जब कौल सिंह ठाकुर से पत्रकारों के सवालों का जवाब देते नहीं बना

मंडी।। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और द्रंग के पूर्व विधायक ठाकुर कौल सिंह ने सोमवार सुबह मंडी लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी आश्रय शर्मा के पक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार को विफल बताया और कहा कि रामस्वरूप शर्मा भी बतौर सांसद नाकाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्ष रामस्वरूप ने इलाके के लिए कुछ नहीं किया ऐसे में मोदी के नाम पर वोट मांग रहे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी बात कहने के बाद जब पत्रकारों के सवालों के जवाब देने की बारी आई, कौल सिंह असहज हो गए और जानकारी न होने की बात कहने लगे। पत्रकारों के कड़े सवालों पर आश्रय शर्मा भी असहज होकर मुस्कुराते नजर आए।

वीरभद्र के बयान पर चुप्पी

कौल सिंह ने कहा कि बीजेपी में अंदरखाने नाराजगी है और लोग रामस्वरूप शर्मा से नाराज हैं। इसपर पत्रकारों ने कहा- नाराजगी तो आपकी पार्टी के अंदर भी है, बीरभद्र सिंह ने कहा है कि वो ‘आया राम, गया राम’ और अनुशासनहीनता पसंद नहीं करते। इसका जवाब न दे पाने पर कौल सिंह ने कहा कि वह किसी परिजन के निधन के कारण व्यस्त थे, ऐसे में उन्होंने बयान सुना नहीं। इस दौरान आश्रय असहज होकर मुस्कुराते नजर आए।

नॉमिनेशन होने के बाद प्रचार करेंगे अनिल’

इसके बाद कौल सिंह ने कहा कि नॉमिनेशन फाइल होते ही आश्रय के पिता और भाजपा सरकार में मंत्री अनिल शर्मा उनके प्रचार में जुट जाएंगे। इसके बाद पत्रकारों का सवाल था- ऑन रिकॉर्ड आश्रय का बयान है कि विकास के नाम पर नहीं, व्यक्तिवाद के नाम पर वोट मिलते हैं। इससे कौल सिंह असहज हुए तो आश्रय खुद सफाई देने आए कि उनका आशय यह था कि किसी नेता जनाधार को नकारा नहीं जा सकता और जनाधार विकास कार्यों से ही बनता है।

सुखराम की अंतिम इच्छा’

बीच में कौल सिंह ने यह कह दिया कि आश्रय चुनाव जीतकर अपने दादा की अंतिम इच्छा पूरी करेंगे। इसपर पत्रकारों ने कहा कि आप इसे अंतिम इच्छा कैसे कह सकते हैं जबकि सुखराम अभी जीवित हैं और ठीक हैं। कौल सिंह को इसका भी जवाब नहीं सूझा। जब पत्रकारों के सवाल इस तरह तीखे होने लगे तो कौल सिंह उठे और बोले- छोड़ो, नाश्ता आपका इंतजार कर रहा है।

पूरा वीडियो नीचे देखें-

पूर्व मंत्री ठाकुर कॉल सिंह मंडी से Live…

In Himachal ಅವರಿಂದ ಈ ದಿನದಂದು ಪೋಸ್ಟ್ ಮಾಡಲಾಗಿದೆ ಭಾನುವಾರ, ಏಪ್ರಿಲ್ 7, 2019

जब तक मोबाइल की घंटियां बजेंगी, सुखराम को याद रखेंगे लोग: आश्रय शर्मा

मंडी।। मंडी लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा ने रविवार को बल्ह क्षेत्र के भडयाल,कुम्मी,नलसर व नेर चौक में प्रचार किया। आश्रय ने अपने संबोधन में कहा कि आज मैं जनता के बीच अपने दादा और पिता की पहचान के साथ आया हूं लेकिन 5 साल बाद अपनी पहचान के साथ आपके बीच आऊंगा।

इस दौरान आश्रय ने कहा कि प्रदेश में तीन बार सुखराम की वजह से भाजपा की सरकार बनी है। उन्होंने कहा, “पंडित सुखराम को इस्तेमाल किया गया और फिर किनारे कर दिया गया। कहा जा रहा है पंडित सुखराम को समय चला गया। सम्माननीय सीएम साहब को मैं कहना चाहता हूं- जब तक जेबों में मोबाइल की घण्टियाँ बजेंगी, तब तक पंडित सुखराम का समय नहीं जाने वाला।”

इस दौरान पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि आज एक युवा पर पार्टी हाई कमान ने भरोसा जताया है और हमें उम्मीद है कि जैसे पंडित सुखराम ने देश में विकास के आयाम स्थापित किए हैं, वैसे ही आश्रय भी विकास के आयाम स्थापित करेंगे।

वहीं आश्रय ने कहा, “मैं वीरभद्र सिंह और पंडित सुखराम की तरह अपने लोकसभा क्षेत्र में विकास के आयाम स्थापित करूंगा। 5 साल में सांसद कभी भी अपनी आवाज नही उठा पाए जिसकी वजह से आज मंडी लोकसभा क्षेत्र पिछड़ गया है।”

सुखराम को शर्म नहीं; अनिल को छोड़ना होगा पद: शांता कुमार

कांगड़ा, अमित पुरी।। भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के उम्मीदवार उधार के उम्मीदवार हैं जबकि बीजेपी के उम्मीदवार घर के उम्मीदवार हैं।

शनिवार को कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के भाजपा कार्यालय धर्मशाला के उद्घाटन के समय शांता ने कहा कि कई नेता चुनावों में बिक रहे हैं और सत्ता के लालच में पार्टियां बदल रहे हैं और यह देश का दुर्भाग्य है।

पंडित सुखराम को लेकर शांता ने कहा, “सुखराम को शर्म नहीं है लेकिन मुझे है। यही कारण है कि वे आज तक पांच बार दल चुके है। पहले बेटे को मंत्री बनाने के लिए बीजेपी का साथ पकड़ा और अब अपने पौत्र को टिकट दिलवाने के लिए कांग्रेस का दामन थामा है।”

शांता कुमार ने कहा कि सुखराम ने हिमाचल को बदनाम किया है। उन्होंने कहा कि इन्हीं नेताओं की बजह से हिंदुस्तान गरीब है। शांता ने कहा, “सुखराम को आने वाले समय में इन फैसलों का पता चलेगा और अपनी गलती का पछतावा होगा.”

भाजपा सरकार में मंत्री अनिल शर्मा को लेकर शांता ने कहा, “उनके (सुखराम के) पुत्र अनिल शर्मा अपने पद पर नहीं रह सकते और उन्हें अपना पद त्यागना पड़ेगा। साथ ही सुखराम का पौत्र भी नहीं जीतेगा।”

वीरभद्र सिंह की तारीफ करते हुए शांता ने कहा, “एक बात की खुशी है कि वीरभद्र ने कहा कि सुखराम से कोई दुश्मनी नहीं है लेकिन आया राम गया राम में वो भरोसा नहीं करते। मेरी और वीरभद्र की एक पार्टी है- सिद्धान्त की पार्टी। मैं इज़के लिए वीरभद्र को बधाई देता हूँ।”

जानें, कौन हैं राम लाल ठाकुर जो हमीरपुर में अनुराग को देंगे टक्कर

बिलासपुर।। हफ़्ते भर की माथापच्ची के बाद कांग्रेस ने आखिरकार तय कर लिया किया कि वह हमीरपुर सीट से बीजेपी के अनुराग ठाकुर के खिलाफ किसे उतरेगीं। नैना देवी के विधायक ठाकुर राम लाल यहां से कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे।

बीजेपी और कांग्रेस, दोनों दलों के उम्मीदवार सतलुज और ब्यास नदियों के मध्य क्षेत्र से आते हैं। किसी ज़माने में कोट कहलूर का प्रतिनिधित्व करने वाले रामलाल ठाकुर पूर्व में मंत्री भी रहे हैं। रामलाल ठाकुर 1985, 1993, 1998, 2003 में कोट कहलूर से विधायक रह चुके हैं। राज्य में कांग्रेस सरकार में दो बार कैबिनेट मंत्री रहे रामलाल 2017 से पुनर्सीमांकन के बाद बनी श्री नैना देवी सीट से विधायक हैं।

हार की हैट-ट्रिक
अनुराग ठाकुर के अभेद्य से नजर आने वाले दुर्ग को भेदने के लिए चयनित कांग्रेस सेनापति रामलाल ठाकुर का लोकसभा चुनाव का इतिहास कड़वा ही रहा है। ठाकुर रामलाल इससे पहले 1999, 2004, और 2007 में हार की हैट-ट्रिक हमीरपुर सीट से लगा चुके हैं।

1999 में भाजपा के सुरेश चंदेल ने रामलाल ठाकुर को लगभग 1 लाख 30 हज़ार वोट से हराया था। दोनों उम्मीदवार तब बिलासपुर से सम्बंधित थे। लेकिन 2004 में रामलाल ठाकुर ने ज़बर्दस्त वापसी की और सुरेश चंदेल से हार के बावजूद मार्जन 1600 तक ले आए थे।

2007 उपचुनाव में रामलाल ठाकुर को प्रेम कुमार धूमल से फिर 82,000 से हार का सामना करना पड़ा।

1998 से ही हमीरपुर सीट पर भाजपा का क़ब्ज़ा है। अनुराग ठाकुर 3 बार से सांसद हैं। इससे पहले के सांसदों प्रेम कुमार धूमल और सुरेश चंदेल से रामलाल ठाकुर हार का स्वाद चख चुके हैं। अब अनुराग ठाकुर से उनका सामना है।

12 वर्ष बाद रण में दो प्रमुख दलों के उम्मीदवार बिलासपुर और हमीरपुर से हैं। आजकल इलाके में छिंज-कुश्तियों का सीज़न ज़ोरों पर है। अब 23 मई को पता चलेगा कि कौन किसे पटखनी देता है। तब तक बयानबाजी और सियासी दांवपेंच जनता को देखने को मिलेंगे।

(संकलन: आशीष नड्डा)

रामस्वरूप अपनी उपलब्धियां बता दें तो छोड़ दूंगा प्रचार: आश्रय

कुल्लू।। मंडी लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले कुल्लू जिले के बंजार गांव में पहुंचे कांग्रेस उम्मीदवार आश्रय शर्मा ने लोगों के समूह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मौजूदा सांसद पर करारा हमला किया।

आश्रय ने रामस्वरूप शर्मा को निशाने पर लेते हुए कहा कि सांसद अपनी उपलब्धियां बता दें तो मैं प्रचार छोड़ दूंगा।

उन्होंने कहा कि सांसद पिछले पांच साल में बंजार नहीं आए मगर मैं 8 महीनों में तीसरी बार आ चुका हूं।

स्थानीय देवता के दरबार में पहुंचे आश्रय ने कहा कि संसद में पांच साल से मंडी लोकसभा क्षेत्र की आवाज नहीं गूंजी।

मेरे लिए परिवार पहले, बेटे के खिलाफ नहीं करूंगा प्रचार: अनिल शर्मा

मंडी।। हिमाचल प्रदेश की बीजेपी सरकार में ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने कहा है कि वह कांग्रेस के टिकट से मंडी लोकसभा सीट से चुनाग लड़ रहे बेटे आश्रय शर्मा के खिलाफ प्रचार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा है कि वह बीजेपी के लिए प्रचार करेंगे मगर बेटे के खिलाफ नहीं।

बेटे के कांग्रेस में जाने के बाद अनिल शर्मा का पार्टी के अंदर से विरोध का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अंग्रेजी अखबार द ट्रिब्यून से कहा, “मेरे लिए परिवार पहले आता है और मैं बेटे के विरुद्ध प्रचार नहीं करूंगा। मैं मुख्यमंत्री से पहले ही यह बात कह चुका हूं।”

अनिल शर्मा ने कहा है, “पार्टी का सदस्य होने के नाते मैं मंडी संसदीय क्षेत्र से बाहर बीजेपी के लिए प्रचार करूँगा। मगर यह उम्मीद रखना बेमानी है कि मैं अपने बेटे के खिलाफ सार्वजनिक मंच मौजूद रहूं। इस मामले में पार्टी कुछ भी फैसला लेने के लिए स्वतंत्र है।”

उधर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एक बार फिर दोहराया है कि मंत्री होने के नाते अनिल शर्मा को बीजेपी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करना होगा। अब अनिल शर्मा ने स्पष्ट कर दिया है बेटे का हित उनके लिए सर्वोपरि है। भले ही उनका बेटा उनकी पार्टी की नीतियों का विरोध करेगा, सरकार की आलोचना करेगा मगर वह बेटे की राह में किसी तरह की मुश्किल खड़ी नहीं करेंगे।

किशन कपूर की कर्मचारियों के साथ बन्द कमरे में बैठक पर उठे सवाल

फतेहपुर।। कांगड़ा संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर की बुधबार शाम करीब 5 बजे फ़तेहपुर के शिबा रिजॉर्ट में सरकारी कर्मचारियों के साथ बन्द कमरे में बैठक हुई। आचार संहिता का खुलकर उल्लंघन हुआ और चुनाव आयोग पंगु साबित हुआ।

कांग्रेस ने इसे बड़ा मुद्दा बनाते हुए आचार संहिता का उलंघन मानते हुए चुनाव आयोग में शिकायत करने का निर्णय लिया है। लेकिन सवाल उठ रहा है कि चुनाव आयोग की टीमें और कैमरे आज कहां गायब रहे।

महिला सम्मेलन कार्यक्रम के समापन के कुछ देर बाद हुई सरकारी कर्मचारियों के साथ हुई प्रत्याशी की बैठक के दौरान चुनाव ड्यूटी पर तैनात किसी भी टीम का न पहुंचना भी संदेह के घेरे में आ रहा है।

इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप कुमार से बात की तो उन्होंने कहा शिकायत आने के प्रत्याशी और मीटिंग में शामिल रहने वाले सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उधर इस मामले पर प्रदेश सचिव कांग्रेस चेतन चम्बियाल ने कहा फ़तेहपुर में प्रत्याशी की कर्मचारियों के साथ हुई बैठक की जानकारी मिली है जिसकी शिकायत की जाएगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और धर्मशाला के पूर्व विधायक सुधीर शर्मा का कहना है भाजपा कर्मचारियों को डरा-धमका कर बोट बैंक बना रही है जो आचार संहिता का उल्लंघन हैं।

पास को लेकर झगड़ा, बस खड़ी करके ट्रक पर चढ़ गया HRTC ड्राइवर

सुंदरनगर।। मनाली से चंडीगड़ चलने वाली एचआरटीसी की वॉल्वो बस (एच.पी 66 ए 2579) के चालक ने उस समय अपना आपा खो दिया जब स्वारघाट से कुछ किलोमीटर पीछे खड़ी चढ़ाई पर वह एक ट्रक से पास नहीं ले सका।

ट्रक का रजिस्ट्रेशन नम्बर एच पी 12 सी 5199 है जिसे उम्रदराज चालक चला रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है पास न मिल पाने से चिढ़े बस ड्राइवर ने बस बीच सड़क पर खड़ी कर दी और ट्रक चालक को मारने दौड़ा। वीडियो में ट्रक और बस चालक के बीच बहस होती भी नजर आ रही है।

HRTC वॉल्वो चालक ने पास ना मिलने पर खोया आपा, बीच सड़क बस खड़ी कर बुजर्ग ट्रक चालक को मारने को हुआ उतारू। स्वारघाट के समीप पेश आया वाकया। मनाली से चंडीगड़ जा रही थी एचआरटीसी की एच.पी 66 ए 2579 नम्बर बस।

In Himachal ಅವರಿಂದ ಈ ದಿನದಂದು ಪೋಸ್ಟ್ ಮಾಡಲಾಗಿದೆ ಬುಧವಾರ, ಏಪ್ರಿಲ್ 3, 2019

बस ड्राइवर खिड़की खोल कर ट्रक पर चढ़ गया और बुजर्ग ड्राइवर से गाली गलौच करते हुए छीनाझपटी करने के साथ उसे मारने पर उतारू हो गया और धमकियां भी देने लगा।

गनीमत यह रही कि बुजर्ग ट्रक चालक ने ट्रक पर नियंत्रण बनाए रखा अन्यथा ढलान पर होने के चलते कोई भी अप्रिय घटना घट सकती थी। ऐसी ही घटना पहले हो चुकी है जब पर्यटक ने पास न मिलने से नाराज होकर एचआरटीसी चालक को ड्राइवर सीट से नीचे खींच लिया था और बस सवारियों समेत खाई में गिर गई थी।

यह घटना पिछले साल सितंबर की है। एचआरटीसी के देहरा डिपो की बस जिस समय होशियारपुर जा रही थी, उस दौरान ऊना के भरवाईं में आर्यन पब्लिक स्कूल पास के बस ड्राइवर की एक टेंपो ड्राइवर से पास को लेकर बहस हो गई थी। इस दौरान अपनी सीट पर बैठे ड्राइवर को टेंपो ड्राइवर और उसके बेटे ने बाहर खींच लिया था। इससे सवारियों से भरी बस गहरी खाई में जा गिरी थी जिससे 2 लोगों की मौत हो गई थी और 45 घायल हो गए थे।

ताजा घटना का वीडियो बस में बैठे यात्रियों ने बना कर एचआरटीसी के उच्च अधिकारियो को भेजा है और मांग की है कि वॉल्वो बस चालक के खिलाफ कार्रवाई तो की ही जाए, साथ ही एचआरटीसी चालक परिचालकों को सहनशीलता का पाठ पढ़ाने के लिए विशेष कोर्स करवाया जाए।

HRTC ड्राइवर को सीट से खींचने के आरोपी लुधियाना से गिरफ्तार

कांगड़ा में कांग्रेस ने किशन कपूर के सामने पवन काजल को उतारा

इन हिमाचल डेस्क।। कांगड़ा सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार को लेकर बना सस्पेंस खत्म हो गया है। पार्टी ने कांगड़ा के विधायक पवन काजल को टिकट दिया है।

बता दें कि पहले इस सीट पर जीएस बाली और सुधीर शर्मा का नाम भी चल रहा था मगर दोनों नेता ज़्यादा दिलचस्पी नहीं दिखा रहे थे।

अब पवन काजल भजपा के उम्मीदवार किशन कपूर को टक्कर देंगे। किशन धर्मशाला के विधायक हैं और हिमाचल सरकार में मंत्री भी हैं।

विपिन परमार के इलाके में किशन कपूर को करना पड़ा विरोध का सामना

धर्मशाला।। कांगड़ा से भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार किशन कपूर और स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार को सुलह में विरोध का सामना करना पड़ा। बैनर लगाकर बैठे लोगों ने नारेबाजी भी की।

किशन कपूर की रैली से पहले गुस्साए ग्रामीणों ने नाका भी लगाया। नोरा की लाहडू पंचायत के 200 से ज्यादा लोगों ने विरोध किया। ये लोग सड़क न बनने से नाराज हैं। इन्होंने मतदान के बहिष्कार का फैसला लिया है।

सुलह में किशन कपूर और विपिन परमार का विरोध, लगे 'गो बैक' के नारे।

In Himachal ಅವರಿಂದ ಈ ದಿನದಂದು ಪೋಸ್ಟ್ ಮಾಡಲಾಗಿದೆ ಮಂಗಳವಾರ, ಏಪ್ರಿಲ್ 2, 2019

विपिन परमार ने लोगों से कहा कि आप जमीन दो, सड़क बन जाएगी। मगर लोगों का कहना था कि इतने साल हो गए, किसी ने सड़क बनाने की कोशिश नहीं की। लोगों ने ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ के नारे लगाए। कुछ लोग ‘रोड दो, वोट लो’ और ‘गो बैक’ के नारे लगाते भी दिखे।