शिमला केस: बुधवार को स्टेटस रिपोर्ट फाइल कर सकती है सीबीआई

एमबीएम न्यूज, शिमला।। शिमला के कोटखाई मेंहुए रेप ऐंड मर्डर केस को लेकर सीबीआई बुधवार को स्टेटस रिपोर्ट फाइल कर सकती है। हाई कोर्ट ने 19 जुलाई को सीबीआई को गुड़िया रेप ऐंड मर्डर और आरोपी सूरज की मौत के मामले की जांच के आदेश जारी करते हुए दो हफ्तों में स्टेटस रिपोर्ट फाइल करने के लिए कहा था।

माना जा रहा है कि स्टेटस रिपोर्ट में सीबीआई कई खुलासे कर सकती है। अब तक दोनों मामलों में गोपनीय तरीके से छानबीन की है। कोटखाई में टीम एक हफ्ते से ज्यादा वक्त तक रुकी रही। उसने जंगल का मुआयना किया, क्राइम सीन को जांचा, गुड़िया के परिजनों, सहपाठियों शिक्षकों, आरोपियों के परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की।

एमबीएम न्यूज नेटवर्क का फेसबुक पेज लाइक करें

सीबीआई ने फरेंसिक लैब जुणगा में भी जांच की है। अभी तक फरेंसिक रिपोर्ट सीबीआई को नहीं मिली है। इसके अलावा मामले में गिरफ्तार 5 आरोपियों से भी सीबीआई पूछताछ कर चुकी है। बताया ज ारहा है कि पिछले दो दिनों से सीबीआई की तीनों टीमों के सदस्य स्टेटस रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं।

(यह एमबीएम न्यूज नेटवर्क की खबर है और सिंडिकेशन के तहत प्रकाशित की गई है)

हिमाचल से लगती बॉर्डर पर चीन ने बढ़ाई ऐक्टिविटी

शिमला।। हिमाचल प्रदेश के दो जिलों में चीन से लगती इंटरनैशनल बॉर्डर पर कुछ गतिविधियां नजर आई हैं। तिब्बत वाले क्षेत्र में चीन ने सड़कें और अन्य तरह के इन्फ्रास्ट्रक्चर को तैयार करने में तेजी ला दी है। गौरतलब है कि ये रिपोर्ट्स उस वक्त सामने आई हैं जो सिक्किम के पास डोकलम में चीन और भारत के बीच तनातनी बनी हुई है। (कवर इमेज प्रतीकात्मक है)

बता दें कि हिमाचल प्रदेश से चीन की 260 किलोमीटर लंबी बॉर्डर लगती है। यहां पर आईटीबीपी की तैनाती है जो बॉर्डर की निगारनी करती है। किन्नौर और लाहौल स्पीती के बॉर्डर से लगे जिलों में लोगों ने सीमा पार चीनी हेलिकॉप्टर देखने और सड़के बनाने से लेकर अन्य तरह की गतिविधियां होने का दावा किया है।

इंग्लिश अखबार हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक एक सरकारी अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया है कि इस तरह की गतिविधियां वैसे तो 1 साल से नजर आ रही हैं मगर पिछले 4 महीनों से इनमें तेजी आ गई है। चीन द्वारा किए जा रहे निर्माण को बॉर्डर से मात्र 5 किलोमीटर दूर बसे शकोट गांव से देखा जा सकता है।

किन्नौर से चीन की 140 किलोमीटर सीमा लगती है और लाहौल स्पीति से 80 किलोमीटर। अखबार के मुताबिक एक सिक्यॉरिटी ऑफिसर ने कहा है कि चीन के साथ लगती सीमा पर हमने चौकसी बढ़ा दी है।

चंबा में हुड़दंग मचा रहे दोनों पक्षों के बीच समझौता

चंबा।। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के राह उपमंडल में एक अध्यापक पर छात्रा से बलात्कार का आऱोप लगने के बाद निर्दोष अध्यापकों की पिटाई के बाद शुरू हुआ बवाल खत्म हो गया है। डीसी सुदेश मोख्टा और एसपी डॉ. वीरेंद्र तोमर ने एसडीएम दफ्तर में बवाल काट रहे दोनों समुदायों के बीच समझौता करवा दिया है। डीसी ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात भी कही है।

 

 

इस बैठक में 24 सदस्यों वाली शांति कमिटी बनाई गई। यह कमिटी इलाके में भाइचारा बनाए रखने के लिए काम करेगी। इसके बाद एसडीएम ऑफिस तीसा से लेकर भंजराड़ू बस स्टैंड तक शांति मार्च भी निकाला गया।

गौरतलब है कि एक अध्यापक पर छात्रा से रेप का आरोप लगने के बाद कुछ लोगों ने स्कूल में तैनात अन्य निर्दोष अध्यापकों पर हमला कर मारपीट कर दी थी। इसके बाद स्थानीय लोग नाराजगी में उग्र हो गए थे। उधर आरोपी टीचर सस्पेंड कर दिया गया है और उसपर विभागीय जांच भी बिठाई गई है।

क्या अब बाहरी लोग भी हिमाचल आकर कर रहे हैं क्राइम?

शिमला।। क्या हिमाचल प्रदेश अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन गया है? क्या अपराधियों के मन में जरा भी डर नहीं रहा कि वे पकड़े जा सकते हैं? इस तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं एक के बाद एक सामने आ रहे अजीब मामलों पर। 24 जुलाई को शिमला के तारादेवी में एक गर्भवती महिला बेसुध मिली थी। उसने मंगलवार सुबह आईजीएमसी में दम तोड़ दिया है। पुलिस को अब तक पता नहीं चल पाया है कि यह महिला कौन थी, कहां की थी और इसकी यह हालत किसने की। यह मामला आपराधिक इसलिए भी है क्योंकि खबरों के मुताबिक इस महिला को बुरी तरह से पीटने के बाद यहां फेंका गया था(स्रोत)।

बताया जा रहा है कि 24 जुलाई को दो स्थानीय युवकों ने सबसे पहले इसे यहां देखा था। इसके बाद उन्होंने पंचायत के प्रधान को खबर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले आई है। इस महिला के शरीर पर चोटें भी थीं। जांच में पता चला कि महिला चार महीने की गर्भवती है। इसके बाद इसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। पुलिस ने महिला की पहचान के लिए कई थानों से बात की मगर उसका पता नहीं चल पाया।

महिला को होश नहीं आया और उसने मंगलवार सुबह दम तोड़ दिया। अब इसकी पहचान पुलिस के लिए बड़ा सवाल बनकर रह गई है। पुलिस का कहना है कि यह महिला किसी अन्य राज्य की रहने वाली लगती है। जांच में ह पता चला है कि पीटने के बाद इसे जंगल में फेंका गया था। हो सकता है कि मरा हुआ समझकर हमलावर चले गए मगर इसकी सांसें चल रही थीं। एक हफ्ते बाद आखिरकार इसने दम तोड़ दिया है।

क्या कांगड़ा में कोई फेंक गया था दो शव?
तो क्या बाहरी राज्यों के अपराधी इतने बेखौफ हो चुके हैं वे हिमाचल में आकर अपराध करने लगे हैं? कहीं ऐसा तो नहीं कि कई मामलों में हिमाचल पुलिस की नाकामी से उत्साहित होकर अपराधी अब हिमाचल को सुरक्षित समझने लगे हों? क्योंकि इसी तरह का एक मामला कांगड़ा जिले में भी सामने आया है।

पिछले हफ्ते कांगड़ा के डमटाल-इंदौरा एनएच के पास करीब 8 दिनों से पड़ी 2 लाशों के मिलने से हड़कंप मचा था। पुलिस का कहना था कि 2 अज्ञात व्यक्तियों के शवों में कीड़े पड़ चुके थे। मृतकों की उम्र 35 साल के करीब बताई जा रही थी। पंजाब केसरी अखबार के मुताहिक थाना प्रभारी का उस वक्त कहना था कि शवों को बाहर से लाकर फेंका गया है (स्रोत)। वहीं दैनिक जागरण अखबार के मुताबिक डीएसपी नूरपुर ने बताया था कि प्राथमिक दृष्टि में लगता है कि शवों को यहां पड़े करीब-करीब तीन चार दिन हो गए है। उनके बैग से चिट्टा मिला हैं, जिससे लगता है ओवरडोज के कारण मौत हुई हैं(स्रोत)।

जाहिर है, हिमाचल प्रदेश में अपराध धीरे-धीरे बढ़ते जा रहे हैं। अक्सर यह देखा जाता है कि देश की पुलिस मामलों को जैसे-तैसे निपटाकर अपना काम पूरा करने में लगी रहती है। इससे असल अपराधी अगर बचे रहेंगे तो उनका हौसला बढ़ेगा ही। इसी तरह के हालात धीरे-धीरे विकराल रूप धारण कर लेते हैं। हिमाचल प्रदेश को भी अन्य राज्यों की तरह क्राइम की गिरफ्त में आने में देर नहीं लगेगी। इसलिए हिमाचल प्रदेश पुलिस के अधिकारियों के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है।

चंबा में RSS भड़का रहा है हिंसा: वीरभद्र सिंह

चंबा।। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के तीसा में पैदा हुए तनाव के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आरएसएस को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा है कि RSS के लोग कुछ हिंदू संगठनों के साथ इस मामले को भड़काने में लगे हुए हैं। अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक सीएम ने कहा कि बीजेपी हमेशा हिंसा में विश्वास रखती है। उन्होंने यह भी बताया कि तीसा में हालात काबू में हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रा से रेप और अध्यापकों की पिटाई मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होने यह भी कहा कि अशांति फैलाने वालों को नहीं बख्शा जाएगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक कानून अपना काम करेगा और छानबीन पूरी निष्पक्षता के साथ की जाएगी।

सीएम कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को लेकर केवल मात्र राजनीति कर रहा है और यह सामुदायिक सौहार्द में दरार पैदा करने की मंशा के लिए किया जा रहा है।

यहां क्लिक करके पढ़ें, चंबा में क्यों फैला तनाव

नए जिलों के गठन की बातों में कोई सच्चाई नहीं: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह

शिमला।। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रदेश में नए जिले बनाने को लेकर चल रही अटकलों को विराम देते हुए कहा है कि सरकार की ऐसी कोई योजना नहीं है।

सीएम ने कहा कि सोशल मीडिया पर जो अटकलें चल रही हैं, वे झूठी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई नया जिला नहीं बनेगा।

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह (File Pic)

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नए जिलों की जरूरत नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 15 अगस्त के कार्यक्र्म को लेकर चल रही अफवाहों और सोशल मीडिया में हो रही बातों में भी कोई सच्चाई नहीं है।

चंबा में टीचर पर छात्रा से रेप का आरोप, लोग भड़के

एमबीएम न्यूज, चंबा।। स्कूली शिक्षक द्वारा नाबालिग छात्रा से कथित तौर पर दुराचार के मामले ने तूल पकड लिया है। तीसा में रविवार को गुस्साई भीड ने जमकर हंगामा किया। हालांकि सुबह 10 बजे से ही भीड जुटनी शुरू हो गई थी लेकिन देर दोपहर मामले ने तूल पकड लिया। गुस्साई भीड ने पुलिस थाना पर पथराव के अलावा दुकानों में तोडफोड भी की। एक दुकान को आग के हवाले भी कर दिया गया।

 

आरोप है कि पुलिस द्वारा आरोपी शिक्षक को तो गिरफ्तार कर लिया गया है। लेकिन स्कूल के स्टाफ से पूछताछ नहीं की जा रही है। दोपहर बाद प्रशासन मौके पर पहुंच गया था लेकिन गुस्साए लोग सख्त कार्रवाई की मांग पर अडे हुए थे। अंतिम समाचार के मुताबिक स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है। लेकिन अब भी लोगों का हुजूम आसपास ही मंडरा रहा है।

एमबीएम न्यूज नेटवर्क का फेसबुक पेज लाइक करें

सनद रहे कि 26 जुलाई की रात जमा एक की छात्रा को टीजीटी के पद पर तैनात शिक्षक टेक चंद ने बहला फुसलाकर घर से बाहर बुलाने के बाद दुराचार को अंजाम दिया था। सनद रहें कि शिक्षक ने छात्रा को फेल करने का डर दिखाकर दुराचार को अंजाम दिया था। बताया यह भी जा रहा है कि गुस्साए लोग शनिवार को स्कूल भी पहुंच गए थे जहां शिक्षकों की धुनाई की गई। लोगों को इस बात की आशंका है कि स्कूल के स्टाफ को आरोपी शिक्षक के मंसूबों के बारे में पता था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। (इस लिंक पर पढ़ें क्या है पूरा मामला)

(यह एमबीएम न्यूज नेटवर्क की खबर है, इसे सिंडिकेशन के तहत प्रकाशित किया गया है)

शिमला केस में CBI को स्कूल के बच्चों से मिले अहम सुराग: मीडिया रिपोर्ट

शिमला।। सीबीआई की स्पेशल टीम ने शनिवार को गुड़िया के स्कूल में अध्यापकों और छात्रों से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि इस दौरान टीम को कुछ ऐसे सुराग मिले हैं जो जांच की गति बढ़ा सकते हैं।

अमर उजाला अखबार के पहले पन्ने पर छपी लीड के मुताबिक पहले एक कमरे में गुड़िया के सहपाठियों से पूछताछ की गई और बाद में अध्यापकों से बात की गई। इसी दौरान अहम सुराग मिलने की बात कही जा रही है।

शनिवार को सीबीआई ने कोटखाई थाने के उस हवालात का भी मुआयना किया है जहां पर बंद एक आरोपी की हत्या कर दी गई थी। सीबीआई की टीम में फरेंसिक एक्सपर्ट भी थे।

ज़ीटीवी लिटल चैंप्स में दिल जीत रही हिमाचल की बेटी पायल

एमबीएम न्यूज, कुल्लू।। हिमाचल प्रदेश की एक बेटी इन दिनों इंटरनेट पर सबका दिल जीत रही है। नाम है पायल और वह कुल्लू से हैं। पायल ज़ीटीवी के सारेगामापा लिटल चैंप में दिखाई देंगी। उनके ऑडिशन का वीडियो फेसबुक पर खूब शेयर किया जा रहा है। 11 साल की पायल देख नहीं सकती हैं मगर उन्होंने इसे कभी अपने रास्ते में बाधा नहीं बनने दिया। वीडियो में वह कहती भी हैं कि माता-पिता ने सिखाया है कि रास्ते में किसी मुश्किल से नहीं हारना है। ऑडिशन के दौरान पायल ने ‘नैना’ गाना गाया। शानदार परफॉर्मेंस के बाद हर कोई भावुक हो गया। पायल कहती हैं कि मैं सारी दुनिया अपने मम्मी-पापा की आंखों से देखती हूं।

 

जीटीवी द्वारा पूरे देश में किए गए ऑडिशन के दौरान पायल टॉप-80 तक पहुंच गई थी, लेकिन टॉप-80 से वह बाहर हो गई थी। उसके बाद जीटीवी के ऑलओवर रिव्यू के बाद जीटीवी ने पायल को फिर से मुंबई निमंत्रण दिया जिसके चलते अब पायल की एक बार फिर से जीटीवी सारेगामापा लिटिल चैंप में एंट्री हो गई है। ऑडिशन के दौरान का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है जिसमे साफ़ देखा जा सकता है कि जब पायल अपनी प्रस्तुति दे रही थी तो कैसे निर्णायक मंडल समेत दर्शको की आंखे नम थीं। देखें:

दिल को छू लेने वाली परफॉर्मेंस के बाद शो की जज नेहा ने पायल के पिता को एक टैक्सी गिफ्ट करने का ऐलान कर दिया। मौजूद माता व पिता समेत खुद पायल की आंखे भी भर आई थी।

एमबीएम न्यूज नेटवर्क का फेसबुक पेज लाइक करें

पायल की पिता ऑटो चलाकर परिवार का गुजर बसर करते है। पायल कुल्लू के सुलतानपुर में सातवीं कक्षा की छात्रा है और पिछले करीव 7-8 सालों से सूत्रधार कलासंगम में पं. विद्यासागर शर्मा से संगीत की बारीकियां सीख रही है।

पायल अध्यापकों के साथ (Image: MBM News Network)

स्कूल के हर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पायल प्रथम और दूसरे स्थान पर रहती है। सुलतानपुर स्कूल के अध्यापक श्याम लाल हांडा का कहना है कि पायल होशियार छात्रा है।

(यह एमबीएम न्यूज नेटवर्क की खबर है और सिंडिकेशन के तहत प्रकाशित की गई है)

बीजेपी नेताओं के लिए ‘लकी’ है हिमाचल प्रभारी बनना

शिमला।। यह संयोग ही है कि हिमाचल प्रभारी बनने वाले बीजेपी नेताओं की किस्मत बदल जाती है। कुछ वक्त पहले ही हिमाचल प्रभारी बने बिहार बीजेपी के नेता मंगल पांडेय अब नीतीश कुमार के साथ गठबंधन वाली सरकार में मंत्री बन गए हैं। मगर वह पहले नेता नहीं हैं जिनके साथ ऐसा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिमाचल प्रभारी रहे हैं और उसके बाद उन्हें गुजरात का मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला था।

नजर डालते हैं उन बीजेपी नेताओं पर जो हिमाचल प्रभारी रहे और फिर उन्हें जल्द ही कोई बड़ी जिम्मेदारी मिली:

-नरेंद्र मोदी: हिमाचल प्रभारी रहने के बाद नरेंद्र मोदी पहले गुजरात के सीएम बने और आज देश के प्रधानमंत्री हैं

– श्रीकांत शर्मा: मौजूदा प्रभारी मंगल पांडेय से पहले श्रीकांत शर्मा हिमाचल प्रभारी थे मगर यूपी में बीजेपी को प्रचण्ड बहुत मिलने के बाद वह योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री हैं।

– मंगल पांडेय: मौजूदा प्रभारी मंगल पांडेय को जिम्मेदारी संभालने के कुछ ही वक्त में बिहार सरकार में मंत्री बनने का अवसर प्राप्त हुआ।

– महावीर प्रसाद और सतपाल जैन: इन दोनों नेताओं को भी हिमाचल प्रभारी रहने के बाद बड़ी जिम्मेदारियां मिली थीं।