हिमाचल: राशन डिपुओं में इस बार 22 रुपये सस्ती मिलेंगी दालें

शिमला।। हिमाचल प्रदेश के राशनकार्ड उपभोक्ताओं के थोड़ी राहत खबर है। राशन डिपुओं में उपभोक्ताओं को नवंबर महीने में तय रेट से 22 रुपये सस्ती दालें मिलेंगी। बता दें कि पिछले महीने की दालों के दाम में 20 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। अब इस बार 22 रुपये दाम कम हुए हैं।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में 19 लाख राशनकार्ड उपभोक्ता हैं। उपभोक्ताओं को चार में से तीन दालें दी जा रही हैं। इनमें दाल चना, मूंग, मलका और माश की दाल शामिल है। प्रदेश सरकार केंद्रीय सरकारी एजेंसी नैफेड से दालों की खरीद करती है।

बताया जा रहा है कि दालों के दाम गिरने से उपभोक्ताओं को सस्ती दालें मिलेंगी। अभी एपीएल उपभोक्ताओं को 67 रुपये मूंग, 82 रुपये मलका और 70 रुपये माश की दाल दी जा रही है।

हिमाचल की बेटी को 1.09 करोड़ के सालाना पैकेज पर यूके में मिली नौकरी

हमीरपुर।। एनआईटी हमीरपुर की छात्रा ने यूके की कंपनी में 1.09 करोड़ का सालाना पैकेज हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। एनआईटी हमीरपुर में बीटेक फाइनल ईयर की छात्रा साभ्या सूद को अमेज़न कंपनी ने 1.09 करोड़ के सालाना पैकेज पर नौकरी ऑफर की है। साभ्या यूके में अमेजन कंपनी में सेवाएं देंगी, यह जानकर परिजनों में खुशी का माहौल है।

साभ्या सूद हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के राजगढ़ की रहने वाली हैं। साभ्या के पिता प्रदीप सूद एक व्यवसायी हैं, जबकि माता डोली सूद बीएसएनएल से सेवानिवृत्त हुई हैं। जेईई की परीक्षा देने के बाद साभ्या सूद का चयन एनआईटी हमीरपुर में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में हुआ था।

बता दें कि एनआईटी हमीरपुर ने लगातार दूसरे महीने अपने छात्र की एक करोड़ से अधिक के सालाना पैकेज पर प्लेसमेंट करवाई है। इससे पहले सितंबर में एनआईटी हमीरपुर के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग दोहरी डिग्री के छात्र निशांत का चयन अमेरिका की एक फाइनेंस कंपनी में 1.51 करोड़ के सालाना पैकेज पर हुआ है।

साभ्या सूद ने बताया कि यूके की इस कंपनी में चयन के लिए उसे ऑनलाइन इंटरव्यू प्रक्रिया से गुजरना पड़ा है, जो करीब 10 हफ्ते तक चली। एनआईटी हमीरपुर के निदेशक डॉ. ललित कुमार अवस्थी और संस्थान के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अफसर डॉ. भारत भूषण शर्मा ने साभ्या को बधाई दी है।

फर्जी डिग्री घोटाला: एमबीयू की डिग्रियों का फॉरेंसिक ऑडिट शुरू

शिमला।। फर्जी डिग्री घोटाले में फंसी सोलन जिला की मानव भारती यूनिवर्सिटी की जांच में अब फॉरेंसिक ऑडिट शुरू हो गया है। हाई कोर्ट के आदेश के बाद प्रदेश पुलिस ने ऑडिट के लिए दो ऑडिटरों की नियुक्ति कर दी है। हालांकि हाई कोर्ट ने करीब डेढ़ साल पहले ऑडिट करवाने के आदेश दिए थे। लेकिन अब ऑडिटरों की नियुक्ति के लिए फाइल गृह विभाग में घूमती रही।

हाई कोर्ट ने सरकार को ऑडिट कराने के आदेश दिए थे। लेकिन विभाग का कहना था कि जांच एजेंसी मामले की जांच कर रही है, ऐसे में एजेंसी द्वारा ही ऑडिटरों की नियुक्ति की जाए। इसके अलावा ऑडिट करने वालों को पैसे देने को लेकर भी बात नहीं बन रही थी। अब जब गृह विभाग ने इस मसले से अपना पल्ला झाड़ दिया तो पुलिस ने ऑडिटरों की नियुक्ति कर फॉरेंसिक ऑडिट की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सूत्रों के अनुसार फारेंसिक ऑडिट में पुलिस और सीआईडी की एसआईटी में मिले जितने भी साक्ष्य थे, उनका अलग से ऑडिट होगा। इससे न सिर्फ मानव भारती विश्वविद्यालय के वित्तीय गड़बड़झाले की एक बार और जांच हो जाएगी, बल्कि यह भी पता चल जाएगा कि इनकम टैक्स व अन्य विभागों को दिए टैक्स व लेनदेन और उनके दस्तावेजों में दर्ज ब्योरे में काई भिन्नता तो नहीं है। अगर इसमें कुछ गड़बड़ी पाई जाती है, तो उसे मामले की जांच कर रही एसआईटी अपनी तफ्तीश में शामिल कर लेगी।

बता दें कि अब तक की जांच में करीब 45 हजार फर्जी डिग्रियों का पता लगाया जा चुका है। वहीं, मानव भारती यूनिवर्सिटी का मालिक राज कुमार राणा जेल में है। वहीं, उसकी पत्नी और बच्चों को ऑस्ट्रेलिया से हिमाचल लाने के लिए विदेश मंत्रालय की मदद से कवायद की जा रही है।

फतेहपुर: भाजपा मंत्री के PSO पर SDO से मारपीट का आरोप

कांगड़ा।। उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। आज शाम सात बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसी बीच गुंडागर्दी की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। ताज़ा मामले में फतेहपुर में मंत्री बिक्रम सिंह के पीएसओ पर एसडीओ के साथ मारपीट के आरोप लगे हैं।

शाह नहर एसडीओ संजय भारद्वाज ने दावा किया है कि देर रात बिक्रम ठाकुर के पीएसओ ने उनके साथ हाथापाई की है। एसडीओ का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने इस मामले की पुलिस में शिकायत की तो कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद उन्होंने इस मामले की जानकारी फतेहपुर से निर्दलीय प्रत्याशी व पूर्व सांसद राजन सुशांत को दे दी।

एसडीओ संजय भारद्वाज ने न्यूज़ चैनल समाचार फर्स्ट को बताया है कि विक्रम ठाकुर के पीएसओ कुछ लोगो के साथ कमरे में बैठे थे जबकि उनकी कोई बुकिंग नहीं थी। ऐसे में कुछ देर बार वे वीआईपी सेट खोलने को लेकर जबर्दस्ती करने लगे।

भारद्वाज ने आरोप लगाते हुए कहा कि विक्रम ठाकुर से भी उनकी फोन पर बात करवाई। उन्होंने मुझे कमरा खोलने का आदेश दिया, जबकि मेरे आला अधिकारियों ने मुझे कमरा ना खोलने के आदेश दिए थे। जब मैंने कमरा खोलने से इनकार किया तो मेरे साथ मारपीट की गई।

वहीं, मौके पर पहुंचे राजन सुशांत के कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्हें भारद्वाज की सुरक्षा के लिए वहां भेजा गया है।

मामले पर एसपी कांगड़ा खुशहाल शर्मा का कहना है कि एसडीओ की ओर से इस मामले की कोई शिकायत नहीं की गई थी। रेस्ट हाउस के ठेकेदार ने मामले की शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जब एसडीओ से बयान मांगा तो उन्होंने सुबह बयान देने की बात कही। पुलिस ने आज दोनों गुटों को बुलाया है।

आपको बता दें कि मारपीट करने वाले युवक मौके से फरार थे, मौके पर पुलिस भी पहुंची और संजय भारद्वाज को मेडिकल के लिए ले जाया गया।

‘दो जिस्म-एक जान’- बुजुर्ग दंपति ने एक साथ त्यागे प्राण

ऊना।। ‘दो जिस्म-एक जान’ दो प्यार करने वालों के बीच अक्सर यह बात कही जाती है। ऐसा ही एक वाक्या हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में देखने को मिला है। यहाँ एक बुजुर्ग दंपति ने एक साथ प्राण त्याग दिए।

ऊना जिला के अम्ब उपमंडल के तहत पड़ते सपौरी गांव में दम्पति एक साथ भगवान को प्यारे हो गए। दम्पति की पहचान घमंडी राम उम्र 95 साल व चिंती देवी उम्र 85 साल के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह चार बजे घमंडी राम जैसे ही भगवान को प्यारे हुए, तो पति को मृत देखते ही पत्नी ने भी उसी वक्त अपने प्राण त्याग दिए। गांववासियों के अनुसार दंपति के बीच बहुत प्रेम थे। दोनों आपस में इतना प्रेम करते थे कि एक पल भी अलग नहीं रहते थे।

दंपति की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। लेकिन बेहद गरीब होने के बावजूद भी उन्हें किसी से भी कोई गिला-शिकवा नहीं था। उनकी एक बेटी ही है जो उनकी देखभाल करती थी। अपने माता-पिता के एक साथ संसार छोड़ने के बाद बेटी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

दोनों में अथाह प्रेम को देखते हुए शमशान घाट पर दोनों की चिता एक साथ बनाई गई। उनके दामाद ने उन्हें मुखाग्नि दी।

हिमाचल: विद्यार्थियों के कोरोना सैंपल लेने से इनकार कर रहे कई प्राइवेट स्कूल

शिमला।। हिमाचल प्रदेश के कई प्राइवेट स्कूल विद्यार्थियों के कोरोना सैंपल लेने में आनाकानी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि स्कूल प्रबंधक इसको लेकर उपनिदेशक पर दबाव बना रहे हैं कि स्कूलों में टीमें न भेजें।

बता दें कि सरकार ने स्पष्ट किया है कि अगर स्कूलों में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते हैं तो स्कूल बंद किए जा सकते हैं। ऐसे में स्कूल बंद न हो, इसलिए स्कूल प्रबंधन विद्यार्थियों के कोरोना सैंपल लेने में आनाकानी कर रहे हैं।

सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और शिक्षा विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बता दें कि कोरोना के चलते सरकार ने स्कूल बंद किए थे। इस दौरान विद्यार्थियों की ऑनलाइन कक्षाएं लग रही थीं। अभिभावकों से विद्यार्थियों की ट्यूशन फीस ही ली जा रही थी। जबकि अन्य चार्जिज लेने को शिक्षा विभाग ने साफ इनकार किया है।

अब कुछ कक्षाओं के लिए स्कूल खोले गए हैं। लेकिन सरकार ने स्पष्ट किया है कि अगर मामले बढ़ते हैं तो स्कूलों को बंद किया जा सकता है। स्कूल खुलने के बाद प्रदेश के सरकारी और निजी स्कूलों में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। सरकार की ओर से रैंडम सैंपलिंग की जा रही है। अब तक प्रदेश में करीब 550 विद्यार्थी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं।

हिमाचल: दिवाली पर 6 दिन बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज

शिमला।। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग ने दिवाली की छुट्टियों की घोषणा कर दी है। दिवाली पर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबंधित स्कूल छह दिन तक बंद रहेंगे। इस दौरान प्रदेश के सभी सरकारी व निजी कॉलेजों में भी छुट्टियां होंगी।

हिमाचल प्रदेश उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने मंगलवार को सरकार से मंजूरी मिलने के बाद सभी स्कूलों व कॉलेजों में एक से छह नवंबर तक दिवाली की छुट्टियां घोषित की हैं। इस संबंध में सभी स्कूल-कॉलेज के प्रिंसिपलों, उप शिक्षा निदेशकों, स्कूल मुख्याध्यापकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

मंडी: दोस्त की शादी में हुई कहासुनी, पीट-पीटकर युवक को उतारा मौत के घाट

एमबीएम न्यूज़, मंडी।। हिमाचल प्रदेश में आपराधिक घटनाएं बंद होने का नाम नहीं ले रही है। ताज़ा मामले में शादी समारोह में शामिल होने गए एक युवक को पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया गया। मामला मंडी जिला के जोगिंद्रनगर उपमंडल के त्रयाम्बलु गांव का है।

बताया जा रहा है कि तीन युवक दोस्त की शादी में शामिल होने गए थे। जहाँ किसी बात को लेकर स्थानीय लोगों से उनकी बहस हो गई। इस बहसबाज़ी ने मारपीट का रूप ले लिया। लोगों ने तीनों युवकों की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक दिनेश, सुनील और राकेश अपने दोस्त की शादी में शामिल होने त्रयाम्बलु गांव गए हुए थे। यहाँ कुछ स्थानीय लोगों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। हालांकि वहाँ पर मामला शांत करवाने का प्रयास हुआ था, लेकिन स्थानीय लोगों ने बदला लेने के लिए सड़क पर नाकेबंदी कर दी और शादी में आई गाड़ियों को रोककर चेकिंग करने लगे।

जब इन तीन युवकों की गाड़ी वहां पहुंची तो लोगों ने तीनों को गाड़ी से निकालकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि सुनील और राकेश वहीं पर बेहोश हो गए। होश आने पर उन्होंने सारे घटनाक्रम की जानकारी दी। उसके बाद परिजनों ने पुलिस में मामला दर्ज करवाकर दिनेश की तलाश शुरू की। बीती रात को दिनेश का शव घटनास्थल से काफी दूर खड्ड में पत्थरों के बीच से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एमबीएम न्यूज नेटवर्क का फेसबुक पेज लाइक करें

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

बता दें दिनेश की आयु अभी 27 साल थी। डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी और  दो महीने की छोटी बेटी भी है। दिनेश शिमला में आउटसोर्स पर नौकरी कर रहा था।

(यह खबर एमबीएम न्यूज नेटवर्क के साथ सिंडिकेशन के तहत प्रकाशित की गई है)

प्राइवेट कॉलेजों में नकल के लिए ताक पर रखे जा रहे नियम, निरीक्षक के साथ केंद्र अधीक्षक भी अपना

शिमला।। हिमाचल प्रदेश के प्राइवेट शिक्षण संस्थानों में नकल के लिए नियम ताक पर रखे जा रहे हैं। शिमला जिला स्थित एक प्राइवेट बीएड कॉलेज में हुई परीक्षा में इसी तरह की एक बड़ी लापरवाही बरती गई है। सोमवार को इस कॉलेज में एलएलबी के चौथे सेमेस्टर और बीएड की परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में परीक्षा निरीक्षक और केंद्र अधीक्षक कॉलेज का अपना था। जब निजी शिक्षण संस्थान विनियामक आयोग की टीम ने संस्थान में दबिश दी, तो साफ तौर पर नियमों की अनदेखी पाई गई।

बता दें कि नकल की आशंका को समाप्त करने के लिए नियमों के मुताबिक हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी के अपने निरीक्षक और अधीक्षक होने चाहिए। विनियामक आयोग की दबिश में इन नियमों की अनदेखी पाई गई है। आयोग ने यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर को इस बारे रिपोर्ट भेज दी है और कड़ाई बरतने की अपील की है।

इस बारे जानकारी देते हुए राज्य निजी शिक्षण संस्थान विनियामक आयोग के अध्यक्ष मेजर जनरल सेवानिवृत्त अतुल कौशिक ने बताया कि निजी बीएड कॉलेजों को नियमानुसार परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाता है। अगर किसी कारणवश परीक्षा केंद्र बनाए भी जाएं तो वहां परीक्षा लेने के लिए एचपीयू की ओर से केंद्र अधीक्षक और निरीक्षक नियुक्त किए जाते हैं।

उन्होंने बताया कि सोमवार को आयोग की एक टीम ने जिला शिमला के एक निजी बीएड कॉलेज में दबिश दी। इस संस्थान में ली जा रही परीक्षा में बीएड कॉलेज के स्टाफ को ही केंद्र अधीक्षक और निरीक्षक नियुक्त किया गया था। उन्होंने बताया कि निजी संस्थान के अयोग्य स्टाफ को परीक्षा केंद्र में नियुक्ति नहीं दी जा सकती है। इस मामले पर कड़ा संज्ञान लिया गया है। एचपीयू के वाइस चांसलर को पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी गई है।

रामपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पकड़ी शराब से भरी गाड़ी, BJP पर लगाया शराब बांटने का आरोप

शिमला।। हिमाचल प्रदेश में हो रहे उपचुनाव के प्रचार के लिए अब आखिरी दो ही बचे हैं। हर प्रत्याशी पुरजोर तरीके से चुनाव प्रचार में डटा हुआ है। इसी बीच सोमवार देर रात रामपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शराब की पेटियों से भरी गाड़ी को पकड़ा है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से यह शराब लोगों को बांटने के लिए थी। इस संबंध में शिमला पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, देर रात शिमला जिला के रामपुर के नोगली इलाके में रात तीन बजे यह शराब से भरी पिकअप पकड़ी है। गाड़ी से शराब की 48 पेटियां बरामद हुई है। पुलिस ने बताया कि चेत राम, गांव राहनो, रामपुर से यह शराब की पेटियां मिली हैं। पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

कांग्रेस का आरोप है कि यह शराब भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बांटने के लिए ले जाई जा रही थी। मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के बेटे और विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि रामपुर पुलिस द्वारा कल रात 3 बजे दो पिकअप को गाँव वालों की सूचना से पकड़ा गया, जिसमें “भाजपा के रामपुर के महामंत्री कपिल झकटु” उप प्रधान द्वारा 40 पेटी अंग्रेज़ी और देसी शराब ले जाई जा रही थी। पुलिस द्वारा केस रेजिस्टर करवा दिया गया हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की ओछी राजनीति समाज में लोगों को शोभा नहीं देती, हमें इस तरीक़े की राजनीति से परहेज़ रखना चाहिए। एसपी शिमला को हमने अगले 3 दिन पूरे क्षेत्र में नाके लगाने को कहा है।

वहीं, मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा के छल – कपट की अब कोई सीमा नहीं रही है। चुनाव के लिए एक नारी को मजबूर, बेसहारा बताना और उसपर कीचड़ उछालना काफी नहीं था। अब वोट के बदले शराब बांटने का घिनौना षड्यंत्र रच जा रहा है। मंडी में करोड़ों रुपयों की शराब वाले दो पिकअप ट्रक पकड़े जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि जब वोट अपनी उपलब्धियों पर नहीं मांग सके, जब मुझ पर ऊंगली उठाने से जनता का दिल नहीं जीत पाए, तो यह लोकतंत्र के ढांचे को ही खंडित करने निकल पड़े हैं। मंडी की जनता से और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से मेरा अनुरोध है, इस शर्मनाक हरकत को रोकने में हमारा सहयोग दें। यदि आपको ऐसे शराब के पिकअप ट्रक कहीं दिखें, तो तुरंत फोटो खींचे और पुलिस को सूचना दें।