हिमाचल: प्राइवेट कॉलेजों ने बिल्डिंग कहीं और दिखायी, पढ़ाया कहीं और

शिमला।। हिमाचल प्रदेश के कई प्राइवेट कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों में अनियमितताएं पाई गई हैं। निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग की टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में इस बात का खुलासा हुआ है। निरीक्षण में पाया गया है कि इन निजी संस्थानों ने पढ़ाई के लिए भवन कोई और दिखाया और विद्यार्थियों की पढ़ाई कहीं और कराई जा रही है।

इसके अलावा टीम को फीस में भी अनियमितताएं मिली हैं। निरीक्षण में पाया गया कि प्रदेश सरकार ने इन कॉलेजों के लिए फीस कुछ निर्धारित की थी और कॉलेज प्रबंधन द्वारा इससे अधिक फीस वसूली गई है।

समाचार पत्र अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, इन कॉलेजों में नियमों को दरकिनार कर कई कोर्स चलाए जा रहे हैं। इसके साथ हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से फैकल्टी की अनुमति भी नहीं ली गई है। जबकि निजी कॉलेजों में कोई भी कोर्स चलने से पहले हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से अनुमति लेना अनिवार्य है।

इसके अलावा और भी कई तरह की अनियमितताएं इन शिक्षण संस्थानों में सामने आ रही हैं। सरकार द्वारा तय फीस ढांचे को नजरअंदाज किया जा रहा है और ज़्यादा फीस वसूली जा रही है। वहीं शिक्षकों की तैनाती भी योग्यता के अनुसार नहीं है।

इस बारे हिमाचल निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग के अध्यक्ष मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अतुल कौशिक ने कहा कि आयोग कुल 458 निजी कॉलेजों सहित कोचिंग सेंटरों की विस्तृत जांच कर रहा है। इन निजी कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों की अनियमितताओं की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

प्रतिभा सिंह का नुकसान करवाना चाहते हैं मुकेश अग्निहोत्री : जयराम ठाकुर

मंडी।। लगता है मुकेश अग्निहोत्री कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह का नुकसान करवाना चाहते हैं, इसलिए वो इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को कांग्रेस के नेताओं द्वारा इस्तेमाल की जा रही भाषा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जीवन में इंसान को हर काम संभलकर करना चाहिए।

मंडी के नेला में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के लोग सवाल खड़े कर रहे हैं कि जयराम ठाकुर ने चार साल में क्या किया। हमने गरीबों के लिए जो काम किए उसके बारे में कांग्रेस कभी सोच भी नहीं सकी। हमने गरीबों के इलाज के लिए हिमकेयर और सहारा योजना शुरू की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड के दौर में भी हमने काम रुकने नहीं दिया। जितनी सड़कें कांग्रेस सरकार ने अपने पांच साल में बनाई उससे ज्यादा सड़कें हम साढ़े तीन साल के कार्यकाल में बना चुके हैं।

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वो प्रतिभा सिंह का फायदा नहीं नुकसान करवाने के लिए आए हैं तभी वो इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। मंडी में उनके भाषण के बाद कांग्रेस के नेताओं ने ही कहा कि इस तरह की भाषा अच्छी नहीं। राजनीति में अति उत्साह अच्छा नहीं होता। यहां संभलकर कर चलना और चढ़ना होता है, यह बात हमें पहाड़ों ने सिखाई है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि आज साढ़े तीन साल के कार्यकाल में सरकार के खिलाफ कोई भी बड़ा स्थायी मुद्दा नहीं है। ये पहली बार हो रहा है, जबकि हमने कोविड जैसे मुश्किल दौर को झेला है। कोविड के दौरान में हमने लोगों की जिंदगी बचाने के साथ ही विकास कार्यों को भी जारी रखा।

साढ़े तीन साल के कार्यकाल में नहीं आई सारी बेरोजगारी

बेरोजगारी के लिए सबसे ज्यादा कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार है जिसने 50 साल तक शासन किया लेकिन कोई योजना नहीं बनाई। सारी बेरोजगारी बीते साढ़े तीन साल के कार्यकाल में नहीं आई है।

आज कांग्रेस के लोग शिकायत कर रहे हैं कि ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर अपने मेडल दिखा रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि इन तमगों के लिए उन्होंने संघर्ष किया है। ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ये मेडल बाजार से खरीद कर नहीं लाए। यदि देश की सेवा करने वाले व्यक्ति राजनीति में आते हैं तो वह पूण्य का कार्य।

कोविड के दौर में काम आई टेक्नोलॉजी

कोविड के दौर में हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टेक्नोलॉजी को लेकर सोच का लाभ मिला। उन्होंने 2014 से ही टेक्नोलॉजी पर जोर देने का कार्य किया। यही वजह रही कि कोविड के दौर में जब लोग बाहर नहीं निकल सकते थे तो टेक्नोलॉजी काम आई।

आज कोविड का दौर नहीं आया होता तो हम निश्चित तौर से अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का कार्य शुरू कर चुके होते। इसके महत्वपूर्ण ओएलएस और लेडार सर्वे पूरे हो चुके हैं। उन्होंने लोगों से ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर भारी मतों जीताकर दिल्ली भेजने अपील की।

हमीरपुर: प्याज की डील के नाम पर दुकानदार से एक लाख की ठगी

हमीरपुर।। हमीरपुर जिला के सुजानपुर में एक सब्जी विक्रेता के साथ प्याज़ की डील के नाम पर एक लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सब्जी विक्रेता ने इसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। सुजानपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि प्याज की डील के नाम पर व्यक्ति से दो बार 50-50 हज़ार रुपए लिए गए। बावजूद इसके प्याज की सप्लाई नहीं की गई। बाद में जब और पैसों की मांग की गई, तो व्यक्ति समझ गया कि उसके साथ धोखाधड़ी की जा रही है। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दी। यह पूरा वाक्या जून महीने का है।

पुलिस को दी शिकायत में व्यक्ति ने बताया है कि आढ़ती जो कि जिला सीकर राजस्थान का है, उसके साथ 22 जून, 2021 को 13 टन प्याज की डील दो लाख 60 हजार रुपए में हुई थी। इसके बाद उसने 23 जून, 2021 को 50 हजार रुपए एडवांस उसके खाते में डाल दिए। उपरोक्त व्यक्ति ने अगले दिन 50 हजार और डालने की डिमांड की और कहा कि प्याज की गाड़ी 26 जून को भेज देगा। उसने एक बार फिर 50 हजार रुपए उसके खाते में डाल दिए।

जब उसने उक्त आढ़ती को प्याज भेजने के लिए कहा तो वह आनाकानी करने लगा, साथ ही और रुपए की मांग करने लगा। बाद में उसे एहसास हुआ कि यह व्यक्ति इसके साथ धोखा कर रहा है। अब जाकर व्यक्ति ने एक लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला पुलिस थाना सुजानपुर में दर्ज करवाया है।

मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर विजय सकलानी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

HRTC बस की ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से टल गया बड़ा हादसा

मंडी।। मंडी जिले के करसोग में एचआरटीसी बस चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। सलाणा से करसोग जा रही एचआरटीसी बस की शोरशन के समीप ब्रेक फेल हो गई। जब जोर से ब्रेक दबाने पर भी ब्रेक नहीं लगी, तो चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को लिंक रोड पर चढ़ा दिया।

फिर बस की स्पीड कम हुई और धीरे-धीरे पीछे हटने हटी। इसके बाद बस सड़क पर पलट गई। इस दौरान बस का शीशा टूटने से दो लोगों को हल्की चोटें आई हैं जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल सुन्नी ले जाया गया है। चालक की सूझबूझ से बस को भी नुकसान नहीं हुआ। बस में चालक-परिचालक सहित 13 लोग सवार थे। हादसे की सूचना क्षेत्रीय प्रबंधक सहित थाना करसोग को दी गई।

चालक मुरारी लाल ने बताया कि सलाणा से करसोग जाते समय शोरशन के समीप बस की ब्रेक लगना बंद हो गई। जब बस ने ब्रेक नहीं पकड़ी तो सवारियों की जान बचाने के लिए बस को लिंक रोड पर चढ़ा दिया। जिसके बाद बस सड़क पर ही पलट गई। इससे लोगों की जान बच गई। उन्होंने कहा कि अगर बस को लिंक रोड पर नहीं चढ़ाता तो बस सड़क से नीचे खाई में पलट जाती।

हिमाचल: 102 और 108 एम्बुलेंस कर्मियों को बर्खास्तगी के नोटिस जारी

शिमला।। हिमाचल प्रदेश में चलने वाली आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा 108 और 102 के कर्मचारियों को कंपनी ने बर्खास्तगी के नोटिस थमा दिए हैं। ऐसे में कंपनी के करीब 1000 कर्मचारियों को अपने भविष्य की चिंता सताने लगी है।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में 102 और 108 एम्बुलेंस सेवा का ज़िम्मा संभाल रही जीवीके कंपनी से सरकार का करार खत्म हो गया है। अब नई कंपनी से टेंडर होगा। नियमों के अनुसार कंपनी को कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने से 1 महीना पहले नोटिस देना होता है। इसी के तहत कंपनी ने नोटिस जारी किए हैं।

एंबुलेंस कर्मियों का कहना है कि किसी भी कंपनी को सेवाएं देने का टेंडर दिया जाए, लेकिन पहले से तैनात सभी कर्मियों को यथावत नौकरी में रखा जाए। बता दें कि अभी तक प्रदेश में 108 और 102 एंबुलेंस चलाने का ठेका सरकार ने जीवीके कंपनी को दिया था, जो 16 नवंबर को समाप्त हो जाएगा। इस समय कंपनी में एंबुलेंस के पायलट, कैप्टन, ईएमटी सहित कॉल सेंटरों में करीब 1000 कर्मी तैनात हैं।

इस बारे एनएचएम के एमडी हेमराज बैरवा ने बताया कि शीघ्र ही नई कंपनी के साथ करार किया जा रहा है। 108 और 102 एंबुलेंस मेें काम करने वाले योग्य कर्मचारी हैं। नई कंपनी इन्हीं कर्मचारियों की तैनाती करेगी।

उपचुनाव: मतदान से तीन दिन पहले थम जाएगा चुनाव प्रचार

शिमला।। इस बार के उपचुनाव में तीन दिन पहले ही चुनाव प्रचार थम जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव में प्रचार के थमने की तारीख में बदलाव कर दिया है। अब चुनाव प्रचार में साइलेंस पीरियड की अवधि मतदान की तारीख से दो दिन पहले से बढ़ाकर तीन दिन पहले कर दी गई है।

हिमाचल प्रदेश में 30 अक्तूबर को मंडी संसदीय सीट, जुब्बल-कोटखाई, फतेहपुर और अर्की विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार अब 27 अक्तूबर शाम छह बजे के बाद चुनाव प्रचार नहीं किया जा सकेगा।

इस बारे जानकारी देते हुए हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सी पाल रासु ने बताया की उन्होंने सभी प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों से भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित समयावधि का सख्ती से पालन करने को कहा है।

वैक्सीन की दूसरी डोज़ न लगाने वालों की लिस्ट होगी तैयार

कांगड़ा।। कांगड़ा जिला में आंगनवाड़ी और आशा वर्करों को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज़ न लेने वालों की लिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही जिले की सभी पंचायतों में हफ्ते में एक बार वैक्सीनेशन कैंप आयोजित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। अगले हफ्ते से आंगनबाड़ी और आशा वर्कर्स लोगों से संपर्क कर लिस्ट बनाने के काम में लग जाएंगी।

सोमवार को कोरोना वैक्सीन की जिला टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीसी कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने वैक्सीन की दूसरी डोज के सभी पात्र लोगों को प्राथमिकता के आधार पर फोन पर संपर्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर पंचायत में सप्ताह में एक बार कोरोना वैक्सीन लगाई जाए और पंचायती राज व आईसीडीएस डिपार्टमेंट द्वारा निगरानी की जाए।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता के लिए एक फॉर्मेट तैयार किया जाए। वे अगले हफ्ते से घर-घर जाकर जिन लोगों ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं ली है, फारमेट के अनुसार लिस्ट बनाएं। इसके अलावा उन्होंने 19 से 21 तारीख तक इलेक्शन ड्यूटी की रिहर्सल में आने वाले कर्मचारियों का कोरोना वैक्सीनेशन सुनिश्चित करने की बात कही।

IGMC शिमला: सर्वर में खराबी के चलते मरीजों को हुई परेशानी

शिमला।। प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी शिमला में सोमवार को मरीजों भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पर्ची बनाने के काउंटर के बाहर करीब एक घंटे तक मरीजों की लाइनें लगी रहीं। मरीजों को हुई इस परेशानी का कारण आईजीएमसी के सर्वर में खराबी होना बताया गया।

सर्वर में खराबी के कारण सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर एक बजे तक यही परेशानी रही। मरीजों को काउंटर पर ही पर्ची बनाने के लिए पंद्रह से बीस मिनट का इंतजार करना पड़ा। ओपीड़ी में इलाज करवाने आए मरीजों को सबसे ज़्यादा परेशानी झेलनी पड़ी।

प्रदेश भर से मरीज आईजीएमसी में मेडिसिन, आर्थो, सर्जरी, बालरोग, आंख और ईएनटी ओपीडी में इलाज करवाने के लिए आए थे। लेकिन जब पर्ची बनाने के लिए काउंटर पर पहुंचे, तो यहां सर्वर में खराबी के कारण पर्ची बनाने में काफी समय लगा।

बताया जा रहा है कि अस्पताल में चल रहे विंडो अपडेट के काम के कारण यह कार्य प्रभावित हुआ। सर्वर डाउन होने से पर्ची बनाने के साथ, फार्म भरने, दाखिला प्रक्रिया और टेस्ट फीस जमा करने के कार्य भी प्रभावित रहे।

अनिल शर्मा को मंत्री बनाना संभव नहीं: सीएम

मंडी।। मंडी सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा उपचुनाव में कहीं भी प्रचार करते नहीं दिख रहे हैं। ऐसी चर्चाएं थी कि अनिल शर्मा सीएम से आश्वासन मांग रहे थे कि यदि उपचुनाव के बाद उन्हें कैबिनेट में शामिल किया जाएगा, तो ही वह भाजपा प्रत्याशी के लिए प्रचार करेंगे। हालांकि सीएम जयराम ठाकुर ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है।

सीएम ने कहा, ‘अनिल शर्मा को कैबिनेट में शामिल करने के लिए किसी मंत्री को हटाना संभव नहीं है। हालांकि, मैंने उन्हें आश्वासन दिया है कि अगर वह उपचुनाव में पार्टी के लिए काम करते हैं तो हम उनके सम्मान का ख्याल रखेंगे। अब यह उन पर निर्भर करता है कि वह पार्टी के लिए काम करते हैं या नहीं।’

इसके अलावा सीएम ने कहा कि कांग्रेस का यह आरोप निराधार है कि उन्होंने ‘हमें मजबूर नहीं, मजबूर सांसद चाहिए’ कहकर राज्य की महिलाओं का अपमान किया है। सीएम ने कहा कि वह कांग्रेस उम्मीदवार प्रतिभा सिंह के साथ-साथ राज्य की सभी महिलाओं का बहुत सम्मान करते हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य और केंद्र में भाजपा सरकारों की उपलब्धियों पर उपचुनाव लड़ रही है। वे राज्य और केंद्र में भाजपा सरकारों की उपलब्धियों पर लोगों से वोट मांग रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि वे चारों उपचुनाव जीतेंगे।

बनकर रहेगी ऊना-हमीरपुर रेल लाइन: अनुराग ठाकुर

हमीरपुर।। जाहू में हवाई अड्डे को लेकर फिलहाल कोई योजना नहीं है, लेकिन ऊना-हमीरपुर रेलवे लाइन बनकर रहेगी। यह बात केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को हमीरपुर के गसोता महादेव मंदिर में जनसभा को संबोधित करते हुए कही है।

ऊना-हमीरपुर रेलवे लाइन अनुराग ठाकुर का ड्रीम प्रोजेक्ट है। अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि यह रेलवे लाइन बनकर ही रहेगी। इसके अलावा उन्होंने हवाई अड्डे के निर्माण को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि फिलहाल जाहू में हवाई अड्डे के निर्माण को लेकर कोई योजना नहीं है। लेकिन बल्ह विधानसभा क्षेत्र में हवाई अड्डे के निर्माण के लिए सीएम जयराम ठाकुर केंद्र सरकार से बातचीत कर रहे हैं।

अनुराग ने कहा जाहू मंडी, बिलासपुर और हमीरपुर तीनों जिलों का केंद्र है, लेकिन हवाई अड्डे के निर्माण के लिए बल्ह विधानसभा क्षेत्र को चुना गया है, वह उसका भी स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कहीं भी बने, मगर हवाई अड्डा बनना चाहिए।

ऊना-हमीरपुर रेलवे लाइन प्रोजेक्ट की बात करें तो केंद्र सरकार ने पिछले बजट में इस रेलवे लाइन के लिए महज एक हजार रुपये के बजट का प्रावधान किया था। इस पर कांग्रेस ने अनुराग ठाकुर को खूब घेरा था। कांग्रेस नेता खासकर सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा उनके इस प्रोजेक्ट को लेकर सवाल उठाते रहे हैं।

अभी अनुराग ठाकुर ने कोरोना का हवाला देते हुए कहा है कि एक साल से इस प्रोजेक्ट में कुछ खास नहीं हो पाया है। लेकिन उन्होंने दावा किया है कि यह प्रोजेक्ट जरूर पूरा होगा। अनुराग ठाकुर के इस दावे से हमीरपुर के लोगों की उम्मीदें एक बार फिर जग गई हैं।