अगर हिमाचल प्रदेश में आज चुनाव हो जाएं तो क्या रहेगा नतीजा?

इन हिमाचल डेस्क।। साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। यह भी देखा जाने लगा है कि कौन सी सीट पर कौन सा उम्मीदवार जिताऊ साबित होगा। इसके लिए सभी पार्टियां अपने स्तर पर विभिन्न एजेंसियों से सर्वे करवा रही हैं। इस सबके बीच इन हिमाचल ने भी यह भांपने की कोशिश की है कि इस बार के विधानसभा चुनावों के नतीजे कैसे रह सकते हैं।

इससे पहले कि आगे बढ़ें, बता दें कि 2017 के विधानसभा चुनावों से पहले भी इन हिमाचल ने सर्वे किया था (यहां क्लिक या टैप करके देखें) और उसका आकलन काफी हद तक सटीक रहा था। सर्वे में यह पाया गया था कि कांग्रेस की सरकार हटने वाली है और भाजपा सत्ता में आएगी। हालांकि, कुछ सीटों पर चुनावों के परिणाम सर्वे के अनुमान से उलट रहे थे लेकिन पार्टियों को मिलने वाली सीटों का अनुमान उन्हें मिली वास्तविक सीटों के बहुत करीब था। देखें:

पार्टी 2017 में इन हिमाचल के सर्वे का अनुमान 2017 के चुनावों का वास्तविक परिणाम
बीजेपी 43 44
कांग्रेस 24 22
अन्य 1 2

 

चूंकि अभी चुनाव को समय है और दल-बदल का भी दौर जारी है, ऐसे में चुनाव के नतीजे क्या रहेंगे, अभी से इसका सटीक अनुमान नहीं लगाया जा सकता। चुनावों से ठीक पहले तक स्थिति साफ हो जाएगी कि कहां से कौन चुनाव लड़ने वाला है। उस दौरान होने वाले सर्वे भी काफी हद तक सटीक रहेंगे। हम उस दौरान आप तक जनता की राय पहुंचाने की कोशिश करेंगे। लेकिन अभी राजनीतिक दलों और उनके नेताओं की स्थिति क्या है, यह जानने के लिए हमने एक अलग तरीका अपनाया।

तीन वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषकों की राय
इन हिमाचल ने तीन वरिष्ठ पत्रकारों/राजनीतिक विश्लेषकों से संपर्क किया जो हिमाचल की राजनीति को लंबे समय से देख रहे हैं और लगभग हर सीट की राजनीतिक स्थिति को लेकर भी उनकी बारीक समझ है। हमने उन्हें सभी 68 सीटों की एक सूची सौंपी और यह आकलन करने को कहा कि वर्तमान में किस सीट पर किस पार्टी का पलड़ा भारी है- भाजपा का या कांग्रेस का? इस शीट में हर विधानसभा सीट के आगे के कॉलम में उन्होंने उस पार्टी का नाम भरा, जो वहां मजबूत है। जिन सीटों को लेकर वे किसी एक नतीजे पर नहीं पहुंचे, उस कॉलम को उन्होंने खाली छोड़ दिया।

तीनों विशेषज्ञों ने यह भी माना कि भले ही आम आदमी पार्टी इस बार काफी जोर लगा रही है लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं लग रहा कि वह इस बार एक भी सीट जीत पाएगी। हालांकि, उनका यह जरूर मानना है कि आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कुछ जगहों पर कुछ वोट जरूर काट सकते हैं।

नीचे हमने तीनों विशेषज्ञों के अनुमान दिए हैं। आप देखेंगे तो पाएंगे कि कुछ सीटें तो ऐसी हैं जहां पर तीनों विशेषज्ञों ने एक ही पार्टी का पलड़ा भारी दिखाया है। वहीं कहीं पर दो पत्रकार एक पार्टी को हावी मान रहे हैं तो कहीं पर एक विशेषज्ञ दूसरी पार्टी को। कुछ जगहें ऐसी हैं, जहां पर एक विश्लेषक ने एक पार्टी को हावी बताया है और दूसरे ने दूसरी को। वहीं तीसरे विश्लेषक ने उस जगह के कॉलम को खाली छोड़ा है।

विधानसभा सीट वर्तमान स्थिति विशेषज्ञ 1 का आकलन विशेषज्ञ 2 का आकलन विशेषज्ञ 3 का आकलन
Churah BJP BJP BJP
Bharmour BJP INC INC INC
Chamba BJP INC INC BJP
Dalhousie INC INC BJP INC
Bhattiyat BJP BJP INC BJP
Nurpur BJP BJP BJP INC
Indora BJP BJP INC BJP
Fatehpur INC INC BJP INC
Jawali BJP INC BJP BJP
Dehra Independent BJP BJP BJP
Jaswan-Pagarpur BJP BJP BJP BJP
Jawalamukhi BJP BJP BJP
Jaisinghpur BJP BJP BJP BJP
Sullah BJP BJP BJP BJP
Nagrota Bagwan BJP INC INC INC
Kangra INC INC BJP INC
Shahpur BJP BJP INC INC
Dharamshala BJP BJP BJP BJP
Palampur INC INC INC INC
Baijnath BJP INC INC
Lahaul Spiti BJP BJP INC BJP
Manali BJP BJP INC INC
Kullu INC INC INC INC
Banjar BJP INC INC
Anni BJP INC INC INC
Karsog BJP INC BJP BJP
Sunder Nagar BJP BJP BJP BJP
Nachan BJP BJP INC INC
Seraj BJP BJP BJP BJP
Drang BJP BJP BJP INC
Joginder Nagar Independent INC BJP BJP
Dharampur BJP BJP BJP BJP
Mandi BJP BJP BJP
Balh BJP INC BJP INC
Sarkaghat BJP INC BJP
Bhoranj BJP BJP INC BJP
Sujanpur INC INC BJP INC
Hamirpur BJP INC BJP
Barsar INC BJP BJP INC
Nadaun INC INC INC INC
Chintpurni BJP INC INC
Gagret BJP BJP BJP
Haroli INC INC INC INC
Una INC BJP BJP INC
Kutlehar BJP BJP BJP BJP
Jhanduta BJP BJP
Ghumarwin BJP BJP INC INC
Bilaspur BJP BJP BJP BJP
Sri Naina devi INC BJP BJP INC
Arki INC BJP BJP INC
Nalagarh BJP INC INC
Doon BJP INC BJP INC
Solan INC BJP BJP INC
Kasauli BJP BJP BJP BJP
Pachhad BJP BJP BJP BJP
Nahan BJP BJP BJP BJP
Sri Renukaji INC INC INC INC
Paonta Sahib BJP BJP BJP BJP
Shillai INC BJP BJP BJP
Chopal BJP BJP BJP BJP
Theog CPI (M) INC INC INC
Kusumpti INC INC INC INC
Shimla Urban BJP INC BJP INC
Shimla Rural INC INC INC INC
Jubbal-Kotkhai INC INC INC INC
Rampur INC INC INC INC
Rohru INC INC INC INC
Kinnaur INC INC BJP INC
 Total- 68  अनुमान BJP- 36

INC- 31

Uncertain-1

BJP=40

INC=27

Uncertain-1

BJP=24

INC=34

Uncertain-10

 

ऊपर के टेबल से यह स्पष्ट होता है कि दो विश्लेषकों के मुताबिक जहां भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में वापसी के आसार हैं, वहीं एक का मानना है कि फिलहाल कांग्रेस का पलड़ा भारी है। हालांकि, उन विश्लेषक ने 10 सीटें ऐसी मानी हैं जहां पर बाजी इधर से उधर हो सकती है और काफी कुछ टिकट आवंटन पर निर्भर करेगा।

तीनों विशेषज्ञों के अनुमान का अगर औसत निकालें तो आंकड़े इस तरह बनते हैं:

राजनीतिक दल कितनी सीटों पर पलड़ा भारी
भारतीय जनता पार्टी 33
कांग्रेस 31
अनिश्चितता- 4 सीटों पर

 

ध्यान दें, हिमाचल प्रदेश में बहुमत के लिए 35 सीटों की आवश्यकता होती है। अनुमानों के औसत के ये आंकड़े 1998 के चुनावों की याद दिला रहे हैं जब रोमांचक स्थिति पैदा हो गई थी। तब चुनाव के नतीजे कुछ इस तरह से थे-

    पार्टी सीटें
कांग्रेस 31
भाजपा 31
निर्दलीय 1
हिमाचल विकास कांग्रेस 5
कुल 68

 

हालांकि, तब भारतीय जनता पार्टी हिमाचल विकास कांग्रेस के समर्थन की मदद से सरकार बनाने में सफल रही थी।

निष्कर्ष: बहरहाल, ऊपर का अनुमान सिर्फ तीन विशेषज्ञों की राय है न कि आम जनता का। फिर भी ये अनुमान इशारा कर रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी भले ही थोड़ी आगे हो लेकिन मुकाबला टक्कर का है। विशेषज्ञों का मानना है कि भले ही कांग्रेस जहां नेतृत्व के संकट से जूझ रही है लेकिन उसे दो कारणों से लाभ मिलता दिख रहा है। कुछ सीटों पर तो भाजपा के विधायकों व मंत्रियों के एंटी-इनकमबेंसी है लेकिन उससे भी ज्यादा चिंता की बात है- कई सारी सीटों पर टिकट के कई सारे दावेदारों का उभरना।

विश्लेषकों का यह भी मानना है कि कांग्रेस के नेता अभी भी एकजुट नहीं दिख रहे। साथ ही साथ, वे रणनीति बनाकर सरकार को वाजिब मुद्दों पर घेरने के बजाय अलग-अलग विषय उठा रहे हैं जिसका जमीन पर कोई असर नहीं हो रहा। साथ ही, कुछ नेताओं का अनावश्यक आक्रामक होना और कई बार हल्के बयान दे जाना भी कांग्रेस को नुकसान पहुंचा रहा है। वहीं भारतीय जनता पार्टी अपने नाराज या महत्वाकांक्षी कार्यकर्ताओं को भी संभाल नहीं पा रही। इसके कारण पब्लिक ऑपिनियन प्रभावित हो रहा है।

हो सकता है आने वाले समय में दोनों पार्टियों की रणनीति में बदलाव हो। उसके बाद बनने वाले हालात को भांपकर हम फिर एक सर्वे लाएंगे जो पूरी तरह से जनता का ऑपिनियन होगा। तब तक, आप कॉमेंट करके बता सकते हैं कि आपकी राय क्या है। साथ ही, पढ़ते और देखते रहिए- इन हिमाचल।

हिमाचल घूमकर दिल्ली लौटा व्यक्ति मंकीपॉक्स का शिकार, मौलाना मेडिकल कॉलेज में भर्ती

कुल्लू ।। हिमाचल घूमकर दिल्ली लौटा एक व्यक्ति मंकीपॉक्स संक्रमित है। व्यक्ति को मंकीपॉक्स होने की पुष्टि भी चुकी है और मरीज फिलहाल मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है।

जानकारी के अनुसार व्यक्ति पश्चिमी दिल्ली का रहने वाला है और हाल ही में मनाली घूमकर लौटा है। कुछ दिन पहले ही उसे मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है।

व्यक्ति में मंकी पॉक्स के लक्षण दिख रहे थे। इसके बाद मरीज के सैंपल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी पुणे भेजे गए थे। टेस्ट के बाद मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। बताया जा रहा है कि यह दिल्ली का पहला और देश का चौथा मंकीपॉक्स का केस है।

मंकीपॉक्स: क्या है अमेरिका और 9 यूरोपीय देशों में फैली ये बीमारी

लाहौल स्पीति में चीनी महिला गिरफ्तार, दो साल पहले खत्म हो चुका था वीजा

केलांग।। लाहौल स्पीति के दारचा में एक चीनी महिला को गिरफ्तार किया गया है। महिला का वीजा दो वर्ष पहले ही खत्म हो चुका था। महिला को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार 22 जुलाई को जिला लाहौल स्पीति की पुलिस चैक पोस्ट दारचा में एक टैक्सी पहुंची। टैक्सी में बैठी सवारियां लेह जा रही थीं। दारचा चैक पोस्ट पर ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी ने वाहन की एंट्री की। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी को एक महिला पर शक हुआ।

महिला विदेशी मूल की थी। इसके बाद जब उसका पासपोर्ट चैक किया गया तो पता चला कि महिला दो वर्ष से भारत में अवैध तरीके से रह रही थी। महिला का वीजा दो वर्ष पहले ही एक्सपायर हो चुका था। पूछताछ में पता चला कि महिला चीनी मूल की है। गौरतलब रहे कि सामरिक दृष्टि से लाहौल स्पीति का महत्व होने के कारण जिले की चैक पोस्टों में आने-जाने वालों की जांच की जाती है।

 

भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुईं ठियोग की नेत्री इंदु वर्मा

नई दिल्ली।। पूर्व जिला परिषद सदस्य और महासू जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रहीं इंदु वर्मा ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। उनके पति दिवंगत राकेश वर्मा ठियोग से तीन बार विधायक रहे। दो बार वह निर्दलीय जीते और एक बार भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर। राकेश वर्मा ने पिछले दो चुनाव (2012 और 2017) भाजपा के टिकट पर लड़े थे मगर उनकी हार हुई थी।

इंदु वर्मा के कांग्रेस में शामिल होने को भारतीय जनता पार्टी के लिए एक झटके के रूप में इसलिए भी देखा जा रहा है क्योंकि वह भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य भी थीं। उन्हें हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने शुक्रवार को नई दिल्ली में कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के नेता एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा भी मौजूद रहे।

दो बार अलग-अलग वॉर्ड से जिला परिषद चुनी गईं इंदु वर्मा के पति राकेश वर्मा 1993 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा पहुंचे थे। फिर उन्होंने 1998 में बीजेपी के टिकट से चुनाव लड़ा मगर उनकी हार हुई।

इसके बाद 2003 और 2007 में उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और दोनों बार जीत हासिल करके विधानसभा पहुंचे। इसके बाद अगले दो चुनावों (2012 और 2017) में उन्हें बीजेपी का टिकट मिला था मगर वह वह जीत नहीं पाए। 2020 में उनका निधन हो गया था।

मुख्यमंत्री को लात मारने वाले वीडियो के बाद फिर विवाद में आया कांग्रेस संबंधित पेज

शिमला।। हिमाचल प्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे राजनीतिक मर्यादाएं तार-तार होती नजर आ रही हैं। एक ओर जहां राजनीति में एक-दूसरे को गरिमा और संस्कारों का ध्यान रखने की नसीहत दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर कमर से नीचे वार किए जा रहे हैं।

ताजा मामला है कांग्रेस से संबंधित एक फेसबुक पेज का जिसने पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को लात मारने वाला वीडियो डाला था। अब इसी पेज ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उनकी कैबिनेट के सदस्यों को लुटेरा करार दिया है। हालांकि, अब इस पोस्ट को उन्होंने लोगों के विरोध वाली टिप्पणियां आने के बाद हटा दिया है।

अब पेज से इस पोस्ट को हटा दिया है

गौरतलब है कि ‘जोइया मामा सुनदा नहीं’ नाम से बना यह पेज पिछले कुछ समय से लगातार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और सरकार से संबंधित कार्टून और मीम डाल रहा है। सरकार को जनता से जुड़े विषयों पर घेरना तो ठीक है लेकिन इसमें कई बार आपत्तिजनक टिप्पणियां भी जाती रही हैं। कुछ ऐसे वीडियो भी डाले गए जिनका जनता ने भी विरोध किया था। जैसे कि यह वीडियो।

इस पेज को लेकर काफी समय से सवाल उठ रहे थे कि इसमें कौन इस तरह का कॉन्टेंट डालता है। लोगों ने जब अभद्र पोस्ट्स को लेकर विरोध वाले कॉमेंट्स किए थे तो पेज के एडमिन्स की तरफ से एक सफाई वाला संदेश भी डाला गया था। लेकिन ‘इन हिमाचल’ ने पड़ताल में पाया कि इस पेज का संबंध हिमाचल प्रदेश कांग्रेस या उसके किसी दिग्गज नेता से है। दरअसल ‘जोइया मामा सुनदा नहीं’ पेज को चलाने वाले ‘अपना हिमाचल अपनी कांग्रेस’ नाम के फेसबुक पेज का भी संचालन करते हैं।

सामान्य पेज नहीं है ‘अपना हिमाचल अपनी कांग्रेस’

9 अप्रैल 2022 को ‘जोइया मामा सुनदा नहीं’ पेज बनाया गया और उसके अगले ही दिन, 10 अप्रैल को ‘अपना हिमाचल अपनी कांग्रेस’ पेज बनाया गया। खास बात यह है कि इन दोनों ही पेजों को अमित कुमार सिंह नाम के व्यक्ति ने बूस्ट (पैसा लगाकर ज्यादा लोगों तक पहुंचाने किए विज्ञापन चलाना) किया है।

इस पेज को अमित कुमार सिंह ने बूस्ट किया है

इसी व्यक्ति ने कई बार इन दोनों पेजों को बूस्ट किया है। इसकी पुष्टि इन दोनों पेजों की Ad Library में जाकर की जा सकती है।

अपना हिमाचल अपनी कांग्रेस को भी अमित कुमार सिंह ने बूस्ट किया है

‘जोइया मामा सुनदा नहीं’ जहां सरकार और मुख्यमंत्री पर निशाना साधता है, वहीं ‘अपना हिमाचल अपनी कांग्रेस’ लगातार प्रतिभा सिंह, विक्रमादित्य सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के संबंध में सकारात्मक पोस्ट्स डाल रहा है। हालांकि, पिछले कुछ समय से इसने मुकेश अग्निहोत्री और सुखविंदर सुक्खू से संबंधित पोस्ट्स डालना भी शुरू किया है।

खास बात यह है कि इस पेज पर कांग्रेस मुख्यालय में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस का फेसबुक लाइव भी किया गया है। इन तथ्यों से इंगित होता है कि दोनों पेजों के संचालक एक ही हैं। हालांकि, इस संबंध में कांग्रेस का पक्ष सार्वजनिक नहीं हो पाया है। पार्टी के हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला को इस संबंध में ईमेल भेजा गया है। जैसे ही उनका जवाब मिलेगा, उसे प्रकाशित किया जाएगा।

भाजपा नेत्री का रोड रेज का वीडियो वायरल, बोलीं- ये साजिश है

शिमला।। सोशल मीडिया पर रोड रेज का वीडियो वायरल होने के बाद इस वीडियो में दिख रही भाजपा की नेत्री ने सफाई देते हुए इसे साजिश बताया है। वायरल वीडियो में भाजपा नेत्री शीतल व्यास दिख रही हैं जो एक कार चालक से बहस कर रही हैं। इस दौरान वह आक्रामक हैं और अपशब्द इस्तेमाल करते हुए धमका भी रही हैं। कार चालक भी बहस कर रहा है। आखिर में जाते हुए भाजपा नेत्री आपत्तिजनक शब्द कहती हैं जिस पर कार में बैठी महिला आपत्ति जताती है। यह वीडियो कार के अंदर से ही बनाया गया है।

अब इस वीडियो के वायरल होने के बाद भाजपा नेत्री अपने फेसबुक पेज पर लिखा है कि जिस वीडियो में उन्हें दिखाया जा रहा है, वह 1 जुलाई, 2022 की घटना है और इसकी शिकायत वह करवा चुकी हैं। उन्होंने पोस्ट के साथ पुलिस को दी शिकायत की प्रति भी साझा की है। पोस्ट में उन्होंने लिखा है, “विनोद शर्मा नाम के शख्स ने गाड़ी का पीछा करके पहले अभद्र तरीके से तू-तड़ाक की।” हालांकि, इस मामले में अभी विनोद शर्मा नाम के शख्स का पक्ष सार्वजनिक नहीं हुआ है।

आगे शीतल व्यास ने लिखा है, “जानबूझकर मीडिया में इस वीडियो को घटना के 17 दिन बाद डाला जा रहा है ताकि विक्रमादित्य सिंह के बयान से सभी का ध्यान हटाया जा सके।” गौरतलब है कि इन दिनों विक्रमादित्य सिंह रोहड़ू में भाजपा नेत्री को लेकर एक टिप्पणी करने को लेकर आलोचना में घिरे हुए हैं।

शीतल व्यास लिखती हैं, “मैं भाजपा में किसी दायित्व पर नहीं हूं और ये मेरा निजी जीवन है। इसलिए पार्टी के खिलाफ मुझे हथियार बनाने वालों से आग्रह है कि ये षडयंत्र बंद करें वरना कानून के दरवाजे हमेशा खुले हैं।”

गौतलब हैं कि शीतल व्यास अधिवक्ता भी हैं और पिछले साल भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा की एक अन्य पदाधिकारी के साथ उनकी बहस का ऑडियो वायरल हो गया था। इसके बाद इन दोनों नेत्रियों को निलंबित कर दिया गया था। कुछ समय पहले ही इनका निलंबन वापस हुआ है।

आक्रामक हुई भाजपा, पूछा- स्कूटर पर सेब किसने ढोए?

शिमला।। चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं और सोशल मीडिया पर एक-दूसरे पर वार करना शुरू कर दिया है। इस बीच अब तक अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाने में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने अब सियासी वार करना भी शुरू कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के आधिकारिक फेसबुक पेज पर पोस्ट किया गया है- हिमाचल में स्कूटर पर सेब ढोकर करोड़ों रुपये किसने कमाए?

इसे सीधे तौर पर कांग्रेस और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह पर निशाना माना जा रहा है। गौरतलब है कि आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्डरिंग को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह और बेटे विक्रमादित्य सिंह पर मामले दर्ज हुए थे। वीरभद्र सिंह के निधन के बाद उनसे तो मामले हट गए हैं मगर अन्य अभियुक्तों पर केस चल रहे हैं और वे जमानत पर हैं।

आय से अधिक मामले में संपत्ति और मनी लॉन्डरिंग के आरोपों के चलते ही वीरभद्र सिंह को केंद्रीय इस्पात मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

क्या है मामला
वीरभद्र सिंह पर भ्रष्टाचार के आरोप उस समय लगे जब केंद्र में कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार थी और वह इस्पात मंत्री थे। 30 नवंबर और 1 दिसंबर 2010 को इस्पात इंडस्ट्रीज नामक उद्योग में आयकर विभाग ने छापा मारा। एक डायरी जब्त की गई जिसमें वीबीएस के आगे 2 करोड़ 80 लाख रुपये की राशि लिखी थी।

इस बीच यह भी पाया गया था कि केंद्र में मंत्री रहते वीरभद्र सिंह ने 2008 से 2011 के बीच अपने व अपने परिवार का बीमा करवाने के लिए 6 करोड़ 50 लाख की एकमुश्त किश्त नकद एलआईसी एजेंट के खाते में डाल दी थी।

छानबीन हुई तो 2 मार्च 2012 को वीरभद्र सिंंह ने वित्त वर्ष 2008-09, 2009-2010 और 2010-2011 की अपनी आयकर रिटर्न को संशोधित किया और सेब बगीचों की आय 47 लाख 35 हजार से बढ़ाकर 6 करोड़ 50 लाख से अधिक दर्शा दी।

ऐसी जानकारी सामने आई थी कि जून 2011 से नवंबर 2011 के बीच वक्कामुल्ला चंद्रशेखर नाम के शख्स के बैंक खातों से वीरभद्र सिंह और उनके परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में 5 करोड़ 90 लाख की धनराशि ट्रांसफर की गई थी।

ईडी ने जब सेब के बगीचों से दिखाई गई आय की पड़ताल की थी तो यह पाया गया था जिन वाहनों में सेब ढोए गए थे, उनमें एक नंबर स्कूटर का था। उस समय इस मामले को लेकर कांग्रेस वीरभद्र परिवार को लेकर असहज हो गई थी। अब फिर यह मामला उछालकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस को घेरने की कोशिश की है।

श्रीखंड यात्रा से लौट रहे युवकों की गाड़ी पर गिरा पत्थर, एक की मौत, तीन घायल

कुल्लू।। जिला कुल्लू के उपमंडल आनी के निरमंड में श्री खंड यात्रा से वापिस लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी पर पहाड़ी से पत्थर गिर गए। जिस कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई और गाड़ी में सवार 3 लोग घायल हो गए हैं। वहीं, सभी घायलों का रामपुर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

डीएसपी आनी रवींद्र सिंह नेगी ने बताया कि सोलन जिला के 4 श्रद्धालु 10 जुलाई को श्रीखंड यात्रा पर निकले थे और वीरवार को दर्शन कर वापिस लौट आए थे। वीरवार रात को श्रीखण्ड यात्रा से वापिस लौट रहे श्रद्धालुओं की कार, जिसमें चार व्यक्ति सवार थे। जाओं की ओर से बागीपुल होकर निरमण्ड आ रही थी। जैसे ही कार जाओं से कुछ नीचे पहुंची तो भारी बारिश के कारण अचानक पहाड़ी पर से भूस्खलन शुरू हुआ और कार पर बड़े पत्थर गिरने शुरू हो गए। इससे कार में सवार 4 व्यक्ति घायल हो गए।

वहां से गुजर रहे लोगों ने घटना की सूचना निरमण्ड पुलिस और 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा को दी चारों घायलों को जब सिविल अस्पताल निरमण्ड पहुंचाया गया तो वहां एक घायल को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि 3 घायलों में से दो घायलों को रामपुर अस्पताल रेफर किया गया है।

मृतक की पहचान देवानंद ( 31 ) पुत्र ओम प्रकाश निवासी गांव खिलजाफली डाकघर कुमारहट्टी जिला सोलन के रूप में हुई है। जबकि दिपक कुमार (36) पुत्र मिरकी राम गांव वशोलू खुर्द डाकघर धर्मपुर तहसील कसौली जिला सोलन और अक्षय कुमार (27) पुत्र प्रेम पाल हंस गांव व डाकघर धर्मपुर तहसील कसौली जिला सोलन को निरमण्ड से प्राथमिक उपचार के बाद रामपुर अस्पताल रेफर किया गया। जबकि संजीव कुमार ( 34 ) पुत्र साध राम गांव व डाकघर धर्मपुर तहसील कसौली जिला सोलन को ज्यादा चोटें नहीं आई है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी रवींद्र सिंह नेगी ने बताया कि यह घटना भूस्खलन के कारण हुई है और चालक की कोई गलती नहीं है। शव को निरमण्ड सिविल अस्पताल में रखा गया है जहां आज पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

राम सुभग सिंह बने सरकार के प्रधान सलाहकार, आरडी धीमान होंगे नए मुख्य सचिव

शिमला।। हिमाचल सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। मुख्य सचिव राम सुभग सिंह की जगह अब आरडी धीमान हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव होंगे। वहीं मुख्य सचिव रहे राम सुभग सिंह अब राज्य सरकार के प्रिंसिपल अडवाइज़र (एडमिनिस्ट्रेटिव रिफॉर्म्स) होंगे।

राम सुभग सिंह के बाद आईएएस निशा सिंह और संजय गुप्ता वरिष्ठता में आते थे मगर उनके बाद आने वाले आरडी धीमान को मुख्य सचिव बनाया गया है। ऐसे में निशा सिंह को हिमाचल सरकार का प्रिंसिपल अडवाइजर (ट्रेनिंग एंड एफए) और संजय गुप्ता को प्रिंसिपल अडवाइजर (रिड्रेसल ऑफ पब्लिक ग्रीवंसेज़) बनाया गया है।

इन तीनों एक्स-कैडर पदों को आईएएस (पे) रूल्स 2016 के नियम 12(1) के प्रावधानों के तहत मुख्य सचिव के पद के समान औहदा और जिम्मेदारियां दी गई हैं। यह व्यवस्था इसलिए करनी पड़ी है ताकि ये वरिष्ठ अधिकारी मुख्य सचिव बने अपने कनिष्ठ अधिकारी के बजाय सीधे मुख्यमंत्री को रिपोर्ट करें।

विस्तृत अधिसूचनाएं नीचे हैं:

HRTC : अब महिलाओं को एडवांस बुकिंग में भी किराये में 50 फीसदी की छूट

शिमला।। अब महिलाओं को एचआरटीसी बसों में एडवांस रिजर्वेशन पर भी किराये में 50 फीसदी की छूट मिलेगी। हालांकि यह छूट के हिमाचल के भीतर चलने वाली साधारण (ऑर्डिनरी) बसों में ही लागू होगी। इस बात एचआरटीसी की ओर से प्रेस नोट भी जारी कर दिया गया है। दरअसल हिमाचल प्रदेश में पहली जुलाई से एचआरटीसी बसों में महिलाओं को किराये में 50 फीसदी की छूट दी जा रही है।

हालांकि महिलाओं को यह छूट एडवांस बुकिंग में नहीं मिल रही थी। इस बाबत कई महिलाओं ने शिकायत की थी कि उन्हें यह छूट एडवांस बुकिंग में नहीं दी जा रही है। सरकार और परिवहन निगम अधिकारियों ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए अब नए आदेश जारी कर दिए हैं। अब यदि कोई महिला परिवहन निगम की वेबसाइट से यात्रा के लिए एडवांस बुकिंग करवात हैं तो किराये में उन्हें 50 फीसदी की छूट मिलेगी।

एचआरटीसी की ओर से जारी किया गया प्रेस नोट।