जुब्बल-कोटखाई में बोले सीएम, जिन्होंने पार्टी का निर्णय नहीं माना उन्होंने अपना नुकसान किया

शिमला।। जुब्बल-कोटखाई मुझे सराज विधानसभा से अलग नहीं लगता है। सराज और जुब्बल कोटखाई की भाषा, मुश्किलें, मौसम एक जैसा है। भले ही मैं चुनाव सराज विधानसभा से लड़ता हूं, लेकिन जब विकास की बात आई तो मैंने जुब्बल-कोटखाई को अपने गृहक्षेत्र से कम नहीं बल्कि ज्यादा ही दिया है। ये बात सीएम जयराम ठाकुर ने जुब्बल-कोटखाई में बीजेपी प्रत्याशी नीलम सरैइक के लिए आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुई कही।

जयराम ठाकुर ने मंच पर विराजमान लोगों के बारे में बोलते हुए कहा कि आज प्रथम पंक्ति में जो भी लोग बैठे हैं, उनमें से किसी की भी राजनीतिक पृष्ठ भूमि नहीं है। सभी पार्टी का झंडा उठाते-उठाते यहां पहुंचे। मैं भी इसका एक उदाहरण हूं। दूसरी तरफ कांग्रेस में एक ही परिवार के तीन लोग पार्टी चला रहे हैं। कांग्रेस के नाश का यही कारण है। बीजेपी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। पार्टी सबसे बड़ी है, हम पार्टी से बड़े नहीं। उन्होंने कहा कि मुझे विधानसभा के भीतर भारतीय जनता पार्टी का साथी चाहिए। भावनाओं में ना जाकर हकीकत देखनी चाहिए।

जयराम ठाकुर ने कहा कि बीजेपी ने सैद्धांतिक रूप से निर्णय लेने की शुरुआत की। ये निर्णय सिर्फ जुब्बल कोटखाई के लिए नहीं हुआ। पूरे देश में जहां भी उपचुनाव हो रहे हैं, कहीं भी पूर्व जनप्रतिनिधि के पारिवारिक सदस्यों को टिकट नहीं दिया गया।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने जो फैसला लिया था, मैं आश्वस्त था कि उस फैसले का सम्मान होगा। लेकिन फैसले का सम्मान नहीं किया गया, जिससे मैं व्यक्तिगत रूप से भी आहत हूं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय नरेंद्र बरागटा की भावनाएं भी आहत हुई होंगी क्योंकि उन्होंने हमेशा भारतीय जनता पार्टी का झंडा उठाया। जिन लोगों ने इस निर्णय को स्वीकार नहीं किया, उन्होंने अपना नुकसान किया है।

बीजेपी के पूर्व विधायक स्व. नरेंद्र बरागटा को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वो पार्टी के सीनियर नेता थे। जुब्बल कोटखाई और बागवानों के लिए हमेशा संघर्षरत रहते थे।

सीएम ने कहा, मैंने जुब्बल कोटखाई को सहयोग देने में कोई कमी नहीं रखी। अब मुझे भरोसा है कि आप नीलम सरैइक को सहयोग देंगे। एक विधानसभा में दो एसडीएम दफ्तर हिमाचल के लिए इतिहास है। उन्होंने कहा कि जो कुछ भी मांगा मैंने एक-एक मांग पूरी की। आप नीलम सरैइक को जिताकर यहां दिवाली का जश्न मनाएं।

भाजपा का काम लोगों को गुमराह करना, जनता जानती है किसने किया विकास: प्रतिभा सिंह

मंडी।। भाजपा के लोगों ने असली मुद्दों की जगह क्षेत्रवाद और जातिवाद की बात कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया है। यह बात कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने द्रंग विधानसभा क्षेत्र के टिक्कन में आयोजित जनसभा के दौरान कही। प्रतिभा सिंह ने कहा भाजपा के लोग अक्सर कहते हैं कि 70 वर्षों में कुछ नहीं हुआ, जो भी विकास हुआ है वो इन्होंने सात वर्षों में किया है।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि जनता जानती है कि किसने काम किया और किसकी वजह से उनके क्षेत्र में उन्नति और तरक्की हुई है। भाजपा हर बार चुनावों के दौरान ऐसा मुद्दा लेकर आ जाती है जिससे जनता का ध्यान भटकाया जा सके और विकास की बातें न हों। भाजपा ने क्षेत्रवाद और जातिवाद की बातें कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया है।

इस मौके पर पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि आज बागवान और किसान परेशान हैं। पहली बार ऐसा हो रहा है जब बागवानों को सेब के सही दाम नहीं मिल रहे हैं। देश के किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं और उन्हें राहत देने की बजाय केंद्र सरकार काले कानूनों को लागू करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार किसानों को खाद और कीटनाशकों पर सब्सिडी देती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने सब्सिडी भी खत्म कर दी है।

टीजीटी भर्ती परीक्षा के फाइनल रिजल्ट का इंतजार कर रहे सैकड़ों अभ्यर्थी

शिमला।। सैकडों युवा लगभग एक साल से टीजीटी भर्ती परीक्षाओं के फाइनल रिजल्ट का इंतज़ार कर रहे हैं। कमर्चारी चयन आयोग हमीरपुर द्वारा आयोजित टीजीटी आर्ट्स, मेडिकल, नॉन- मेडिकल, एल टी, शास्त्री भर्ती परीक्षा का फाइनल रिजल्ट काफी समय से प्रक्रिया में है। परीक्षा देने वालो अभ्यर्थियों का कहना है कि एक से बताया जा रहा है कि रिजल्ट प्रक्रिया में है, लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है।

वहीं, आयोग का कहना है कि यदि हालात सामान्य रहे, तो नवंबर के अंत में टीजीटी भर्ती परीक्षा का फाइनल रिजल्ट घोषित किया जा सकता है। मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी करने से पहले हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से मांगी गई क्लेरिफिकेशन आयोग को मिल गई है। ऐसे में अब आयोग मूल्यांकन की प्रक्रिया में जुट गया है। फिलहाल रिजल्ट का इंतजार कर रहे सैकडों अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है।

इन हिमाचल से बातचीत के दौरान अभ्यर्थी बलवीर ने बताया कि यह एग्जाम नवंबर 2020 में हुआ था। उसके बाद मार्च 2021 में इसका का रिजल्ट आया था। अप्रैल में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की तारीख घोषित की गई जो लॉकडाउन के कारण स्थगित हो गई। बाद में दोबारा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की तारीख घोषित की गई। तीन जुलाई को मेडिकल व नॉन मेडिकल की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की गई।

अभ्यर्थियों अभिलाषा, पूजा, गगन, बलवीर, अंकुश, ऋषि आदि का कहना है कि युवा अपने जीवन का स्वर्णिम समय पहले तीन-चार साल जॉब की तैयारी में लगाता है, फिर तीन-चार साल का समय एग्जाम, रिजल्ट के इंतजार, ज्वाइनिंग का इंतजार या कोर्ट केस के चलते गंवा देता है। अपने जीवन के महत्वपूर्ण छह-सात साल देने के बाद भी युवाओं को इस प्रकार का तनाव सहना पड़ रहा है। सरकार इस ओर जरा भी ध्यान नहीं दे रही है।

जवाहर ठाकुर की फिसली जुबान, बोले- पति की मृत्यु होने पर एक साल तक मातम मनाती है पत्नी

मंडी।। उपचुनाव की सरगर्मियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। भाजपा-कांग्रेस दोनों की दलों के नेता एक दूसरे पर बयानबाज़ी करने से नहीं चूक रहे हैं। इसी बीच द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर शिवाबदार में दिए अपने एक बयान के बाद विवाद में घिर गए हैं।

जवाहर ठाकुर ने मंडी लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को लेकर विवादास्पद बयान दिया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। अपने बयान में जवाहर ठाकुर कह रहे हैं कि पति की मृत्यु होने पर पत्नी कम से कम एक साल तक मातम मनाती है, जबकि प्रतिभा सिंह चुनाव लड़ रहीं हैं।

बुधवार को सीएम जयराम ठाकुर प्रचार के लिए द्रंग विधानसभा क्षेत्र में थे। यहाँ शिवाबदर में सीएम जयराम ठाकुर की चुनावी सभा में विधायक जवाहर ठाकुर की जुबान फिसली तो कांग्रेस नेताओं ने उन्हें आड़े हाथों ले लिया है।

जब जवाहर ठाकुर जनसभा को संबोधित कर रहे थे तो उस दौरान उन्होंने कहा कि हमारे समाज में किसी व्यक्ति की मृत्यु हो जाने पर उसकी पत्नी कम से कम एक साल का मातम मनाती है। प्रतिभा सिंह राज परिवार से हैं। ऐसी क्या आफत आ गई कि सारे नियम छोड़कर आज वह लोकसभा उपचुनाव लड़ने के लिए तैयार हुईं हैं।

शिमला ग्रामीण के विधायक और प्रतिभा सिंह के सुपुत्र विक्रमादित्य सिंह ने भी जवाहर ठाकुर के इस बयान पर पलटवार किया हैं। विक्रमादित्य ने जवाहर ठाकुर के संस्कार और मानसिकता को नारी विरोध से ग्रस्त बताया है।

विक्रमादित्य ने अपने सोशल मीडिया पेज से जवाहर ठाकुर का वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “यह हैं भाजपा के विधायक जवाहर ठाकुर जिनके संस्कार और मानसिकता नारी विरोध से ग्रस्त हैं, मुख्यमंत्री जी की उपस्थिति में इस तरह की शब्दावली का प्रयोग और मुख्यमंत्री जी का मौन रहना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण हैं।”

उन्होंने आगे लिखा, “जो दर्द हमारे परिवार को हैं वह हम ही जानते हैं, पर महिलाओं और बेरोज़गार युवाओं का दर्द भी कुछ कम नहीं हैं जिन्हें महंगाई की मार झेलनी पड़ रहीं हैं जिनके लिए श्रीमती प्रतिभा सिंह मैदान में उतरी हैं।”

वहीं, कांग्रेस के राज्य प्रवक्ता एडवोकेट आकाश शर्मा ने विधायक जवाहर ठाकुर के इस विवादास्पद बयान को नारी शक्ति का अपमान करार दिया है। उन्होंने कहा कि मंडी के प्रबुद्ध मतदाता 30 अक्टूबर को इसका मुंहतोड़ जवाब सत्तारूढ़ भाजपा को देंगे।

आप फतेहपुर को फतह करें, क्षेत्र का विकास हम करेंगे: जयराम ठाकुर

फतेहपुर।। आप फतेहपुर को फतह करके दें, क्षेत्र का विकास हम करेंगे। यह बात मुख्यमंत्री ने फतेहपुर विधानसभा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरुरवार को फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के गोलवां, होरी देवी और भटोली में जनसभाएं की। मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर के लिए वोट मांगे और कहा कि पिछले चार साल में जो कसर रही है, उसे हम एक साल में पूरा करेंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री कांग्रेस पर भी हमलावर रहे। मुख्यमंत्री के साथ मंत्री राकेश पठानिया, सांसद किशन कपूर और अन्य भाजपा नेता भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के स्टार प्रचारकों को लेकर भी हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल में कांग्रेस के कुछ स्टार प्रचारक आपके क्षेत्र में प्रचार के लिए आए। ये वही लोग हैं जो कहते हैं कि जम्मू-कश्मीर में सेना के जवान महिलाओं पर अत्याचार करते हैं। ऐसे लोगों को कांग्रेस स्टार बनाकर हिमाचल ला रही है।

सवाल उठाने वाले कतारों में लग कर लगवा रहे वैक्सीन

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने हिमाचल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम किया है। कांग्रेस के लोग हमसे सवाल पूछते हैं कि आपने क्या किया। पहले हिमाचल में केवल दो ऑक्सीजन प्लांट थे, लेकिन आज करीब 30 ऑक्सीजन प्लांट हैं। हम काम करते रहे, लेकिन कांग्रेस के नेता केवल भाषण देते रहे। जो कांग्रेसी पहले वैक्सीन पर सवाल उठा रहे थे, वही लोग टीका लगाने के लिए कतारों में लगे रहे। हिमाचल कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाने में देश में अव्वल रहा। हिमाचल ने देश में वैक्सीनेशन मॉडल पेश किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में तो कांग्रेस नेता विहीन है ही, पूरे देश में भी पूरी पार्टी को केवल एक परिवार चला रहा है। हिमाचल में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के बाद कांग्रेस के लोगों में बड़ा नेता बनने की होड़ लगी है।

विकास में नहीं रहेगी कोई कसर

मुख्यमंत्री ने कहा, “हम आपके पास फतेहपुर मांगने आए हैं। आप हमें केवल एक साल का मौका दिजिए, आगे आप खुद कहेंगे कि फतेहपुर हमेशा भाजपा के साथ रहेगा। चार साल की कमी को एक साल में पूरा करेंगे। आप फतेहपुर को फतेह करें, क्षेत्र का विकास हम करेंगे।” मुख्यमंत्री ने कहा कि आपसे जो भी वादे किए हैं, वो आचार संहिता खत्म होने के बाद पूरे किए जाएंगे।

चेतन से मिलीं 6 माह में सब बेराजगारों को नौकरी की गारंटी देने वालीं आजाद प्रत्याशी

शिमला।। जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीट पर उपचुनाव लड़ रहीं निर्दलीय प्रत्याशी सुमन कदम ने दूसरे निर्दलीय प्रत्याशी चेतन बरागटा से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया है। सुमन कदम इससे पहले अपनी चुनावी घोषणाओं को लेकर भी चर्चा में रही हैं। हाल ही में उन्होंने मंत्री सुरेश भारद्वाज के खिलाफ मुख्य चुनाव आयुक्त को शिकायत भी दी है।

चेतन बरागटा से मुलाकात का फोटो सुमन ने अपनी फेसबुक प्रोफाइल पर शेयर किया है। फोटो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “आज मुझे कोटखाई स्टेडियम में माननीय चेतन भाई से उनका अमूल्य आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला। जिनका दिल सेब की तरह मीठा है, जो कि उनका चुनाव चिन्ह भी है।”

युवाओं को नौकरी, बुजुर्गों को मुफ्त तीर्थ यात्रा

इससे पहले भी वह अपनी चुनावी घोषणाओं को लेकर चर्चा में रही हैं। उन्होंने बेरोजगारों को 6 महीने में नौकरी की गारंटी और बुजुर्गों को मुफ्त तीर्थ यात्रा करवाने जैसी कई घोषणाएं की हैं।

अपनी 16वीं घोषणा में उन्होंने लिखा है, “सभी बेरोजगार युवाओं को नौकरी की गारंटी। जुब्बल नावर कोटखाई के सभी बेरोजगार युवाओं को 6 महीने के अंदर नौकरी की गारंटी। हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसी गारंटी दी जा रही है।”

17वीं घोषणा में लिखा है, ” सभी बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थ यात्रा। जुब्बल नावर कोटखाई के सभी धर्म के 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों को साल में एक बार उनकी पसंद के तीर्थ स्थान तक की मुफ्त यात्रा की गारंटी। हिन्दू बुजुर्ग अयोध्या के निर्माणाधीन राम मंदिर जाकर भगवान श्री राम की पावन जन्मभूमि के दर्शन करके आ सकते हैं।”

इसके अलावा उन्होंने ओलावृष्टि के कारण हुए नुकसान का तुरंत मुआवजा, जहाँ घर वहाँ इंटरनेट का पूरा सिग्नल, जहाँ घर वहाँ स्ट्रीट लाइट, जहाँ घर वहाँ पक्की सड़क, जहाँ घर वहाँ कूड़े वाला, जहाँ कोरोना के कारण मृत्यु वहाँ तुरंत मुआवजा, जहाँ सेब मंडी वहाँ तुरंत पेमेंट, जहाँ सेब मंडी वहाँ लाइसेंस वाले आढ़ती, पुलिस की आठ घंटे ड्यूटी, महिलाओं और विद्यार्थियों को बसों में मुफ्त यात्रा जैसी कई घोषणाएं की हैं।

अन्य प्रत्याशियों को शुभकामनाएं

आजाद प्रत्याशी सुमन कदम इससे पहले जुब्बल कोटखाई से चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं भी दे चुकी हैं। उन्होंने एक पोस्टर शेयर किया था जिसमें सभी प्रत्याशियों की फोटो थी और लिखा था, “जुब्बल नावर कोटखाई के महान नेतागण रोहित ठाकुर जी, नीलम सरैईक जी, चेतन बरागटा जी को आगामी चुनाव की हार्दिक शुभकामनाएं।”

मंत्री सुरेश भारद्वाज के खिलाफ शिकायत

इसके अलावा हाल ही में उन्होंने मंत्री सुरेश भारद्वाज के खिलाफ मुख्य चुनाव आयुक्त को शिकायत दी है। शिकायत में कहा है कि मंत्री सुरेश भारद्वाज ने एक जनसभा के दौरान उनके जन्म स्थान और यहां की न होने की बातें कही है और भरी जनसभा में उनका मज़ाक उड़ाया गया है।

मंत्री भारद्वाज ने जनसभा में कहा कि नीलम सरैईक और रोहित ठाकुर क्या कोई बांग्लादेश से आए हैं। ये क्या जुब्बल-कोटखाई के लोग नहीं। ये कोई किसी पार्टी का सामान है क्या। तीनों प्रत्याशी इसी इलाके के हैं। तीनों में से जो जीतेगा, उनका ही स्वाभिमान है। चौथी भी है एक सुमन कदम वह इस एरिया की नहीं है।

उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से उनकी इस शिकायत पर कड़ा संज्ञान लेने और मंत्री सुरेश भारद्वाज के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की की माँग की है।

कांग्रेस सरकार में 183 रुपये में मिलता था गैस सिलिंडर: रामलाल ठाकुर

बिलासपुर।। कांग्रेस सरकार के समय घरेलू गैस सिलिंडर 183 रुपये में मिलता था। यह बात श्री नयनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक रामलाल ठाकुर ने कही है। उन्होंने कहा कि आज एलपीजी सिलिंडर की कीमत 1000 रुपये से भी अधिक हो गई है। पेट्रोल-डीजल, प्याज, टमाटर समेत कई सब्जियों के दाम दो से तीन गुना बढ़ गए हैं।

उन्होंने कहा कि सीएम और मंत्री महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों से मुंह मोड़कर अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। हाल में सीएम ने गैर जिम्मेदाराना बयान दिया था कि महंगाई कांग्रेस के समय से है, लेकिन मनमोहन सिंह के कार्यकाल में गैस सिलिंडर 182-183 रुपये में मिलता था। कांग्रेस सरकार के समय लोगों को गैस सिलिंडर पर सब्सिडी भी मिलती थी, लेकिन अब वह सरकार के खाते में जा रही है।

रामलाल ठाकुर ने कहा कि अब जनता भाजपा का असली चेहरा पहचान चुकी है। उन्होंने कहा कि मंडी उपचुनाव में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और सीएम जयराम की प्रतिष्ठा दाव पर है।

जुब्बल-कोटखाई: निर्दलीय प्रत्याशी ने मंत्री सुरेश भारद्वाज के खिलाफ की शिकायत

शिमला।। जुब्बल-कोटखाई से निर्दलीय प्रत्याशी सुमन कदम ने शहरी विकास मंत्री और जुब्बल-कोटखाई उपचुनाव के लिए भाजपा चुनाव प्रभारी सुरेश भारद्वाज के खिलाफ मुख्य चुनाव आयुक्त को शिकायत दी है।

सुमन कदम ने शिकायत में कहा है कि मंत्री सुरेश भारद्वाज ने एक जनसभा के दौरान उनके जन्म स्थान और यहां की न होने की बातें कही है और भरी जनसभा में उनका मज़ाक उड़ाया गया है।

उन्होंने शिकायत में लिखा है कि मंत्री भारद्वाज ने जनसभा में कहा कि नीलम सरैईक और रोहित ठाकुर क्या कोई बांग्लादेश से आए हैं। ये क्या जुब्बल-कोटखाई के लोग नहीं। ये कोई किसी पार्टी का सामान है क्या। तीनों प्रत्याशी इसी इलाके के हैं। तीनों में से जो जीतेगा, उनका ही स्वाभिमान है। चौथी भी है एक सुमन कदम वह इस एरिया की नहीं है।

सुमन कदम ने मुख्य चुनाव आयुक्त से उनकी इस शिकायत पर कड़ा संज्ञान लेने की मांग की है। उनकी मांग है कि मंत्री सुरेश भारद्वाज के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

जातिसूचक शब्द बोलकर फंसे कांग्रेस विधायक रामलाल ठाकुर, हुई पुलिस कंप्लेंट

बिलासपुर।। उपचुनावों की सरगर्मियों के बीच बयानबाजी का दौर चला हुआ है। नेता एक-दूसरे पर जुबानी हमला करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। इसी बीच श्रीनयनादेवी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक व पूर्व वन मंत्री रामलाल ठाकुर ने कुछ ऐसा कह दिया कि उनके खिलाफ एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत कर दी है।

दरअसल, हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में एक फेसबुक चैनल के इंटरव्यू देते हुए विधायक रामलाल ठाकुर की ओर से जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने को लेकर एक व्यक्ति ने उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है।

पुलिस को दी शिकायत में बरमाणा गांव निवासी अमरजीत ने बताया है कि 27 सितंबर को एक फेसबुक चैनल पर विधायक रामलाल ठाकुर ने अपने इंटरव्यू में अनुसूचित जाति को अपमानित करते हुए सार्वजनिक तौर पर असंवैधानिक शब्दों का प्रयोग किया है। उनके इन शब्दों से वह अपमानित महसूस कर रहे हैं।

डीएसपी राजकुमार ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विधायक रामलाल ठाकुर की ओर से चैनल पर कहे गए शब्दों की पुष्टि करवाई जाएगी। उसके बाद कानूनी प्रावधान के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

कांगड़ा: अब अंधेरे से आजाद होगा बड़ा भंगाल

कांगड़ा।। कांगड़ा जिला का दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल भी अब दूधिया रोशनी से जगमगाएगा। एक लंबे अंतराल के बाद बड़ा भंगाल पंचायत को अंधेरे की गुलामी से आजादी मिलने जा रही है। करीब दस साल से बड़ा भंगाल पंचायत के लोग केरोसिन तेल के लैंप की रोशनी से रात काटने को मजबूर हैं। लेकिन अब प्रशासन की पहल से बढ़ा भंगाल सोलर पैनल लाइटों की रोशनी से जगमगाएगा।

हिम ऊर्जा के सौजन्य से पंचायत में 169 सोलर पैनल लगाए जाएंगे। सोलर पैनल की देखरेख का जिम्मा आगामी पांच वर्षों तक स्थापित करने वाले प्रतिनिधि पर रहेगा। एक सोलर पैनल की कीमत 32 हजार के करीब है। दुर्गम पंचायत में सोलर पैनल लगवाने की इस मुहिम में एसडीएम बैजनाथ सलीम आजम के प्रयास सराहनीय रहे हैं।

बता दें कि एसडीएम सलीम आजम स्वतंत्रता दिवस पर सरकारी विभागों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ा भंगाल पहुंचे थे। वहाँ पर जनता के द्वार कार्यक्रम में उन्हें बड़ा भंगाल में बिजली की समस्या की शिकायत मिली थी। उन्होंने यह समस्या डीसी कांगड़ा के समक्ष रखी। प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन के आग्रह पर बड़ा भंगाल पंचायत में सोलर पैनल के लिए सहयोग करने का निर्णय लिया है।

एसडीएम बैजनाथ सलीम आजम ने बताया कि बुधवार को हेलीकॉप्टर से सोलर पैनल को बड़ा भंगाल भेजा जाना था, लेकिन हेलीकॉप्टर के न आने पर अब तीन-चार दिन में इन सोलर पैनल को बड़ा भंगाल भेजा जाएगा।

बता दें कि करीब बीस साल पहले बड़ा भंगाल में एक हाइड्रो प्रोजेक्ट था। जिससे यहाँ के लोगों की बिजली आपूति होती थी। लेकिन तकनीकी खराबी के कारण बिजली की आपूर्ति ठप हो गई। अब इनके बिजली के उपकरण शोपीस बने हुए हैं।

इस समय बड़ा भंगाल में चार दर्जन लोग रह रहे हैं। अप्रैल से लेकर सितंबर महीने तक इस पंचायत में 500 लोग रहते हैं। जब बर्फबारी नहीं होती है तो कई लोग यहां वापस आते हैं। यहाँ सरकारी विभागों के साथ-साथ मिडल तक के बच्चों की पढ़ाई भी होती है।