कोरोना ने हमारी नाटी भी ‘खज्जल’ की: जयराम ठाकुर

नाचन।। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को नाचन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जाछ और स्यांज में जनसभाएं की। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा कि कांग्रेसी नेताओं को यह बात रास नहीं आ रही कि भारतीय जनता पार्टी ने एक पूर्व सैनिक को प्रत्याशी बनाया है। इसीलिए कांग्रेस के नेता लगातार सेना और सैनिकों पर निशाना साध रहे हैं। जनता समझ सकती है कि जो पार्टी सेना का सम्मान नहीं कर सकती, वह कैसे देश हित के बारे में कुछ सोच सकती है।

जाछ और स्यांज में बारिश के बावजूद भारी संख्या में लोग जनसभा में मौजूद रहे। जाछ में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने भाषण की शुरुआत बड़ा देव कमरूनाग के जयकारे के साथ की। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पिछले तीन सालों से हमने गरीबों के लिए काम करने की कोशिश की है। ऐसी दर्जनों योजनाएं चलाई जिनका फायदा सीधा गरीब व्यक्ति को मिल रहा है। मुख्यमंत्री हिमकेयर योजना, सहारा योजना और मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना इसके उदाहरण हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “50 साल तक कांग्रेस सत्ता में रही लेकिन उसने कभी गरीबों के लिए काम नहीं किया। कांग्रेसियों को केवल सत्ता चाहिए थी, कुर्सी चाहिए थी। जब मैं सीएम बना तो अधिकारियों से पूछा कि गरीबों के लिए क्या-क्या योजनाएं हैं, उन्होंने जवाब दिया कि कोई योजना नहीं है। 50 साल तक सत्ता में रहने के बावजूद आम लोगों के लिए कांग्रेस ने कुछ नहीं किया।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा से ही सेना को सम्मान देने का काम किया है लेकिन कांग्रेस हमेशा सेना का अपमान करती रही है। मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति को देखते हुए कई बार मैं अपना सिर पकड़ लेता हूं कि आखिर कांग्रेस के इन नेताओं को क्या गया है। कांग्रेस में होड़ मची है कि कौन ज्यादा चिल्ला के बोल सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्यादा बोलने और ज्यादा उछल कूद से कोई नेता नहीं बनता है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “वीरभद्र सिंह जी बहुत वरिष्ठ नेता थे, हम उनका सम्मान करते हैं। आज वीरभद्र जी हमारे बीच नहीं हैं। शायद कांग्रेस पार्टी को ये लगा कि उनकी सहानुभूति के कारण उनके परिवार को टिकट दिया जाना चाहिए, उसका लाभ होगा। हमारी पार्टी ने तय किया कि हम परिवार के लोगों को टिकट नहीं देंगे। वहीं एक परिवार ऐसा भी है जो पार्टी के दशकों से चला रहा है। हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि हमारी पार्टी में आम कार्यकर्ता को तरजीह दी जाती है। आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमाचल से हैं।”

ब्रिगेडियर को प्रत्याशी बनना कुछ लोगों को रास नहीं आया

जयराम ठाकुर ने कहा कि ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को हमने प्रत्याशी बनाया है यह कुछ लोगों को रास नहीं आया है। कहने लगे कि सेना के लोगों को राजनीति में नहीं आना चाहिए। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि एक सच्चे और ईमानदार आदमी को राजनीति मे क्यों नहीं आना चाहिए? ऐसे लोगों से आपको क्या परहेज है जिनकी वजह से हम आज चैन की नींद सोते हैं? हम लोग सैनिकों का कर्ज अदा कर ही नहीं सकते हैं।

सीएम ने कहा, मुझे इस बात की खुशी है कि जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी है, आज हर सैनिक छाती चौड़ी करके चलता है। आज पाकिस्तान की एक गोली का जवाब गोले से दिया जाता है। इस दौरान उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और कारगिल युद्ध का भी जिक्र किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता सेना के जवानों पर टिप्पणी करते हैं। हमारी सरकार ने हमेशा शहीदों का सम्मान किया है। उनके परिवारों के लिए जो बन सकता था वो मदद की। कारगिल की लड़ाई को वो छोटी-मोटी लड़ाई मानते हैं। उन्होंने कहा जो पार्टी सैनिकों का सम्मान नहीं कर सकती, वो पार्टी इस देश के लिए अच्छी भावना भी नहीं रख सकती। इसी वजह से आज पूरे देश से कांग्रेस का सफाया हो रहा है। अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने कारगिल शहीद पूर्ण चंद को भी याद किया जो नाचन विभानसभा से संबंध रखते थे।

कांग्रेस ने देश को लूट खाया

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कांग्रेस की सरकार होती थी तो लाखों करोड़ के घोटाले होते थे। इन्होंने पूरे देश को लूट खाया। आज केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार को सात वर्ष और प्रदेश में करीब चार साल हो गए, लेकिन विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ बोलने के लिए कुछ नहीं है। अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के स्टार प्रचारक कन्हैया कुमार और नवजोत सिंह सिद्धू पर भी चुटकी ली।

नाचन की जनता ने जो मांगा हमने वो दिया

उन्होंने कहा कि नाचन विधानसभा क्षेत्र में भी करोड़ों के विकास कार्य हुए हैं। नाचन में लोगों की मांग पर यहां ब्लॉक दिया गया। आपको ब्लॉक चाहिए था, हमने ब्लॉक दिया। आपके यहां अटल आदर्श विद्यालय बहुत जल्दी बनकर तैयार होगा। कमरूनाग में हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा, जिसका फायदा यहां आने वाले समय में श्रद्धालुओं के लिए होगा। आपने जो मांगा उसे पूरा करने की कोशिश हमने की है।

कोरोना ने हमारी नाटी भी ‘खज्जल’ की

मुख्यमंत्री ने कहा मजाकिया अंदाज में कहा कि कोरोना काल में बहुत कुछ बदल गया। पिछले जो सालों से ये ‘छिकड़ा’ (मास्क) ही नहीं उतरा। हम सराजियों को नाटी डालने की आदत है। हमारा कोई भी काम नाटी के बिना पूरा नहीं होता था। इस कोरोना ने हमारी नाटी भी ‘खज्जल’ (खराब) की। अब नाटी का दौर भी आएगा और अब मौका मिलेगा तो लंबा फेरा लगेगा। नाटी से तो कांग्रेसी भी परेशान हैं। अभी तो पांच साल और नाटी देखनी पड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सराजी नाटी है ये लंबी चलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल के हीरो जिन्होंने अपने जीवन की परवाह किए बिना उस लड़ाई को लड़ा ही नहीं, उस लड़ाई को जीतने में अहम भूमिका निभाई; उस ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने लोगों से निवेदन करते हुए कहा कि ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को भारी मतों से विजयी कर दिल्ली भेजिए। पिछली बार नाचन विधानसभा क्षेत्र से 26 हजार की बढ़त मिली थी, इस बार इसे और बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम आपके बीच सहयोग और समर्थन मांगने आए हैं। एक साल बाद 2022 में भी आपके बीच पहुंच कर आपका आशीर्वाद लेंगे।

लाहौल-स्पीति: खाई में गाड़ी गिरने से तीन की मौत, तीन घायल

लाहौल-स्पीति।। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति से एक सड़क हादसे की खबर है। जिला के काजा के माने गांव के पास एक जीप हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में गाड़ी में सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार रात को माने पुल के पास हुआ। गाड़ी नम्बर एचपी 41-1288 खाई में गिर गई। गाड़ी गिरने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान 40 वर्षीय सरपू मल्हा पुत्र जोपा मल्हा निवासी नेपाल, 23 वर्षीय टेक बहादुर पुत्र शेर बहादुर निवासी नेपाल व 45 वर्षीय वर्दी मलाह निवासी नेपाल के रूप में हुई है।

इसके अलावा केसंग पुत्र नवांग लोटे गांव लिडांग पीओ लारा तहसील स्पीति, कल्पना पत्नी  टेक बहादुर आरओ नेपाल तथा पार्वती पत्नी जोपा आरओ नेपाल घायल हो गए हैं। सभी घायलों का काजा अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसपी लाहौल-स्पीति मानव वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

सात बजे के बाद प्रचार कर घिरे विक्रमादित्य

शिमला।। शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह चुनाव प्रचार के लिए तय अवधि के बाद चुनाव प्रचार कर घिर गए हैं। भाजपा ने विक्रमादित्य सिंह के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दी है। शिकायत में कहा गया है कि विक्रमादित्य सिंह निर्धारित अवधि के बाद भी चुनाव प्रचार कर रहे हैं।

विक्रमादित्य सिंह निर्धारित अवधि के बाद चुनाव प्रचार तो कर ही रहे हैं, साथ ही उसको अपने फेसबुक पर लाइव भी दिखा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार भाजपा ने विक्रमादित्य सिंह के फेसबुक पेज की पोस्टों के लिंक सबूत के तौर पर चुनाव आयोग को भेजे हैं।

बता दें कि चुनाव आयोग की से चुनाव प्रचार के लिए समय सावधि निर्धारित की गई है। आयोग के निर्देश के अनुसार, सुबह 10 बजे से शाम सात बजे तक ही चुनाव प्रचार किया जा सकता है। आयोग की ओर से जनसभा और रैली को लेकर समय निर्धारित किया है।

आयोग द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि यदि किसी के द्वारा इस समय अवधि का उल्लंघन किया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में सभी जिलों के डीसी व निर्वाचन अधिकारियों को भी निर्देश जारी किए गए हैं।

हिमाचल: घाटे का सौदा हुआ पशुपालन व्यवसाय, बरसीम-जौई के बीज की कीमतें बढ़ीं

शिमला।। हिमाचल प्रदेश में बढ़ती मंहगाई ने जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। खान-पान की चीज़ों के साथ अब पशुओं का चारा भी महंगा हो गया है। हाल ही में गेहूं बीज के दाम में बढ़ोतरी के बाद अब पशुचारे के बीज की कीमतें भी बढ़ गई हैं। ऐसे में हिमाचल प्रदेश में अब किसानों के लिए पशुपालन व्यवसाय घाटे का सौदा साबित होने लगा है।

बता दें कि पिछले साल की तुलना में इस बार बरसीम का बीज 40 रुपये महंगा मिल रहा है। वहीं, जौई के बीज के दाम में भी दो रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इस वर्ष जौई का बीज 51 रुपये किलो बिक रहा है। इस पर 19 रुपये अनुदान दिया जा रहा है। वहीं, कृषि विक्रय केंद्रों पर किसानों को जौई का बीज 32 रुपये किलो के दाम पर उपलब्ध करवाया जा रहा है।

अगर पिछले साल की बात की जाए तो जौई 58 रुपये किलो थी। जिस पर 27.5 रुपये अनुदान दिया गया था और किसानों को 30.5 रुपये की कीमत पर जौई उपलब्ध करवाई गई थी। बीते साल के मुकाबले इस बार जौई की खरीद पर अनुदान राशि भी साढ़े आठ रुपये कम हुई है।

वहीं, इस बार बरसीम के बीज की कीमत 170 रुपये किलो है, जिस पर 58 रुपये अनुदान दिया जा रहा है। कृषि विक्रय केंद्रों पर किसानों को 112 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बरसीम का बीज उपलब्ध करवाया जा रहा है। पिछले साल इसकी कीमत 130 रुपये किलो थी, जिस पर 62 रुपये अनुदान दिया गया था। ऐसे में किसानों को 68 रुपये किलो के हिसाब से बरसीम का बीज मिला था। इस बार बरसीम की कीमत में 40 रुपये की बढ़ोतरी और अनुदान राशि में चार रुपये की कटौती हुई है।

कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. पीसी सैणी ने कहा कि इस वर्ष जौई बीज की कीमत 51 रुपये किलो है। इस पर 19 रुपये अनुदान दिया जा रहा है। किसानों को 32 रुपये किलो बीज उपलब्ध करवाया जा रहा है। बरसीम के बीज की कीमत 170 रुपये है। इस पर 58 रुपये अनुदान दिया जा रहा है। किसानों को बरसीम का बीज 112 रुपये किलो के हिसाब से कृषि विक्रय केंद्रों पर उपलब्ध करवाया जा रहा है।

चंबा से सिरमौर तक, ऊना से किन्नौर तक हिमाचल एक: जयराम ठाकुर

मंडी।। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को मंडी विधानसभा क्षेत्र के बरयारा में चुनावी जनसभा की। इस दौरान उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी खुशाल ठाकुर के लिए वोट मांगे। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं पर भी निशाना साधा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने अपने भाषण में एक नहीं अनेक बार कहा कि मैं चुनाव नहीं लड़ना चाहती थी, मुझे धकेल दिया गया। ऐसे शब्दों का इस्तेमाल उन्होंने खुद किया है लेकिन कांग्रेस की एक नेता मंडी में आकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करती हैं कि नारी को कमजोर नहीं मानना चाहिए। हमने कमजोर कब माना? हमने तो इतना कहा कि लोकसभा के लिए मजबूर नहीं मजबूत कैंडिडेट चाहिए, जो खुशाल ठाकुर हैं।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस की नेता रावण से भी तुलना कर रही थी, किसकी तुलना कर रही थीं, मुझे मालूम नहीं। वो क्या कहना चाह रही हैं ये आज तक स्पष्ट नहीं कर पाई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई लोग जमानत पर चले हुए हैं, लेकिन बातें बड़ी-बड़ी करते हैं।”

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “कांग्रेस के मित्रों ने मंडी में नॉमिनेशन के दिन जनसभा में बहुत सारी बातें कही। हमने तो अपनी तरफ से अच्छी शुरुआत करने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी।”

चंबा से सिरमौर तक, ऊना से किन्नौर तक हिमाचल एक

मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि चंबा से सिरमौर तक, ऊना से किन्नौर तक पूरा हिमाचल एक है। प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विकास हुआ है। कोरोना काल में भी हमने विकास को रुकने नहीं दिया।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि जब से हमारी सरकार सत्ता में आई है, हमने राजनीति में आई गंदगी को खत्म करने की कोशिश की है। हमने हरी टोपी, लाल टोपी, अपर हिमाचल-लोअर हिमाचल जैसी चर्चाओं को विराम लगा दिया। बदले की भावना वाली राजनीति को हमने रोका। यह सब इसलिए किया क्योंकि हमें विकास करना है।

सीएम ने कहा कि अगर इन्हीं बातों में लगे रहे तो विकास पर कम ध्यान जाता है। पिछली सरकार में यही होता था। आज परिस्थितियां बदल गई हैं। आज सरकार का चार साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है और कांग्रेस के पास सरकार के खिलाफ बोलने के लिए कुछ नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के मित्र मुझे कोरोना को लेकर घेरने की कोशिश करते हैं। उन्हें ये पता होना चाहिए कि हिमाचल वो राज्य है, जिसने कोरोना मैनेजमेंट में सबसे बेहतरीन काम किया। कोरोना काल में जब ढाई लाख लोग बाहर फंसे थे तो उन्हें वापस हिमाचल लाया गया। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर किया गया, जो कांग्रेस इतने साल सत्ता में रहने के बावजूद नहीं कर पाई। हिमाचल का वैक्सीनेशन मॉडल तो पूरे देश के लिए मिसाल है।

कांग्रेस ने कभी गरीबों के लिए नहीं सोचा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार ने हमेशा गरीबों के लिए काम किया है। इसलिए छोटी काशी से बड़ी काशी के लिए मजबूत संदेश जाना चाहिए। हमने गरीबों के लिए हिमकेयर, सहारा जैसी कई योजनाएं चल रही हैं। हर घर में गैस चूल्हा दिया। आज गरीब परिवार की बेटी की शादी होती है तो उसे शगुन के तौर पर 31 हजार दिए जाते हैं। कांग्रेस ने कभी गरीबों के लिए नहीं सोचा।

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों कन्हैया कुमार और नवजोत सिंह सिद्धू पर भी निशाना साधा। सीएम ने यह भी याद दिलाया कि जब कांग्रेस की सरकार होती थी तो कैसे लाखों करोड़ के घोटाले होते थे। उन्होंने कहा कि आज केंद्र में मोदी सरकार को सत्ता में आए सात साल हो गए हैं और भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है। कांग्रेस की सरकार के समय तो भ्रष्टाचार ही होते रहते थे। कभी एक लाख 86 हजार करोड़ का घोटाला तो कभी एक लाख 76 हजार करोड़ रुपये का घोटाला होता था। आज एक-एक पैसा जनता पर खर्च हो रहा है।

ब्रिगेडियर को मिलनी चाहिए रिकॉर्ड लीड

अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने मंडी से पूर्व सांसद स्व. रामस्वरूप शर्मा को भी याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामस्वरूप जी की कमी एक कार्यकर्ता और एक साथी के रूप में हमेशा महसूस होती है। मंडी को छोटी काशी कहते-कहते उन्होंने मंडी की एक अलग पहचान बनाने में सफलता हासिल की।

मुख्यमंत्री ने लोगों से ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को वोट देने की अपील की। उन्होंने लोगों से कहा कि यह उपचुनाव है, ऐसे में ढील ना बरतें; वोट डालने जरूर जाएं। इस बार की लीड पिछली बार से अधिक होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी मैं मंडी की बात करता हूं तो उसमें भरमौर भी आता है और किन्नौर भी। इसलिए कहता हूं कि मंडी हमारी थी, हमारी है और हमारी ही रहेगी। उन्होंने कहा कि मुझे भरोसा है कि आप लोगों का आशीर्वाद मिलेगा और ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर भारी मतों से विजयी होंगे।

घास की कटाई के साथ कांग्रेस की भी सफाई करें: जयराम ठाकुर

ढलवान/सरकाघाट।। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को सरकाघाट विधानसभा के ढलवान में चुनावी जनसभा की। मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी खुशाल ठाकुर के लिए वोट मांगे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घास की कटाई का सीजन चल रहा है लेकिन 30 अक्तूबर को सभी लोग बड़ी संख्या में मतदान करें। मुख्यमंत्री ने कहा, “घास की कटाई के साथ कांग्रेस की भी सफाई करें।”

इससे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बैरा और सरकाघाट में भी जनसभाएं की। ढलवान में जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि आज कांग्रेस के पास प्रदेश सरकार के खिलाफ बोलने के लिए कोई मुद्दा नहीं है।

पूर्व सैनिक को टिकट देने से कांग्रेस को दिक्कत

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी ने एक सैनिक को मंडी लोकसभा सीट से टिकट दिया तो कांग्रेस को इससे भी दिक्कत हो गई। उनका कहना है कि सेना के लोगों को राजनीति में नहीं आना चाहिए।” मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि जो शख्स ईमानदार है, जिसने सेना में अपनी सेवाएं दी है; उसे टिकट क्यों नहीं दिया जाना चाहिए?

जयराम ठाकुर ने कहा कि आज कांग्रेस के नेता जिस भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह सही नहीं है। उन्होंने कहा, “कारगिल युद्ध को कहा जा रहा है कि वो तो मामूली सी घुसैपठ थी। उस युद्ध में देश के 527 जवान शहीद हुए। 52 शहीद हिमाचल के थे। हिमाचल के दो सैनिकों को उनके शौर्य के लिए परमवीर चक्र से नवाजा गया। कांग्रेस की भाषा इन सभी के बलिदान का अपमान है।”

कांग्रेस के पास मार्गदर्शन करने वाला कोई नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कांग्रेस में मार्गदर्शन करने वाला कोई नहीं बचा। वीरभद्र सिंह जी के निधन के बाद कांग्रेस की हालात ठीक नहीं हैं। सभी बड़ा नेता बनना चाहते हैं। उन्होंने कहा- मुझे इस बात की खुशी है कि हमारे पास नरेंद्र मोदी जैसा मजबूत नेतृत्व है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “कांग्रेस के लोग कोरोना को लेकर सवाल उठाते हैं। यदि कांग्रेस सत्ता में होती तो कोरोना को कैसे रोकती? 50 साल सत्ता में रहे लेकिन केवल दो ऑक्सीजन प्लांट प्रदेश में थे। आज 28 ऑक्सीजन प्लांट हिमाचल प्रदेश में हैं। पहले केवल 50 वेंटिलेटर थे, आज वेंटिलेटर की संख्या 900 कर दी गई है।”

कांग्रेस ने गरीबों के लिए कोई काम नहीं किया

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि लंबे समय तक कांग्रेस सत्ता में रही, लेकिन गरीबों के लिए कोई काम नहीं किया। हमने सरकार बनाने के बाद गरीबों के इलाज के लिए हिमकेयर योजना शुरू की। 1.75 लाख गरीबों का मुफ्त इलाज हिमकेयर योजना के तहत किया गया है। गंभीर रूप से बीमार लोग, जो दूसरों पर आश्रित हैं, उनके लिए सहारा योजना लाई गई। पूरे देश में हिमाचल ऐसा राज्य है जहां सभी घरों में गैस चूल्हा है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र में 300 करोड़ के विकास कार्य चल रहे हैं। जहां पानी की समस्या है, वहां पानी के लिए काम चल रहा है। जहां बिजली की समस्या है, वहां उसे दूर किया जा रहा है। यहां तक कि हमने कोरोना काल में भी काम को नहीं रुकने दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा, “सरकाघाट क्षेत्र के लोगों की सभी मांगें पूरी की गई हैं। इस इलाके में उपतहसील की मांग थी, उसे भी पूरा किया गया है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी घोषणाएं सरकार की ओर से की गई हैं, उन्हें भी एक-एक कर पूरा किया जाएगा। उन्होंने अपील की कि 2019 की तरह इस बार भी भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को रिकॉर्ड वोटों से विजयी बनाएं।

धर्मशाला: पैराशूट में पैर फँसने से 35 वर्षीय युवक की मौत

कांगड़ा।। कांगड़ा जिला के धर्मशाला में एक बड़ा हादसा हुआ है। धर्मशाला स्थित पैराग्लाइडिंग साइट इंद्रूनाग में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि पायलट को उड़ान भरने में मदद करते समय सहयोगी का पैर पैराशूट में ही फंस गया और वह हवा में लटक गया।

कुछ दूरी पर ही वह पैराशूट से छूटकर नीचे गिर गया। नीचे गिरते ही उसकी मौत हो गई। मृतक व्यक्ति की पहचान धर्मशाला के दाढ़नू के रहने वाले 35 वर्षीय युवक के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बता दें कि इंद्रूनाग में पहले भी इस तरह का हादसा सामने आ चुका है। उसमें भी पायलट और सवारी के साथ सहयोगी हवा में लटक गया था और उसकी भी गिरने से मौत हो गई थी। एक बार फिर ऐसा हादसा होने से सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल उठ रहे हैं।

दिसंबर से पहले बरसात में उखड़ी सड़कों की टायरिंग करवाएगा पीडब्ल्यूडी

शिमला।। हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग ने बरसात में उखड़ी सड़कों की टायरिंग का काम दिसंबर से पहले निपटाने की तैयारी कर ली है। विभाग ने इस संबंध में फील्ड में तैनात अफसरों को निर्देश दे दिए हैं। फील्ड में तैनात अधिशासी अभियंता को सौ किलोमीटर तक टायरिंग करने को कहा गया है।

बता दें कि हिमाचल में इस बार बरसात के चलते लोक निर्माण विभाग को करोड़ों का नुकसान हुआ है। विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक कुल्लू, किन्नौर, लाहौल स्पीति और चंबा जिला में बरसात के दौरान बारिश ने खूब तबाही मचाई है।

हिमाचल के कोई भी ऐसा जिला नहीं है जहाँ बरसात में सड़कें व डंगे न गिरे हो। कई जगह बादल फटे हैं। कई मीटरों तक सड़कें ढह गई। जान माल का भी नुकसान हुआ है।

बता दें कि बरसात के चलते बटसेरी पुल और एनएच 205 हाल ही में यातायात के लिए बहाल किया गया है। एनएच 205 दयनीय हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं। प्रदेश सरकार ने एनएचएआई को सड़क पर टायरिंग करने को पत्र लिखा है।

मानव भारती यूनिवर्सिटी फर्जी डिग्री घोटाले में PMO ने दिए जांच के आदेश

शिमला।। सोलन की मानव भारती यूनिवर्सिटी के फर्जी डिग्री घोटाले को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा की शिकायत पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह आदेश दिए हैं।

भारत सरकार के कार्मिक और लोक शिकायत, पेंशन मंत्रालय की ओर से पत्र संख्या 353/6/2021-एबीपी के माध्यम से की शिकायत पर मानव भारती यूनिवर्सिटी के फर्जी डिग्री घोटाले पर कार्रवाई के निर्देश की सूचना विधायक राजेंद्र राणा को भी भेजी गई है।

इस बारे सचिव शिक्षा मंत्रालय शास्त्री भवन नई दिल्ली ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जांच के आदेश दिए गए हैं।

बता दें कि विधायक राजेंद्र राणा ने मानव भारती यूनिवर्सिटी के फर्जी डिग्री घोटाले अब तक का सबसे बड़ा घोटाला बताया है।

फर्जी डिग्री घोटाला: शांता कुमार जांच से असंतुष्ट, राजेंद्र राणा ने की CBI जांच की मांग

सांसद किशन कपूर की पत्नी के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत

कांगड़ा।। कांगड़ा से सांसद किशन कपूर की पत्नी के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत की गई है। शिकायत है कि जिले में आचार संहिता लागू होने के बावजूद वह गृह जिले में ही तैनात हैं। शिकायत मिलने पर आयोग ने इस संदर्भ में डीसी कांगड़ा से रिपोर्ट मांगी।

रिपोर्ट में पाया गया कि सांसद किशन कपूर की पत्नी रेखा कपूर धर्मशाला में उप-निदेशक के पद पर तैनात हैं, लेकिन वह चुनावी प्रक्रिया में शामिल नहीं हैं।

इसी तरह कुल्लू में उप-निदेशक कृषि के खिलाफ भी शिकायत मिली कि वह गृह जिले में तैनात हैं। यहाँ भी पाया गया कि वह चुनावी प्रक्रिया में शामिल नहीं है। गृह जनपद का नियम उनपर लागू होता है जो चुनावी प्रक्रिया में शामिल हों।