सीनियर आईएएस अफसर नशे में धुत्त होकर पहुंचे होटल, जमकर हुआ बवाल

शिमला।। जब एक सीनियर आईएएस अधिकारी नशे में धुत्त होटल पहुंचे तो जमकर हंगामा हो गया। मामला शिमला स्थित पर्यटन निगम के होटल होली डे होम का है।

अमर उजाला की खबर के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब सात बजे उक्त अधिकारी बारिश में भीगते हुए पांव में चप्पल पहने होटल पहुंचे। अफसर पर आरोप है कि वह नशे में थे। उन्होंने होटल में तैनात कर्मचारियों को तुरंत कमरा खोलने के लिए कहा। लेकिन कर्मचारियों ने बिना पहचान के कमरा देने से साफ इनकार कर दिया। कमरे के लिए न सुनते ही अफसर को गुस्सा आ गया। वह भड़क गए। कर्मचारियों को तबादले की धमकी देने लगे।

मगर अफसर की हालत ऐसी थी कि कर्मचारी उन्हें आईएएस अफसर मानने को तैयार ही नहीं थे। अफसर उन्हें फिर से धमकाने लगे। ऐसे में कर्मचारियों ने घटना की जानकारी अपने उच्च अधिकारी को दी।

जब कर्मचारियों ने क्रॉस चेक किया तो पाया कि यह सही में एक सीनियर आईएएस अफसर हैं और मौजूदा समय में सरकार में महत्वपूर्ण पद पर तैनात हैं। इसके बाद उन्हें होटल का कमरा मुहैया करवाया गया।

जानकारी मिलने के बाद होटल प्रबंधन पुलिस में भी शिकायत दर्ज नहीं करवा पाया। इसके बाद हद तो तब हो गई जब सुबह करीब 11 बजे वह बिना पैसा चुकाए ही निकल गए।

पूरी घटना की जानकारी सीएम कार्यालय को दे दी गई है। बताया जा रहा है कि यह अधिकारी अन्य अफसरों के साथ पार्टी में थे। पार्टी खत्म होने के बाद बाकी अफसर अपने घर चले गए, लेकिन यह अफसर होटल में आ गए। सारी घटना होटल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।

बोह हादसा: जीएस बाली ने की आर्थिक मदद, उठाएंगे इलाज का खर्च

कांगड़ा।। पूर्व मंत्री जीएस बाली ने बोह हादसे में घायल लोगों के इलाज का खर्च उठाने की बात कही है। बाली ने शाहपुर अस्पताल पहुंचकर उपचाराधीन घायलों का कुशलक्षेम जाना और फोरी राहत के तौर पर पांच-पांच हज़ार की मदद की।

इसके साथ ही बाली ने घायलों के इलाज के सिटी स्कैन व एक्सरे का खर्च उठाने की बात भी कही। पीजीआई रैफर 5 साल की बच्ची के इलाज का खर्च भी जीएस बाली उठाएंगे।

बता दे कि सोमवार को हुई भारी बारिश के कारण शाहपुर के बोह में लैंडस्लाइड होने से एक बड़ा हादसा पेश आया है। हादसे के बाद पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया लिया गया था। इनमें से कुछ लोगों का इलाज शाहपुर अस्पताल में चल रहा है। एक पुरुष को टांडा अस्पताल व एक बच्ची को पीजीआई रेफर किया गया है।

बता दें कि हादसे वाली जगह अभी भी एनडीआरएफ की टीम सर्च अभियान में जुटी हैं। कुछ लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं कुछ अभी भी लापता हैं।

बारहवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित, 92.77 फीसदी रहा रिजल्ट, 93, 438 छात्र पास, 5220 फेल

धर्मशाला।। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आज बाहरवीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सुरेश कुमार सोनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रिजल्ट घोषित किया है। कुछ देर बाद बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर रिजल्ट उपलब्ध हो जाएगा। जहाँ विद्यार्थी अपना रिजल्ट देख सकेंगे।

बारहवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 92.77 फीसदी रहा है। परिणाम के तहत कुल 100799 छात्रों ने परीक्षा दी थी। जिसमें 93,438 विद्यार्थी पास हुए हैं, जबकि 5220 फेल हो गए हैं। इसके अलावा 702 छात्रों को कंपार्टमेंट आई है।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि आठ बिंदुओं को आधार मानकर रिजल्ट बनाया गया है। जो छात्र फेल हुए हैं या जिन्हें कम्पार्टमेंट आई है उनके लिए अगस्त माह में परीक्षाएं आयोजित की जाएगी। जो छात्र अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं होंगे वो छात्र अपना परिणाम बेहतर करने के लिए दोबारा परीक्षा दे सकेंगे।

उन्होंने बताया कि अतिरिक्त राज्य मुक्त विद्याल (एसओएस) की बारहवीं कक्षा का परिणाम अलग से घोषित किया जाएगा।

 

हिमाचल में कम हो रहा इंजीनियरिंग का क्रेज़, दो निज़ी कॉलेज हुए बंद

हमीरपुर।। एक समय था जब प्रदेश के युवाओं में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के प्रति बहुत क्रेज़ था। लेकिन समय के साथ-साथ इंजीनियरिंग के प्रति युवाओं का रुझान अब घटता जा रहा है। प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों में छात्रों की संख्या लगातार घटी जा रही है। ऐसे में इस साल प्रदेश के दो निजी कॉलेजों के प्रबंधकों ने अपने कॉलेज बंद करने के लिए तकनीकी विवि में आवेदन कर दिया है। इससे पहले भी प्रदेश के तीन इंजीनियरिंग कॉलेज बंद हो चुके हैं।

अभी आवेदन करने वाले कॉलेजों में मंडी जिले का सिरडा कॉलेज है और बिलासपुर जिले के चांदपुर का शिवा कॉलेज शामिल हैं। इससे पहले हमीरपुर के दो निजी कॉलेज बणी का एमआईटी और टिपर का इंजीनियरिंग कॉलेज बंद हो चुके हैं। शिमला का बेल्स कॉलेज भी बंद होने वाले कॉलेजों में शामिल है। ये सभी कॉलेज हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर से संबद्धता प्राप्त थे।

एक समय ऐसा था, जब देशभर के युवाओं में इंजीनियरिंग के प्रति बहुत उत्साह था। बाहरी राज्यों से भी बच्चे इन कॉलेजों में पढ़ने आते थे। लेकिन अब बार-बार काउंसलिंग के बावजूद भी कॉलेजों में पूरी सीटें नहीं भर पा रहीं हैं। कॉलेज प्रबंधन को शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों को वेतन देने में भी दिक्कतें आ रही हैं। कई तो बैंकों से ऋण लेकर शिक्षण संस्थान चला रहे हैं।

शिक्षण संस्थानों को पेश आ रही इन सब समस्याओं के चलते प्रदेश के दो कॉलेजों ने प्रदेश सरकार और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद से एनओसी लेने के बाद अब प्रदेश तकनीकी विवि में कॉलेज बंद करने के लिए आवेदन किया है, जिसे मंजूरी प्रदान कर दी गई है।

डीन अकादमिक एवं पीआरओ तकनीकी विवि डॉ. कुलभूषण चंदेल ने बताया कि मंडी के सिरडा और बिलासपुर के शिवा कॉलेज ने संस्थान बंद करने के लिए विवि में आवेदन किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी कुछ कॉलेज बंद हुए हैं।

शाहपुर के बोह में बारिश के चलते थमा रेस्क्यू ऑपरेशन

कांगड़ा।। शाहपुर के बोह वैली में एनडीआरएफ की टीम सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी थी। लेकिन शाम 5 बजे बारिश के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया गया है।

पिछले कल यहाँ 7 मकान बाढ़ की चपेट में आ जाने से करीब 14 लोगों के मलबे में दबने की खबर थी। एनडीआरएफ के रेस्क्यू ऑपरेशन में अभी तक 5 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। जबकि 1 महिला का शव बरामद हुआ है। वहीं अभी तक 8 लोग लापता बताए जा रहे हैं। बारिश थमते ही दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होगा।

सीएम जयराम ठाकुर ने भी आज यहाँ का दौरा कर हालातों का जायज़ा लिया। सीएम ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद की बात कही है।

सीएम ने किया शाहपुर का दौरा, बोले: प्रभावित परिवारों को मकान बनाकर देगी सरकार

कांगड़ा।। शाहपुर के बोह गांव में जल प्रलय से हुई तबाही के बाद एनडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। सीएम जयराम ठाकुर ने खुद बोह गांव पहुंचकर हालातों का जायज़ा लिया।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान सीएम ने कहा कि मुझे इस घटना का बेहद दुख है। उन्होंने कहा कि इस घटना में जितने भी लोगों के घर बह गए हैं। उन्हें सरकार की तरफ से घर बनाकर दिए जाएंगे। हादसे में जिन लोगों की दुखद मृत्यु हुई है। उनके परिजनों को सरकार की तरफ से चार लाख रुपये राहत राशि दी जाएगी।

सीएम ने कहा कि नुकसान बहुत ज़्यादा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही सरकार की तरफ से जिला प्रशासन को आदेश दे दिए गए थे। जिला प्रशासन ने भी तुंरत बचाव कार्य शुरू कर दिया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से भी एनडीआरएफ टीम भेजी गई है। जो लगातार बचाव कार्य में जुटी हुई है। सीएम ने कहा कि प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद की जायेगी।

 

अनुराग ठाकुर संसदीय मामलों की कैबिनेट कमेटी के सदस्य नियुक्त

नई दिल्ली।। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को एक और नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। अनुराग ठाकुर को अब संसदीय मामलों की कैबिनेट कमेटी का सदस्य बनाया गया है। इस केंद्रीय कमेटी के अध्यक्ष रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हैं।

हाल ही में केंद्रीय कैबिनेट का विस्तार हुआ है। जिसमें अनुराग ठाकुर को युवा सेवाएं एवं खेल और सूचना प्रसारण मंत्री बनाया गया है। उससे पहले अनुराग ठाकुर केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री का कार्यभार देख रहे थे।

बता दें कि बीते सात जुलाई को नरेंद्र मोदी सरकार में अनुराग ठाकुर अब तक हिमाचल प्रदेश से सबसे कम उम्र के केंद्रीय कैबिनेट मंत्री बने हैं।

कुल्लू थप्पड़ कांड: प्रदेश सरकार ने केंद्र को भेजी रिपोर्ट

शिमला।। कुल्लू के बहुचर्चित थप्पड़ कांड मामले में प्रदेश सरकार ने केंद्र को रिपोर्ट भेज दी है। आईपीएस गौरव सिंह के निलंबन की जानकारी प्रदेश के गृह विभाग द्वारा केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजी गयी है। अगर गृह मंत्रालय द्वारा निलंबन को कन्फर्म कर दिया जाता है तो इससे आईपीएस गौरव सिंह की मुश्किलें बढ़ जाएंगी।

दरअसल, किसी अधिकारी को निलंबित किए जाने के बाद 45 दिन के भीतर सरकार को आरोपी अफसर को चार्जशीट देनी होती है। अगर इस अवधि के दौरान सरकार चार्जशीट न दे पाए तो निलंबन वापस हो जाता है।

लेकिन ऐसे में अगर प्रदेश सरकार द्वारा केंद्र सरकार को जानकारी भेजी जाती है और गृह मंत्रालय निलंबन को कन्फर्म करता है। तो इस अवधि के बाद भी आरोपी अधिकारी न सिर्फ निलंबित रह सकता है, बल्कि सरकार पर भी 45 दिन के भीतर चार्जशीट देने की बाध्यता नहीं रहती।

बता दें कि कुछ दिन पहले कुल्लू में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के दौरे के दौरान गौरव सिंह ने एएसपी सीएम सिक्योरिटी बृजेश सूद को थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद सीएम के तत्कालीन पीएसओ बलवंत सिंह ने गौरव को लातें मारी थीं।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। यह थप्पड़ कांड पूरे देश में चर्चा में आ गया था। जिसके बाद सरकार हरकत में आई थी। गौरव, बृजेश सूद और बलवंत तीनों को निलंबित कर पुलिस मुख्यालय व मंडी आईजी रेंज कार्यालय में अटैच किया था। हालांकि, जांच रिपोर्ट आने के बाद बृजेश सूद को फिर से एएसपी सीएम सिक्योरिटी लगा दिया गया है।

शिमला में चोरों ने उड़ा दी नालियों के ऊपर लगी कई क्विंटल लोहे की ग्रिल

शिमला।। राजधानी में अब नालियों के ऊपर लगी लोहे की ग्रिल और जालियां भी चोरों से सुरक्षित नहीं है। आय दिन ग्रिल और जालियों के चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही है। मॉल रोड़ और लोअर बाजार में अब तक कई क्विंटल ग्रिल चोरी हो चुकी है। अब चोरी के कई वीडियो भी वायरल होने लगे हैं।

रविवार रात को भी ग्रिल चोरी की घटना सामने आई है। जहाँ शातिरों ने लोअर बाजार में पंसारी चौक के पास कई दुकानों के बाहर नालियों पर लगी लोहे की ग्रिल गायब कर दीं। सुबह दुकान पहुंचने पर नालियों के ऊपर लगी ग्रिल गायब देखकर व्यापारी हैरान रह गए।

व्यापारियों ने ग्रिल चोरी की शिकायत व्यापार मंडल शिमला के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह को दी। व्यापारियों का कहना है कि नालियां खुली होने से हादसे का खतरा भी बढ़ गया है। व्यापारियों ने दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज भी व्यापार मंडल को दी है। सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर कुछ युवक ग्रिल तोड़ते देखे जा सकते हैं।

शहर में हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापार मंडल के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह का कहना है कि जब बाज़ार के बीचोंबीच इस तरह चोरी की वारदातें सामने आ रही है तो बाकी शहर का क्या हाल होगा? उन्होंने मांग की है जल्द ही सीसीटीवी फुटेज के जरिये3ल चोरों को पकड़ा जाए। उन्होंने शहर में पुलिस की गश्त बढ़ाने की भी मांग की है।

मॉल रोड़ के सौंदर्यीकरण प्रोजेक्ट के तहत नालियों के ऊपर ग्रिल लगाई गई थी। नगर निगम ने इन ग्रिलों को इसलिए सीमेंट से पक्का नहीं किया ताकि नालियों की सफाई में दिक्कत न हो। अब शातिर इसी बात का फायदा उठाकर ग्रिल चोरी को अंजाम दे रहे हैं। ज्यादातर जगहों से यह ग्रिलें अब चोरी हो चुकी है।

हिमाचल सरकार ने मंडी और धर्मशाला में रखे दो मीडिया कोऑर्डिनेटर

शिमला।। हिमाचल प्रदेश सरकार ने दो मीडिया संयोजक रखे हैं। खास बात यह है कि सरकार के फैसलों और योजनाओं आदि की जानकारी जनता तक पहुंचाने के लिए जिम्मेदार सूचना एवं जन संपर्क विभाग में ये नियुक्तियां की गई हैं। इनमें से एक पत्रकार हैं और दूसरे वकील।

सोमवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक, पुरुषोत्तम चंद को मंडी जोन के लिए मीडिया संयोजक बनाया गया है। अभी तक वह पंजाब केसरी अखबार से जुड़े थे। वहीं धर्मशाला के विश्व चक्षु को धर्मशाला जोन के लिए मीडिया संयोजक बनाया गया है। हाल ही में वह उर्मिला मातोंडर को लीगल नोटिस भेजने को लेकर चर्चा में आए थे।

ये नियुक्तियां को-टर्मिनस आधार पर हुई हैं। नियम और शर्तों में बताया गया है कि मीडिया संयोजक को प्रतिमाह 50 हजार रुपये वेतन मिलेगा। इसके अलावा हर महीने फोन इस्तेमाल के लिए 3 हजार रुपये मिलेंगे।

इसके अलावा, ड्यूटी टूर पर प्रति दिन के हिसाब से 200 रुपये दिए जाएंगे और अपने वाहन से यात्रा करने पर प्रति किलोमीटर आठ रुपये रीइंबर्स करवा पाएंगे। साथ ही मेडिकल बिल भी रीइंबर्स करवा पाएंगे।