जयराम कैबिनेट के फ़ैसले : कर्मचारियों को राहत, नए कॉलेज खुलने के साथ भरे जाएंगे इतने पद

शिमला।। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में 22 अगस्त को शिमला में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में प्राकृतिक आपदा के कारण 32 लोगों के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मंत्रिमंडल के फैसले फैसले इस प्रकार हैं :-

  1. मंत्रिमंडल ने राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए हाउस बिल्डिंग एडवांस की दरों, पात्रता और अधिकतम सीमा में संशोधन को भी मंजूरी प्रदान की। एचबीए की अधिकतम सीमा अब मूल वेतन का 25 गुणा होगी। इसमें अधिकतम 15 लाख रुपये तक के नए निर्माण या नए घर एवं फ्लैट की खरीद और राशि चुकाने की क्षमता की शर्त लागू रहेगी।
  2. मंत्रिमंडल ने कर्मचारी की मृत्यु की स्थिति में उसके परिवार को राहत के रूप में न्यूनतम 55,000 रुपये और अधिकतम 1.50 लाख रुपये का प्रावधान करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही अनुबंध कर्मचारियों की मृत्यु पर परिजनों के लिए न्यूनतम 35000 और अधिकतम एक लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
  3. मंत्रिमंडल ने प्रदेश के निचले और मध्य क्षेत्रों के किसानों को लाभान्वित करने के लिए निजी भूमि से खैर के पेड़ों के कटान की नीति की समीक्षा करने को स्वीकृति प्रदान की।
  4. कांगड़ा जिला के राजकीय महाविद्यालय थुरल में शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के 10 पदों को भरने का निर्णय भी लिया गया।
  5. मंत्रिमंडल ने बिलासपुर जिला के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के उच्च विद्यालय ठठल जंगल को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला और मंडी जिला के अनाह तथा खाबलेच के मिडल स्कूलों को हाई स्कूलों के रूप में अपग्रेड करने के साथ-साथ आवश्यक पदों के सृजन का निर्णय लिया।
  6. मंत्रिमंडल ने शिमला जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र के शिंगला में नया राजकीय संस्कृत महाविद्यालय खोलने के साथ इस महाविद्यालय के संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के पदों के सृजन तथा बुनियादी ढांचे के लिए पांच करोड़ रुपये का प्रावधान करने का निर्णय लिया।
  7. बैठक में कुल्लू जिला की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लगौटी और पुजाली में विज्ञान की कक्षाएं तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चनौन में वाणिज्य की कक्षाएं शुरू करने तथा नौ पदों के सृजन का निर्णय लिया गया।
  8. मंत्रिमंडल ने हमीरपुर जिला के भोरंज विधानसभा क्षेत्र के बराड़ा गांव में आवश्यक पदों के सृजन के साथ नया आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने को भी अपनी स्वीकृति प्रदान की।
  9. कांगड़ा जिला के नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव सोगट में तीन पदों के सृजन सहित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने को भी मंजूरी दी गई।
  10. मंत्रिमंडल ने कांगड़ा जिला में जल शक्ति विभाग के धर्मशाला जोन के अन्तर्गत भवारना में विभिन्न श्रेणियों के अपेक्षित पदों के सृजन के साथ नया जल शक्ति वृत्त कार्यालय खोलने को स्वीकृति प्रदान की।
  11. मंत्रिमंडल ने सोलन जिले के डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में अनुबंध आधार पर गैर-शिक्षण कर्मचारियों के 60 पदों को भरने का निर्णय लिया।
  12. मंत्रिमंडल ने बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मंडी जिला के सिद्धपुर में उत्कृष्टता केंद्र, उप निदेशक बागवानी का कार्यालय खोलने का भी निर्णय लिया।
  13. मंत्रिमंडल ने क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए शिमला जिला के डोडरा क्वार में विषयवाद विशेषज्ञ (बागवानी) का कार्यालय खोलने का निर्णय लिया।
  14. बैठक में मंडी जिला के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बगस्याड़ में आईओटी तकनीकी (स्मार्ट एग्रीकल्चर), मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल और आईओटी तकनीकी (स्मार्ट हेल्थ केयर) के नए ट्रेड शुरू करने एवं आवश्यक पदों को सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की गई।
  15. मंत्रिमंडल ने कांगड़ा जिला के डॉ. राजेन्द्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में सहायक प्रोफेसर के एक पद, सीनियर रेजिडेंट के एक पद और न्यूक्लियर मेडिसिन टेक्नॉलिजिस्ट के दो पदों को सृजित करने को मंजूरी प्रदान की।
  16. बैठक में मुख्यमंत्री हिमकेयर योजना के तहत 392 लाभार्थी परिवारों की दो वर्ष की प्रीमियम राशि को वापिस करने और 4484 लाभार्थी परिवारों के कार्ड की वैधता अवधि एक वर्ष से बढ़ाकर तीन वर्ष करने का भी निर्णय लिया गया।
  17. बैठक में राज्य कर एवं आबकारी विभाग में आबकारी नीति के प्रभावी क्रियान्वयन एवं राज्य में आबकारी प्रवर्तन को सुदृढ़ करने के लिए 16 निरीक्षण वाहनों को किराए पर लेने की स्वीकृति प्रदान की गई।
  18. बैठक में मंडी जिले के शिक्षा खंड सराज-द्वितीय के ग्राम सिधयार में नई प्राथमिक पाठशाला खोलने की स्वीकृति प्रदान की गई।
  19. बैठक में लाहौल-स्पीति जिला के काजा तथा शिमला जिला के ज्यूरी में राजकीय महाविद्यालय बनाने की स्वीकृति प्रदान की गई।
  20. मंत्रिमंडल ने सोलन जिला के नालागढ़ में मेडिकल डिवाइस पार्क के निर्माण के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के पक्ष में अपनी स्वीकृति प्रदान की।
  21. बैठक के दौरान मंत्रिमंडल के सदस्यों ने प्रदेश में सीमेंट की उपलब्धता एवं गुणवत्ता पर चिन्ता व्यक्त करते हुए उद्योग और ग्रामीण विकास विभाग के निदेशकों और नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबन्ध निदेशक को स्थिति का जायज़ा लेने तथा तीन दिन के भीतर मुख्य सचिव को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

आनंद शर्मा ने दिया हिमाचल कांग्रेस संचालन समिति से इस्तीफा, लिखा मेरा स्वाभिमान नॉन नेगोशिएबल

नई दिल्ली।। हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से गठित की गई संचालन समिति के अध्यक्ष पद से आनंद शर्मा ने इस्तीफ़ा दे दिया है। इस बाबत उन्होंने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखी है। बताया जा रहा है कि पद के दायित्वों में स्पष्टता न होने और अहम चुनावी रणनीतिक बैठकों की जानकारी न दिए जाने के चलते उन्होंने यह कदम उठाया है।

ऐसा भी बताया जा रहा है कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र में उन्होंने लिखा है कि उनका स्वाभिमान नॉन निगोशिएबल है और वह अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस नेता आनंद शर्मा की ओर से लिखी में कहा गया है कि परामर्श प्रक्रिया में उनकी उपेक्षा की गई है। भले ही आनंद शर्मा ने पद से इस्तीफ़ा दिया है, लेकिन उन्होंने कहा है कि वह पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करते रहेंगे।

ग़ौरतलब रहे कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 26 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, सीएलपी नेता और कैंपेन कमिटी के चेयरमैन समेत आठ अन्य समितियों का गठन किया था। इसमें संचालन समिति भी थी। आनंद शर्मा को इस समिति का अध्यक्ष बनाया गया था, जबकि डलहौज़ी आशा कुमारी को संयोजक की ज़िम्मेदारी दी गई थी।

कांग्रेस अध्यक्ष को लिखी चिट्ठी में उन्होंने लिखा है कि समिति में बहुलता और कामों के ओवरलैपिंग की स्पष्टता की ज़रूरत है। इसके साथ ही उन्होंने इससे पहले भी संचालन समिति की भूमिका भी स्पष्ट करने के लिए पत्र लिखा था। यही नहीं, शिमला और दिल्ली में चुनावी रणनीति को लेकर हुई अहम बैठकों की जानकारी भी उन्हें नहीं दी गई थी।

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने दी श्रद्धांजलि

धर्मशाला ।। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती पर ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय दाड़ी, धर्मशाला में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस मौके पर पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा ने स्व. राजीव गांधी की जीवनी पर प्रकाश डाला और देश हित में किए गए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्व. राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री रहते कई महत्वपूर्ण फैसले लिए और देश में कंप्यूटर क्रांति लाने का श्रेय भी उन्हें जाता है।

सुधीर शर्मा ने कहा कि स्व. राजीव गांधी द्वारा लिए फैसले ही थे जिन्होंने देश की उन्नति की नींव रखी और देश को एक सूत्र में पिरोया। उन्होंने कहा कि देश में संचार क्रांति के मसीहा स्व. राजीव गांधी हैं।

इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस और अन्य प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने भी स्व. राजीव गांधी की जीवनी पर अपने विचार रखे। इस कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस धर्मशाला, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस व सेवादल सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, सदस्य और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Verka Milk का दाम हिमाचल में बढ़ा, आज से लागू हुए नए रेट

शिमला।। दूध के उत्पाद बेचने वाली कंपनी वेरका ने दूध के पैकेट के दाम बढ़ा दिए हैं। नई कीमतें शुक्रवार 19 अगस्त से ही लागू हो रही है। कंपनी ने अपने सभी वर्गों के पैकेज्ड मिल्क के दाम दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाए हैं।

अब वेरका का फुल क्रीम दूध 64 रुपये के बजाय 66 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। इसी तरह स्टैंडर्ड मिल्क 58 की जगह 60 रुपये प्रति लीटर और टोन्ड मिल्क 54 के बजाय 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

इससे पहले कंपनी ने पहली मार्च 2022 को भी दूध के दाम दो रुपये बढ़ाए थे। अब एक लीटर स्टैंडर्ड दूध 58 के बजाय 60 रुपये में मिलेगा। वहीं एक लीटर फुल क्रीम दूध 64 के बजाय 66, टोंड मिल्क 54 के बजाय 56 रुपये में मिलेगा। इसी तरह डबल टोन्ड मिल्क 48 की जगह 50 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

इससे पहले वेरका ने मार्च में दूध के दाम बढ़ाए थे। उस समय भी दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी।

हमें अपनी समृद्ध संस्कृति और उच्च रीति-रिवाजों पर गर्व होना चाहिए : राज्यपाल

नूरपुर।। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज कांगड़ा जिले के नूरपुर में आज दो दिवसीय राज्य स्तरीय जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर निकाली गई भव्य शोभा यात्रा चौगान से होती हुई बृजराज मंदिर में संपन्न हुई, जिसकी अगुवाई राज्यपाल ने की। वह पारम्परिक तौर पर पगड़ी पहनकर शोभायात्रा में शामिल हुए। वन एवं युवा, खेल मंत्री श्री राकेश पठानिया भी उनके साथ थे।

इस अवसर  पर अपने संबोधन में राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व भगवान श्री कृष्ण को संमर्पित है, जिन्होंने मानवता के कल्याण के लिए हमें गीता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण की शिक्षाएं हमेशा प्रासंगिक रही हैं क्योंकि उन्होंने निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण से कार्य करते रहने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखण्डता भगवान श्री कृष्ण और भगवान श्री राम में समाई हुई है। देश के कोने-कोने में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है और हिमाचल प्रदेश में भी इस त्यौहार को हर्षोल्लास से मनाया जाता है।

राज्यपाल ने लोगों से एकता और सौहार्द के साथ मानव कल्याण के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें अपनी समृद्ध संस्कृति और उच्च रीति-रिवाजों पर गर्व होना चाहिए। हमारा हर कार्य राष्ट्रीयता की भावना से किया जाना चाहिए। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि यह अभियान भी राष्ट्रीयता व हमारे स्वाभीमान से जुड़ा था। ऐसी भावना हमेशा रहनी चाहिए।

इस दौरान राज्यपाल ने ‘बृजराज’ स्मारिका के पहले अंक का भी विमोचन किया।  राज्यपाल ने इस मौके पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ईनाम देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व, वन मंत्री श्री राकेश पठानिया ने राज्यपाल को सम्मानित तथा स्वागत किया। उन्होंने राज्य स्तरीय जन्माष्टमी महोत्सव में राज्यपाल के आगमन पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पर्व क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति और लोगों की आस्था का केंद्र है। इस अवसर पर, बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसमें भगवान श्री कृष्ण के भव्य रूपों को भी दर्शाया गया।

राज्य लघु बचत सलाहकार बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री संजय गुलेरिया, अतिरिक्त उपायुक्त गन्धर्वा राठौड़, महोत्सव समिति के अध्यक्ष एवम एसडीएम श्री अनिल भारद्वाज, एएसपी सुरिंद्र शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष अशोक शर्मा, जिला प्रशासन के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

फतेहपुर : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यक्रम से कृपाल परमार की गैर मौजूदगी ने खड़े किए सवाल

फतेहपुर।। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत आयोजित कार्यक्रम में बीजेपी उपाध्यक्ष कृपाल परमार की गैर मौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। भाजपा यहां सीट जीतने लिए एकजुटता के जितने भी जतन करती दिख रही है वो जतन कितने कामयाब हैं, इसका उदाहरण आज एक बार फिर देखने को मिला।

बताया जा रहा है कि सुबह 11 बजे तक कृपाल परमार फतेहपुर में ही देखे गए थे, लेकिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यक्रम में वो नहीं पहुंचे। मंच पर जयराम ठाकुर के साथ फतेहपुर उपचुनाव में प्रत्याशी रहे बलदेव ठाकुर ही दिखे। कृपाल परमार के मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से किनारा करने के बाद फिर से फतेहपुर की राजनीति में चर्चाओं का बाजार गर्मा गया है।

गौरतलब है कि बीते वर्ष फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव में बीजेपी ने कृपाल परमार की जगह बदलेव को टिकट दिया था। इसके बाद से कृपाल परमार नाराज चल रहे हैं। टिकट न मिलने से नाराज परमार ने अपने पद से इस्तीफा भी दे दिया था मगर हाईकमान ने उनका इस्तीफा मंजूर नहीं किया था।

इस पूरे मसले पर मुख्यमंत्री ने टिप्पणी करना उचित नहीं समझा तो वहीं कृपाल परमार ने भी इस मामले पर मीडिया से दूरी बनाई रखी।

तो क्या फिर ‘आप’ में जाएंगे राजन सुशांत? पार्टी ने डाला बेटे का वीडियो

HPPSC अध्यक्ष और सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह टला

शिमला।। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के नवनियुक्त सदस्यों और अध्यक्ष का शपथ ग्रहण समारोह टल गया है। खबर है कि आज सुबह साढ़े आठ बजे होने वाले इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर की व्यस्तता के कारण टाला गया है।

हिमाचल प्रदेश सरकार ने बीती शाम अधिसूचना जारी की थी जिसमें आयोग की सदस्य डॉ. रचना गुप्ता को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इसके अलावा आईएएस अधिकारी राकेश शर्मा, कर्नल राजेश कुमार शर्मा (रिटायर्ड) और प्रोफेसर ओम प्रकाश शर्मा को आयोग का सदस्य नियुक्त किया था।

इस बीच इस मामले में कांग्रेस ने रेवड़ियां बांटने का आरोप लगाया है। पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता अल्का लांबा ने ट्वीट करते हुए कहा है कि चुनावों में अपनी हार देखते हुए बीजेपी सरकार जाने से पहले अपने चहेतों को रेवड़ियां बांट रही है। उन्होंने लिखा है कि नियुक्ति को लेकर बीजेपी के अंदर भी नाराजगी है और मामला पीएम तक पहुंच गया है।

हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार 7 अगस्त 2022 को 62 वर्ष की आयु पूरी करने पर रियाटर हो गए थे। बीती शाम को हुई सभी नियुक्तियां छह साल के लिए हुई हैं। कार्यकाल के छह साल या 62 वर्ष की आयु, दोनों में जो भी पहले पूरी होगी, तब तक नियुक्तियां प्रभावी रहेंगी।

हिमाचल कांग्रेस चुनाव समिति के नाम तय, आनंद शर्मा और कौल सिंह ठाकुर भी शामिल

शिमला।। हिमाचल कांग्रेस की चुनाव समिति का गठन हो गया है। इसमें हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मुकेश अग्निहोत्री, आनंद शर्मा, सुखविंदर सिंह सुक्खू, विपल्व ठाकुर, आशा कुमारी, ठाकुर कौल सिंह, कुलदीप राठौर, कर्नल (रि.) धनीराम शांडिल, रामलाल ठाकुर, हर्ष महाजन, राजेंद्र राणा, विनय कुमार और रजनीश किमटा शामिल हैं। कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से समिति के नाम जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के जो सचिव हिमाचल प्रदेश हैं और सभी फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन के प्रमुख को पदेन सदस्य बनाया गया है।

उधर, कांगड़ा से कांग्रेस के विधायक पवन काजल को बीती रात ही कार्यकारी अध्यक्ष पद से हटाकर यह पद चौधरी चंद्र कुमार को दे दिया गया था। उधर, आज बीजेपी में आधिकारिक तौर पर शामिल होने के बाद उन्हें कांग्रेस पार्टी ने छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इसके साथ बीजेपी में शामिल होने वाले कांग्रेस के दूसरे विधायक लखविंदर राणा को भी कांग्रेस ने पार्टी ने निष्कासित कर दिया है।

HPPSC में चार नियुक्तियां, डॉ. रचना गुप्ता होंगी आयोग की अध्यक्ष

शिमला।। हिमाचल प्रदेश सरकार ने हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग में नई नियुक्तियां की हैं। आयोग की सदस्य डॉ. रचना गुप्ता को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही तीन सदस्यों की भी नियुक्तियां हुई हैं।

प्रदेश सरकार ने आईएएस अधिकारी राकेश शर्मा, कर्नल राजेश कुमार शर्मा (रिटायर्ड) और प्रोफेसर ओम प्रकाश शर्मा को आयोग का सदस्य नियुक्त किया है।

ये सभी नियुक्तियां छह साल के लिए हुई हैं। कार्यकाल के छह साल या 62 वर्ष की आयु, दोनों में जो भी पहले पूरी होगी, तब तक नियुक्तियां प्रभावी रहेंगी।

इस संबंध में मुख्य सचिव आरडी धीमान ने आदेश जारी किए हैं।

कर्मचारी-पेंशनरों के एरियर के लिए सरकार को जुटाने होंगे 10,000 करोड़ रुपये

शिमला।। कर्मचारियों और पेंशनरों को 1 जनवरी, 2016 से नया संशोधित वेतन और पेंशन देने के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार को दस हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था करनी होगी।  मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने स्वतंत्रता दिवस पर कर्मचारियों और पेंशनरों को एरियर की पहली किश्त देने का एलान किया है।

अगर कर्मचारियों और पेंशनरों की संख्या के हिसाब से औसत निकालें तो प्रदेश सरकार को कुल देय एरियर पर लगभग 10 हजार करोड़ रुपये खर्च करने होंगे। अब जबकि सरकार ने पहली किश्त देने की घोषणा की है तो यह तय नहीं है कि कर्मचारियों को यह रकम कितनी किश्तों में दी जाएगी।

मुख्यमंत्री द्वारा सिरमौर के सराहां में की गई घोषणा का लाभ करीब सवा दो लाख कर्मचारियों को मिलेगा जबकि 1 लाख 90 हजार पेंशनर लाभान्वित होंगे।

ऐसा भी माना जा रहा है कि फिलहाल सरकार एरियर का दसवां हिस्सा जारी कर सकती है और फिर बाद में बाकी रकम को अन्य किश्तों में जारी करेगी। दरअसल, प्रदेश सरकार नहीं चाहेगी कि चुनावों से पहले और कर्ज ले।