मौजूदा वित्त वर्ष के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र ने सदन में रखीं 3936 करोड़ रुपये की अनुपूरक अनुदान मांगें

शिमला।। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा में बजट सेशन के पहले दिन 3936.55 करोड़ की अनुदान मांगें सदन पटल पर रखीं और इन्हें पारित करने का अनुरोध किया। ये मांगें मौजूदा वित्त वर्ष (2016-17) के लिए हैं। गौरतलब  है कि 2016-17 का बजट पेश करते हुए पिछले साल सरकार ने 32 हजार 593 करोड़ का प्रावधान किया गया था। जब यह खर्च कम पड़ गया तो 3936 करोड़ का अतिरिक्त प्रावधान करना पड़ा।

पिछले साल सरकार ने वित्त वर्ष 2016-17 के लिए सरकारी खर्चों के लिए जो बजट तय किया था, उसके अलावा 3936 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। इस तरह से 2016-17 में सरकार की देनदारियां 2015-16 के मुकाबले बढ़ गईं। 2015-16 में ये देनदारियां करीब 2200 करोड़ रुपये थी।

मुख्यमंत्री ने विधानसभा में कहा कि वह फाइनैंशल इयर 2016-17 के लिए अनुपूरक मांगों की पहली और आखिरी किश्त पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये अनुपूरक मांगें कुल 3936 करोड़ 55 लाख रुपये की हैं। 2304 करोड़ 83 लाख का प्रावधान गैर-योजना स्कीमों, 502 करोड़ 78 लाख योजना और 1128 करोड़ 94 लाख रुपये का केंद्रीय प्रायोजित स्कीमों के लिए किया गया है।

अमानवीय: तेंदुए को मारकर चारों पंजे काट ले गए शिकारी

सिरमौर।। अक्सर आपने खबरें पढ़ी होंगी कि आदमखोर तेंदुए को मार गिराया गया, तेंदुए ने इंसान पर हमला किया, तेंदुआ बस्ती में घुसा। हमारे मन में पहली इमेज बनती है कि कितना खतरनाक जीव है। मगर ये तो बेचारे जानवर हैं और इनसे क्या उम्मीद की जाए। समझदारी की उम्मीद इंसानों से की जा सकती है, मगर अफसोस! कुछ लोग मानवता को कलंकित करने में जुटे हुए हैं।

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन में एक तेंदुआ मृत पाया गया है, जिसके शरीर में छर्रों के निशान हैं। यही नहीं, इसके चारों पंजे गायब हैं। घटनास्थल पर बंदूक के छर्रे भी पड़े हुए हैं। साफ है कि शिकारियों ने इस जीव को मार डाला और नाखूनों के पंजे काटकर ले गए।
चारों पंजे काट दिए हैं किसी ने

चारों पंजे काट दिए हैं किसी ने

वन विभाग ने पुलिस थाना नाहन में अज्ञात शिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया है और वन्य प्राणी अधिनियम के तहत छानबीन शुरू कर दी गई है। कौलांवालाभूड़ के वन आरक्षित क्यारी जंगल में गश्त के दौरान फॉरेस्ट गार्ड को यह तेंदुआ मृत मिला था।तेंदुए के शव में कीड़े पड़ गए थे। आशंका है कि किसी शिकारी इसकी जान ली है।

यह धरती जितनी हम इंसानों की है, उतनी ही अन्य जीवों की भी। आज हम सक्षम होकर हर जगह पहुंच बना चुके हैं। जंगलों में घर बना लिए, सड़कें बना दीं, तरह-तरह के निर्माण कर लिए। इससे अब तक कई जीव विलुप्त हो चुके हैं तो कई विलुप्त होने की कगार पर है। हमें चाहिए कि प्रकृति का सम्मान करें और अन्य जीवों को जगह दें। यह हमारी जिम्मेदारी है क्योंकि हम इंसानों ने अपने लिए सब कुछ बदला है, ये जीवन जैसे सदियों पहले रहते थे, आज भी वैसे ही रहते हैं। मगर हमारी स्थिति क्या हो चुकी है, यह इस घटना से पता चलता है।

कंडक्टर भर्ती केस: FIR करने से बच रही पुलिस को कोर्ट का झटका

शिमला।। कंडक्टर भर्ती मामले में हिमाचल प्रदेश पुलिस को कोर्ट से झटका मिला है। शिमला पुलिस ने डिस्ट्रिक्ट कोर्ट से आग्रह किया था कि यह मामला पूरे राज्य से जुड़ा हुआ है और यह प्रिवेंशन ऑफ करप्शन ऐक्ट का केस है, ऐसे में इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी इसकी जांच नहीं कर सकते। मगर कोर्ट ने सोमवार को पुलिस की दलीलों को खारिज कर दिया।

मामला साल 2003-2004 में TMPA (कंडक्टरों) की भर्ती में नियमों को ताक पर रखने का है। इसमें कोर्ट ने पुलिस को उस वक्त के HRTC अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए कहा था। पुलिस ने कोर्ट से अपने फैसले पर विचार करने की अपील की थी मगर इसे खारिज कर दिया गया है।

इसी महीने अदालत ने शिमला पुलिस को साल 2003-04 में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हिमाचल पथ परिवहन निगम में हुई 378 ट्रांसपोर्ट मल्टीपर्पज असिस्टेंट (कंडक्टर) की भर्ती में तत्कालीन एमडी समेत पांच अधिकारियों पर मुकदमा करने के आदेश दिए थे। कंडक्टर भर्ती के चार साल बाद इस कथित गड़बड़ी की शिकायत तत्कालीन बीजेपी सरकार के कार्यकाल में 2007 में हुई थी। अब तक इस मामले में विजिलेंस दो बार जांच कर चुकी है।

विजिलेंस जांच में ये बातें आई थीं सामने
विजिलेंस जांच में पता चला कि भर्ती के लिए निगम ने विज्ञापन तो 300 पदों का दिया मगर चयन 378 का कर लिया। अकेले धर्मशाला डिवीजन से ही 147 का चयन हुआ और इनमें 73 लोग तत्कालीन परिवहन मंत्री जी.एस. बाली के विधानसभा क्षेत्र नगरोटा बगवां से और 32 तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की विधानसभा सीट रोहड़ू से थे। आरोप है कि भर्ती में डिविजन स्तर पर कोई भी मेरिट नहीं बनी और यहां तक कि भर्ती के दस्तावेजों में जमकर कटिंग और ओवर राइटिंग की गई थी।

वायरल हुआ मंडी शिवरात्रि मेले की मध्य जलेब में नाटी डालते लोगों का वीडियो

मंडी।। हिमाचल प्रदेश के मंडी शिवरात्रि मेले की मध्य जलेब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में पारंपरिक वाद्ययंत्रों से साथ आगे बढ़ते लोग हिमाचली गानों पर नाटी डाल रहे हैं। इसमें एक लड़की भी नजर आ रही है जो हिमाचल के लोकनृत्य में मग्न है।

शिवरात्रि मेले के दौरान उत्सव का कैसा माहौल रहता है, इसी की एक झलक इस वीडियो में देखने को मिलती है। इस वीडियो को मंडी के यश राज ने अपनी टाइमलाइन पर शेयर किया है। देखें:

उन्होंने अपनी टाइमलाइन पर जलेब के कुछ अन्य वीडियो भी शेयर किए हैं जो रंगारंग हैं।

एक और वीडियो:

MWC 2017 में लॉन्च हुआ मोबाइल फोनों का बाप Nokia 3310

रविवार को HMD GLobal ने इसे ‘मॉडर्न ट्विस्ट’ के साथ Nokia 3310 को फिर से लॉन्च किया। इसकी कीमत 49 यूरो यानी करीब 3500 रुपये रखी गई है। भारत में इसकी बिक्री 2017 की दूसरी तिमाही यानी अप्रैल के बाद कभी भी शुरू हो सकती है।

कंपनी का दावा है कि यह 22 घंटे का टॉकटाइम देगा और 1 महीने तक स्टैंडबाइ मोड में रह सकता है। यह वॉर्म रेड और पीले रंगों में ग्लॉस फिनिश में मिलेगा। डार्क ब्लू और ग्रे कवर्स में यह मैट फिनिश में होगा इसमें माइक्रो-यूएसबी पोर्ट लगा है जिसके जरिए चार्जिंग की जा सकती है। इसमें स्नेक गेम भी है।

Nokia 3310 (2017) में 2 मेगापिक्सल का बैक कैमरा दिया गया है जिसके साथ फ्लैश है। 2.4 इंच का QVGA डिस्प्ले वाला यह फीचर फोन Nokia Series 30+ ऑपरेटिंग सिस्टम पर रन करता है। इसकी स्टोरेज 16MB है और 32 जीबी तक का कार्ड इसमें लगाया जा सकता है। 1200 mAh की रिमूवेबल बैटरी इसमें लगी है।

मंडी शिवरात्रि मेले की पहली स्टार नाइट में सुखविंदर का फ्लॉप शो

मंडी।। हिमाचल प्रदेश के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को नजरअंदाज करके पंजाब या अन्य जगहों से कलाकारों को बुलाने का सिलसिला नया नहीं है। अक्सर प्रशासन स्थानीय कलाकारों को कम पैसे देता है और उनके कार्यक्रम में जल्दी ही निपटा देता है। स्टार नाइट्स में अन्य राज्य के कलाकारों को लाखों रुपये देकर बुलाया जाता है। यह बात किसी से छिपी नहीं है कि बड़े स्टार अपने साथ पूरा सिस्टम लेकर चलते हैं और ज्यादातर वक्त पहले से रेकॉर्ड गाने पर होंठ हिलाकर जनता को उल्लू बनाते हैं। अगर इनका सिस्टम बिगड़ जाए तो कलई खुल जाती है। प्रदेश के लगभग सभी अंतरराष्ट्रीय मेलों में स्थानीय प्रशासन हिमाचल के कलाकारों को बजाय बाहर के कलाकारों को प्राथमिकता देता है। ऐसा मंडी में भी किया गया और बुरी तरह कार्यक्रम फ्लॉप हो गया।

अखबारों ने भी लिखा है कि अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में शोर-शराबा ज्यादा रहा और मनोरंजन कम। पहला संध्या में पार्श्व गायक सुखविंदर सिंह को बतौर स्टार कलाकार बुलाया गया था। जैसे ही सुखविंदर सिंह मंच पर आए तो साउंड में दिक्कत आ गई। सिर्फ इंस्ट्रूमेंट का ही साउंड सुनाई दिया और गायक की आवाज गायब ही हो गई।

यह सिलसिला काफी देर चलता रहा और बीच में एक बार तो सुखविंदर ने ट्रैक ही सुना दिया और अपने सिर्फ होंठ हिलाते रहे। जब जनता ने हूटिंग की तो सुखविंदर ने इस बात को कबूल भी कर दिया और अपने साउंड असिस्टेंट को जमकर लताड़ लगाई। सुखविंदर ने बताया कि उनके साउंड इंजीनियर की तबीयत खराब हो गई और उनका असिस्टेंट सही ढंग से साउंड मैनेज नहीं कर पा रहा है।

पंजाब केसरी अखबार ने लिखा है कि माहौल को देख मायूस दर्शकों ने अपने घर का रूख करना बेहतर समझा दर्शक इस बीच ऐसे बैठे रहे जैसे किसी सत्संग में आए हों। बाद में मायूस दर्शकों ने अपने घर का ही रूख करना बेहतर समझा। बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन ने सुखविंदर सिंह पर लाखों रूपए खर्च किए हैं लेकिन बदले में जो मनोरंजन होना चाहिए था वह नहीं हुआ और सिर्फ शोर-शराबा ही सुनाई दिया।

यही नहीं, बीच में सुखविंदर के पैर के नीचे मंच पर कुछ आया तो उन्होंने ढंग से मंच बनाने की सलाह दे डाली। कोई शख्स फोटो खींच रहा था तो उसे उन्होंने कैमरा बंद करने की नसीहत दे डाली। कुल-मिलाकर कार्यक्रम में रायता फैला रहा।

हालांकि तकनीकी गड़बड़ी कभी भी किसी के भी साथ हो सकती है और यह भी संभव है कि इंतजाम सही न हों। मगर सोशल मीडिया पर चर्चा है कि हिमाचल के कलाकारों को प्रोत्साहन देना चाहिए क्योंकि वे बिना किसी आधुनिक साउंड सिस्टम के सिर्फ अपनी आवाज और वाद्य यंत्रों से समां बांधने की काबिलियत रखते हैं। अब सबको इंतजार है शिवरात्रि मेले की उस सास्कृतिक संध्या का जिसमें लमन बैंड प्रस्तुति देगा।

किन्नौर के शोंगटोंग प्रॉजेक्ट के मजदूरों ने बंद की अधिकारियों की बोलती

किन्नौर।। किन्नौर में बन रहे शोंगटोंग पावर प्रॉजेक्ट से जुड़े मजदूरों का एक वीडियो वायरल हो गया है। इसमें मजदूर अधिकारियों को घेरकर खड़े हैं और अपनी मांग रख रहे हैं। प्रॉटेस्ट में वामपंथी संगठन CITU की भूमिका रही है और वामपंथी विचारधार से जुड़े एक यूजर ने इस वीडियो को शेयर किया है।

हालांकि बहुत से लोगों का मानना है कि प्रदेश में प्रॉजेक्टों के लटने के पीछे मजदूर संगठनों की राजनीति जिम्मेदार है। मगर इन आरोपों के बीच मजदूरों की समस्याओं और वाजिब मांगों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। वीडियो देखें:

छत पर मिलने वाली उस लड़की ने मुझे पागल बना दिया

0

DISCLAIMER: हम न तो भूत-प्रेत पर यकीन रखते हैं न जादू-टोने पर। ‘इन हिमाचल’ का मकसद अंधविश्वास को बढ़ावा देना नहीं है। हम लोगों की आपबीती को प्रकाशित कर रहे हैं, ताकि अन्य लोग उसे कम से कम मनोरंजन के तौर पर ही ले सकें और कॉमेंट करके इन अनुभवों के पीछे की वैज्ञानिक वजहों पर चर्चा कर सकें। पढ़ें सीजन-2 की पहली कहानी:

मैं हिमाचल प्रदेश का नहीं हूं मगर मेरे कुछ दोस्त हैं हिमाचल के। उनमें से किसी ने फेसबुक पर कुछ दिन पहले इन हिमाचल पर कोई आर्टिकल लिंक किया था, जिसका टाइटल डरावना था। जिज्ञासावश मैंने क्लिक किया क्योंकि यह भूत पर आधारित कहानी थी। मेरी जिज्ञासा इसलिए भी ज्यादा थी क्योंकि मैं खुद भूतों को लेकर बहुत जिज्ञासु हो गया हूं। मैं जानना चाहता हूं कि वाकई भूत होते हैं या नहीं। क्योंकि मेरे साथ ऐसी घटना हो चुकी है, जिसने मेरा जीवन बदल दिया है। पहले मैं सामान्य हुआ करता था मगर अब मुझे मनोचिकित्सक की मदद लेनी पड़ रही है। मैं जानता हूं कि साइकाइट्रिस्ट मुझे जो कुछ समझाता है, वह इसलिए समझा रहा है कि मेरे मन से वहम निकले। मगर मैं किसी की बात पर यकीन नहीं करता।

घटना दरअसल डेढ़ साल पहले की है। उन दिनों मेरी नोएडा में जॉब लगी तो छतरपुर से आकर मयूर विहार फेज 2 में शिफ्ट हो गया। अकेले रहना पसंद है इसलिए मैंने ऐसा फ्लैट ढूंढा जो किनारे पर था। उसका भी टॉप फ्लोर लिया ताकि एकांत में बालकनी में बैठ सकूं। मकान मालिक ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे और बाकी के तीन फ्लोर्स पर फैमिलीज़ थीं। चौथे फ्लोर पर मैं कुंवारा लड़का। मकान मालिक जैन थे तो कई सारी बंदिशें लगा रही थीं। जैसे कि घर में नॉन वेज नहीं बनेगा, शराब नहीं चलेगी, दोस्तों का शोर-शराबा नहीं होगा, लड़की नहीं आ सकती आदि। मैंने भी ये शर्तें मान लीं क्योंकि ब्राह्मण परिवार में होने की वजह से मांस-मदिरा से दूर रहा और कभी कोई लड़की गर्लफ्रेंड तो दूर, दोस्त तक नहीं बनी। दोस्तों का आना भी नामुमकिन सा था क्योंकि अकेले रहना पसंद था मुझे।

अकेले इसलिए रहना पसंद क्योंकि मै अपनी दुनिया में रहता हूं। मुझे किताबें पढ़ना पसंद है, डायरी लिखना पसंद है और खाली वक्त में म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स प्ले किया करता हूं। ऐड एजेंसी से जुड़ा हूं जो कॉन्सेप्ट विजुअलाइज़ करने के लिए भी एकांत मुझे चाहिए होता है। तो इस घर में रहना मैंने शुरू किया। गर्मियां खत्म होने वाली थीं और सर्दियों का मौसम दस्तक दे रहा था। मेरी आदत थी कि रात के अंधेरे में एकदम छत पर चला जाता जहां पानी की टंकियां रखी थीं। बीच में थोड़ी सी खाली जगह थी। वहां पर चटाई बिठाता और आसमान की तरफ देखता रहता। कभी संयोग अच्छा होता तो आसमान पर तारे भी दिख जाते। ऐसे लेटे-लेटे ख्याली पुलाव बनाने में बड़ा मजा आता।

एक दिन मैं ऐसे ही लेटा था। रात के करीब साढ़े 12 बज रहे होंगे। मौसम में हल्की ठंडक होने लगी थी। तभी अचानक एक गर्म हवा का झोंका चेहरे से टकरा गया। मैं चौंका कि साला ये लू का थपेड़ा कहां से आ गया। चलो, आया होगा कहीं से। यह सोचकर मैं फिर ख्वाबों में खो गया। कुछ देर बाद फिर वैसा ही थपेड़ा मेरे पैरों से होते हुए धीरे-धीरे चेहरे तक आया और सर्र की आाज करता हुआ निकल गया। अब मैं सचेत हुआ औऱ थोड़ा उठकर बैठ गया। इधर-उधर देखा तो आसपास के ज्यादातर घरों की लाइटें बुझ चुकी थीं। इक्का-दुक्का घरों की खिड़कियों से रोशनी आ रही थी। चूंकि मेरी छत काफी ऊंची थी, इसलिए अंधेरा ही रहा करता था छत पर। मैंने फोन की लाइट जलाकर इधर-उधर देखा तो कुछ नहीं था। खैर, कुछ देर बाद मैं अपने कमरे में आकर सोने की कोशिश करने लगा।

करीब सवा 1 हुए होंगे कि अचानक कमरा महकने लगा। ऐसी खुशबू आने लगी जैसे किसी ने पॉन्ड्स का पाउडर छिड़कर दिया हो। मैं उठा कि यार कहां से खुशबू आ रही है। मेरे पास तो ऐसी खुशबू वाला कोई पाउडर या परफ्यूम नहीं था। सोचा कि शायद किसी ने अपने घर में लगाया होगा। हवा से खुशबू बह आई होगी। मगर खुशबू बहुत तेज होने लगी तो बड़ी इरिटेशन हुई। मैंने सोचा कि बाहर जाकर खिड़की खोल लूं ताकि साफ हवा आए। मैं अंदर वाले कमरे से जैसे ही बाहर वाले कमरे मे गया, वहां वैसे खुशबू नहीं थी। मैं फिर अंदर वाले कमरे में गया तो वहां पर वह खुशबू थी। यकीन मानिए, अभी तक मेरे मन में भूतप्रेत वाली या कोई डरावनी बात नहीं आई थी। और मै भूत-प्रेत पर यकीन भी नहीं करता था। तो लाइट ऑन करके इधर-उधर देखने लगा कि कोई शीशी वगैरह तो नहीं गिर गई। काफी तलाशने के बाद कुछ नहीं मिला तो मैं सो गया।

अगले कुछ दिनों मैं इन घटनाओं को भूल गया। मगर फिर से एक दिन वही खुशबू रात को 11 बजे से लेकर 1 बजे तक महकने लगे। मैंने यूं ही मकान मालिक को बताया कि जी रात को पता नहीं कौन पॉन्ड्स क्रीम या पाउडर की स्प्रे कर देता है कि सिर में दर्द होना लगता है। मालिक बोला कि बेटा अब किसको बोलेंगे। इतने किराएदार हैं यहां, क्या पता कौन करता है। खैर, अब उस खुशबू से दिक्कत होना बंद हो गई क्योंकि आदत हो चली थी। वह खुशबू जब तक आती रात को और अंदर वाले कमरे में ही आती। मुझे ही नहीं, कभी-कभार में यहां रात को रुक जाने वाले दोस्तों को भी वह खुशबू आती।

एक दिन मै छत पर लेटा हुआ था आराम से। आसमान की तरफ देखते हुए ख्यालों में खोया हुआ। योजना बना रहा कि करियर में क्या किया जाए कि पैसे भी बढ़ें। जॉब चेंज की जाए या फिर लाइन ही चेंज कर ली जाए। इतने में मुझे लगा कि जैसे फिर से एक गर्म हवा का झोंका आया। मैं उठकर बैठ गया। जैसे ही उठा मेरी नजर बगल वाली छत पर गई। वहां एक लड़की खड़ी थी जिसने दूसरी तरफ को मुंह किया हुआ था। लग रहा था कि फोन पर बात कर रही है। हो सकता है बॉयफ्रेंड से बात करने आ गई हो ऊपर। सो मैं फिर से लेट गया और विचारों में डूब गया। कुछ देर बाद मुझे लगा कोई छत के बाउंड्री वॉल के छज्जे पर बैठा हुआ है।

अगर आप दिल्ली की कॉलोनियों में गए हों तो देखेंगे कि घर एक लेन में चिपके हुए होते हैं। दीवार से दीवार सटी होती है और छत से छत। कुछ लोग अपनी छतों के किनारों पर कांच लगा देते हैं तो कुछ सरिए ताकि कोई इधर से उधर न आ सके। अब मेरा वाला फ्लैट किनारे पर था मगर उसके बगल वाले फ्लैट की छत और हमारी छत चिपकी हुई थी। उसकी छत से और छतें चिपकी हुई थीं। कुछ एक लोगों ने ही सरिए लगाकर रेलिंग लगाई थी कि कोई चोर न घुस आए। हमारे मकान-मालिक ने भी नहीं लगाए थे।

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर

तो मैंने देखा कि लड़की छत की रेलिंग पर बैठी हुई है। मैं चौंका कि कमबख्त क्या कर रही है ये यहां। मैं फिर उठ गया। छत पर रोशनी ज्यादा नहीं थी मगर इतनी तो थी ही कि मैं पता चल सके कि कहां क्या है। मैंने देखा कि वह मेरी तरफ ही देख रही है। मैं हैरान कि कर क्या रही है ये। मैंने सोचा कि बात करते करते इधर आ गई है सो मैंने इग्नोर करते हुए दूसरी तरफ देखना शुरू कर दिया। इतने में आवाज सुनाई देती है- Hi. मैं शर्मीला सा। लड़कियों से बात करते वक्त जुबान तालू से चिपक जाती है। मैंने आवाज को अनसुना कर दिया और फिर से दूर मेट्रो स्टेशन की छत की तरफ देखना शुरू कर दिया जो दूर चमक रही थी। दोबारा लड़की ने आवाज नहीं दी। कुछ देर बाद मैंने देखा कि वह दोबारा दूसरी तरफ चली गई है और शायद फोन पर बात कर रही है। तो मैं 5-10 मिनट और रुका और फिर नीचे आ गया। बिस्तर पर सोते हुए सोचने लगा कि यार लड़की कौन थी। क्यों हाइ बोल रही थी। बगल वाले मकान में रहती है लगता है। लाइन दे रही है। अंधेरे में पता नहीं चला पर ठीकठाक ही लग रही थी। खैर, ये सोचते हुए मैं सो गया।

अगले दिन मैं वैसे ही लेटा हुआ था कि फिर आवाज आई- हेलो। उठकर देखा तो लड़की सामने खड़ी थी। वह इस बार दीवार फांदकर मेरी छत पर आ गई थी और सामने खड़ी थी। अब इग्नोर तो किया नहीं जा सकता था। मगर लगा कि अजीब लड़की है, इधर ही आ गई। मैंने भी कहा- हेलो। लड़की बोली- कल तो आपने जवाब ही नहीं दिया। मैंने कहा कि अरे कब, मुझे पता नहीं चला। यह कहते वक्त मैं सोच रहा था कि इस लड़की के इरादे क्या हैं। फिर मैंने पूछा कि मैंने आपको देखा नहीं पहले। इतनी रात को आप यहां। बोली- हां मैं नई शिफ्ट हुई हूं। यहीं आपकी बिल्डिंग से एक बिल्डिंग छोड़कर आगे वाली बिल्डिंग में। मैंने कहा तो आप यहां क्या कर रही हो। बोली कि मेरी छत पर मकान मालिक से कबाड़ डाला हुआ है। वहां चलने में भी मुश्किल होती। छत चिपकी हुई है सो मैं बगल वाली छत पर आ जाती हूं। यहां आराम से घूम सकती हूं।

मैंने सोचा वाह, बड़ी तेज लड़की है। इतने में बोली- मैं आपको पिछले 10-15 दिनों से देख रही हूं। रोज आते हैं आप यहां। मैं नई आई हूं यहां और कोई जान-पहचान वाला भी नहीं। तो मैंने सोचा कि कल कि आप रोज आते हो, अलग से हो। आपसे ही बात कर लूं। यह सुनकर दिल में हलचल पैदा हो गई कि यार सही है, लड़की लाइन दे रही है अब तो खुलकर। मैं मुस्कुरा पड़ा। मैंने कहा कि ऐसे रात को अनजान लोगों से बात करना और उनकी छत पर चले आना ठीक नहीं है। ये दिल्ली है। लड़की हंस पड़ी। हंसी बड़ी मीठी लगी। और हंसते हुए उसने अपने बाल एक तरफ को किए तो पहली बार उसके चेहरे की झलक दिखाई दी। लड़की सुंदर थी। मैं यह सोच ही रहा था कि उसने अपना हाथ आगे बढ़ाया और बोली- My name is Pratima. मैंने भी हाथ मिलाते हुए कहा- विक्रम। हाथ मिलाते वक्त मैंने जो बात महसूस की थी वह यह कि उसका हाथ बहुत गर्म था, मानो बुखार हुआ पड़ा हो। अब इस बारे में तो कुछ बोल नहीं सकता था मैं उसे।

उस दिन वहीं छत पर बैठे हम और खूब बातें कीं। उसने मेरे बारे मे पूछा कि कहां से हूं, क्या करता हूं। मैंने उसके बारे में पूछा तो बोली कि मैं क्या करोगे जानकर, पहले तुम बताओ अपने बारे में। कैसे उससे बातचीत में रात के 3 साढ़े 3 हो गए पता ही नहीं चला। उससे खूब बातें हुईं दिल्ली को लेकर। मैने अपने गांव के बारे मे बताया, अपने शौक के बारे में बताया। बातचीत क्या हुई, ज्यादातर वक्त मैं ही बोला। वह सिर्फ हंसी, मुस्कुराई या फिर बीच में कभी-कभार एक आध वाक्य बोली होगी। लगाकार मुस्कुराते हुए मुझे देख रही थी। मगर मैं थोड़ा शर्माता हुआ सा उससे नजरें नहीं मिला रहा था और सामने देखते हुए बातें कर रहा था। बीच-बीच में उसकी तरफ देख लेता।

कुछ बता ही रहा था कि अचानक बोली- ठीक है विक्रम, रात बहुत हो गई। अब मैं चलती हूं। आपको भी जाना चाहिए। कल बात करेंगे वहीं से, जहां से छूटी है। मैंने कहा ओके। अच्छा लगा मिलकर। बोली सेम हियर्। यह बोलते ही मैं उठा और अपनी छत की तरफ कूद गया और वह दूसरी तरफ चली गई। दोनों ने एक-दूसरे को बाइ कहा। वो दूसरी तरफ चल दी और मै पलटकर सीढ़ियां उतरने लगा। नीचे आकर मैं प्रतिमा के बारे में ही सोच रहा था। अंदर एक अलग तरह की खुशी थी, अलग तरह की उमंग। ऐसा लग रहा था कि सब कुछ अच्छा-अच्छा हो गया। मुझे पहली ही मुलाकात में प्रतिमा से प्यार हो गया था शायद। नींद आई नहीं और सुबह ऐसे ही नहाकर चला गया ऑफिस। ऑफिस से आया तो शाम को ही छत पर बैठ गया कि कब प्रतिमा आएगी छत पर। नजरें उसी तरफ, जिस तरफ उसने अपना घर बताया था।

शाम से रात हो गई और इस बीच मैं डिनर बनाने चला गया। लगा कि आज नहीं आएगी। मैं डिनर करने के बाद फिर से छत पर आ गया और चटाई पर लेट गया। इस बीच न जाने कब मेरी आंख लग गई। बीती रात को सोया भी तो नहीं था। ऑफिस में भी नींद आ रही थी। खैर, अचानक नींद में लगा जैसे कोई नाम पुकार रहा है। आंख खुली तो सामने प्रतिमा थी और मेरा नाम पुकार रही थी। मैंने आंखें मलते हुए कहा सॉरी, नींद आ गई थी। बोली, इट्स ओके। तो मैं उठकर बैठ गया और उससे कहा कि आओ यहीं नीचे आकर बैठो। बोली- नहीं, यहीं ठीक हूं। वह दीवार पर बैठी हुई थी। तो हाउ वॉज़ योर डे- उसने पूछा। मैंने बताया कि कुछ खास नहीं, बोरिंग। मैंने उसके बारे में पूछा कि तुम क्या करती हो, बताया नहीं अपने बारे में।

प्रतिमा मुस्कुराई और बोली कि मैं कॉल सेंटर में काम करती हूं। भोपाल से हूं वैसे। इससे पहले पुणे में थी और उससे पहले बैंगलोर। ग्रैजुएशन भी बैंगलोर से की। स्कूलिंग भोपाल से हुई। फैमिली में पापा नहीं हैं, छोटी थी तभी वो गुजर गए थे। मां है और बड़ा भाई-भाभी। मां और भैया-भाभी साथ रहते हैं। मेरी भाभी से बनती नहीं तो घर पर कम जाती हूं। बस। इतना कहकर प्रतिमा चुप हो गई। ऐसा बोलते वक्त उसके चेहरे के हाव-भाव गंभीर हो गए थे। मैं समझ गया कि वह फैमिली के बारे में बात नहीं करना चाहती। मैने भई बात घुमा दी और ऑफिस के बारे में पूछा। तो बोलने लगी कि ऑफिस में क्या लाइफ है। जाओ, कॉल्स सुनो और घर आ जाओ। खुलकर बातें होने लगी प्रतिमा से। उस दिन मैं और खुश था। मैंने खूब अपने ऑफिस सी गॉसिप्स सुनाईं उसे। बीच में मैंने उससे पूछा कि आर यू सिंगल। उसने कहा यस। और मुझसे पूछा- ऐंड यू? मैंने भी कहा कि चिर सिंगल हूं। कभी कोई गर्लफ्रेंड नहीं रही। यह सुनकर वह हंसते हुए बोली कि मजाक मत करो, तुम्हारी अभी गर्लफ्रेंड न हो ये तो हो सकता है मगर मैं ये नहीं मान सकती कि तुम्हारी कभी गर्लफ्रेंड नहीं रही। मैं पूछा ऐसा क्या है। तो बोली तुम हैंडसम हो, बातें अच्छी करते हो, अच्छी जॉब भी करते हो।

सच कहूं तो यह सुनकर मैं और खुश हो गया। खुशी थी कि प्रतिमा अब अपने मन के भाव मेरे सामने जता रही थी। मैं उत्साहित था। खैर, ऐसे ही रोज शाम को मैं प्रतिमा से मिलने लगा। वो ऑफिस से 12.30 या 12 बजे तक पहुंचती और कुछ देर में ऊपर आ जाती। हम दोनों छत पर बैठे रहते और 2 बजे तक बातें करते। इस बीच उसने मुझे अपना नंबर दिया, मगर वह कहती कि वो फेसबुक और वॉट्सऐप पर नहीं है ताकि रिशअतेदार तंग न करें। और मुझे भी उसे कभी कॉल करने की जरूरत महसूस नहीं हुई। मैं भी दिन में बिजी ही रहता था। एक दिन मैंने उसे कहा कि चलो मेरे घर चलो नीचे। उसने कहा कि नहीं, कोई देख लेगा। मैंने कहा कि देख तो कोई छत पर भी सकता है। तो उसने कहा कि छत की बात अलग है औऱ कमरे की बात अलग।

मैं उसे पसंद करने लगा था और चाहता था कि उसे प्रपोज कर दूं। मगर मैं रात को छत पर यह सब नहीं करना चाहता था। वीकेंड पर भी वह कोई न कोई बहाना बनाकर शहर से बाहर होती थी। मुझे लगता था कि शायद उसका कोई बॉयफ्रेंड है जिससे मिलने जाती है वीकेंड पर। खैर, मैंने उसे एक बार कॉल भी किया संडे को नंबर नॉट रीचेबल आया। फिर मैंने सोचा कि क्यों न रात को ही छत पर प्रपोज किया जाए। तो मैंने प्लैनिंग के तहत गुलाब के फूल लिए और उसे प्रपोज करने के लिए टंकी के पीछे रख दिए। उस रात वह आई और मैंने उसे आंखें बंद करने को कहा। मैं गुलाब के फूल लाया र उसके सामने रख दिए और उससे आंखें खोलने को कहा। उसने आंखें खोलीं और बोली- ये क्या है। मैंने कहा कि आई लव यू प्रतिमा। मैं तुम्हें बहुत पसंद करने लगा हूं। मैं…. … इससे पहले कि आगे कुछ बोलता प्रतिमा ने कहा। स्टॉप इट विक्रम। मैं चौंक गया। उसका चेहरा एकदम गंभीर था, अजीब सा। उदासी से भरा। बोली प्लीज़ रुक जाओ। मैंने कहा मैं मजाक नहीं कर रहा, मैं दिल से तुम्हें चाहता था। उसने कहा कि नहीं, तुम प्लीज़ फ्रेंडशिप मत खराब करो।

मैं चुप हो गया। मुझे बहुत बुरा लगा और मैं पलटकर सीढ़ियां उतरकर कमरे में आ गया औऱ दरवाजा बंद कर लिया। वो बोलती रह गई विक्रम रुको, बात सुनो। वह नीचे तक आ गई और दरवाजा खटखटाने लगी। मगर अंदर मै जोर से रो रहा था। करीब 5 मिनट तक उसने दरावाजा खटखटाया और फिर वह चली गई। मुझे गलती का अहसास हुआ कि यार मैंने क्या किया। वो आई भी थी पहली बार मगर दरवाजा नहीं खोला। मैंने तुरंत दरावाजा खोला और उसने देखे छत पर गया मगर कोई नहीं था वहां। गुलाब के फूल भी नहीं जिन्हें मैं प्रतिमा के लिए लाया था। मैं कूदकर दूसरी छत में गया और उससे आगे वाले घर की तरफ झांकने लगा जहां पर प्रतिमा ने अपना घर बताया था। वहां अंधेरा था और वाकई कबाड़ भरा हुआ था जैसे प्रतिमा ने बताया था। मन किया कि नीचे उतकर जाऊं मगर हिम्मत नहीं पड़ी। पकड़ा जाता तो धुनाई अलग होती और प्रतिमा की बदनामी अलग। पुलिस केस भी हो सकता।

फिर मैं अपने कमरे में आ गया। सोचने लगा कि प्रतिमा ने इनकार क्यों किया। लाइन तो खुद मारती थी। रोज रात को आकर बातें करती थी, हंसती थी, हंसते हुए कभी हाथ पकड़ लेती तो कभी कंधे पर सिर सरखर बातें सुनने लगती। मुझे लगा कि उसका पक्का कोई बॉयफ्रेंड है और इसीलिए मुझे हां नहीं कहा उसने। इसीलिए वह दिन मे मिलने से बचती है औऱ वीकेंड पर उसी के साथ घूमने जाती है। अब मेरे मन का प्यार नफरत में बदल चुका था।

खैर, अगली रात को मैं प्रतिमा का इंतजार कर रहा था मगर वह नहीं आई। एक हफ्ते तक वह नहीं आई। फिर मै ंसमझ गया कि वह अब नहीं आएगी। हफ्ते के बाद मैं अपनी धुन में अपने कमरे में बैठा हुआ था। दरवाला खुला हुआ था और रात काफी हो चुकी थी। किसी ने दरवाजे पर नॉक किया। मैंने उचककर देखा तो वहां प्रतिमा खड़ी थी मुस्कुराते हुए। उसके हाथों में गुलाब के फूल थे। मुझे समझ नहीं आया कि क्या कहूं क्या नहीं। बोली- अंदर आ सकती हूं? मैंने गुस्सा थूकते हुए कहा क्यों नहीं। यह सुनकर वह मुस्कुराई औऱ अंदर आ गई। बोली घर तो बड़ा अच्छा सजा रखा है तुमने। मैंने कहा बस है ऐसे ही। उसने गुलाब के फूल टेबल पर रखे और बोली, सॉरी विक्रम अगर तुम्हें बुरा लगा। देखो, तुम अच्छे लड़के हो और कोई भी लड़की चाहेगी कि तुम्हारे जैसा बॉयफ्रेंड हो उसका। मगर मैं तुम्हारे लायक नहीं हूं। मैंने कहा कि इस बारे में बात मत करो प्लीज़। वो बोली- देखो, मैं नहीं चाहती तुम मेरे बारे में गलत सोचो, मगर मैं अपनी मजबूरी बता नहीं सकती। यह सुनकर मैं फिर से भावुक हो गया और रोने लगा। यह देखकर वह आगे बढ़ी और उसने मुझे गले से लगाया औऱ बोली प्लीज रोओ मत, मेरी गलती है और मुझे नहीं बात करनी चाहिए थी तुमसे। मैं तुमसे मिलूंगी तो तुम्हें और दुख होगा। इसलिए आज के बाद मैं तुमसे नहीं मिलूंगी।

यह सुना मैंने औऱ न जाने क्या हुआ कि मैंने प्रतिमा को कसकर पकड़ लिया। ठीक उस बच्चे की तरह जैसे उससे कोई चीज़ छुड़ाई जा रही हो औऱ वह छोड़ न रहा हो। मगर इस बीच न जाने मुझे क्या हुआ और मैंने प्रतिमा को जकड़ लिया। प्रतिमा की आवाज गंभीर हुई और वह कहने लगी विक्रम, छोड़ो मुझे। मुझे ठीक से याद नहीं है मगर शायद मैं उसे किस करना चाह रहा था। मगर प्रतिमा ने कहा कि विक्रम स्टॉप। डोंट डू दिस। इतने में अचानक मुझे झटका सा लगा और मैं उछलता हुआ कमरे के दूसरे किनारे पर जा गिरा। अब प्रतिमा के चेहरे के भाव बदल चुके थे। गुस्से से लाल हो चुकी थी और अजीब सी आवाज में सांसें ले रही थी। मैं हैरान था कि इतनी ताकत कहां से आई इसमें कि इसने मुझे हवा में उछाल दिया। अब तक दिमाग से वासना का भूत भी उतर चुका था और अहसास हो गया था कि कितनी बड़ी गलती कर रहा था मैं। लंबी-लंबी सांसें लेती हुई गुस्से से तमतमाई प्रतिमा बोली- यू शुडन्ट हैव डन दिस, यू स्पॉइल्ड एवरीथइंग। यह कहकर वह मुड़ी और बाहर जाने लगी। उसकी आवाज भी बदली हुई थी। जैसे दो-तीन लोग एकसाथ बोल रहे हों।

अपनी गलती के अहसास के बोझ तले दबा मैं पीछे-पीछे भागा- सॉरी प्रतिमा, आई एम रियली वेरी सॉरी। दरवाजे से बाहर निकला तो प्रतिमा वहां नहीं थी। उसके तेज कदमों की आहट सीढ़ियों की तरफ से आ रही थी। मैं सीढ़ियों की तरफ लपका। छत पर गया तो मैंने जो देखा उसे बताते वक्त मैं अभी भी कांप रहा हूं। मैंने देखा कि प्रतिमा लंबी-लंबी छलांगे लगा रही है एक छत से दूसरी छत पर जो एक इंसान के लिए संभव नहीं। ऐसा लग रहा था फिल्मी सीन देख रहा हूं। वह एक लेन के मकानों की छत से दूसरे लेन के मकानों की छत पर लगभग उड़ती हुई सी कूद रही थी। मैंने करीब 30-35 सेकंड्स तक उसे दूर तक ऐसे ही कूदते-फांदते देखा जब तकि वो मेरी आंखों से ओझल नहीं हो गई। मैं सन्न था और वहीं पर बेहोश हो गया। मुझे होश आया होगा सुबह करीह 6 बजे जब सूरज की रोशनी होने लगी। मैं उठा और रात की घटना को याद करते हुए कांपने लगा। जैसे-तैसे कमरे मे गया तो देखा कि वहां गुलाब के फूल का गुच्छा रखा हुआ है टेबल पर। मेरी हिम्मत नहीं उन फूलों को छूने की। तुरंत सीढ़ियां उतरकर नीचे मार्केट में चला गया और वहां से दोस्तों को फोन किया। दोस्त आए तो उन्हें पूरी बात बताई। कुछ दोस्तों ने कहा कि तुझे वहम हुआ है तो कुछ ने कहा कि कोई और चक्कर है।

roses

मैंने दोस्तों के साथ कमरे में गया, जरूरत के कपड़े उठाए और दोस्त के यहां चला गया। बाद में मैं इसी दोस्त के यहां शिफ्ट हो गया और सारा सामान ले आया। गुलाब के फूल के वे गुच्छे वहीं कमरे में किचन के टेबल पर रख आया थो जो सूख चुके थे। इस बीच मेरे जोर डालने पर कुछ दोस्त पूछताछ करने उस घर में गए जहां पर प्रतिमा ने अपना घर बताया था तो मकान मालिक ने कहा कि ऊपर कोई नहीं रहता। कई सालों से उन्होंने इसे स्टोर रूम बनाया हुआ है। यानी जिसे प्रतिमा अपना किराए का फ्लैट बताती थी, वहां कोई नहीं रहता था। फिर वहां कहां रहती थी? भागी भी तो वह न जाने कहीं और को ही थी।

अब मैं उस घटना को याद करता हूं तो पता चलता है कि शायद प्रतिमा असली लड़की नहीं थी। क्योंकि उसके सामने मैं उसके चेहरे मे खो जाता था, मगर अब ध्यान आता है कि पॉन्ड्स की जो खुशबू मेरे कमरे से आया करती थी, वही खुशबू प्रतिमा से भी आती थी। मगर मैं कभी इस बात को नोटिस नहीं कर पाता था। उस दिन के बाद से जब कभी मुझे गुलाब के फूल दिखते हैं या पॉन्ड्स की खुशबू आती है, मैं कांप जाता हूं। प्रतिमा का चेहरा मेरे सामने घूम जाता है। अब अकेले जाने से डरता हूं। लड़कियों की तरफ देखे से बचता हूं कि कहीं इनमें से किसी में प्रतिमा का चेहरा न नजर आ जाए।

मेरे डॉक्टर का मानना है कि या तो मैं पूरी की पूरी कहानी मनगढंत सुनाता हूं या फिर मैंने अंत में उसके कूदकर हवा में उड़ने वाली बात झूठ बताई है। मेरे मन में भी कभी-कभी ख्याला आथा है कि शायद वह असली लड़की थी। मैं खुद को कोसता भी हूं कि मैंने उसके साथ जो किया वह ठीक नहीं था। मैं शायद गलत समझ बैठा और उसकी बेबाकी और उसका लाइन मारना समझ बैठा और गलत हरकत भी कर बैठा। मगर उसका लंबी-लंबी छलांगे लगाना मैंने पूरे होश में देखा था। एक मनोचिकित्सक ने मुझे यह भी बताया था कि मेरे मन से प्रतिमा के साथ की गई हरकत का अपराध बोध नहीं हट पाया है, इसीलिए मेरा सबकॉन्शस माइंड ऐसी कहानियां गढ़ता ताकि खुद को दिलासा दिया जा सके। मगर मैं जानता हूं कि सच क्या है।

हॉरर एनकाउंटर सीरीज में अन्य लोगों की आपबीती पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

(कहानी भेजने वाले ने अपना नाम न छिपाने की गुजारिश की थी मगर हमारा मानना है कि उनका नाम नहीं आना चाहिए। इसलिए उनका नाम बदलकर काल्पनिक नाम दिया गया है। लड़की का नाम भी बदला गया है)

‘रहस्यमयी महिला के कंधों पर बैठकर वह दूरबीन से मुझे देख रहा था’

DISCLAIMER: हम न तो भूत-प्रेत पर यकीन रखते हैं न जादू-टोने पर। ‘इन हिमाचल’ का मकसद अंधविश्वास को बढ़ावा देना नहीं है। हम लोगों की आपबीती को प्रकाशित कर रहे हैं, ताकि अन्य लोग उसे कम से कम मनोरंजन के तौर पर ही ले सकें और कॉमेंट करके इन अनुभवों के पीछे की वैज्ञानिक वजहों पर चर्चा कर सकें।

नोट: वैसे तो हम आज से नई सीरीज शुरू करने वाले थे मगर किन्ही वजहों से कहानी के संपादन का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। हम जल्दबाजी में उसे प्रकाशित नहीं करना चाहते। इसलिए हम उस कहानी को कल यानी शनिवार को प्रकाशित करेंगे। फिलहाल आप कुछ दिन पहले प्रकाशित यह कहानी पढ़ सकते हैं, जो शायद आप में से बहुत से लोगों ने न पढ़ी हो। असुविधा के लिए खेद है। 

सुरेंद्र शर्मा।। मुझे अच्छी तरह याद है वह दिन- 1 दिसंबर, 1996। मैं चंबा के कुछ ग्रामीण इलाकों में धूमकर वापस लौट रहा था। हम 5 दोस्तों का ग्रुप था। सब लोग थके हुए थे तो जल्द से जल्द अपने-अपने घरों की तरफ जाना चाहते थे। हम सब चंबा के बस अड्डे पर बैठकर बस का इंतजार कर रहे थे। उन दिनों बसें इतनी नहीं होती थीं और शाम के समय तो वैसे भी कम ही बसें चला करती थीं। खैर, सर्दियां अच्छी खासी हो चुकी थीं। वक्त बिताने के लिए हम लोग यूं ही बस अड्डे के पास चाय के खोखे के पास आग जलाकर बैठे लोगों में शामिल हो गए। आग सर्दियों में आग तापने का मजा ही कुछ और है। आग तापी जा रही हो और किस्से-कहानियों या राजनीतिक चर्चा का दौर न चला हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। वहां भी पहले से बैठे लोग हंसी-ठिठोली कर रहे थे।

हम सब लोग ऊना से थे तो हम लोगों को पहले से बैठे लोग कुछ सहज नहीं ले रहे थे। होता भी है, आज भी ऊना के लोगों को हिमाचल के पहाड़ी इलाकों के लोग अपना नहीं मानते 🙂 भले ही बात बुरी लगे, मगर हमें मैदानी हिस्से वाला होने के कारण बहुत से लोग दिल में जगह आज तक नहीं दे पाए हैं। बहरहाल, मैं फिर चंबा की उसी शाम की बात करता हूं। तो वे लोग अपनी बातों में लगे थे और हम 4 लोग एक-दूसरे की शक्लें देखते हुए उनकी बातें सुन रहे थे। मैंने इस संवादहीनता को तोड़ते हुए कोई बात करनी चाहिए। मैंने सामने सिर पर मफलर बांधकर बैठे उम्रदराज से दिख रहे व्यक्ति से कहा- चाचू, यहां पीने-वीने का इंतजाम है क्या कोई?

हम लोग कॉलेज से निकले ही थे तो उम्र हमारी यही कोई 21-22 साल रही होगी। तो हमारी शक्लें देखकर वह व्यक्ति बोला कि अभी ढंग से दाढ़ी उगी नहीं और शराब का पूछ रहे हो। मैं इस सवाल पर शर्मिंदा भी हुआ, मगर इतने में उन्हीं के ग्रुप का एक व्यक्ति बोल उठा कि मुंडे जवान हो गए हैं, बच्चे थोड़े ही हैं। मैं भी मुस्कुराया और मेरे दोस्त भी। इतने में वो अंकल बोलने लगे कि शराब मिलेगी मगर देसी और किसी जगह का नाम लिया उन्होंने। इतने में दूसरा आदमी बोला कि वहां नहीं, कहीं और अच्छी मिलती है। उनमें से 3-4 लोग इस चर्चा में व्यस्त हो गए कि कौन से बंदे के यहां अच्छी देसी शराब मिलती है, खुद निकाली हुई।

बस यहीं से बातों का सिलसिला निकल पड़ा। उन्होंने हमारे बारे में पूछा कि हम कहां से हैं, क्या करते हैं, क्या करने आए थे। हमने उन्हें बताया कि ऐसे-ऐसे चंबा घूमने आए थे। हमने बताया उन्हें कि कैसे रावी नदी के किनारे तंबू लगाकर सोए थे। यह सुनकर उनमें सबसे बुजुर्ग लग रहे एक व्यक्ति ने कहा कि हमें ऐसा नहीं करना चाहिए था। जाहिर है, हमारे मन मे सवाल उठा कि क्यों। पूछा तो जवाब मिला कि नदी के किनारे कई चीजें होती हैं और रात को बेगानी जगह नहीं सोना चाहिए। क्या पता रात को बाढ़ आ जाए या जंगली जानवर आ जाए। किसी को पता भी नहीं चलेगा कि तुम कहां थे, कहां चले गए।

जब बुजुर्ग ने हमारे सवाल का यह जवाब दिया तो जानें क्यों मुझे लगा कि वजह कुछ और है। मैंने कहा कि जंगली जानवरों के लिए तो हमने पूरी रात आग जलाए रखी तंबू के बाहर और सर्दियों के मौसम में कौन सा बाढ़ आ सकती है। इसपर उन्होंने कहा कि और भी कई चीजें होती हैं। मैंने भी कुरेदते हुए कहा कि कौन सी चीजें? एक दूसरा शख्स बोला- भूत-पिशाच, चुड़ैलें, राक्षस कई कुछ। यह सुनकर मैं हंस पड़ा। मेरी हंसी सुनकर बुजुर्ग बोला- बच्चा, तुम लोगों को समझ नहीं आएगी हमारी बातें। तुम बोलोगे कि पहाड़िए अंधविश्वासी होते हैं। हमने देखी, सुनी और खुद महसूस की हैं चीजें, इसलिए बता रहा हूं। बाकी होने को तो कुछ नहीं होता, जिसका टाइम माड़ा हो, उसके साथ ही होता है।

मेरी बड़ी जिज्ञासा रहती है थी भूतों की या कुछ ऐसी ही रोमांचक कहानियों में। बुजुर्ग की बातों में मेरी दिलचस्पी की एक और वजह थी, जिसके बारे में आपको मैं बाद में बताऊंगा। तो मैंने बुजुर्ग से पूछ ही लिया कि ऐसा क्या हुआ कभी आपके साथ। मेरे सवाल का बुजुर्ग के साथ ही बैठे लोगों ने भी समर्थन किया और बुजुर्ग से पूछा कि आज सुनाओ कुछ अपने साथ बीते किस्से। बुजुर्ग ने पहले तो आनाकानी की। फिर अपनी कंपकंपाती हुई सी आवाज में किस्सा सुनाना शुरू किया। उन्होंने कहा-

“मैं 20-22 साल का था, जब उसी जंगल से लकड़ी लाने गया था, जिसके नीचे नदी किनारे तुम लोग रात को रुके थे। सुबह से शाम तक हमने लड़कियां काटीं। मेरे साथ मेरा पड़ोसी भी था, जो मुझसे 2 साल बड़ा है। वो जंगल में एक तरफ चला गया था और मैं दूसरी तरफ। शाम तक मैंने लकड़ियां काटीं और उनका ढेर लगा दिया। सांझ होने को आई तो मै उस जगह की ओर चल दिया, जहां से जंगल शुरू होता है। हम उसी जगह पर अक्सर मिला करते थे जंगल से लौटने के बाद। मैं उस जगह पर पहुंचा तो देखा कि पड़ोसी पहले से ही इंतजार कर रहा है। मैं पास गया तो बोला कि क्या हुआ। वो बहुत डरा हुआ लग रहा था। मैंने पूछा क्या हुआ। बोला यार बड़ी अजीब चीज देखी जंगल में। मैंने पूछा कि ऐसा क्या देख लिया।

बोला कि बीच में थकान सी हुई तो मैंने सोचा घंटा भर नींद लगा लूं। वहीं लकड़ियों के चट्ठे के बीच तौलिया रखकर सो गया मै। नींद में ऐसा लगा कि कोई महिला मुझे आवाज दे रही है। नींद खुली और उठकर आसपास देखा। फिर आवाज आई तो कम से कम 100 मीटर दूर पेड़ों के बीच एक महिला दिखाई दी। उससे भी अजीब बात ये कि उसके कंधों पर एक बूढ़ा बैठा हुआ था, जो दूरबीन से मेरी तरफ देख रहा था। बड़ा अजीब सीन था यार। मैं उनकी तरफ करीब एक मिनट देखकर समझने की कोशिश करता रहा कि है क्या मामला। डर के मारे मेरी आत्मा कांप रही थी। न वो मेरी तरफ आ रहे थे, न जा रहे थे। मैं तो अपनी जगह फंस ही गया था। इतने में उस बूढ़े ने जब दूरबीन हटाई तो मुझे उसका चेहरा दिखाई दिया। और भाई चेहरा देखा तो मैं बेहोश हो गया। मेरा दादू बैठा हुआ था उस औरत के कंधों पर वो भी अपने उन कपड़ों में, जो उसने इधर-उधर जने को रखे हैं। इसके बाद वो महिला मुड़ी और दादू समेत जंगल में चली गई। तबसे भागकर मैं यहीं जंगल से बाहर बैठा हुआ हूं।

Indicative image
Indicative image

 

उस पडो़सी की कहानी सुनकर मैं डर गया, मगर मैंने उसको बोला यार तूने कोई सपना देखा है। दिन में सोएगा तो ऐसा ही होगा। ऐसा कभी हो सकता है क्या। तो पड़ोसी बोला कि नहीं भाई, नींद नहीं थी, मैंने पूरे होशो-हवास मे देखा है। भ्रम का तो सवाल ही पैदा नहीं होता। मैं तो उसके बाद सीधा भागकर यहां आया हूं। मैंने कहा कि चल छोड़ ये बातें, घर चलते हैं।

पड़ोसी तो डर के मारे खाली आ गया था, मैं थोड़ा सा गट्ठर ले आया था लकड़ियों का और बाकी लकड़ियां अगले दिन लानी थीं। तो अपने गट्ठर के मैंने दो गट्ठर बनाए और आधी लकड़ियों पड़ोसी को दे दीं। घंटा भर पैदल चलकर रात के अंधेरे में जब हम घर के पास पहुंचे तो किसी के रोने की आवाज सुनाई दी। खूब महिलाएं रो रही थीं, कुछ समझ नहीं आ रहा था। लकड़ियां हमने यूं ही एक खेत में फेंकी और घर की तरफ दौड़ पड़े। घर गए तो पता चला कि मेरे साथ जो पड़ोसी गया है, उसके घर पर ही लोग इकट्ठे हुए पड़े हैं, महिलाएं रो रही हैं। पता चला कि घर का बुजुर्ग यानी मेरे साथ जंगल मे गए पड़ोसी के दादू का देहांत हो गया है शाम को। यह सुनकर मेरे पैरों तले जमीन खिसक गई। मुझे पड़ोसी का सुनाया किस्सा याद आया, जिसमें उसने दादू को अजीब हालत में किसी महिला के कंधे पर सवाल देखा था जंगल में।

इस ख्याल से मैं कितना डर गया था, यह मैं ही जानता हूं। मैंने जब ये किस्सा वहां पर आए बाकी लोगों को सुनाया तो कुछ हैरान हुए तो कुछ मुझे बेवकूफ समझने लगे। जब मेरे साथ जंगल में गए पड़ोसी ने भी बताया कि उसके साथ यही हुआ था, तब लोग गंभीर हुए मगर वे कर भी क्या सकते थे। कई दिनों तक यही किस्सा गांव समाज में बातों में छाया रहा।”

बुजुर्ग ने अपने साथ हुई यह घटना सुनाई तो हम सब सन्न रह गए। सन्न इसलिए भी रह गए, क्योंकि उसी दिन हमारे ग्रुप में साथ आए एक लड़के पिंटू के साथ भी ऐसा ही कुछ हुआ था। रात टेंट मे गुजारने के बाद जब हम लोग दिन में नदी किनारे बैठकर गुनगनी धूप सेंक रहे थे, तब पिंटू अकेला ही कैमरा लेकर जंगल में चला गया था। कुछ देर बाद वह दौड़ा-दौड़ा चला आया था। उसने आकर बताया कि उसे ऊफर एक महिला दिखी, जो अपने कंधे पर किसी आदमी को बिठाकर जंगल की ओर जा रही थी। उसने बताया कि कंधे पर बैठा वो आदमी उसे अपने जीजा जैसा लग रहा था।

दिन में हम सबने सोचा था कि पिंटू मसखरी कर रहा है, मगर बुजुर्ग की बात सुनकर हमारे होश उड़ गए थे। अब हमने बुजुर्ग और उसके साथ बैठे लोगों को बताया कि दिन मे हमारे साथी को भी कुछ ऐसा दिखा है। यह सुनकर बुजुर्ग कुछ परेशान सा हो गया। उसने बोला कि घर में फोन करके पूछ लो कि सब ठीक तो है। आग के अलाव को हम सब वहीं छोड़कर बस अड्डे की तरफ दौड़े, क्योंकि वहीं से कहीं फोन किया जा सकता था। पिंटू ने अपनी दीदी के घर पर फोन लगाया तो वहां किसी ने उठाया नहींं। फिर उसने अपने पड़ोसी के यहां फोन लगाया, क्योंकि उसके अपने घर पर फोन नहीं था। पड़ोसी के फोन उठाने  पर उसने कहा कि किसी को घर से बुला दो। इस पर जवाब मिला कि घर पर कोई नहीं है, क्योंकि सब तुम्हारी दीदी के यहां गए हैं, तुम्हारे जीजा जी बिजली के खंभे पर चढ़े थे कि उन्हें करंट लग गया है। हॉस्पिटल में ऐडमिट हैं।

पिंटू के जीजा बिजली विभाग में थे। फोन पर हुई बातचीत सुनकर हम सभी घबरा गए। तरह-तरह के कयास लगते रहे। घंटे भर में बस आ गई और हम अगली सुबह ऊना उतर गए। वहं से सीधे घर पहुंचे तो मालूम हुआ कि पिंटू के जीजा की मौत हो गई थी कल हॉस्पिटल में ही। इसके बाद पिंटू समेत हम सब लोग सदमे में आ गए। कई दिन तक हम सब बीमार पड़े रहे। किसी को डॉक्टर को दिखाया गया था किसी को झाड़फूंक कराई गई। डर के मारे बुखार उतर नहीं रहा था मेरा भी। आज तो इस घटना से उबर चुका हूं, मगर जंगल मे जाने से डर लगता है। मन में अजीब सा डर बैठ गया है।

पता नहीं पिंटू का वहम था या क्या था। अगर संयोग से भी ऐसा कोई भ्रम हुआ तो कई साल पहले उस बूढ़े के साथ वैसी ही घटना कैसे हो गई थी? हमारे साथ घटना पहले हुई और बूढ़े ने अपनी बात बाद में बताई, तो ऐसे में यह भी नहीं कहा जा सकता कि पिंटू ने उस कहानी के आधार पर वहम ेक आधार पर कहानी गढ़ ली हो। अगर ये सब भ्रम नहीं था तो वह महिला कौन थी और क्यों उसके कंधे पर सवार दिखने वाले व्यक्ति की मौत होती थी। क्या उस जंगल में ही कुछ बात है या वह महिला जंगल में आने वाले किसी व्यक्ति को चुनकर उसके किसी परिजन को ले जाती है? कई सवाल मेरे मन में उमड़ते-घुमड़ते हैं। मैंने कोशिश भी नहीं की चंबा या किसी और जगह के व्यक्ति से यह पूछने की कि इस तरह की घटनाएं और किसके साथ हुई हैं। मैं यही कामना करता हूं कि यह सिर्फ भ्रम और संयोग की मिली-जुली बानगी भर हो।

हॉरर एनकाउंटर सीरीज में अन्य लोगों की आपबीती पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

(लेखक ऊना से है और इन दिनों चंडीगढ़ में निजी विश्वविद्यालय के फाइनैंस डिपार्टमेंट में हैं। उन्होंने नाम बदलने की गुजारिश के साथ हमें यह कहानी भेजी थी, जिसे हम मूल घटनाओं से छेड़छाड़ किए बिना देवनागरी में पेश कर रहे हैं। )

जानें, HPCA जमीन अतिक्रमण मामले में क्या था विजिलेंस की चार्जशीट में

इन हिमाचल डेस्क।। HPCA स्टेडियम धर्मशाला के जुड़ी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के मामले में अनुराग समेत 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की याचिका रद हो गई है (खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)। जमीन अधिग्रहण का यह मामला हिमाचल पुलिस देख रही। प्रदेश सरकार का कहना है कि हिमाचल प्रदेश विजिलेंस डिपार्टमेंट का मामला अभी बाकी, जो अभी कोर्ट में है। इस मामले की छानबीन के बाद विजिलेंस डिपार्टमेंट ने अपनी रिपोर्ट में क्या पाया था, इस बारे में पत्रिका ‘आउटलुक’ ने एक विस्तृत आर्टिकल छापा था। हम उसका हिंदी अनुवाद नीचे दे रहे हैं।इंग्लिश में मूल रिपोर्ट का लिंक इस आर्टिकल के आखिर में दिया गया है।

आउटलुक की रिपोर्ट:
‘हिमाचल में 1960 से ही क्रिकेट असोसिएशन थी, मगर नाम भर की थी। इसीलिए अनुराग ने पंजाब की तरफ से खेलना पसंद किया। कुछ दिनों बाद उन्होंने क्रिकेट के बिज़नस में शिफ्ट होने का फैसला लिया। पंजाब के एक स्पोर्ट्स राइटर का कहना है कि अनुराग ने पंजाब की क्रिकेटिंग बॉडी में शामिल होने की कोशिश भी की थी 90 के दशक में, मगर बाहरी होने की वजह सफलता नहीं मिली। अनुराग का लक्ष्य बीसीसीआई था। पंजाब का रास्ता उनके लिए लंबा पड़ता क्योंकि जिस लॉबी का पंजाब क्रिकेटिंग बॉडी पर कब्जा था, उसके रहते यह काम मुश्किल था। इसी दौरान, अनुराग के पिता प्रेम कुमार धूमल हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बन गए 1998 से 2003 तक। अनुराग ने वक्त नहीं गंवाया और 2000 में असोसिएशन के प्रेजिडेंट चुने गए। उनके पिता पैट्रन इन चीफ बन गए। उनका पहला प्रॉजेक्ट था- धर्मशाला में क्रिकेट स्टेडियम बनाना।

विजिलेंस की चार्जशीट के मुताबिक इस प्रस्ताव को राज्य के यूथ सर्विसेज़ और स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट के सामने रखा गया। फाइनैंस डिपार्टमेंट ने इसे ओके कह दिया, मगर सुझाव दिया कि लीज रेंट देने के लिए मार्केट रेट अप्लाई किया जाए, क्योंकि टिकट की बिक्री और स्पॉन्सरशिप वगैरह से स्टेडियम को इनकम होगी। बीसीसीआई प्रेजिडेंट अनुराग ठाकुर। बीसीसीआई प्रेजिडेंट अनुराग ठाकुर। मगर जब मामला कैबिनेट के पास पहुंचा- HPCA प्रेजिडेंट के पिता होने के बावजूद- प्रेम कुमार धूमल ने उस मीटिंग की अध्यक्षता की, जिसने 16 एकड़ जमीन को 99 साल तक 1 रुपये प्रति माह की दर से लीज़ पर देने को मंजूरी दी। HPCA ने और भी चालाकी दिखाई और लीज़ पर मिली ज़मीन को दो निजी कंपनियों सब-लीज़ पर दे दिया, ताकि स्टेडियम के सामने पहाड़ियों के नजारे दिखाते दो होटेल पविलियन और अवेडा (अब दोनों बंद हैं) बनाए जा सकें।

अवेदा को क्लबहाउस के ऊपर बनाया गया था और उससे ग्राउंड का बड़ा हिस्सा नजर आता था। स्टेडियम के अलावा, कैबिनेट ने खिलाड़ियों के लिए रेजिडेंशल क्वार्टर बनाने की लीज़ भी दे दी। विजिलेंस ब्यूरो की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों होटलों को 2012-2013 में 2 करोड़ रुपये का टर्नओवर हुआ, मगर हिमाचल सरकार को उस जमीन के बदले सिर्फ साल के 12 रुपये ही मिले। हालांकि अनुराग ठाकुर इसका खंडन करते हैं। ब्यूरो की रिपोर्ट कहती है कि HPCA ने कानून लीज़ पर मिली 50 हजार स्क्वेयर फुट जमीन के अलावा 3000 स्क्वेयर फुट एक्स्ट्रा जमीन पर एनक्रोचमेंट कर ली। यह जानकारी बाहर नहीं आती, अगर यूजीसी से फंडेड सरकारी कॉलेज इस स्टेडियम से न सटा होता।

2002 में धूमल सरकार अतिरिक्त जमीन अधिग्रहित करने में नाकाम रही, क्योंकि गवर्नमेंट पीजी कॉलेज के पास वह जमीन थी। मगर अपनी सेकंड टर्म (2008-12) में मुख्यमंत्री रहते हुए अपने बेटे के लिए इस समस्या का समाधान भी प्रेम कुमार धूमल ने कर दिया। जब स्टेडियम बन रहा था, कॉलेज ने निर्माण के लिए NOC दे दिया था, मगर तीन शर्तें रखी थीं। पहली यह कि भविष्य में कॉलेज के विस्तार के लिए पर्याप्त जगह रखी जाए। दूसरी यह कि कॉलेज के स्टूडेंट्स को स्डेडियम इस्तेमाल करने की इजाजत हो और तीसरी यह कि कॉलेज के लिए अलग से एंट्री रखी जाए ताकि इसकी पनी ऐक्टिविटीज़ में कोई दिक्कत न हो।

विजिलेंस के मुताबिक 2008 में धूमल ने अपने दूसरे कार्यकाल में कांगड़ा के डीसी के.के. पंत के साथ स्पेशल मीटिंग की, जिसका मकसद पीजी कॉलेज को खंडित और इस्तेमाल के लिए असुरक्षित घोषित करवाना था कि यह खिलाड़ियों के लिए भी खतरनाक है। पंत और जिले के अन्य अधिकारियों ने मार्च 2008 में मीटिंग की और कॉलेज प्रिंसिपल को बिल्डिंग को अन्य जगह पर शिफ्ट करने का आदेवन करने को कहा। सरकारी कॉलेज में अब तक किसी ने शिकायत नहीं की थी कि बिल्डिंग जीर्ण हो चुकी है। मगर HPCA के अधिकारियों, जो उस मीटिंग में थे, ने कहा कि हम लोग बिल्डिंग की वजह से क्रिकेटर्स की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। इसके तुरंत बाद जिले के अधिकारियों ने बिल्डिंग को असुरक्षित घोषित कर दिया, जबकि यह 25 साल ही पुरानी थी और 2 साल पहले ही इसकी मरम्मत हुई थी। एजुकेशन डिपार्टमेंट ने कोई दखल नहीं दिया (इन्हें भी चार्जशीट में नामजद किया गया है)।

जुलाई 2008 में अनुराग ठाकुर ने स्टेडियम के साथ 720 स्क्वेयर मीटर और जमीन मांगी, मगर इस जमीन पर कॉलेज की इमारत खड़ी थी। इस जमीन के लिए फॉरेस्ट डिपार्टमेंट द्वारा दी गई मंजूरी पर भी सवाल उठे हैं। चार्जशीट में कहा गया है कि वन विभाग ने 1980 में यहां 2000 पेड़ लगाए थे। मगर क्लियरेंस देते वक्त वन विभाग ने कहा कि जमीन बंजर है। (एचपीसीए पर 500 पेड़ काटने का आरोप है)।

पढ़ें: अनुराग ठाकुर ने ऐसे तय किया BCCI अध्यक्ष पद का रास्ता

नोट: उपरोक्त बातें आउटलुक के आर्टिकल का हिंदी अनुवाद है, इसमें अपनी तरफ से कोई बात नहीं जोड़ी गई। इस आर्टिकल में सारी बातें विजिलेंस डिपार्टमेंट द्वारा दाखिल चार्जशीट पर आधारित हैं। मूल आर्टिकल पर जाने के लिए यहां क्लिक करें। मामला कोर्ट में लंबित है।