इंद्रूनाग में मलबा हटाने के लिए सुधीर शर्मा ने लगाईं तीन जेसीबी

मृत्युंजय पुरी, धर्मशाला।। कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने खनियारा के इन्द्रू नाग में आई प्राकृतिक आपदा में माहौल का जायजा लिया और इलाके में फैले मलबे को हटाने के लिए तुरंत तीन JCB मशीनों का प्रबंध किया। सुधीर शर्मा ने बताया कि उनकी कोशिश है कि यहां से तुरंत मलबा हटे और लोगों को त्वरित राहत मिल सके।

सुधीर शर्मा ने आपदा प्रभावित लोगों को ढांढस बंधाया और उन्हें हर संभव सहायता का वायदा भी दिया। लोगों ने स्थानीय पूर्व विधायक शर्मा को बताया कि प्रशासन की ओर से किए जा रहे इंतजाम काफी नहीं हैं। इसके बाद उन्होंने मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीनों का इंतजाम किया।

सुधीर ने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह हर परिस्थिति में आपदा प्रभावित लोगों के साथ है, सरकार मदद करे या न करे, वह हमेशा तन मन धन से उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला मेरा परिवार है और यदि मेरे परिवार पर कोई आपदा आएगी तो मैं सबसे आगे खड़ा मिलूंगा।

धर्मशाला में इंद्रुनाग मंदिर के पास भारी बारिश से नुकसान

मृत्युंजय पुरी, धर्मशाला।। भारी बारिश ने एक बार फिर धर्मशाला के ऊंचे इलाकों में तबाही मचाई है। शुक्रवार को अचानक हुई बारिश के कारण सौकणी दा कोट में भारी नुकसान हुआ है। इंद्रुनाग मंदिर परिसर के हिस्से के अलावा दुकानों और मकानों को भी क्षति पहुंची है।

धर्मशाला की सौकणी दा कोट पंचायत में हुए इस नुकसान के पीछे बादल फटने को मुख्य कारण माना जा रहा है। दोपहर बाद तीन बजे इंद्रूनाग मंदिर में पचास मीटर ऊपर घुरलू नाले में यह बादल फटा। इस दौरान लोग जान बचाकर भाग निकले।

पानी का बहाव इतना तेज था कि सात दुकानें पूरी तरह बह गईं। वहीं दस से ज्यादा घरों में मलबा जा घुसा। एक राशन डिपो भी मलबे से भर गया है।

इस मामले में राहत की बात यह है कि किसी तरह का जान का नुकसान नहीं हुआ है। बिजली का ट्रांसफार्मर ध्वस्त होने से बिजली ठप हो गई है।

स्थानीय विधायक विशाल नैहरिया और पूर्व विधायक सुधीर शर्मा ने प्रभावित इलाके का दौरा किया। विशाल नेहरिया ने बताया कि प्रशासन मौके पर है और हर संभव मदद कर रहा है। वहीं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने अपनी ओर से दो जेसीबी का इंतजाम किया है ताकि मलबे को हटाया जा सके।

अमित वर्मा ने कांगड़ा में किया शक्ति प्रदर्शन, आजाद चुनाव लड़ने की घोषणा की

मृत्युंजय पुरी, कांगड़ा।। कांगड़ा के रहने वाले अमित वर्मा ने परिवार सहित श्री ब्रजेश्वरी माता कांगड़ा के दर्शन करने के साथ ही अपने चुनावी सफर की शुरुआत कर दी है। अमित वर्मा ने आज सुबह करीब 10:00 बजे श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर कांगड़ा में परिवार सहित दर्शन किए। इसके बाद वह कांगड़ा की राजपूत सभा में विशाल जनसभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे।

आज की जनसभा में लोगों ने भारी संख्या में उनका साथ दिया। युवा वर्ग ने जमकर अमित वर्मा जिंदाबाद के नारे लगाए। अमित वर्मा ने अपनी चुनावी सफर की शुरुआत करते हुए बताया कि वह कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए लोगों के भारी समर्थन के साथ यहां आज आए हैं और लोगों ने उन्हें जो समर्थन दिया है व बढ़-चढ़कर उनका साथ दिया इसके लिए वह उनका धन्यवाद भी करते हैं।

अमित वर्मा ने बताया कि उनकी पृष्ठभूमि कांग्रेस की रही है। सबसे पहले वह कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की टिकट के लिए आवेदन करेंगे यदि उन्हें कांग्रेस पार्टी से टिकट नहीं मिली तो फिर भी वह आजाद चुनाव लड़ेंगे और लोगों के मुद्दों को जीत हासिल करते ही हल करने की शुरुआत करेंगे।

अमित वर्मा ने कहा कि अगर वह कांगड़ा की जनता के सहयोग से चुनाव जीतकर आते हैं तो कांगड़ा विधानसभा की जनता की समस्याओं को हल करने की उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने आज खुले मंच से ऐलान करते हुए कहा कि जल्द ही वह एक हेल्पलाइन नंबर भी जनता के लिए जारी करने वाले हैं जिसके माध्यम से कांगड़ा के समस्त क्षेत्रवासी अपनी समस्याओं को लेकर हेल्पलाइन नंबर पर अपनी शिकायतें भेज सकेंगे। जनता की तमाम समस्याओं को प्राथमिकता के साथ हल करने का उनका पूरा प्रयास रहेगा।

कांगड़ा की समस्याओं के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि आज विधानसभा कांगड़ा की विभिन्न पंचायतों में खिलाड़ियों को खेल के लिए बेहतरीन मैदान उपलब्ध नहीं है। चुनाव जीत कर आने के बाद उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में बेहतरीन खेल के मैदान खिलाड़ियों के लिए मौजूद करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही जनता के मुद्दों पर कहते हुए उन्होंने बताया कि कांगड़ा शहर में आवारा बंदरों, बेसहारा पशुओ और लगातार बढ़ रहे कुत्तों के आतंक से भी जनता परेशान हो चुकी है। जनता के बार-बार आग्रह करने पर भी प्रशासन द्वारा जनता को अब तक जरा भी राहत नहीं मिली है।

अमित वर्मा ने मंच से आगे कहते हुए बताया कि कांगड़ा शहर में यातायात की समस्या भी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है जिसके लिए वह चुनाव जीतने के बाद शहर में यातायात व्यवस्था को बनाने के लिए बेहतरीन प्रयास करेंगे।

कांगड़ा की सड़कों की स्थिति के बारे में बताते हुए उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा में विभिन्न क्षेत्रों में सड़के बनाने के बाद कुछ ही समय में उखाड़ दी जाती है जिससे राहगीरों व वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतने के बाद उनके पूरे प्रयास रहेंगे की शहर की जनता को इस तरह की समस्याओं से ना जूझना पड़े।

विधायकों के बारे में बोलते हुए उन्होंने बताया कि वह अन्य विधायकों की तरह नहीं होंगे जो मौका देख कर अपने दल बदल ले। वह लोगो को दरकिनार करते हुए दल बदल कर अपने फायदे के लिए चुनाव लड़ने नही आ रहे है बल्कि जनता के भरपूर सहयोग के लिए मैदान में उतरे है।

नगरोटा बगवां में बीजेपी छोड़ 50 महिलाएं कांग्रेस में शामिल

मृत्युंजय पुरी, कांगड़ा।। नगरोटा बगवां में एक बार फिर बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. आज ओबीसी भवन में करीब 70 लोगों ने कांग्रेस का दामन थामा है. इनमें से 50 महिलाओं ने बीजेपी छोड़ कांग्रेस पार्टी को ज्वाइन किया. महाराष्ट्र से हर्षवर्धन सपकल और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव आरएस बाली की मौजूदगी में इन लोगों ने कांग्रेस का दामन थामा है.

इस मौके पर आरएस बाली ने कहा ग्रामीण क्षेत्र के लोग बहुत अहम भूमिका निभाते हैं. उन्होंने कहा बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ ये लड़ाई मजबूत हो रही है. जीएस बाली जी के समय नगरोटा बगवां तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा था. आरएस बाली बोले, नगरोटा बगवां भारत का अकेला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र है जहां सरकार के सारे कॉलेज, सरकारी कार्यालय एक ही विधानसभा क्षेत्र में हैं.

विज्ञापन

उन्होंने आगे कहा, विकासपुरुष जीएस बाली जी ने रोजगार भत्ता अपने शासनकाल में पूरे हिमाचल में दिया. विकासपुरुष जीएस बाली जी की विचारधारा को आगे लेके जाना है. बीजेपी पर हमला बोलते हुए आरएस बाली ने कहा, कि आज के समय लोगों की जीना मुश्किल हो गया है. रोजगार, महंगाई, जीएसटी ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है. झूठ का प्रचार अब नहीं चलेगा. जनता ने सब देखा और जनता सबस बताएगी. इस मौके पर सभी ने जीएस बाली को श्रद्धांजलि अर्पित की.

वीरभद्र सिंह के सुरक्षा अधिकारी रहे DSP पदम ठाकुर को रिटायरमेंट के बाद पुनर्नियुक्ति

शिमला।। हिमाचल प्रदेश सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सुरक्षा में तैनात रहे डीएसपी पदम दास ठाकुर को 6 महीने के लिए पुनर्नियुक्ति दी है। वह एक दिन पहले, 31 अगस्त 2022 को ही रिटायर हुए थे।

मुख्य सचिव आरडी धीमान की ओर से आज, 1 सितंबर, 2022 को जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, पदम दास ठाकुर को आज से 28 फरवरी 2023 तक नियुक्ति मिली है। नोटिफिकेशन में लिखा गया है कि उन्हें डीएसपी के एक खाली पद पर यह नियुक्ति दी गई है।

गौरतलब है कि 2017 चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जो चार्जशीट पेश की थी, उसमें मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सुरक्षा अधिकारी रहे पदम ठाकुर पर भी आरोप लगाए गए थे। चार्जशीट में आरोप था कि पदम ठाकुर की पत्नी को पदोन्नति दी गई और बेटियों-बेटे को नौकरी दी गई।

भाजपा का आरोप था कि वीरभद्र सरकार ने अनैतिक ढंग अपना कर कई लोगों को अनेक फायदे पहुंचाए हैं। भाजपा ने यहां तक लिखा था कि ‘उनके खिलाफ दो शादियां करने का आरोप होने के बावजूद उन्हें गलत ढंग से प्रोमोशन दी गई। नियमों में विशेष छूट देकर पुलिस विभाग में ही कार्यरत उनकी पत्नी को पदोन्नति दी गई।’

यही नहीं, आरोप था कि पद्म ठाकुर की एक बेटी को कांगड़ा सेंट्रल सहकारी बैंक में अनैतिक ढंग से नौकरी दी गई। दूसरी बेटी को हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक में नियमों की धज्जियां उड़ाकर नौकरी दी गई और बेटे आशीष ठाकुर को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में चोर दरवाजे से नौकरी पर रखा गया।’

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने दिया कांग्रेस की 10 गारंटियों का जवाब

शिमला।। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी जो गारंटिया देने के वादे कर रही हैं वो हिमाचल प्रदेश की जयराम सरकार पहले ही दे रही है। हिमाचल सरकार ने इस गारंटियों से बढ़कर ही काम किया है, कांग्रेस नेताओं को जनता को गुमराह करने की आदत गई नही है।

कांग्रेस की पहली गारंटी पुरानी पेंशन स्कीम बहाली बारे कश्यप ने कहा कि कांग्रेस ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में तो दे पुरानी पेंशन दी नही और आज अभी कांग्रेस कुछ दे उससे पहले भूपेश बघेल ने माना कि अभी तक उन्होंने अपने राज्य में यह स्कीम दी नहीं है वो कैसे देंगे, ये पता नहीं। अग्निहोत्री ने कहा कि हम कहीं कटोरा लेकर नहीं जाएंगे। पहले कांग्रेस नेता आपस में तय कर लें की इनकी नीति क्या है।

कांग्रेस की दूसरी गारंटी महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जाएंगे। कश्यप ने जवाब में कहा की कांग्रेस के मौजूदा नेताओं ने कहा कि ये पैसे दिए जाएंगे और इसकी जांच राजीव शुक्ला और भूपेश बघेल ने कर दी है कि कहां से देंगे। अरे हिमाचल कांग्रेस के नेता आप हैं , क्या आप छत्तीसगढ़ से पैसे लेकर हिमाचल में देंगे?

तीसरी गारंटी 300 यूनिट बिजली हर महीने फ्री दी जाएगी। कश्यप ने जवाब देते हुए कहा कि जब हमने फैसला लिया तो कह रहे थे मुफ्तखोरी की आदत लगा रहे हैं । आज हिमाचल में 14 लाख घरों का बिल शुल्क शून्य आ रहा है। अब वो 300 यूनिट फ्री दें या हजार दें , कहने में क्या जाता है।

चौथी गारंटी 5 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। कश्यप ने जवाब दिया की आंकड़े उठाकर देंखें तो 2012 से 2017 तक कांग्रेस की सरकार ने जितने लोगों को सरकारी क्षेत्र में रोजगार दिया , उससे ज्यादा रोजगार हमारी सरकार ने दिया है। निजी क्षेत्र का आंकड़ा तो और ज्यादा है और हर बात में राजस्थान और छत्तीसगढ़ का हवाला देने वाले कांग्रेसी बताएं, इन राज्यों में उन्होंने अब तक कितने लाख युवाओं को रोजगार दे दिया है?

May be an image of text that says "IN HIMACHAL हिमाचल की जनता को कांग्रेस की 10 गारंटियां पुरानी पेंशन स्कीम बहाल होगी 2. महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जाएंगे 3. 300 यूनिट बिजली हर महीने फ्री दी जाएगी 4 5 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा 5. बागवान खुद तय करेंगे फलों की कीमत 6. युवाओं के लिए 680 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड 7. हर गांव में मोबाइल क्लीनिक से मुफ्त इलाज होगा 9. 8. हर विधानसभा क्षेत्र में इंग्लिश मीडियम स्कूल खुलेंगे पालकों से हर दिन 10 लीटर दूध खरीदेंगे 10. आम जनता से 2 रुपये किलो गोबर खरीदेंगे"

पांचवी गारंटी ‘बागवान खुद तय करेंगे फलों की कीमत’ का जवाब देते हुए कश्यप ने कहा कि पहले जब इतने समय तक इनके मुख्यमंत्री रहे, जो कि खुद बागवान थे, तब तो आपने कुछ नहीं किया। हम जब बागवानों और किसानों के लिए कृषि कानून लाए, तब आप उनका विरोध कर रहे थे। उन कानूनों से क्या बागवानों को खुद अपनी फसल की कीमत तय करने का अधिकार नहीं मिल रहा था?

छठी गारंटी ‘युवाओं के लिए 680 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड’, का जवाब देते हुए कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना हमने शुरू की है और इसके अंतर्गत 10 हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिल चुका है। इसके तहत हिमाचल में 700 करोड़ से अधिक का निवेश हो चुका है, 200 करोड़ की सब्सिडी अलग से दी गई है।

सातवी गारंटी ‘हर गांव में मोबाइल क्लीनिक से मुफ्त इलाज होगा’ पर कश्यप ने कहा कि हम आयुष्मान भारत और हिमकेयर से सबको मुफ्त इलाज दे रहे हैं और मोबाइल क्लीनिक योजना भी हम शुरू कर चुके हैं। अगले महीने आपको हर विधानसभा क्षेत्र के गांवों में यह सुविधा मिलने लगेगी।

आठवीं गारंटी- हर विधानसभा क्षेत्र में 4 इंग्लिश मीडियम स्कूल खुलेंगे, पर कश्यप ने कहा कि प्रदेश में कई जगहों सरकारी स्कूलों में इंग्लिश मीडियम में पढ़ाई हो रही है। कई स्कूलों में इंग्लिश मीडियम के अलग सेक्शन बने हुए हैं।

नौवीं गारंटी-  गाय और भैंस पालकों से हर दिन 10 लीटर दूध खरीदेंगे, को लेकर कश्यप ने कहा कि हिमफेड गाय और भैंस पालकों से दूध की खरीद करती है। जिन्हें दूध बेचना होता है वो स्वतंत्र होकर कोऑपरेटिव्स और निजी कंपनियों को भी दूध बेच रहे हैं।

दसवीं गारंटी ‘आम जनता से 2 रुपये किलो गोबर खरीदेंगे’ को लेकर कश्यप ने पलटवार करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती हिमाचल में सदियों से होती आई है। जो लोग खुद पशु रखते हैं, वे गोबर का इस्तेमाल अपने खेतों में कर रहे हैं और निजी स्तर पर दूसरे लोगों को भी बेचते हैं। इसमें कोई विशेष योजना नही है। यह सिर्फ हवाई दावा है कि दो रुपये गोबर खरीदेंगे।

कश्यप ने कहा कि कांग्रेस नेता होश में आएं और सही मायने में हिमाचल में हुए विकास को देखें। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल देश में डबल इंजन का सर्वश्रेष्ठ मॉडल बन रहा है।

नालागढ़ कोर्ट परिसर के बाहर हत्या के आरोपी पर चली गोली

नालागढ़।। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में नालागढ़ कोर्ट परिसर के बाहर फायरिंग हो गई। नालागढ़ कोर्ट परिसर के बाहर सरेआम बदमाशों ने कई राउंड फायर कर दिए। कोर्ट में पेशी के लिए अपराधी को मारने का हमला किया है। पुलिस की गिरफ्त में कोई नहीं आया है। कोर्ट परिसर के बाहर गोली चलने से अफरा तफरी का माहौल बन गया। सोमवार कंडा जेल से हत्‍या के आरोप में गिरफ्तार अजय उर्फ सन्‍नी को नालागढ़ कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। इस दौरान दो युवकों ने हत्‍या आरोपित कैदी पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने बीच बचाव करते हुए कैदी को गोली लगने से बचा लिया।

दोनों युवक हमला करने के बाद मौके से फरार हो गए। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने होशियारी बरतते हुए कैदी की जान बचा ली। बताया जा रहा है कि युवकों ने एक के बाद एक कई राउंड फायर किए। इस घटना में किसी को चोट नहीं लगी है।

डीएसपी नालागढ़ अमित यादव ने कहा पुलिस ने आरोपितों की बाइक बरामद कर ली है। जल्‍द ही दोनों शातिरों को दबोच लिया जाएगा। फायर‍िंग किसी गैंगवार का हिस्‍सा है या कोई और मामला है, इसकी भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक बद्दी मोहित चावला ने बताया पुलिस ने इस मामले में काफी चौकसी के साथ काम किया है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है तथा दोनों आरोपित युवकों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस में टिकट के तलबगारों को जोर का झटका, संजय दत्त का कार्यक्रम रद्द

मृत्युंजय पुरी, कांगड़ा।। कांगड़ा में पवन काजल के भाजपा में जाने के बाद कांग्रेस में भूचाल का आलम है। कांगड़ा में कांग्रेस का ब्लाक अब तक भंग है। नए ब्लाक के गठन के लिए पार्टी के सह प्रभारी ने सोमवार को मटौर के निकट एक होटल में कांग्रेस वर्कर्ज से मीटिंग लेनी है। माना जा रहा था कि उस मीटिंग में टिकट के सारे तलबगारों ने जहां अपना पक्ष रखना था, वहीं नए ब्लाक के गठन का रास्ता भी साफ होना था।

इस मीटिंग का बड़ी बेसब्री से कांग्रेस कार्यकर्ता व नेता इंतजार कर रहे थे, लेकिन ऐन मौके पर सह प्रभारी संजय दत्त का प्रोग्राम बदल गया है। उन्होंने फोन पर बताया कि उनका सोमवार को कांगड़ा आने का कोई कार्यक्रम नहीं है।

संजय दत्त ने साफ कहा है कि उनका अभी कांगड़ा में आने का कोई कार्यक्रम नहीं है। इस मीटिंग के अलावा संजय दत्त ने जिला स्तर की मीटिंग भी लेनी है। वह मीटिंग कैसे होती है, यह भी देखने वाली बात होगी।

खैर, राजनीति में कब, क्या हो जाए, यह किसी को पता नहीं। ऐसे में असली तस्वीर सोमवार को ही साफ हो पाएगी। बहरहाल बैठक में टिकट के तलबगारो का शक्ति प्रदर्शन भी देखने को मिलना था लेकिन अब इस सूचना के बाद कही ना कही टिकट के तलबगारो को निराशा जरूर होगी।

शाहपुर कांग्रेस में बढ़ी खींचतान, वरिष्ठ नेताओं ने उठाई यह मांग

शाहपुर।। चुनावी वर्ष में जहां भाजपा व कांग्रेस में टिकटों को लेकर घमासान मचा हुआ है, वहीं इससे शाहपुर विधानसभा क्षेत्र भी अछूता नहीं है। शाहपुर कांग्रेस की टिकट को लेकर मची लड़ाई अब सार्वजनिक हो चुकी है। इसी कड़ी में शनिवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने शाहपुर यूनाइट के नाम पर प्रेसवार्ता करके आलाकमान से नए चेहरे को टिकट देने की वकालत की है। साथ ही यह भी कहा कि हारे हुए प्रत्याशी को टिकट दी गई तो इसका पार्टी को निश्चित तौर पर नुकसान होगा।

शाहपुर यूनाइट कांग्रेस में शामिल नेताओं हंसराज ठाकुर, सादिक खान, ओंकार राणा, अभय राणा, प्रवीण धीमान, मनोज कुमार, जितेन्द्र गुलेरिया ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि शाहपुर में कांग्रेस दो नेताओं की वजह से हारती रही है, जिसका भाजपा नेता को लाभ मिलता रहा।

इन नेताओं ने कहा कि आलाकमान से यही आग्रह रहेगा कि इस पार्टी को शाहपुर से जीत दिलाने के लिए नए चेहरे को आगे लाया जाए, जो कि बेदाग हो, काम करने वाला हो और जिताऊ हो। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि शाहपुर में यदि कांग्रेस समय रहते समझ जाती तो पार्टी की यह हालत न होती।

यूनाइट कांग्रेस नेताओं का कहना था कि शाहपुर के कांग्रेसियों को एकजुट किया जाएगा तथा पार्टी पूरे जोर-शोर से चुनावी समर में उतरेगी। वहीं उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में शाहपुर कांग्रेस का कार्यालय निजी घर में चलाया जा रहा है, ऐसे में उनका प्रयास रहेगा कि जल्द ही शाहपुर कांग्रेस का कार्यालय किसी अन्यत्र जगह स्थापित किया जाए, जहां हर कोई आ और जा सके।

बीजेपी नहीं दे रही भाव, कांग्रेस में जाने की तैयारी में अनिल शर्मा

नई दिल्ली।। मंडी से भारतीय जनता पार्टी के विधायक अनिल शर्मा जल्द ही कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस के दिल्ली स्थित मुख्यालय के सूत्रों का दावा है कि हिमाचल से कांग्रेस का एक समूह अनिल शर्मा को वापस लेने का विरोध कर रहा है मगर केंद्र के एक दिग्गज नेता की पैरवी विरोध पर भारी पड़ गई है। ऐसे में जल्द ही एक कार्यक्रम में अनिल शर्मा कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

बता दें कि दिवंगत कांग्रेस नेता पंडित सुखराम और उनके बेटे अनिल शर्मा पिछले विधानसभा चुनाव से पहले ही कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी में आए थे। बीजेपी की सरकार बनने पर अनिल शर्मा मंत्री भी बने थे। मगर उनके बेटे आश्रय शर्मा ने अपने दादा पंडित सुखराम के साथ मिलकर कांग्रेस का दामन थाम लिया था और 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उस समय अनिल शर्मा ने परिवार के हाथों मजबूर होने की बात कही थी और मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

इसके बाद उनकी लगातार भारतीय जनता पार्टी से दूरी बनी रही। अपने विधानसभा क्षेत्रों में हुए मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में वह शामिल तो होते रहे लेकिन अनिल शर्मा की नाराजगी यह रही कि उन्हें पार्टी विधायकों की बैठकों और पार्टी के अन्य आधिकारिक कार्यक्रमों का न्योता नहीं दिया गया। लेकिन खुद अनिल शर्मा ने भी कभी यह खुलकर नहीं कहा कि उनके बेटे की राजनीतिक विचारधारा भले अलग हो लेकिन मैं बीजेपी के साथ हूं।

इस अलगाव का नतीजा यह रहा है कि अभी तक अनिल शर्मा अपना रुख साफ नहीं कर पाए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि वह चाह रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी उन्हें मनाए लेकिन बीजेपी इस मूड में बिल्कुल नहीं दिख रही। ऊपर से अनिल शर्मा का कांग्रेस के नेताओं के संपर्क में आकर ब्लैकमेल करना भी बीजेपी को स्वीकार नहीं आ रहा। हाल ही में अनिल शर्मा ने दिल्ली का दौरा किया था जिसमें उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी।

दिल्ली से लौटने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अनिल शर्मा ने सभी अटकलों को गलत बताया है और कहा है कि वह दिल्ली दोनों पार्टियों के नेताओं से मिले हैं और अपनी बात कही है। उन्होंने कहा कि जहां से भी उन्हें फ्री हैंड मिलेगा, वहां से वह चुनाव लड़ेंगे।

लंबे समय से बीजेपी को कवर कर रहे एक वरिष्ठ टीवी पत्रकार ने बताया कि तटस्थ एजेंसियों के सर्वे में यह बात निकलकर आई है कि पंडित सुखराम के निधन के बाद अनिल शर्मा के लिए परिस्थितियां काफी बदल गई हैं। खासकर उनके परिवार के अंदर तनाव की बातें बाहर आने के बाद भी विश्वसनीयता में गिरावट आई है। बार-बार दल बदलने, पिता के पुत्र और पौत्र के अलग-अलग पार्टियों में होने से सदर मंडी के लोगों के बीच अच्छा संदेश भी नहीं गया है। 2019 के लोकसभा के चुनाव में रिकॉर्ड 2 लाख 37 हजार वोटों से आश्रय की हार हुई थी।

उस घटनाक्रम ने भी लोगों के मन में संशय पैदा किया है जिसमें अनिल शर्मा की बड़ी बहू और आश्रय की पत्नी ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर अपने ससुर पर गंभीर आरोप लगाए थे। बाद में अनिल शर्मा की छोटी बहू यानी सलमान खान की बहन अर्पिता ने अपने ससुर का बचाव किया था। अनिल ने भी कहा था, जोश से नहीं, होश से काम ले बहू।  वरिष्ठ पत्रकार के अनुसार, इस पूरे प्रकरण से सुखराम परिवार को लेकर आम लोगों में गंभीरता खत्म हुई है।

बहरहाल, चुनाव को अभी कुछ समय बाकी है। मगर हिमाचल की सियासत के चाणक्य कहे जाने वाले पंडित सुखराम के बिना यह उनका पहला चुनाव होगा। इसलिए यह चुनाव उनकी अपनी क्षमताओं का भी इम्तिहान होगा। फिर चाहे वह किसी भी पार्टी से लड़ें।