हिमाचल: चैलेंजर्स कप के लिए तीन लड़कियों सहित चार खिलाड़ी चयनित

ऊना।। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा आयोजित अंडर-19 चैलेंजर्स कप में भाग लेने के लिए तीन लड़कियों सहित राज्य के चार क्रिकेट खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) के सचिव सुमित शर्मा ने कहा कि अंडर-19 वर्ग में एचपीसीए के लिए खेलने वाली तीन महिला क्रिकेट खिलाड़ी नैन्सी शर्मा, शिवली ठाकुर और साक्षी ठाकुर चैलेंजर्स कप में भाग ले रही हैं, जबकि एचपीसीए खिलाड़ी राघव अंगरा को पुरुष चैलेंजर्स कप में भाग लेने के लिए चुना गया है।

उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों का चयन बीसीसीआई ने हाल ही में समाप्त हुए अंडर-19 अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया था। उन्होंने कहा कि महिला चैलेंजर्स कप के लिए बीसीसीआई द्वारा चार टीमों का गठन किया गया था, जबकि पुरुष चैलेंजर्स कप के लिए छह टीमों का गठन किया गया था।

सुमित शर्मा ने कहा कि प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हिमाचल प्रदेश के चार खिलाड़ियों का चयन राज्य की युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को अपने प्रदर्शन को बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने बताया कि महिला चैलेंजर्स कप 25 अक्टूबर से 7 नवंबर तक जयपुर में आयोजित किया जा रहा है, जबकि पुरुष टूर्नामेंट 25 अक्टूबर से 10 नवंबर तक अहमदाबाद में आयोजित किया जा रहा है।

मंडी: सड़क हादसे में दो की मौत, तीन घायल

मंडी।। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से सड़क हादसे की दुखद खबर आ रही है। हादसे में दो लोगों की मौत की सूचना है, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, यह सड़क हादसा दुर्गापुर-रिवालसर रोड़ पर हुआ है।

दुर्गापुर-रिवालसर रोड पर एक कार सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। फ़िलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस व एंबुलेंस को फोन कर हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई है। अभी मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।

किन्नौर में उमड़ी भीड़ देख बोले सीएम, यहां से बाजी एकतरफा होगी

रिकांगपिओ।। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किन्नौर के रिकांगपिओ में एक जनसभा की। यहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशी खुशाल ठाकुर के लिए वोट मांगे। जनसभा में उमड़े भारी जनसमूह को देख मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने लोगों को देखकर लग रहा है कि यहां से बाजी एकतरफा होगी।

रिकांगपिओ में बड़ी संख्या में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आपका इलाका जितना सुंदर है, यहां जीवन भी उतना ही कठिन है। अचानक से हुई बर्फबारी के कारण सेब को काफी नुकसान पहुंचा है। बर्फ के कारण सेब के पेड़ टूट गए। बागवानों को हुए इस नुकसान को मैं अच्छी तरह से समझ सकता हूं। इसकी भरपाई के लिए प्रयत्न किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा घर भी काफी ऊंचाई पर है। मैंने भी खेतों में हल जोतने, सेब तोड़ने और सेब को मंडी तक ले जाने का काम किया है। इसलिए मैं हिमाचल के लोगों और किन्नौर की परिस्थितियों को अच्छी तरह से समझ सकता हूं।

मुख्यमंत्री ने कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर किन्नौर के लोगों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि कोरोना की पहली डोज लगाने के मामले में हिमाचल देश का अव्वल राज्य बना। अब हिमाचल वैक्सीन की दोनों डोज लगाने में भी देश का प्रथम राज्य बनेगा। लेकिन किन्नौर कोरोना की दूसरी डोज लगवाकर संपूर्ण वैक्सीनेशन वाला हिमाचल का पहला जिला बना है, इसके लिए यहां के लोगों को मैं बधाई देना चाहता हूं।

कांग्रेस ने अपनी ही पार्टी को लूटा

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस 50 साल सत्ता में रही लेकिन उन्होंने कोई काम नहीं किया। उनके कार्यकाल में प्रदेश में केवल 30 वेंटिलेटर और 2 ऑक्सीजन प्लांट थे। आज प्रदेश में करीब 900 वेंटिलेटर और करीब 30 ऑक्सीजन प्लांट हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग कोरोना काल में भी केवल राजनीति करते रहे। सलाहकार बनकर कहते रहे कि ये किजिए, वो कीजिए। लेकिन उन्होंने लोगों की मदद करने की कोशिश कभी नहीं की। हमने बाहरी राज्यों में फंसे हिमाचलियों को उनके घरों तक पहुंचाया। लोगों की जिंदगी बचाने के लिए जो किया जा सकता था वो किया। कांग्रेस के नेताओं ने तो करोड़ों का बिल अपनी पार्टी को भेजकर लूटने का प्रयास किया। सोचिए अगर ये लोग सत्ता में होते तो क्या करते।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के नेताओं को निशाने पर लेते हुए कहा, “इन्होंने तो स्टार प्रचारक भी बाहर से बुलाए। ऐसे स्टार प्रचारक जिनपर देशद्रोह के आरोप लगे हैं। कांग्रेस के नेताओं को जनता की बिल्कुल भी फिक्र नहीं है। आज जब वीरभद्र सिंह जी नहीं रहे तो इनमें प्रदेश का सबसे बड़ा नेता बनने की होड़ लगी हुई है।”

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कोरोना काल में हुए विकास कार्य भी गिनाए। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जब लोगों की बीच जाना संभव नहीं हुआ तो हमने ऑनलाइन तरीके से करीब 4500 करोड़ के शिलान्यास और उद्घाटन किए। आज कांग्रेस के नेता कहते हैं कि जयराम सरकार अपना कोई एक काम गिनवा दे। पता नहीं कांग्रेस की नजर में काम क्या है।

मुख्यमंत्री ने किन्नौर के लोगों से भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर के लिए वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस बार की जीत वैसी ही होगी, जैसी 2019 में रामस्वरूप शर्मा जी की हुई थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सितंबर महीने में टले अपने किन्नौर दौरे का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि उस दिन आचार संहिता नहीं लगती तो यहां कई विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास होते। मुख्यमंत्री ने कहा, “लेकिन मैं वादा करता हूं कि अगली बार जब आऊंगा तो आपके सांसद को भी साथ लाऊंगा। उस दिन यहां जो भी कमी रही है, उसे दूर किया जाएगा।”

‘मणिकर्णिका’ और ‘पंगा’ फिल्मों के लिए कंगना रणौत को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

शिमला।। ‘मणिकर्णिका’ और ‘पंगा’ फिल्मों के लिए अभिनेत्री कंगना रणौत ने बेहतरीन अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किया है। आज उन्हें चौथी बार राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। कंगना को उनके शानदार अभिनय के लिए उप राष्ट्रपति द्वारा यह पुरस्कार प्रदान किया गया। हालांकि, इन पुरस्कारों की घोषणा मार्च 2021 में ही हो गई थी, लेकिन कोरोना के चलते सम्मान समारोह को स्थगित कर दिया गया था।

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में कंगना के लुक पर हर किसी की नजरें भी टिक गई। हालांकि, कंगना रणौत अपने गेटअप को लेकर हमेशा चर्चा में रहती हैं। कंगना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

सोमवार सुबह कंगना ने अपनी तस्वीरों के साथ लिखा, ‘आज मुझे दो फिल्मों- ‘मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी’ और ‘पंगा’ में परफॉर्मेंस के लिए नेशनल अवॉर्ड मिल रहा है। मैंने ‘मणिकर्णिका’ को को-डायरेक्ट किया था। इन फिल्मों के लिए पूरी टीम को मेरा आभार’।

उसके बाद पुरस्कार के साथ अपने माता-पिता की तस्वीरों को शेयर करते हुए कंगना ने लिखा कि हम माता-पिता के प्यार, देखभाल व बलिदान के योग्य बनने की गहरी इच्छा से बड़े होते हैं। तमाम मुसीबतों के बाद मैंने अपने मम्मी-पापा को ऐसे दिन देने की कोशिश की है, जो बचपन की शरारतों की भरपाई हो। कंगना ने अपने माता-पिता को मम्मी-पापा होने का धन्यवाद भी किया।

हिमाचल: इस साल सड़क हादसों में 817 ने गंवाई जान, 22 फीसदी हादसों में सड़क से उतरे वाहन

शिमला।। हिमाचल प्रदेश में इस साल पहाड़ी से वाहन नीचे गिरने की लगभग 98 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में हुईं, जबकि इस तरह की केवल दो प्रतिशत सड़क दुर्घटनाएँ शहरी क्षेत्रों में हुईं। एक जनवरी से 15 अक्तूबर तक 1862 सड़क हादसों में 817 लोगों की मौत हुई और 2,617 लोग घायल हुए।

इनमें से 418 यानी 22.4 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाएं सड़क से नीचे उतरने और खड़ी पहाड़ियों से नीचे लुढ़कने वाले वाहनों के कारण हुईं, जिसमें 392 लोगों की जान गई और 672 लोग घायल हुए। 418 दुर्घटनाओं में से 409 ग्रामीण इलाकों में हुईं, जहां सड़कों और सुरक्षा बुनियादी ढांचे की स्थिति खराब है और 108 यानी लगभग 26 प्रतिशत दुर्घटनाएं शाम 6 से 10 बजे के बीच हुईं। लगभग 50 प्रतिशत हादसों में कारें शामिल थीं।

डीजीपी संजय कुंडू ने कहा कि जिलेवार दुर्घटना मानचित्रण, विश्लेषण और सूक्ष्म प्रबंधन ने पुलिस को दुर्घटना की आशंका वाले हिस्सों और दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान करने में मदद की है। उन्होंने कहा कि 2015-18 के दौरान दुर्घटनाओं की औसत संख्या 3,100 से घटकर 2019 से लगभग 2,300 हो गई है, जो समस्या के प्रति सक्रिय दृष्टिकोण के कारण है।

डीजीपी ने कहा कि अपनाए गए कुछ अन्य सुरक्षा उपायों में स्पीड की जांच के लिए डॉपलर रडार और संवेदनशील स्थानों पर यातायात पुलिस की तैनाती शामिल है। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी को ब्लैक स्पॉट को ठीक करने और कमजोर हिस्सों पर क्रैश बैरियर लगाने के लिए भी कहा गया है।

लेह-दिल्ली रूट पर साढ़े आठ महीने के लिए बस सेवा बंद

लाहौल-स्पीति: देश के सबसे लंबे रूट पर अब साढ़े आठ महीने बाद ही एचआरटीसी की बस चल पाएगी। 1026 किलोमीटर लंबे लेह-दिल्ली रूट पर 15 अक्तूबर से बस सेवा बंद कर दी गई है। अब इस रूट पर अगले साल जून के बाद ही बस का संचालन हो पाएगा।

इस साल एचआरटीसी के केलांग डिपो ने दिल्ली-मनाली-केलांग से लेह के लिए अटल टनल रोहतांग के रास्ते एक जुलाई से बसों का संचालन किया। साढ़े तीन महीने बाद ही इस रूट पर बस संचालन बंद करना पड़ा है। यह रूट 15 अक्तूबर से आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया जाता है।

हालांकि, एचआरटीसी प्रबंधन ने सितंबर महीने में ख़राब मौसम को देखते हुए केलांग से आगे लेह तक यह बस इस सीजन के लिए बंद कर दी थी। दिल्ली से केलांग के बीच यह बस चल रही थी, लेकिन अब वो भी इस सीजन के लिए बंद कर दी गई है।

इस बारे एचआरटीसी केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल चंद मनेपा ने कहा कि लेह-दिल्ली बस सेवा 15 अक्तूबर से बंद की गई है। इस रूट पर बस सेवा आगामी वर्ष में जून माह के बाद ही शुरू की जाएगी।

एचआरटीसी प्रबंधन द्वारा कई बार केलांग से आगे बारालाचा, लाचुंग और तंगलंग दर्रे में मौसम अनुकूल रहने पर काफी समय तक लोगों को बसों की सुविधा दी जाती रही है। इस बार खराब मौसम के चलते एचआरटीसी ने यह बस सेवा बंद कर दी है।

बता दें कि लेह-दिल्ली रूट सामरिक दृष्टि से भी अति महत्वपूर्ण है। साल 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान यह सड़क अपना सामरिक महत्व दर्ज करा चुकी है। तब से लेकर इस सड़क पर सेना की कानवाई, रसद और अन्य सामग्री भेजी जा रही है।

जवाहर ठाकुर के बाद अब सतपाल सत्ती ने दिया गैर-जिम्मेदाराना बयान

कांगड़ा।। महिलाओं को लेकर भाजपा विधायक जवाहर ठाकुर के बाद अब भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के बोल भी बिगड़े हैं। सत्ती ने मंडी लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को लेकर गैर-जिम्मेदाराना बयान दिया है। सत्ती का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

फतेहपुर में सीएम जयराम ठाकुर की रैली के दौरान सतपाल सत्ती ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने प्रतिभा सिंह को एमपी के चुनाव में फंसाया है कि आप ही लड़ सकती हैं। सत्ती ने कहा कि कांग्रेस जानती है कि परिणाम क्या होने वाला है, इसलिए प्रतिभा सिंह को जबर्दस्ती चुनाव लड़ा दिया।

सत्ती ने कहा कि अभी वीरभद्र सिंह को स्वर्ग सिधारे दो-अढ़ाई महीने हुए हैं। हमारे परिवारों में महिलाएं बाहर नहीं निकलती हैं। सत्ती ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने प्रतिभा सिंह को मजबूर करके चुनाव लड़ा दिया। जब वो फील्ड में गए तो उनके ध्यान में आया कि मंडी संसदीय क्षेत्र में जयराम ठाकुर का डंका बज रहा है, इसलिए प्रतिभा सिंह को बयान देना पड़ा कि वह चुनाव लड़ना ही नहीं चाहती हैं, उन्हें पार्टी ने लड़ा दिया।

इससे पहले द्रंग विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक जवाहर ठाकुर ने प्रतिभा सिंह को लेकर विवादित बयान दिया था। जवाहर ठाकुर ने कहा था कि हमारे हमारे समाज में किसी व्यक्ति की मृत्यु हो जाने पर उसकी पत्नी कम से कम एक साल तक मातम मनाती है। प्रतिभा सिंह राज परिवार से हैं। ऐसी क्या आफत आ गई कि सारे नियम छोड़कर आज वह लोकसभा उपचुनाव लड़ने के लिए तैयार हुईं हैं। कांग्रेस नेताओं ने जवाहर ठाकुर के इस बयान की निंदा की थी।

पहले भी दिए हैं कई विवादास्पद बयान

सतपाल सत्ती पहले भी विवादास्पद बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। 2019 के लोकसभा चुनावों में सत्ती ने मंडी में रामस्वरूप शर्मा के नामांकन के बाद दिए भाषण में कहा था कि जो हमारे नताओं की ओर उंगली उठाएगा, हम उसकी बाजू काटकर हाथ में पकड़ा देंगे। इस बात के सत्ती को चुनाव आयोग से नोटिस मिला था।

2019 में ही सतपाल सत्ती ने सोलन के रामशहर में भरे मंच से राहुल गांधी के लिए सोशल मीडिया की कथित पोस्ट की आड़ में माँ की गाली का प्रयोग किया था। जिसके बाद चुनाव आयोग ने सत्ती पर 48 घंटों तक प्रचार करने पर रोक लगा दी गई थी। इसके अलावा महात्मा गांधी को धोती, टोपी और लंगोट वाला कहकर संबोधित करने जैसे कई विवाद सतपाल सत्ती के नाम हैं।

सात बजे के बाद प्रचार करने की शिकायत में विक्रमादित्य को क्लीनचिट

शिमला।। शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह के खिलाफ भाजपा द्वारा की गई शिकायत में उन्हें राज्य निर्वाचन विभाग ने क्लीनचिट दे दी है। हाल ही में भाजपा की ओर से विक्रमादित्य सिंह के खिलाफ राज्य निर्वाचन विभाग में शिकायत की गई थी, जिसमें कहा गया था कि विक्रमादित्य सिंह शाम सात बजे के बाद भी चुनाव प्रचार कर रहे हैं।

राज्य निर्वाचन विभाग ने इस मामले में विक्रमादित्य सिंह को क्लीनचिट दे दी है। मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले की जांच के दौरान ये तथ्य सामने आया कि प्रचार तो सात बजे से पहले ही समाप्त कर दिया गया था लेकिन उस पोस्ट को सोशल मीडिया पर बाद में पोस्ट किया गया था।

जाहिर है भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रचार करने का समय सुबह दस बजे से शाम सात बजे तक निर्धारित किया है। अगर कोई इस समय अवधि का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

‌कांग्रेस ने की शिकायत, जलशक्ति विभाग और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी कर रहे चुनाव प्रचार

शिमला।। हिमाचल प्रदेश में उपचुनावों के लिए अब मात्र एक हफ्ते का समय ही शेष बचा है। उपचुनाव के लिए प्रचार में तेजी आने के साथ शिकायतों का दौर भी तेज हो गया है। कांग्रेस ने राज्य निर्वाचन विभाग से की शिकायत में आरोप लगाया है कि जलशक्ति विभाग और पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता चुनाव प्रचार कर रहे हैं। कांग्रेस ने इस पर कार्रवाई की मांग की है।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में हो रहे उपचुनाव के दौरान सरकारी अधिकारियों की ओर से प्रचार किए जाने की पहली शिकायत आई है। कांग्रेस ने मांग की है कि ऐसे अधिकारियों पर सीसीएस व सीसीए रूल के तहत कार्रवाई कर उन्हें बर्खास्त किया जाए।

कांग्रेस का कहना है कि सरकारी कर्मचारी किसी भी राजनीतिक पार्टी के पक्ष में चुनाव प्रचार नहीं कर सकता है। शिकायत के साथ सम्बंधित साक्ष्य भी राज्य निर्वाचन विभाग को दिए गए हैं।

शिकायत मिलने के बाद राज्य निर्वाचन विभाग की ओर से जलशक्ति विभाग और पीडब्ल्यूडी दोनों विभागों और संबंधित अधिकारियों से जवाब माँगा गया है। इसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

पकौड़े भी नहीं तल पा रहा युवा, कड़वा तेल 250 रुपये लीटर: विक्रमादित्य सिंह

मंडी।। हिमाचल प्रदेश में उपचुनावों के लिए प्रचार के अब मात्र पांच दिन ही शेष बचे हैं। सभी नेता अपने प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार में डटे हुए हैं। भाजपा जहाँ विकास की बात कर रही है, वहीं कांग्रेस लगातार बढ़ती महंगाई पर सरकार को घेर रही है।

मंडी से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के बेटे विधायक विक्रमादित्य सिंह लगातार मोर्चा संभाले हुए हैं। शुक्रवार को मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र में विक्रमादित्य सिंह ने महंगाई पर केंद्र सरकार को जमकर घेरा। विक्रमादित्य ने कहा कि आज गैस सिलिंडर 1100 रुपये में मिल रहा है। पेट्रोल 105 रुपये प्रतिलीटर और डीजल 93 रुपये प्रतिलीटर हो गया है। सराज और मंडी की जनता पूछती है कि हमारा क्या अपराध है।

विक्रमादित्य ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने युवाओं के लिए पकौड़े तलने का नया रोज़गार पैदा कर दिया है। लेकिन आज युवा पकौड़े भी नहीं तल पा रहा है, क्योंकि कड़वा तेल 250 रुपये लीटर बिक रहा है। विक्रमादित्य ने कहा कि सरकार अभी तक डीपो विक्रेताओं के लिए पॉलिसी भी नहीं बना पाई है।