लाहौल स्पीति में चीनी महिला गिरफ्तार, दो साल पहले खत्म हो चुका था वीजा

केलांग।। लाहौल स्पीति के दारचा में एक चीनी महिला को गिरफ्तार किया गया है। महिला का वीजा दो वर्ष पहले ही खत्म हो चुका था। महिला को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार 22 जुलाई को जिला लाहौल स्पीति की पुलिस चैक पोस्ट दारचा में एक टैक्सी पहुंची। टैक्सी में बैठी सवारियां लेह जा रही थीं। दारचा चैक पोस्ट पर ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी ने वाहन की एंट्री की। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी को एक महिला पर शक हुआ।

महिला विदेशी मूल की थी। इसके बाद जब उसका पासपोर्ट चैक किया गया तो पता चला कि महिला दो वर्ष से भारत में अवैध तरीके से रह रही थी। महिला का वीजा दो वर्ष पहले ही एक्सपायर हो चुका था। पूछताछ में पता चला कि महिला चीनी मूल की है। गौरतलब रहे कि सामरिक दृष्टि से लाहौल स्पीति का महत्व होने के कारण जिले की चैक पोस्टों में आने-जाने वालों की जांच की जाती है।