हिमाचल की असली ‘ब्रैंड ऐंबैसडर’ है यह बच्ची

0

इन हिमाचल डेस्क।। आज हम आपको मिलवाने जा रहे हैं हिमाचल प्रदेश की बेटी अनिका शर्मा से। यूट्यूब पर हिमाचल को लेकर कुछ सर्च करते वक्त हमें अनिका का यूट्यूब चैनल नजर आएगा। आत्मविश्वास से भरी अनिका ने यूट्यूब पर कुछ वीडियो डाले हैं जिनमें वह हिमाचल में विभिन्न जगह पर घूमते हुए कॉमेंट्री कर रही हैं और उन जगहों के बारे में बता रही हैं। वह बाहर के लोगों को हिमाचल में घूमने के लिए प्रेरित कर रही हैं। सही मायनों में कहें तो वह हिमाचल प्रदेश के टूरिजम को प्रमोट कर रही हैं। और इतनी खूबसूरती से वह हिमाचल के प्राकृतिक सौन्दर्य का वर्णन करती हैं हर कोई चाहेगा कि एक बार हिमाचल हो ही आऊं। खास बात यह है कि वह टूरिजम के लिए पहले से ही मशहूर जगहों की बात नहीं करतीं बल्कि गांव की सादगी और हिमाचल की असली सुंदरता का वर्णन करती हैं।

शुरुआत होती है एक ऐसे वीडियो से जिसमें वह हिमाचल प्रदेश के बैजनाथ की खूबसूरती के बारे में बता रही हैं। इतनी मासूमियत से वह बताती हैं कि हिमाचल के लोगों को लगता होगा कि बाहर जाकर रहें मगर उन्हें शायद अहसास नहीं है कि असली स्वर्ग हिमाचल में है। बहरहाल, आप नीचे वीडियो देखें:

अनिका के बारे में हमें ज्यादा जानकारी तो नहीं मिल पाई मगर यूट्यूब वीडियो देखकर लगता है कि वह अभी स्कूल में पढ़ती होंगी। मगर हिंदी और इंग्लिश दोनों भाषाओं पर तो उनकी पकड़ है ही, ऐंकरिंग के स्वाभाविक स्किल्स भी हैं। देखें दूसरा वीडियो:

इस वीडियो में अनिका पालमपुर के होली मेले के बारे में बता रही हैं:

मां चामुंडा के मंदिर में अनिका ने वहां के बारे में तो बताया ही, दूर से आए श्रद्धालुओं से भी बात की:

यह निश्चित है कि वह बहुत आगे जाएंगी और हिमाचल प्रदेश का नाम भी रोशन करेंगी। पता नहीं हिमाचल प्रदेश का टूरिजम डिपार्टमेंट कहां सोया है, मगर हिमाचल प्रदेश वासी चाहें तो वे खुद अपने प्रदेश के टूरिजम के ‘ब्रैंड ऐंबैसडर’ बन सकती हैं, जैसे अनिका बनी हैं। इन हिमाचल की तरफ से उन्हें शुभकामनाएं।

1100 तक के पहाड़े (टेबल) सुना सकता है हिमाचल का संतोष कुमार

इन हिमाचल डेस्क।। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें एक लड़का पहाड़े, जिन्हें इंग्लिश में टेबल (multiplication table) कहा जाता है, सुना रहा है। कमाल की बात यह है कि यह लड़का 10 या 20 का नहीं बल्कि 36, 76 और 189 जैसे बड़े पहाड़े भी आसानी से सुना सकता है। आप इससे कुछ भी पूछ लीजिए, तुरंत सुना देगा। आलम यह है कि आप 1100 तक के पहाड़े इन जनाब से पूछ सकते हैं और मुस्कुराते हुए सुना देंगे। ऐसा भी नहीं लगता कि उन्हें पहाड़े सुनाते हुए कोई दिक्कत हो रही हो। हमें कोई कहे कि 79 x 2 करो तो हमें कम से कम 5 मिनट लगेंगे मन में 79 को 2 गुणा करने में। मगर इन जनाब को अगर आप 978 x 7 करने को बोलेंगे तब भी 2 सेकंड में जवाब बता देंगे।

 

इस टैलंट का नाम है संतोष कुमार। संतोष आईटीआई कर रहे हैं। वीडियो के मुताबिक वह अपर बरोट के रहने वाले हैं। यह वाकई कमाल का टैलंट है कि किसी व्यक्ति को 1100 तक के पहाड़े याद हों। यह आसान काम नहीं है क्योंकि रटने की बात नहीं है। इतनी बड़ी संख्या का पहाड़ा तो खरीदने पर भी नहीं मिलता। अगर संतोष ने यह काम खुद अंकों को गुणा करके पहाड़ा बनाकर याद किया तो काबिल-ए-तारीफ है। और अगर वह तुरंत ही सुनाते वक्त मन में गुणा करते हुए चलते हैं तो उनकी वाकई दाद देनी होगी।

 

बहरहाल, नीचे देखें आप संतोष का हुनर, जिसका किसी ने वीडियो बनाकर अपलोड किया है। ‘प्यारा हिमाचल’ पेज पर शेयर वीडियो को हम नीचे दे रहे हैं:

संतोष को शुभकामनाएं। उन्होंने ये पहाड़े कैसे याद किए, इसका कोई आसान तरीका हो जिसे वह साझा कर सकें तो खुशी होगी। इससे बहुत से बच्चों को पढ़ाई में मदद मिलेगी।

हिमाचल में शूट हुई इंग्लिश मूवी Beyond The Known World का ट्रेलर देखा आपने?

इन हिमाचल डेस्क।। हिमाचल प्रदेश हमेशा से ही पूरी दुनिया को अपनी ओर खींचता रहा है। कुछ लोग यहां आध्यात्मिक शांति की तलाश में आते हैं तो कुछ प्राकृति सौंदर्य को निहारने। अब बहुत से लोग नशा करने और के लिए आने लगे हैं। मगर अच्छी बात यह है कि इंटरनैशनल मूवी मेकर्स के लिए भी हिमाचल प्रदेश फेरविरट डेस्टिनेशन बनता आ रहा है। जल्द ही आपको एक इंग्लिश मूवी देखने को मिलेगी, जिसकी शूटिंग हिमाचल में हुई है। मूवी का नाम है- बियॉन्ड द नोन वर्ल्ड यानी जिस दुनिया को हम जानते हैं, उससे परे। (ट्रेलर आर्टिकल के आखिर में है)

कहानी ऐसी है कि कार्ल और जूली का तलाक हो गया और उनके आपकी रिश्ते ठीक नहीं है। उनकी 18 साल की बेटी ईवा घूमने के लिए भारत आती है। भारत में भी वह हिमाचल आती है। कुछ दिनों बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो जाता है। पैरंट्स परेशान होते हैं तो उसे ढूंढने के लिए हिमाचल आते हैं। यहां भी उन्हें उसका कोई पता नहीं चलता। अब कार्ल और जूली अपनी बेटी की तलाश शुरू करते है। बेटी की तलाश में उन्हें हिमाचल प्रदेश और विभिन्न जगहों पर जाना पड़ता है>।

गुजरात में जन्मे भारतीय फिल्म डायरेक्टर पान नलिन इंटरनैशनल सिनेमा में जाना-पहचाना नाम हैं। वह संसारा, वैली ऑफ फ्लावर्स और आयुर्वेदा: आर्ट ऑफ बीइंग जैसी चर्चित फिल्में बना चुके हैं। उनकी नई फिल्म ‘बियॉन्ड द नोन वर्ल्ड’ देखने पर कहीं न कहीं पूर्वजन्म और अध्यात्म जैसे विषयों पर आधारित लग रही है। इसकी ज्यादातर शूटिंग हिमाचल में हुई है। कुल्लू के ढालपुर मैदान के कुल्लू दशहरा से लेकर कसोल में रेव पार्टीज़, धर्मशाला से लेकर लाहौल-स्पीति से बौद्ध मठों तक के दर्शन इसमें होते हैं।

HP

हिमाचल प्रदेश की प्राकृति खूबसूरती तो इसमें दिखती ही है, कला और संस्कृति की भी झलक मिलती है। यह भी देखना होगा कि हिमाचल प्रदेश में व्याप्त बुराइयों (नशाखोरी, ड्रग्स के कारोबार और इन समस्याओं को लेकर पुलिस की ढिलाई) को भी हाइलाइट किया गया है नहीं। यह फिल्म 20 अप्रैल को रिलीज होगी। इसमें आपको भारत और हिमाचल के कुछ कलाकार भी देखने को मिल सकते हैं।  नीचे ट्रेलर देखें:

आंखों का इलाज हिमाचल के अस्पतालों में करवाने के बजाय चेन्नई गए मुख्यमंत्री वीरभद्र

शिमला।। आय से अधिक मामले में झटका लगने के बाद बैकफुट पर आए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह चेन्नई चले गए हैं। सोशल मीडिया पर कुछ लोग जहां इस टाइमिंग पर सवाल उठा रहे हैं वहीं कुछ का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में विकास की गंगा बहा देने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री खुद अपनी आंखों का इलाज करवाने के लिए चेन्नई क्यों जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब मुख्यमंत्री ही इलाज के लिए प्रदेश से बाहर जा रहा है तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति क्या है। प्रश्न उठाए जा रहे हैं जब सीएम को प्रदेश के अस्पतालों पर भरोसा नहीं है तो क्या यह जनता से खिलवाड़ नहीं है।

हिंदी अखबार अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अपनी आंखों का इलाज करवाने के लिए रविवार को चेन्नई के लिए रवाना हो गए। वह तीन अप्रैल को चेन्नई के एक जाने-माने अस्पताल में अपना इलाज करवाएंगे। वे चार अप्रैल को वापस नई दिल्ली लौटेंगे। इसी के बाद हिमाचल आएंगे।

VBS

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री इससे पहले भी दांतों का इलाज करने के लिए चंडीगढ़ जाते रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर टेप कांड के बाद सीने में दर्द होने पर पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल हो गए थे। अन्य कई मंत्री भी इलाज के लिए प्रदेश और देश से बाहर जाते रहे हैं। इन दिनों मुख्यमंत्री भोरंज उपचुनाव के दौरान दावे कर रहे हैं कि आईजीएमसी, टांडा मेडिकल कॉलेज से लेकर चंबा और हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं। मगर प्रदेश के मुखिया का छोटी-मोटी दिक्कतों के इलाज के लिए खुद बाहर जाना उनके ही दावों पर सवाल खड़े कर देता है।

क्लिक करके देखें हिमाचल के सबसे बड़े अस्पताल की डरा देने वालीं तस्वीरें

हिमाचली फिल्म ‘सांझ’ का ट्रेलर जारी, जल्द होगी रिलीज

इन हिमाचल डेस्क।। हिमाचल प्रदेश के प्रॉडक्शन हाउस “साइलेंट हिल्स स्टूडियो” द्वारा बनाई गई पहली हिमाचली फिल्म ‘सांझ’ का ऑफिशल ट्रेलर रिलीज़ हो गया है। 14 अप्रैल को यह फिल्म रिलीज होने जा रही है। यह फिल्म हिमाचली और हिंदी में रिलीज होगी। इस फिल्म में मोहित चौहान की आवाज में एक गाना भी है।

‘रिश्तों की सांझ’ नाम की इस मूवी में एक टीनेजर है, जिसका नाम सांझ है। शहर में रहने वाली सांझ के साथ कुछ ऐसा होता है कि उसके पिता उसे हिमाचल में अपने गांव में अपनी मां (सांझ की दादी) के पास छोड़ जाते हैं। ऐसा क्या हुआ था सांझ के साथ, यह तो आप ट्रेलर में देख सकते हैं मगर आगे की कहानी जानने के लिए फिल्म देखनी पड़ेगी।

इस फिल्म को अभी तक देश-विदेश में कुछ मूवी फेस्ट्स में शोकेस किया जा चुका है जहां यह खूब तारीफ बटोर चुकी है। रिश्तों के ताने-बाने पर बनी यह मूवी हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों में शूट हुई है। हिमाचल के अजय सकलानी की इस मूवी इसमें भावनाओं के साथ-साथ हिमाचल की मनभावन संस्कृति की भी झलक देखे को मिलेगी, ऐसी उम्मीद है। मूवी तो 14 अप्रैल को रिलीज होगी, फिलहाल ट्रेलर देखें:

हिमाचली ट्रेलर

हिंदी ट्रेलर

टीजर

Keywords: Rishton Ki Saanjh, Saanjh movie, Saanjh hindi film, himachali film sanjh, himachali film saanjh, first himachali movie, himachali movie saanjh, saanjh himachali movie, himachali movie rishto ki saanjh, rishto ki saanjh film

आईडी धीमान को लेकर मुख्यमंत्री वीरभद्र की टिप्पणियों से लोगों में रोष

हमीरपुर।। भोरंज उपचुनाव के लिए प्रचार करने पहुंचे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के एक बयान से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। दरअसल प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह उस दौर के अनुभव साझा कर रहे हैं जब दिवंगत नेता आईडी धीमान सराहन में हेडमास्टर थे। वीरभद्र सिंह दावा कर रहे हैं कि धीमान बच्चों को नकल करने से नहीं रोकते थे।

गौरतलब है कि बीजेपी ने के वरिष्ठ नेता और कई बार शिक्षा मंत्री ईश्वर दास धीमान का निधन होने के बाद ही भोरंज सीट पर उपचुनाव हो रहा है। यहां से बीजेपी ने आईडी धीमान के बेटे डॉक्टर अनिल धीमान को टिकट दिया है। वहीं कांग्रेस ने प्रमिला देवी को टिकट दिया है।

अमर उजाला अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को वीरभद्र सिंह ने कहा, ‘मेरे पैतृक गांव सराहन में आईडी धीमान हेडमास्टर रहे हैं, लेकिन उनका स्कूल के टीचरों पर कोई कंट्रोल नहीं था। परीक्षा में बच्चे नकल कर रहे होते थे तो उन्हें भी अनदेखा कर देते थे। स्वर्गीय धीमान के समय सराहन स्कूल का परिणाम सौ फीसदी रहा, लेकिन उनके ट्रांसफर होते ही परिणाम शून्य हो गया। उसके बाद ऊना जिले से एक हेडमास्टर आए तो स्कूल की दशा सुधरी। धीमान में हेडमास्टरों वाले गुण नहीं थे। इसी तरह उनके पुत्र तथा भोरंज विस से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अनिल धीमान भी अपने पिता के नक्शे कदम पर चल रहे हैं। उनमें भी कई तरह के अवगुण हैं।

सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा है, ‘जो आदमी इस दुनिया में नहीं है, उसकी आलोचना नहीं की जा सकती। यह गलत है क्योंकि आपके द्वारा लगाए जाने वाले आरोपों का जवाब देने के लिए वह व्यक्ति अब इस दुनिया में नहीं है। मुख्यमंत्री ने मर्यादाओं को ताक पर रख दिया है।’

गौरतलब है कि कुछ पहले भी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आईडी धीमान को लेकर ऐसी ही बात कही थी। नीचे वीडियो देखें, जिसमें वह कुछ दिन पहले मंच से चुटकी लेते हुए नजर आ रहे हैं:

 वह अक्सर प्रचार के दौरान दिए जाने वाले भाषणों में इन बातों का जिक्र कर रहे हैं। इससे वह क्या साबित करना चाहते हैं, ये तो वह ही जान सकते हैं मगर 6 बार लगातार आईडी धीमान को जिता चुके  भोरंज निवासियों में इस बात को लेकर गुस्सा देखने को मिल रहा है।

आय से अधिक संपत्ति केस में वीरभद्र सिंह को लगे दो झटके

नई दिल्ली।। आय से अधिक संपत्ति मामले में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंक को दो झटके लगे हैं। सीबीआई ने पटियाला हाउस कोर्ट में इस मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है। इससे पहले शुक्रवार सुबह दिल्‍ली हाईकोर्ट ने वीरभद्र ओर से दायर की गई याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया था, जिसमें उन्होने सीबीआई द्वारा दर्ज मामले को रद्द करने के आदेशों देने की मांग की थी। दिल्ली हाईकोर्ट ने हिमाचल हाईकोर्ट के उन आदेशों को भी खारिज कर दिया है जिसमें वीरभद्र सिंह की गिरफ्तारी पर रोक लगाई गई थी। ऐसे में वीरभद्र सिंह पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है।

ANI के मुताबिक सीबीआई द्वारा पटियाला हाउस कोर्ट में दाखिल चार्जशीट में सीएम वीरभद्र सिंह, उनकी पत्नी और कुछ और लोगों के नाम दिए गए हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि मामले की जांच पूरी कर ली गई है। गौरतलब है कि आय से अधिक संपत्ति के इस मामले में पहले से ही एक आरोपी आनंद चौहान सलाखों में बंद है।

फाइल फोटो
फाइल फोटो

इससे पहले ही शुक्रवार सुबह सीएम वीरभद्र सिंह को दिल्‍ली हाईकोर्ट से भी बड़ा झटका लगा था। वीरभद्र ने कोर्ट से अपील की थी कि सीबीआई की ओर से दर्ज किए गए मुकदमे को रद्द करने के आदेश दिए जाएं। उनका कहना था कि सीबीआई गलत मंशा के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। सीबीआई का कहना था कि हिमाचल सरकार उनके साथ इस मामले में सहयोग नहीं कर रही।

इस मामले में सीबीआई अब मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और उनकी धर्म पत्नी एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह से न केवल पूछताछ करने के लिए स्वतंत्र है बल्कि वह उन्हें गिरफ्तार भी कर सकती है। चार्जशीट दायर होने के बाद सीबीआई अतिरिक्त पूछताछ के लिए उन्हें गिरफ्तार करने की याचिका डाल सकती है। वीरभद्र सिंह के पास अभी डबल बैंच में याचिका दायर करने के अलावा सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने के विकल्प बचे हैं।

यह है माामला:
वीरभद्र सिंह पर आरोप है कि यूपीए सरकार के दौरान जब वह इस्पात मंत्री थे तो उन्होंने 2009 से 2011 के बीच अचानक 6.1 करोड़ रुपए की अतिरिक्त संपत्ति अर्जित की थी। आरोपों के मुताबिक सीएम ने केंद्रीय मंत्री के पद पर रहते हुए अपने और घरवालों के नाम जीवन बीमा पॉलिसियों में एलआईसी एजेंट चौहान के माध्यम से 6.1 करोड़ रुपए का निवेश किया। आरोप है कि उन्होंने यह 6.1 करोड़ रुपये गलत तरीके से जुटाए।

परिवहन मंत्री जीएस बाली ने सार्वजनिक किया अपनी संपत्ति का ब्यौरा

एमबीएम न्यूज नेटवर्क, शिमला।। हिमाचल प्रदेश के परिवहन, तकनीकी शिक्षा एवं खाद्य आपूर्ति व उपभोक्ता मामलों के मंत्री जी.एस. बाली एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन करके अपनी संपत्ति, आय और देनदारी की जानकारी सार्वजनिक कर दी है। गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर ऐक्टिव रहने के लिए पहचाने जाने वाले तेज-तर्रार मंत्री बाली ने कुछ दिन पहले अपने फेसबुक पेज के जरिए ऐलान किया था मैं अपनी संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक कर दूंगा। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर भी इस संबंध में एक पोस्ट डाली है।

गुरुवार को शिमला में पत्रकारों से बात करते हुए जीएस बाली ने कहा कि उनकी कुल संपति का बाजार भाव 70 करोड़ के करीब है। उन्होंने बताया कि 16 करोड़ का कर्ज है। बाली ने यह जानकारी भी दी कि दिल्ली में उनके पास 5 करोड़ करुपये का फ्लैट है। उन्होंने बतााय कि 16 कनाल के करीब जमीन उनके पास है। बाली ने अपने एफडीआर का ब्यौरा भी दिया। बाली ने कहा कि मैं राजनीति में आने से पहले से व्यवसायी रहा हूं और होटल और फैक्ट्री जैसी संपत्तियां मेरे पास पहले से ही थीं।

‘बेटा भी जल्द देगा संपत्ति का ब्यौरा’
मामला 70 करोड़ से जुड़ा है, ऐसे मे कोई भी चौंक सकता था। मगर इससे बेपरवाह बाली ने अपनी चल व अचल संपत्ति घोषित करते हुए कहा कि राजनीति में पारदर्शिता जरूरी है। उन्होंने दूसरों के बारे में कुछ कहने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, ‘अंतरआत्मा ने मुझे ऐसा करने के लिए कहा ताकि मेरे राजनीतिक जीवन में पारदर्शिता हो।’ जीएस बाली ने अपनी पत्नी के एफडीआर की सूचना भी दी। उन्होंने यह भी कहा कि उनका बेटा भी जल्दी अपनी संपत्ति का ब्यौरा देगा।

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीसीसी चीफ सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र तैयार करने की जिम्मेदारी उनकी है और वह पार्टी के घोषणा पत्र में ऐसा प्रावधान करेंगे कि कोई भी विधायक जो चालू वर्ष के दौरान खरीदने वाली संपति का ब्यौरा दे और धनराशि का स्रोत दे। सुक्खू ने कहा कि राजनीतिक में पारदर्शिता जरूरी है और उन्होंने भी कुछ समय पहले अपनी संपति की घोषणा कर दी थी।

एमबीएम न्यूज नेटवर्क का फेसबुक पेज लाइक करें

 

HRTC के ड्राइवरों को यूं ही ‘पायलट’ नहीं कहा जाता, देखें वीडियो

इन हिमाचल डेस्क।। HRTC यानी हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन के ड्राइवर्स को अगर पायलट कहा जाए तो गलत नहीं होगा। उन्हें पायलट इसलिए नहीं कहा जा रहा कि वे बेहद फास्ट गाड़ी चलाते हैं। बल्कि उन्हें यह विशेषण उनके ड्राइविंग स्किल्स की वजह से दिया जा सकता है। दरअसल फेसबुक पर एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें बर्फ से भरी सड़क पर एचआरटीसी की एक बस रिवर्स हो रही है।

बर्फ की वजह से तंग हो चुकी सड़क पर हम और आप गाड़ी को आगे भी न चला पाएं मगर एचआरटीसी बस का ड्राइवर बड़ी ही सफाई से अच्छी-खासी स्पीड में बस को बैक गियर में चलाता है ताकि गाड़ी को पास दिया जा सके।

इस वीडियो को किसी ने अपनी गाड़ी के अंदर से रिकॉर्ड किया है। हो सकता है कि किसी ने इस वीडियो को पोस्ट करने से पहले इसकी स्पीड बढ़ाई हो मगर इस बात से तो आप भी इनकार नहीं कर पाएंगे कि ड्राइवर में स्किल तो हैं ही। नीचे बीइंग हिमाचली के पेज पर शेयर हुआ वीडियो देखें:

इससे पहले भी HRTC बस ड्राइवरों के कई वीडियो वायरल हो चुके हैं जिनमें वे मुश्किल हालात में खराब सड़कों पर भी अच्छी तरह से ड्राइविंग कर रहे हैं। प्रदेश के कई इलाकों की सड़के वहां के मौसम व अन्य भौगोलिक परिस्थितियों से भी खराब हैं और कुछ राजनेताओं की लापरवाही भी है। मगर लोगों को ट्रांसपोर्ट सुविधा मुहैया करवा रहे इन लोगों की तारीफ की जानी चाहिए।

शिप्रा खन्ना से सीखें हिमाचल का स्वादिष्ट पकवान ‘सिड्डू’ बनाना

इन हिमाचल डेस्क।। स्टफ्ड गारलिक ब्रेड खाया है? देखने में बिल्कुल वैसा लगता है सिड्डू मगर है एकदम पौष्टिक। हिमाचल के मंडी, कुल्लू और सिरमौर समेत कई जिलों में इसे बनाया जाता है। देखे में आपको हो सकता है कि मोमोज़ जैसा लगे, मगर है एकदम अलग। बनाने की प्रक्रिया वैसे काफी हद तक मोमोज़ जैसी ही है। वक्त के साथ-साथ भले ही लोग हिमाचल के पारंपरिक पकवानों को बनाना भूल रहे हैं मगर शिप्रा खन्ना (मास्टर शेफ विनर) अपने यूट्यूब पर चैनल पर कुछ हिमाचली पकवानों के बारे में पूरी दुनिया को बता रही हैं।

सिड्डू बनाने के लिए आपको क्या-क्या चाहिए, कितनी देर में यह पकता है और कैसे पकता है, पूरी जानकारी शिप्रा के इस वीडियो में आपको मिलेगी। हालांकि पारंपरिक तौर पर सिड्डू को अर्धचंद्राकार शेप में बनाया जाता है, जैसे की नीचे तस्वीर में दिया गया है, मगर शिप्रा ने इन्हें गोल आकार दिया है।

siddus
यह है असली सिड्डू।

अगर आप शिप्रा की तरह गोलाकार सिड्डू बनाना चाहते हैं तो ध्यान रखें कि उनका साइज छोटा हो वरना पकेंगे नहीं ढंग से। बहरहाल, नीचे दिए गए वीडियो को देखकर सीखिए सिड्डू बनाना और दोस्तों को भी खिलाइए। वीडियो के बाद दिए लिंक क्लिक करके आप ‘कोदरे की रोटी’ बनाना सीख सकते हैं।

यहां क्लिक करके शिप्रा से सीखें, कोदू की रोटी कैसे बनती है