HPPSC अध्यक्ष और सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह टला

शिमला।। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के नवनियुक्त सदस्यों और अध्यक्ष का शपथ ग्रहण समारोह टल गया है। खबर है कि आज सुबह साढ़े आठ बजे होने वाले इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर की व्यस्तता के कारण टाला गया है।

हिमाचल प्रदेश सरकार ने बीती शाम अधिसूचना जारी की थी जिसमें आयोग की सदस्य डॉ. रचना गुप्ता को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इसके अलावा आईएएस अधिकारी राकेश शर्मा, कर्नल राजेश कुमार शर्मा (रिटायर्ड) और प्रोफेसर ओम प्रकाश शर्मा को आयोग का सदस्य नियुक्त किया था।

इस बीच इस मामले में कांग्रेस ने रेवड़ियां बांटने का आरोप लगाया है। पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता अल्का लांबा ने ट्वीट करते हुए कहा है कि चुनावों में अपनी हार देखते हुए बीजेपी सरकार जाने से पहले अपने चहेतों को रेवड़ियां बांट रही है। उन्होंने लिखा है कि नियुक्ति को लेकर बीजेपी के अंदर भी नाराजगी है और मामला पीएम तक पहुंच गया है।

हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार 7 अगस्त 2022 को 62 वर्ष की आयु पूरी करने पर रियाटर हो गए थे। बीती शाम को हुई सभी नियुक्तियां छह साल के लिए हुई हैं। कार्यकाल के छह साल या 62 वर्ष की आयु, दोनों में जो भी पहले पूरी होगी, तब तक नियुक्तियां प्रभावी रहेंगी।

SHARE