टिकट फाइनल नहीं हुआ है, भ्रामक प्रचार से गुमराह न हों युवा: पंकज कुमार पंकु

मृत्युंजय पुरी, धर्मशाला।। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में टिकट को लेकर भ्रमित प्रचार किया जा रहा है। ऐसे में क्षेत्र के युवा गुमराह न हो, अभी किसी का टिकट फाइनल नहीं हैं। यह बात जिला युकां अध्यक्ष पंकज कुमार पंकु ने वीरवार को धर्मशाला में प्रेसवार्ता में कही।

पंकज ने कहा कि युवा वर्ग की लड़ाई स्वयं राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी लड़ रहे हैं। पंकज ने कहा कि कांग्रेस के चिंतन शिविर में जो निर्णय हुआ है, उसी के अनुरूप टिकटों का आवंटन होगा, ऐसे में जो नेता भ्रामक प्रचार कर रहे हैं, वे उससे गुरेज करें अन्यथा शाहपुर का युवा उन्हें माफ नहीं करेगा।

पंकज ने कहा कि राहुल गांधी के साथ युकां के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी युवाओं का पक्ष केंद्रीय नेतृत्व में समक्ष रख रहे हैं। युवा कांग्रेस से भी प्रदेश में कई प्रबल दावेदार हैं, इन युवाओं ने पार्टी हित में काम किया है, जिनकी अनदेखी पार्टी द्वारा नहीं की जाएगी। पंकज कुमार ने कहा कि पार्टी जो भी निर्णय लेगी, वो मान्य होगा, लेकिन युवाओं की अनदेखी से समझौता नहीं किया जाएगा।

शुक्रवार को आरंभ हो रही रोजगार संघर्ष यात्रा को लेकर पंकज कुमार ने कहा कि यात्रा के माध्यम से युवाओं को रोजगार के प्रति जागरूक करना है। कांग्रेस ने चुनावों को लेकर 10 गारंटियां दी हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार यात्रा का शाहपुर में भव्य स्वागत किया जाएगा तथा यूथ कांग्रेस इसमें भी अपनी अहम भूमिका निभाएगी।

चार बार के पूर्व विधायक योगराज बीजेपी में शामिल

शिमला॥ 4 बार के विधायक योगराज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। योगराज 4 बार कांगड़ा सहकारी बैंक के निदेशक और जिला सहकारी समितियों के जिला संघ के अध्यक्ष रहे। उन्होंने परागपुर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा और परिसीमन के बाद उनका निर्वाचन क्षेत्र अब देहरा है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1972 में की थी।

योगराज ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के मजबूत नेतृत्व के कारण भाजपा में शामिल हुआ। मैं पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करूंगा।
प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि उनके शामिल होने से पार्टी में नई ऊर्जा आएगी।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा दिन-ब-दिन बढ़ रही है और आने वाले समय में और भी शामिल होंगे।
आगामी आम चुनाव में हम बड़ी जीत की ओर बढ़ रहे हैं।
पूर्व विधायक योग राज की पत्नी मधु शर्मा ने भी भाजपा की सदस्यता ली।

कांगड़ा के पूर्व MLA सुरेंद्र काकू ने छोड़ी भाजपा, कांग्रेस के पटके में दिखे

नई दिल्ली।।  जैसे कयास लगाए जा रहे थे, कांगड़ा के पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। हमने जानकारी दी थी कि वह रविवार को दिल्ली रवाना हो गए थे और यह संभावना थी कि वह दिल्ली में कांग्रेस में शामिल होंगे। काकू ने कहा भी था कि वह जो भी करेंगे, सरेआम करेंगे और जनता के कहने पर करेंगे।

गौरतलब है कि कांग्रेस विधायक पवन काजल के बीजेपी में शामिल होने के बाद कांगड़ा में तेजी से घटनाक्रम बदल रहा है। सुरेंद्र काकू 2019 में बीजेपी में शामिल हुए थे मगर अब वह दोबारा कांग्रेस में चले गए हैं। अब उन्हें टिकट मिलेगा या किसी और को, यह अभी तय नहीं हुआ है।

विज्ञापन

सुरेंद्र काकू की जो तस्वीर सामने आई है, उसमें वह राजीव शुक्ला, प्रतिभा सिंह समेत अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ दिख रहे हैं। उनके गले में कांग्रेस का पटका भी है। उनके कांग्रेस में शामिल होने को लेकर खुद काकू या फिर कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई है।

कांगड़ा: बीजेपी छोड़ फिर से कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं सुरेंद्र काकू

मृत्युंजय पुरी, धर्मशाला।। भाजपा नेता सुरेंद्र काकू सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। रविवार को कांगड़ा हलके में इस बारे में चर्चाओं का बाजार गरम रहा। ऐसी जानकारी मिली है कि सुरेंद्र काकू दिल्ली के लिए निकल पड़े हैं। हालांकि, इस बारे में सुरेंद्र काकू ने कहा कि वह जो भी करेंगे, सरेआम करेंगे। उन्होंने कहा कि वह जनता के कहने पर ही आगामी कदम उठाएंगे। इससे ज्यादा अभी कुछ नहीं कहेंगे।

पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के खास रहे पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू 30 अप्रैल 2019 में ज्वालामुखी में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की उपस्थिति में बीजेपी में शामिल हुए थे।

2019 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले बीजेपी में शामिल हुए थे सुरेंद्र काकू

गौरतलब है कि सोमवार को दिल्ली में एआईसीसी की मीटिंग भी है। इसमें सुरेंद्र काकू की कांग्रेस में एंट्री हो सकती है। कांगड़ा हलके में मौजूदा विधायक पवन काजल के कांग्रेस को छोडक़र भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस में कई नेता एक्टिव हो गए हैं। इसी बीच चर्चा चल रही है कि कांग्रेस पार्टी सुरेंद्र काकू को अपने पाले में ले सकती है।

हालांकि, कांग्रेस पार्टी के स्थानीय नेता दूसरी पार्टी से नेता को टिकट का विरोध कर रहे हैं, लेकिन अब घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है।

फतेहपुर: बीजेपी ओबीसी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष ओपी चौधरी ने दिखाया दम

फतेहपुर।। रविवार को फतेहपुर में बीजेपी ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं ओबीसी वित्त निगम के उपाध्यक्ष ओपी चौधरी ने खटियाड़ मे ओबीसी सम्मेलन के बहाने हजारो की संख्या इक्कठी कर आने वाले चुनाव मे भाजपा पार्टी को नया संकेत दे दिया है।

फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में अभी तक बीजेपी ने स्पष्ट नहीं किया है कि टिकट किसे देना है। ओबीसी चेहरे की बात करें तो ओपी चौधरी वर्तमान मे बीजेपी के ओबीसी मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष है। पार्टी से निष्कासित पूर्व सांसद डॉक्टर राजन सुशांत के समय से ही ओपी चौधरी सरकार औऱ संगठन में काम करते रहे हैं।

सम्मेलन मे पहुंचे ओपी चौधरी ने कहा कि मौजूदा समय मे फतेहपुर विधानसभा सभा में भाजपा का विधायक न होते हुए भी सरकार ने अन्य पिछडा़ वर्ग के साथ साथ सामान्य वर्ग के लोगों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोडी है।

इस मौके पर लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई और कार्यों की सराहना की गई। इस मौके पर पंचायत प्रधान सुरजीत सिंह, उपप्रधान हरविन्द्र सिंह, पूर्व बीडीसी सदस्य सुरेन्द्र बडियाल, महिला मोर्चा की अध्यक्ष सुमन बाला आदि गणमान्य मौजूद रहे।

महिलाओं के लिए 10 से ज्यादा नई योजनाएं लाई डबल इंजन सरकार: इंदु गोस्वामी

धर्मशाला।। बीजेपी की राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी ने धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में बीजेपी सरकार की ओर से महिला सशक्तीकरण पर किए गए कार्यों को गिनवाया। इंदु गोस्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से जो योजनाएं चलाई जा रहीं उनका केंद्र बिंदु महिलाएं हैं। ये हमारी सरकार और पिछली सरकार के नेतृत्व में अंतर है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान जयराम सरकार में महिला सशक्तीकरण पर अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। आज से पहले महिला सशक्तीकरण पर इतने कार्य किसी भी सरकार में नहीं हुए। इंदु गोस्वामी ने कहा कि 10 से ज्यादा योजनाएं और कार्य ऐसे हैं जो मौजूदा प्रधानमंत्री मोदी जी और जयराम सरकार में ही शुरू हुईं। इनका लाभ लाखों बेटियों, बहनों और माताओं तक पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में 80 की उम्र की पेंशन दी जाती थी। आज जयराम सरकार में पहली बार महिलाओं को 60 की उम्र से बिना आय सीमा पेंशन दी जा रही है। आज बुजुर्ग माताएं आर्थिक रूप से सशक्त हैं और बुढ़ापे में उन्हें आर्थिक मदद के लिए किसी का मोहताज नहीं होना पड़ता है।

राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी ने कहा कि जयराम सरकार ने हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को किराये में 50 फीसदी की छूट दी जा रही है। कुछ लोग कहते हैं कि सिर्फ महिलाओं को ही क्यों छूट दी जा रही है। उन्हें समझना चाहिए कि महिलाएं ने समाज में पुरुषों के बराबर स्थान हासिल करने के लड़ाई लड़ी है। महिला सशक्तीकरण केवल बातों से नहीं हो सकता। इसके लिए कुछ विशेष कदम भी उठाने होंगे। जिन्हें जयराम सरकार ने उठाया है।

इंदु गोस्वामी ने बताया की शगुन योजना के तहत पहली बार हिमाचल में बीपीएल परिवार की बेटियों की शादी के लिए मुख्यमंत्री शगुन योजना शुरू की गई। योजना के तहत बीपीएल परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए 31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब तक लगभग 7 हज़ार हजार बेटियों की शादी पर करीब 21 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि खर्च की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा वर्तमान सरकार ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की अनुदान राशि को जयराम सरकार ने 40 हज़ार रुपये बढ़ाकर 51,000 रुपये किया। इसी तरह विधवा पुनर्विवाह योजना की राशि 50 हज़ार रुपये बढ़ाकर 65 हज़ार रुपये की गई।

इंदु गोस्वामी ने कहा कि जयराम सरकाने ग्राम संगठन से जुड़े 10 हज़ार से ज्यादा स्वयं सहायता समूहों को इस वित्तीय वर्ष में 25 हजार रुपये की एक अतिरिक्त राशि टॉप-अप के रूप में दे रही है। इसके साथ ही साथ ही पहली बार स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 4 लाख से ज्यादा महिलाओं को ‘प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना’ व प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना’ के दायरे में लाया गया है। इसके वार्षिक प्रीमियम का भुगतान राज्य सरकार वहन कर रही है जिस पर लगभग 10 करोड़ रुपये की राशि व्यय होगी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत शिमला, मंडी, कांगड़ा और ऊना की तरह अन्य 8 जिलों में भी स्वयं सहायता समूहों को 4 प्रतिशत की दर से बैंकों से ऋण उपलव्ध करवाने की व्यवस्था की गई है।

इंदु गोस्वामी ने कहा कि राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षित एवं कार्यरत सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों, कृषि सखी, पशु सखी, कृषि उद्योग सखी, वित्त सखी, बैंक सखी आदि का मानदेय 350 रूपये प्रतिदिन से बढ़ा कर 500 रुपये प्रतिदिन किया गया है। उन्होंने कहा कि बेटी है अनमोल योजना के तहत दी जा रही राशि को वर्तमान सरकार ने 12 हज़ार रुपये से बढ़ाकर 21 हज़ार किया है।

इंदु गोस्वामी ने कहा कि उज्ज्वला और गृहिणी सुविधा के तहत डबल इंजन सरकार ने 4 लाख 71 हज़ार से ज्यादा लाभार्थी परिवारों को निशुल्क घरेलू गैस कनेक्शन दिए, जिस पर करीब 159 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हुए। इसके साथ ही गृहिणी सुविधा और उज्ज्वला योजना के तहत नए कनेक्शन लेने वाले लाभार्थियों को साल में 3 रिफील तक निशुल्क दिए जा रहे हैं। इस पर जयराम सरकार 70 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

इंदु गोस्वामी ने कहा कि पहली बार हिमाचल में युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार को लेकर प्रेरित करने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने स्वावलंबन योजना शुरू की। इस योजना के तहत महिलाओं को विशेष रियायत दी जा रही है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मदर टेरेसा असहाय मातृ संबल योजना, अटल आशीर्वाद योजना, उपहार योजना केंद्र और हिमाचल सरकार ने शुरू की है जिसका लाखों बेटियों और महिलाओं तक लाभ पहुंचा है।

इंदु गोस्वामी ने कहा कि कामगार बोर्ड में पंजीकृत मजदूरों की बेटियों को पढ़ाई के लिए दी जाने वाली छत्रवृत्ति में वर्तमान सरकार ने 20 हज़ार रुपये से लेकर 84 हज़ार रुपये की बढ़ोतरी की है। इसी तरह पैरा वर्कर्स जिनमें आशा, आंगनवाड़ी, मिनी आंगनवाड़ी, आंगनवाड़ी सहायिका और सिलाई अध्यापिका शामिल हैं उनके मानदेय में 1650 रुपये से लकेर 4550 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।

मै जहां भी रहा, कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए जी तोड़ मेहनत की: सुरेंद्र काकू

मृत्युंजय पुरी, कांगड़ा।। पूर्व विधायक चौधरी सुरेंद्र काकू ने ‘चलो गांव की ओर’ जन संपर्क अभियान के तहत गांव ठाकुरद्वारा में लोगों से संपर्क किया। उन्होंने ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र मे खेल खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीण खेलों को उन्नत करने के लिए ठाकुरद्वारा गांव व गाहलियां गांव में खेल ग्राउंड का निर्माण करवाया गया। उन्होंने कहा कि जब तक खेल के मैदानों का सुधार नहीं होगा, तब तक खेलों और खिलाड़ियों का उत्थान नहीं हो सकता।

सुरेंद्र काकू ने कहा, “बहनों, माताओं, नौजवानों, बजुर्गों और खिलाड़ियों से अपील है कि गांव के विकास के लिए, अपने विकास के लिए बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें। कुछ लोग दूसरों की मेहनत का हिस्सा खाने में यकीन रखते हैं लेकिन मैंने कांगड़ा विधानसबा क्षेत्र के लिए मेहनत की है।

उन्होंने कार्य गिनाते हुए कहा- गाहलियां ठाकुरद्वारा रानीताल गांव के लिए पीने के पानी की योजना 7.50 करोड़ रुपये, नटेहड जोगीपुर गांव के लिए 1.80 करोड़ रुपए,  अनसोली गांव के लिए 1.80 करोड़ रुपए, कोहाला गांव के लिए 1.30 करोड़ रुपए,   खोली गांव के लिए 2.45 करोड़ रुपए, रजियाणा खास के लिए 1.10 करोड़ रुपए, बोदडबल्ला के लिए 62 लाख रुपए,  गगल गांव के लिए 1.80 करोड़ रुपए, कांस्ट्रेक्शन माता दा बाग के लिए 3.50 करोड़ रुपए, माता ब्रजेश्वरी सराये के लिए 3.50 करोड़ रुपए,  पीडब्लूडी रेस्ट हाऊस के लिए 67.43 लाख रुपए, खोली गांव में बनने वाले स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए 10 करोड़ रुपए, मटौर से कोहाला सड़क के लिए 2 करोड़ रुपए,  कुलथी टू बलोल पुल के लिए 2 करोड़ रुपए दिए थे।

इसके अलावा कोटकवाला से ज़मानाबाद 2.25 करोड़ रुपए , मुख्यमंत्री लोक भवन कच्छियारी के लिए 30 लाख रुपए,  33केबी सब स्टेशन दौलतपुर के लिए 6 करोड़ रुपए,  कांगड़ा छेब में 33केबी सब स्टेशन के लिए 6करोड़ रुपए व म्यूंसिपल कमेटी कांगड़ा शहर की पार्किंग के लिए 1 करोड़ रुपए, गो सेंचुरी निर्माण पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के पास 8 करोड़ रुपए,  कांगड़ा पुलिस स्टेशन के नए निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपए दिए।

पूर्व विधायक ने कहा, “मैं और मेरी टीम ने कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए जी तोड़ मेहनत करके जनता को विकास का फायदा पहुंचाया है लेकिन अब झूठा शोर डालने वाले आ गए हैं। लेकिन जो लोग जनता की मेहनत का झूठा श्रेय लेते हैं, जनता उनको कभी माफ नहीं करती।”

आरएस बाली ने नगरोटा बगवां के विधायक अरुण मेहरा को घेरा

मृत्युंजय पुरी, कांगड़ा।। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव आरएस बाली ने नगरोटा बंगवा में शनिवार को ओबीसी भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने नगरोटा विधानसभा के विधायक अरुण कुमार कूका पर जमकर निशाना साधा। आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा को नए सिरे से बनाने की जरूरत है, जिसका वह कांग्रेस के सत्ता में आते ही निर्माण करेंगे। उन्होंने कहा कि नशे को लेकर कांग्रेस संवेदनशील है और नगरोटा में नशे का जहर घोलने वालों के खिलाफ कांग्रेस सख्त कार्रवाई करेगी।

वहीं, आरएस बाली ने कहा कि उन्हें चरित्र का सर्टिफिकेट लेने की किसी से जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि आज ये नगरोटा बगवां की जनता देख रही है कि कौन व्यभिचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि यहां के विधायक ने ये वादा किया था कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र में आलू चिप्स बनाने की फैक्ट्री खोलेंगे, लेकिन उनका ये वादा भी हवा-हवाई हो गया। विधायक ने आज तक यहां की जनता को बरगलाने के अलावा कुछ नहीं किया। वहीं इस विधानसभा क्षेत्र के विकास की बात की जाए तो ये तो उनके लिए दूर की कौड़ी साबित हुआ है।

आरएस बाली ने कहा कि विकास पुरुष जीएस बाली को ये खुले मंच से बाहरी व्यक्ति करार दे रहे हैं, लेकिन वह ये भूल गए हैं कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के विकास में जीएस बाली का योगदान अविस्मरणीय है जिसे कभी नहीं भुलाया जा सकता और वह नगरोटा में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा हुआ है। उन्होंने कहा कि विधायक अरुण मेहरा फेक फेसबुक आईडी बनाकर झूठ का प्रचार कर रहें हैं।

आरएस बाली बोले कि पीड़ित महिला से छेड़खानी के आरोपी भुट्टा की तस्वीरें विधायक कूका के साथ सार्वजनिक तौर पर वायरल हो रही हैं. लेकिन फिर भी हम इस मामले पर ज्यादा बात नहीं करेंगे क्योंकि विधायक के साथ फोटो कोई भी खिंचवा सकता है। आरएस बोले कि भुट्टा नाम का शख्स कांग्रेस पार्टी का नहीं है लेकिन जिस भी पार्टी का है उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

शिमला के ठियोग में गिरी नदी में जा गिरा सेब से लदा ट्रक

शिमला।। ठियोग में माइपुल के पास बीती रात तीन बजे एक सेब से लदा ट्रक गिरी नदी में जा गिरा। हादसे में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है।

बताया जा हा है कि सैंड से नेरीपुल तक सड़क की हालत खराब है और ऐपल सीजन होने की वजह से यहां वाहनों की आवाजाही भी ज्यादा है। हालांकि, हादसे का कारण क्या रहा, यह भी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

इस हादसे में ट्रक चालक को चोटें आई है जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

कर्मचारियों के एरियर की पहली किश्त के लिए 3500 करोड़ का कर्ज

शिमला।। हिमाचल प्रदेश के कर्मचारियों को नए वेतमान के एरियर की पहली किश्त देना राज्य सरकार के लिए चुनौती भरा काम बन गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने स्वतंत्रता दिवस पर एलान किया था कि कर्मचारियों और अधिकारियों को संशोधित वेतनमान के एरियर की पहली किश्त जारी की जाएगी। यह किश्त 15 सितबंर तक दी जानी है।

इसके लिए सरकार ने पहले 1000 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था मगर यह रकम नाकाफी होने की वजह से अब फिर से 2500 करोड़ रुपये का कर्ज लिया जा रहा है। सरकार की योजना है कि कर्मचारियों के एरियर की किश्त के साथ-साथ पेंशनरों को दिए जाने वाले वित्तीय लाभ भी इन 3500 करोड़ रुपये में कवर हो जाएंगे।

दरअसल हाल ही में प्रदेश सरकार ने पहली बार पेंशनरों के साथ जेसीसी बैठक की थी। इसमें पेंशनरों को वित्तीय लाभ देने का वादा किया गया था, उसके लिए करीब 130 करोड़ रुपये की आवश्यकता है। ऐसे में सरकार की योजना है कि कर्मचारियों और पेंशनरों, दोनों को वित्तीय लाभों की पहली किश्त इन 3500 करोड़ रुपये में कवर हो जाएगी।

लेकिन ध्यान देने की बात यह है कि संशोधित वेतनमान के तहत कर्मचारियों को कुल मिलाकर 10 हजार करोड़ रुपये का एरियर दिया जाना है। यानी प्रदेश सरकार को भविष्य में और कर्ज लेना पड़ सकता है।