुनाव का प्रभारी बनाया गया है। अनुराग के अलावा सूरज पांडेय और अर्जुन राम मेघवाल यूपी चुनाव के सह प्रभारी होंगे। चुनाव प्रभारी बनाए गए धर्मेंद्र प्रधान का मंडी के धर्मपुर में ससुराल हैं।

बता दें नवंबर 2020 में भाजपा ने जम्मू-कश्मीर स्थानीय निकाय चुनावों के लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को चुनाव प्रभारी बनाया था। अनुराग ने यह जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाई थी, जिसके बाद अब एक बार फिर अनुराग को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बीमार महिला को जद्दोजहद कर पहुँचाया अस्पताल

कुल्लू।। हिमाचल प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों में ज़िंदगी बसर अपने आप में एक चुनौती है। ऐसे में जब इन क्षेत्रों में कोई बीमार हो जाता है, तो यह चुनौती और बढ़ जाती है। कुल्लू जिले में 11 गांवों के लोग परेशानी हैं। परेशानी की वजह है इन गांवों का सड़क मार्ग से न जुड़ा होना।

हाल ही यहां से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक बीमार महिला को लोगों ने कुर्सी पर बिठाकर पांच किलोमीटर दूर सड़क मार्ग तक पहुंचाया। तब जाकर महिला को अस्पताल ले जाया जा सका। यहां के लोगों का कहना है कि वे राजनेताओं के दावों और वादों से परेशान हो चुके हैं। इलाके के लोगों ने अब चुनाव का बहिष्कार करने की चेतावनी दे डाली है।

मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को इलाके के शाह गांव की कमला अचानक से बीमार हो गई। गांव तक सड़क न होने के कारण ग्रामीणों ने महिला को कुर्सी पर बिठाया और कंधे पर उठाकर सड़क मार्ग तक ले गए। उसके बाद महिला को अस्पताल पहुँचाया गया।

लोगों का कहना है कि अगर शमशर-शाह सड़क बन जाती है तो क्षेत्र के लोगों को 25 किलोमीटर लंबी सड़क वाया शवाड की बजाय करीब आठ किलोमीटर सड़क से आनी उपमंडल मुख्यालय पहुंचने में आसानी होगी।

बड़ी हैरानी की बात है कि हिमाचल प्रदेश की कृषि उत्पाद विपणन समिति (APMC) के चेयरमैन अमर ठाकुर भी इसी पंचायत से ताल्लुक रखते हैं। अमर ठाकुर इन गांवों की स्थानीय चौधर के मंच यानि गांव कुंगस की पंचायत के प्रधान रह चुके हैं। उनकी पत्नी भी पंचायत की चेयरपर्सन बनी थी, लेकिन बावजूद इसके इन गांवों के मौलिक विकास के बारे में कोई नहीं सोचता।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने सड़क निकालने के लिए अपने लगे लगाए बगीचे उखाड़ दिए हैं। मगर हताशा के सिवाय कुछ हाथ नहीं लगा। गांव वालों का यह भी कहना है उन्होंने जमीन खरीदकर भी सरकार को दी, ताकि उनके गांव सड़क मार्ग से जुड़ सकें और उनकी खेती का लाभ उन्हें मिल सके। लोगों की मानें तो 15 साल से दो बार सर्वे हो चुका है, लेकिन सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ। गांव के लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही सड़क का काम शुरू नहीं होता तो 11 गांवों के मतदाता आने वाले चुनाव का बहिष्कार करेंगे।

इस बारे में लोक निर्माण विभाग के निरमंड इलाके के कार्यकारी अभियंता राजेश शर्मा का कहना है कि शमशर से शाह गांव को निकलने वाली सड़क का एफसीए केस बनाकर भेजा है और उसकी स्वीकृति मिलने के बाद ही सड़क का कार्य आरंभ किया जा सकेगा।

शिमला: दूध की थैली पर विवाद, कारोबारी पर किया चाकू से हमला

शिमला।। राजधानी शिमला में एक युवक द्वारा एक कारोबारी पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दूध की थैली की कीमत को लेकर दोनों के बीच कुछ बहस हुई, जिसके बाद युवक ने कारोबारी के पेट में चाकू घोंप दिया। घायल कारोबारी का आईजीएमसी शिमला में इलाज चल रहा है। जबकि, आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक मिडल बाजार में कारोबारी की दुकान है। देर शाम को जब वह दुकान बंद कर रहा था, तो एक युवक ने आकर दूध की थैली मांगी। कारोबारी ने दूध की थैली दी, लेकिन युवक दूध की थैली की कीमत को लेकर कारोबारी से बहसने लग पड़ा। इसी बीच युवक ने कारोबारी पर चाकू से हमला कर दिया। कारोबारी के पेट में चाकू लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल कारोबारी को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की सूचना दी।

हमले की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सुबह भी दोनों के बीच बहस हुई थी। शाम को बहस ने जानलेवा हमले का रूप ले लिया। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है।

एसपी शिमला मोनिका भुटूंगरु ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मिडल बाजार में दुकानदार पर जानलेवा हमला हुआ है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

कुल्लू दशहरा: इस बार सभी देवी-देवता होंगे शामिल, शोभायात्रा भी होगी

कुल्लू।। देश-दुनिया में प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में इस बार सभी देवी-देवता शिरकत करेंगे। 15 अक्तूबर से कुल्लू का दशहरा महोत्सव शुरू हो रहा है। इस बार दशहरे में रघुनाथ भगवान की भव्य रथ यात्रा के साथ नरसिंह देव की जलेबी भी निकलेगी। इसके अलावा इस बार सभी 300 देवी-देवता कुल्लू दशहरा में आएंगे। हालांकि, देवलुओं की संख्या कम हो सकती है।

दशहरा उत्सव में इस बार भी परंपराएं ही निभाई जाएंगी, लेकिन इस बार सभी देवी-देवता मौजूद रहेंगे। पिछले साल मात्र सात देवी-देवताओं को ही निमंत्रण दिया गया था, जबकि एक दर्जन पहुंचे थे। इस बार कुछ शर्तों के साथ सभी देवी-देवताओं को दशहरे के लिए निमंत्रण दिया जाएगा। देवरथों के साथ मुख्य कारकून और बजंतरी ही शामिल होंगे।

डीसी कुल्लू एवं दशहरा उत्सव समिति कुल्लू के उपाध्यक्ष आशुतोष गर्ग ने बताया कि इस बार भी लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होंगे। न ही व्यापारियों के लिए मेला सजेगा। इस हफ्ते समिति की बैठक होगी, जिसमें सब फाइनल हो जाएगा।

पिछले साल दशहरा उत्सव में दशहरा उत्सव कमेटी ने मात्र सात देवी-देवताओं को निमंत्रण दिया था। इसके बावजूद उत्सव में भगवान रघुनाथ, बिजली महादेव, देवी हिडिंबा सहित एक दर्जन से अधिक देवी-देवता शामिल हुए थे। पिछले साल कोरोना की पहली लहर चरम पर थी, जिस कारण मात्र कुछ ही देवी-देवताओं को निमंत्रण दिया गया था।

कोरोना काल में पिछले साल देवता शृंगा ऋषि, देवता खुडीजल और ब्यास ऋषि समेत आनी, बंजार और निरमंड घाटी के सौ से ज्यादा देवता शामिल नहीं हो पाए थे। इस दौरान उत्सव में देवी-देवताओं को न बुलाने पर दशहरे में आई देवी हिडिंबा के साथ देवता हलाण के धूमल नाग, सोयल की माता कोटली, डमचीण के वीरनाथ और फलाणी नारायण ने कड़ी नाराजगी जताई थी। इसके बाद भगवान रघुनाथ के दरबार में छोटी और नग्गर में बड़ी जगती का आयोजन किया गया था। देवी-देवताओं को न बुलाने पर कुल्लू का देव समाज भी दो धड़ों में बंट गया था।

‘देव-संसद’ में सरकार के दखल से देवी-देवताओं के गूर नाराज

हिमाचल सरकार के नए चॉपर में आई खराबी

शिमला।। हिमाचल सरकार का नया चॉपर महज़ 38 दिन में ही खराब हो गया है। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर के गियर बॉक्स में तकनीकी खराबी आई है। ऐसे में अब हेलीकॉप्टर अनाडेल मैदान में प्लास्टिक कवर से ढंककर खड़ा है। तकनीकी खराबी के चलते हेलीकॉप्टर उड़ान के लिए इस्तेमाल में नहीं लाया जा रहा है।

हिमाचल सरकार का यह चॉपर रूस की स्काई वन एयरवेज कंपनी का एमआई 172 है। हेलीकॉप्टर में आई खराबी को जांचने के लिए रूस से एक्सपर्ट्स की टीम आएगी। तब तक के लिए कंपनी ने एक छोटा हेलीकॉप्टर सीएम की उड़ान के लिए भेजा है।

बता दें कि हिमाचल सरकार ने पांच लाख 10 हजार रूपए प्रति घंटे की दर पर स्काई वन कंपनी से यह हेलीकॉप्टर लीज पर लिया गया है। लगभग एक महीना पहले ही यह हेलीकॉप्टर हिमाचल पहुँचा है। जब इस हेलीकॉप्टर की खरीद हुई थी तब विपक्ष ने जमकर विरोध किया था। सरकार का कहना है कि यह चॉपर जनजातीय क्षेत्रों में भी इस्तेमाल किया जाएगा।

हाल ही में लाहौल-स्पीति के उदयपुर में बादल फटने के कारण फंसे पर्यटकों व स्थानीय लोगों को रेस्क्यू करने के लिए इस हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया गया था। हेलीकॉप्टर ने हिमाचल पहुंचते ही पहली उड़ान लाहौल-स्पीति में फंसे लोगों को एयरलिफ्ट करने के लिए भरी थी।

मंडी: गली-सड़ी हालत में मिला लापता ज्योति का शव

मंडी।। जोगिंद्रनगर के गडुही गांव से लापता विवाहिता का शव बरामद हुआ है। एक महीने बाद गली-सड़ी हालत में लापता ज्योति का शव मिला है। शव उसके घर के पीछे वाले जंगल से ही बरामद हुआ है। 8 अगस्त से ज्योति लापता बताई जा रही थी। जोगिंद्रनगर नगर पुलिस ज्योति को ढूंढने में लगी हुई थी। अब एक महीने बाद ज्योति का शव बरामद हुआ है।

जोगिंद्रनगर उपमंडल के हराबाग क्षेत्र में ज्योति का मायका है। मायके वालों की ओर से सुसराल पक्ष पर ज्योति को प्रताड़ित करने के आरोप भी लगाए गए थे। दो हफ्ते पहले परिजनों की मौजूदगी में ग्रामीणों का गुस्सा भी पुलिस प्रशासन के खिलाफ फूटा था। जिसके बाद पुलिस पर ज्योति को ढूंढने के दबाव बढ़ गया था।

बताया जा रहा है की आठ अगस्त को चावल जलने पर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। जिसके बाद करीब रात के साढे़ आठ बजे ज्योति अपने कुत्ते के साथ लापता हो गई थी। मायके वालों के मुताबिक उन्हें अगले दिन दोपहर बाद सास-ससुर से बेटी के लापता होने की सूचना मिली थी।

पिछले कल जब गांव का एक व्यक्ति जंगल से गुज़र रहा था तो उसे गली-सड़ी हालत में एक शव दिखाई दिया। उसने पुलिस को इसकी जानकारी दी। जोगिंद्रनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। फॉरेंसिक व अन्य एक्सपर्ट टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

ज्योति का शव जिस हालत में बरामद हुआ वो तस्वीरें विचलित करने वाली हैं। पेड़ पर एक दुप्पटा नुमा कपड़ा लटका हुआ मिला है। ज्योति का शव यहां लटका हुआ था, जो गल-सड़ कर नीचे गिरा हुआ मिला। ज्योति ने आत्महत्या की है या फिर उसे मारकर लटकाया था, जांच के बाद ही इसका पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने मामले में धारा 306 को जोड़ते हुए ज्योति के पति शिव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस गंभीरता से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।

HRTC बस चलाना चाहती हैं हमीरपुर की अनुराधा, मिल गया हैवी लाइसेंस

हमीरपुर।। महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। हिमाचल प्रदेश में महिलाओं के हाथ एचआरटीसी की बसों के स्टेयरिंग थामने के लिए आगे आ रहे हैं। प्रदेश ही पहली महिला एचआरटीसी चालक सीमा ठाकुर के बाद अब हमीरपुर की अनुराधा ने ड्राइविंग टेस्ट ट्रायल पास कर लिया है।

अनुराधा हमीरपुर के धनेटा के जसोह गांव से संबंध रखती हैं। 38 वर्षीय अनुराधा 10वीं पास हैं और उनकी दो बेटियां व एक बेटा है। नादौन में आयोजित ड्राइविंग टेस्ट ट्रायल अनुराधा ने पहले ही प्रयास में पास कर लिया है।

अनुराधा का हैवी ट्रांसपोर्ट व्हीकल लाइसेंस बनाने का सपना पूरा हो गया है। अनुराधा ने इसके लिए अपने ट्रेनिंग इंचार्ज शैलेश शर्मा व अजीत कुमार का आभार जताया है। अनुराधा एचआरटीसी हमीरपुर के ड्राइविंग स्कूल से ड्राइविंग की बारीकियां सिख रही थीं। सोमवार को ड्राइविंग स्कूल में अनुराधा को विदाई पार्टी भी दी गई।

अनुराधा ने बताया कि उसका एक ही सपना है कि वह एचआरटीसी की पहली महिला ड्राइवर सीमा ठाकुर की तरह निगम की बस चलाना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि अब वह तीन वर्ष का अनुभव लेंगी ताकि निगम में ड्राइवर भर्ती के लिए आवेदन कर सकें। अनुराधा ने कहा कि अगर उसे स्कूल बस या फिर प्राइवेट बस चलाने का मौका मिलता है, तो वह इसमें जरूर हाथ आजमाएंगी।

ठेकेदार ने जेसीबी से 10 मीटर गड्ढा खोदकर रोक दी सड़क

कांगड़ा।। कांगड़ा जिला के इंदौरा उपमंडल में एक ठेकेदार द्वारा निर्माणाधीन सड़क को उखाड़ने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति सरकारी ठेकेदार है और नेता भी है। ठेकेदार का कहना है कि उसने सड़क इसलिए उखाड़ दी क्योंकि जिस जमीन पर सड़क बनाई जा रही है, वो जमीन उसकी है।

हालांकि मामले की जानकारी मिलते ही पंचायत प्रधान पूरी पंचायत को साथ लेकर मौके पर पहुंचे और इसका कड़ा विरोध जताया। ठेकेदार सुरडवा पंचायत के घगवा गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि ठेकेदार ने एक निजी जेसीबी मशीन लगाकर सरकारी सड़क के बीच दस मीटर लंबा गड्ढा खोद दिया है। ठेकेदार गड्ढा खोदकर सरकारी सड़क की जमीन पर कब्जा कर रहा है।

जब स्थानीय लोगों को जेसीबी द्वारा सड़क उखाड़ने की सूचना मिली तो उन्होंने जेसीबी ऑपरेटर को रोका। जब ठेकेदार से सड़क उखाड़ने का कारण पूछा तो उसने राजनीतिक धौंस दिखाई। कहा कि यह सड़क मेरी जमीन पर है। मैं इसे खोदकर अपनी जमीन में मिला रहा हूँ। जब पंचायत प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे तो उक्त ठेकेदार ने उन्हें भी यही जवाब दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2008-09 में स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण के लिए यह जमीन लोक निर्माण विभाग को दे दी थी। विभाग सहित ग्रामीणों के पास भी इसके एग्रीमेंट की कॉपी है। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त ठेकेदार ने अपनी जमीन वर्ष 2019 में खरीदी है। लोगों ने संबंधित विभाग व प्रशासन से सरकारी सम्पति को नुकसान पहुंचाने के लिए ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की है।

इस बारे पंचायत पलाख की प्रधान सुषमा देवी ने बताया कि सेठी साहब नामक व्यक्ति ने बिना किसी नोटिस के यह कार्य किया है। न ही पंचायत और न ही विभाग को इसकी खबर थी। लोगों के फोन आने के बाद मैं मौके पर पहुंची और काम रुकवाया। पंचायत की ओर से उक्त व्यक्ति के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने के लिए प्रशासन को लिखा जा रहा है।

वहीं, एसडीओ लोक निर्माण विभाग का कहना है कि विभाग का ठेकेदार होते हुए भी उक्त ठेकेदार ने यह निंदनीय कार्य किया है। मौका देखने के बाद उक्त ठेकेदार के खिलाफ जो भी विभागीय कार्रवाई बनती होगी, अमल में लाई जाएगी।