मंडी: औट टनल में बस और ट्रक की भिड़ंत, एक व्यक्ति की मौत

मंडी।। मंडी के औट टनल में बड़ा हादसा पेश आया है। जहां पंजाब रोडवेज की बस और ट्रक के बीच भिड़ंत हो गई है। हादसे में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 13 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा जा रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल हादसा कैसे हुआ इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है।

एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने एक व्यक्ति के मरने की पुष्टि की है। इस भिड़ंत के बाद टनल वाला रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है।

सराज में बोले जयराम, “पहले विधायक, बाद में सीएम”

मंडी।। सीएम जयराम ठाकुर ने वीरवार को सराज विधानसभा क्षेत्र के चौलथाच में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग बार-बार मंडी का जिक्र कर रहे हैं। मगर उन्हें मैं बताना चाहता हूं कि मंडी का मतलब मंडी संसदीय क्षेत्र है। इसमें किन्नौर से भरमौर और रामपुर भी आता है।

सीएम जयराम ठाकुर ने कहा, “हमारे बीच सांसद रामस्वरुप जी नहीं रहे, हमें बहुत दुख है। उन्होंने मंडी को छोटी काशी कह कर सुशोभित किया। अब पीएम नरेंद्र मोदी भी मंडी को छोटी काशी के नाम से पुकारते हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “हम महिलाओं का सम्मान करते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह हिमाचल में लंबे समय तक सत्ता में रहे। वैचारिक रुप से हम आमने-सामने होते थे, लेकिन हमारा झगड़ा कभी इस तरह नहीं था। उन्होंने हमेशा हमारी तारीफ भी की है। हमारी शराफत के बारे में भी बोला। वे आज हमारे बीच नही हैं। इस बात का भी दुख है। मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह बार-बार यह कहती आ रही हैं कि मैंने उपचुनाव नहीं लड़ना था। हम इस मंच से कहना चाहते हैं कि हमें सांसद मजबूर नहीं, मजबूत सांसद चाहिए।“

मैं पहले यहां का विधायक हूं, सीएम बाद में

इस दौरान मुख्यमंत्री ने सराज विधानसभा क्षेत्र में किए गए विकास कार्य भी गिनवाए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्ष को बताया कि मैं यहां का विधायक हूं, सीएम बाद में हूं। चुने हुए प्रतिनिधि होने के नाते यह मेरी जिम्मेदारी है कि यहां की जनता की सेवा पहले करूं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में हमने विकास कार्यों रुकने नहीं दिया। कांग्रेस वालों ने तो एक-एक लिस्ट बनाई, 12 करोड़ का बिल बनाया और पार्टी हाईकमान को भेजा और खाते में डालने को कहा। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ऐसी पार्टी है जो अपनी ही पार्टी को ठगने से बाज नहीं आ रही है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि देश और प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस की सरकार रही। आज हमारे मित्र बेरोजगारी और महंगाई का आरोप लगा रहे हैं। सारी महंगाई और बेरोजगारी पिछले चार साल में नहीं आई। नौकरी देने के लिए हम जितना कर सकते हैं उसे हम कर रहे हैं। कांग्रेस की सरकार से पूछना चाहिए कि तुम लोगों ने गरीबों के लिए क्या किया। हमार सरकार ने 65 वर्ष की आयु वाली माताओं के लिए पेंशन दी। हमने गरीबों के लिए हिमकेयर योजना चलाई, जिसके तहत 1 लाख 75 हजार गरीबों का इलाज करवाया। सहारा योजना चलाई जिसमें पात्र को हर महीने 3 हजार रुपये उनके खाते में डालते हैं। बीपीएल परिवार की बेटी को शगुन योजना में पात्रों को 31 हजार दे रहे हैं।

आपने जयराम और खुशाल बनकर करना है काम

जयराम ठाकुर ने कहा कि सराज से अबकी बार 40 हजार वोटों की लीड मिलनी चाहिए। इस बार का यह चुनाव सीजन से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि शादियां लगी है, सेब का सीजन भी है और यह चुनाव भी सीजन से कम नहीं हैं। पिछली बार जितने मतों से स्व. रामस्वरुप शर्मा को जीत मिली थी, इस बार उससे कहीं अधिक वोटों से जीत दिलानी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोगों ने जयराम और खुशाल ठाकुर बनकर काम करना है और जीत भाजपा की ही होगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि इस बार की जीत, अगली जीत को सरल कर देगी। सराज विस क्षेत्र से पिछल बार 40 हजार मतों से रामस्वरुप को लीड मिली थी, उस रिकार्ड को तोड़ना है।

केंद्र के समक्ष उठाऊंगा हर समस्या

चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने कहा कि आप मझे सांसद बना कर भेजो, मैं केंद्र के समक्ष जनता की समस्याओं को उठाऊंगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने मुझे अब राजनीतिक जिम्मेदारी दी है। आपकी आवाज को प्रधानमंत्री मोदी के समक्ष रखने की जिम्मेदारी मुझे दी गई है। इसलिए आपका सहयोग और समर्थन चाहिए। उन्होंने जनता से कहा कि जिस तरह से मैंने सेना में रहकर देश की सेवा की, उसी तरह सांसद बनकर और अधिक महनत कर आपकी सेवा करूंगा।

HPU शिमला: कर्मचारियों की चुनावी ड्यूटी से परीक्षा परिणाम संबंधित कार्य हो सकते हैं बाधित

शिमला।। हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी के अधिकारियों और कर्मचारियों की चुनावी ड्यूटी के चलते यूनिवर्सिटी में कोरोना के कारण लंबित परीक्षा परिणाम तैयार करने से संबंधित कार्य बाधित हो सकते हैं। यूनिवर्सिटी में पहले ही कमर्चारियों के पद रिक्त पड़े हैं। वहीं, अब 200 अधिकारियों और कर्मचारियों की चुनावी ड्यूटी लगाई गई है।

चालक, परिचालक सहित तकनीकी स्टाफ, गैर शिक्षक कर्मचारी और अधिकारियों की चुनावी ड्यूटी लगाई गई है। चुनाव ड्यूटी पर लगाए गए कर्मचारियों की रिहर्सल शुरू हो चुकी है। ऐसे में यह कर्मचारी अब चुनाव नतीजों के बाद ही काम पर लौट पाएंगे। एकसाथ इतनी संख्या में कर्मचारियों की चुनाव ड्यूटी लगाने से कार्य प्रभावित होना तय है।

29 सितंबर को हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी अधिकारी संघ ने कुलपति को इस संबंध में मांगपत्र सौंपा था। संघ ने मांग की थी कम से कम कर्मचारियों की चुनाव ड्यूटी लगाई जाए। इन बारे अधिकारी संघ और गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि अब यूनिवर्सिटी के करीब दो सौ कर्मचारियों की चुनावी ड्यूटी लगाई गई है। इससे सीधे तौर पर यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे लाखों छात्र-छात्राओं को परेशानी झेलनी पड़ेगी।

संघ के पदाधिकारियों का यह भी आरोप है कि प्रशासन ने संघ द्वारा उठाए इस मामले पर कोई गौर नहीं किया। ऐसे में अब उपचुनाव होने तक रोजमर्रा का कामकाज प्रभावित होना तय है।

सरकार बताए यह महंगाई कहाँ से आई: मुकेश अग्निहोत्री

शिमला।। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सीएम जयराम ठाकुर पलटवार करते हुए कहा कि सरकार बताए कि यह महंगाई कहाँ से आई। अग्निहोत्री ने प्रैस बयान जारी कर यह बात कही है। अग्निहोत्री ने कहा कि मेरे नाम की माला जपने या प्रदेश को बांटने की राजनीति से कुछ नहीं होगा, इसलिए जनता के सवालों का जवाब दें।

अग्निहोत्री ने कहा कि सीएम बताए कि हिमाचल में रसोई गैस सिलिंडर 1000 रुपये में क्यों बिक रहा है और क्यों रसोई गैस पर सब्सिडी समाप्त की गई है। अग्निहोत्री ने कहा कि पेट्रोल के दाम क्यों 100 रुपये के पार हो गए हैं और सरसों का तेल 225 रुपये प्रतिलीटर बिक रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मंडी में आईआईटी, मेडिकल काॅलेज स्थापित किए हैं। आप ने क्या किया? अगर कुछ किया है तो जनता को बताओ। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को कर्ज के दलदल में डुबो दिया है।

अग्निहोत्री ने उपचुनावों पर कहा कि चुनाव में मुख्यमंत्री अपने विकास व काम की बात करें तो बेहतर रहेगा। सैनिकों के नाम पर तो राजनीति न करें। हर भारतीय सेना का सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चुनाव बचाने के लिए मुख्यमंत्री बचाने और सेना को बीच में लाने की बातें कर रहे हैं।

हिमाचल पुलिस ने VVIP के लिए खरीदी बुलेट प्रूफ गाड़ियां

शिमला।। हिमाचल प्रदेश में हर साल वीवीआईपी का आना-जाना लगा रहता है। बड़ी संख्या में वीवीआईपी हिमाचल आते रहते हैं। जब भी कोई वीवीआईपी हिमाचल आता है, तो हिमाचल पुलिस और सीआईडी को उनकी सुरक्षा के लिए पड़ोसी राज्यों का रुख करना पड़ता है।

अब हिमाचल पुलिस ने इस दिशा में एक बड़ी कवायद की है। अब वीवीआईपी की सुरक्षा के लिए हिमाचल पुलिस को पड़ोसी राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि हिमाचल पुलिस ने वीवीआईपी की सुरक्षा के लिए दो बुलेट प्रूफ वाहन खरीदे हैं।

पुलिस ने देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा करने वाले स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) से इन बुलेट प्रूफ वाहनों को खरीदा है। इन वाहनों को पहले प्रधानमंत्री की सुरक्षा में इस्तेमाल किया जाता था।

एसपीजी कुछ ही साल में अपने वाहनों को बदल लेती है और नई जैसी स्थिति वाले पुराने वाहनों की नीलामी करती है। इसी को देखते हुए हिमाचल पुलिस ने दो बुलेट प्रूफ टाटा सफारी खरीदी है, जिन्हें अब वीवीआईपी की सुरक्षा में लगाया जाएगा। इससे पहले पुलिस ने हाल ही में जैमर वाहन की भी खरीद की थी।

चिडग़ांव-रोहड़ू सड़क पर भारी भूस्खलन, सड़क वाहनों के लिए अवरुद्ध

शिमला।। हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन की एक और घटना सामने आई है। चिडगांव-रोहडू सड़क पर भूस्खलन हो गया है। लंबा खाटल के पास हुए भूस्खलन में लगभग 300 मीटर सड़क अवरूद्ध हो गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक भूस्खलन सुबह चार बजे के करीब हुआ है। सड़क को खोलने के लिए अभी समय लग सकता है। चिडग़ांव बड़ियारा साइड से रोहडू जाने वाली गाड़ियां वाया कालोटी समोली पुल होकर रोहड़ू जा सकती है।

हिमाचल: नवरात्र में प्याज की मांग कम, दामों में बेतहाशा वृद्धि

शिमला।। हिमाचल प्रदेश में अब लोगों की रसोई में महंगाई तड़का लगने लगा है। पहले रसोई गैस सिलिंडर के दाम बढ़े, अब प्याज़ और टमाटर के दामों में भारी उछाल आया है। सरसों का तेल पहले ही 200 रुपये प्रतिलीटर बिक रहा है।

नवरात्र में प्याज की मांग कम होने के बावजूद दाम में बेतहाशा बढ़ोतरी हो रही है। एक हफ्ते में प्याज के दामों में 20 और टमाटर के दामों में करीब 30 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। बताया जा रहा है कि परिवहन खर्चा बढ़ने और मैदानी इलाकों में मानसून में जोरदार बरसात के चलते प्याज की फसल खराब होने से रेट बढ़े हैं।

इस बारे खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग ने बताया कि जमाखोरी और मुनाफाखोरी पर रोक लगाने के लिए जिला खाद्य नियंत्रक अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। नवरात्र में प्याज की मांग कम होने के बावजूद दाम में बेतहाशा बढ़ोतरी हो रही है।

ऊना जिला में प्याज 50 और टमाटर 80 रुपये, कांगड़ा में प्याज 50 और टमाटर 65 रुपये, चंबा में प्याज 50 और टमाटर 60 रुपये, हमीरपुर में प्याज 50 और टमाटर 70 रुपये, मंडी में प्याज 55 और टमाटर 60 रुपये, सोलन में प्याज 50 और टमाटर 60 रुपये प्रति किलो बिक रहे हैं।

वहीं, शिमला शहर और किन्नौर में प्याज 50 और टमाटर 60 रुपये, बिलासपुर में प्याज 50 और टमाटर भी 50 रुपये किलो हैं। जिला कुल्लू में भी प्याज के रेट 50 रुपये और टमाटर के 60 किलो तक पहुंच गए हैं। सिरमौर में प्याज 50 रुपये और टमाटर 60 रुपये प्रतिकिलो हैं।

चेतन बरागटा भाजपा से छह साल के लिए निष्कासित

शिमला।। भारतीय जनता पार्टी ने जुब्बल कोटखाई से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे चेतन बरागटा को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। दिवंगत नरेंद्र बरागटा के बेटे चेतन इस सीट से बीजेपी के संभावित उम्मीदवार माने जा रहे थे मगर पार्टी ने उनकी जगह नीलम सरैइक को टिकट दिया।

इसके बाद चेतन ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान किया और नामांकन भर दिया। आज नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख थी। पार्टी ने उन्हें मनाने की कोशिश की मगर चेतन ने नामांकन वापिस नहीं लिया। अब पार्टी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।

चेतन बरागटा बीजेपी के आईटी विभाग के संयोजक थे। उनका कहना है कि जब उन्हें टिकट ही नहीं देना था पहले सभी वरिष्ठ नेताओं ने फील्ड में अपने साथ क्यों घुमाया और तैयारियों में जुटने को क्यों कहा। उनका कहना है कि उनके साथ विश्वासघात हुआ है और वह समर्थकों के कहने पर चुनाव लड़ रहे हैं।

चेतन को सेब चुनाव चिह्न मिला है।

 

 

प्रदेश के युवाओं की जगह बाहरी प्रदेशों के लोगों को नौकरी दे रही सरकार: प्रतिभा सिंह

मंडी।। मंडी लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए कांग्रेस की प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने प्रदेश सरकार पर अन्य राज्यों के लोगों पर नौकरियां देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार हमारे प्रदेश के पढ़े लिखे बेरोजगारों की कोई सुध नहीं ले रही। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के शासनकाल में जब भी नियुक्तियां होती थीं तो उसमें प्रदेश के लोगों को प्रमुखता दी जाती थी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि आज प्रदेश में बेरोजगारों के साथ बड़ा अन्याय किया जा रहा है।

कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि वह ऐसे समय मे जब वीरभद्र सिंह उनका साथ छोड़ गए, चुनाव नहीं लड़ना चाहती थी। लेकिन कांग्रेस आलाकमान सोनिया गांधी, राहुल गांधी के निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं के आग्रह पर वह इस उप चुनाव में उतरी हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ऐसे नेता थे जो प्रदेश के लोगों को दिल से प्यार करते थे। आज वह हमारे बीच नहीं है पर परोक्ष रूप में वह हमेशा हमारे बीच ही रहेंगे।

प्रतिभा सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि आज उनकी गलत नीतियों के कारण देश मे महंगाई और बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही है। जिस प्रकार गैस और खाने के तेल व दालों के मूल्य बढ़ रहे है उससे लोगों का जीना मुश्किल होता जा रहा है। हर एक के खाते में 15 लाख आने और बेरोजगारी व महंगाई को दूर करने के वायदे से सत्ता में बेठी मोदी सरकार का असली चेहरा सामने आ चुका है। प्रतिभा सिंह ने लोगों से उन्हें इस उप चुनाव में विजयी बनाने का आग्रह करते हुए कहा कि उनका एक एक वोट उनके पति के लिए एक सच्ची श्रदांजलि होगी।

हिमाचल में 10 रुपये प्रति बैग तक बढ़ गए सीमेंट के दाम

शिमला।। हिमाचल प्रदेश में सीमेंट के दाम में करीब दस रुपये की बढ़ोतरी हुई है। बताया जा रहा है कि मालभाड़े में बढ़ोतरी के कारण सीमेंट के दामों पर भी असर पड़ा है। इस समय प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सीमेंट के रेट अलग-अलग हैं। एक बैग का दाम 400 से 450 रुपये के बीच हो गया है।

कुछ जगहों पर मालभाढ़ा अधिक होने के कारण सीमेंट के बैग साढ़े चार सौ रुपये प्रति बैग से अधिक भी चढ़ सकते हैं। इस बार खास बात यह है कि प्रति बैग एकसाथ दस रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले भी लगातार रेट बढ़ रहे थे मगर कभी दो रुपये तो कभी तीन रुपये।

उपचुनाव के बीच दाम बढ़ने से भारतीय जनता पार्टी की चिंताएं बढ़ सकती हैं। गौरतलब है कि पड़ोसी राज्यों की तुलना में हिमाचल में सीमेंट के रेट ज्यादा होने को विपक्ष पहले भी मुद्दा बनाता रहा है। कांग्रेस पहले से ही महंगाई को मुद्दा बना रही है। अब सीमेंट के दाम चढ़ने से बीजेपी के लिए स्थिति और असहज हो सकती है।