अनुराग ठाकुर को बतौर कैबिनेट मंत्री मिले दो अहम मंत्रालय

नई दिल्ली।। केंद्रीय कैबिनेट में अनुराग ठाकुर को बड़ी ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। अनुराग ठाकुर को युवा एवं खेल व सूचना एवं प्रसारण मंत्री बनाया गया है। इससे पहले अनुराग ठाकुर केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री का कार्यभार देख रहे थे। लेकिन अब अनुराग ठाकुर को पदोन्नत किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा केन्द्रीय का कैबिनेट का विस्तार किया गया है। अनुराग ठाकुर समेत कुल 43 चेहरों को केंद्रीय कैबिनेट में जगह दी गई हैं।

अकसर चर्चा रहती थी कि अनुराग ठाकुर को हिमाचल भेजा जाएगा। लेकिन केंद्रीय कैबिनेट में उन्हें अहम ज़िम्मेदारी मिलते ही फिलहाल ऐसी चर्चाओं पर विराम लग गया है।

अनुराग ठाकुर ने ली कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ

नई दिल्ली।। मोदी सरकार के जिन राज्य स्तर के मंत्रियों को कैबिनेट स्तर पर शपथ दिलाई गयी, उनमें वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर भी शामिल हैं। अनुराग ठाकुर समेत कुल 43 चेहरों को केंद्रीय कैबिनेट में जगह दी गई हैं। अनुराग ठाकुर ने 15वें नम्बर पर कैबिनेट मंत्री की शपथ ली।

इससे पहले अनुराग ठाकुर केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री का कार्यभार देख रहे थे। नई कैबिनेट में अनुराग ठाकुर को शामिल किया जाना हिमाचल के लिए गर्व की बात हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी मीडिया के समक्ष अनुराग ठाकुर को बधाई दी है।

कैबिनेट मीटिंग: यूजी प्रथम व द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी होंगे प्रोमोट

शिमला।। आज हुई प्रदेश कैबिनेट की बैठक में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के यूजी प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्रो को प्रोमोट करने का फ़ैसला लिया गया है। छात्रों द्वारा लंबे समय से यह मांग की जा रही थी। ऐसे में कैबिनेट ने आज फैसला ले लिया है। अब प्रथम व द्वितीय वर्ष के छात्रों को बिना परीक्षा दिए ही अगली कक्षाओं में प्रोमोट किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश कैबिनेट की बैठक में लिए गए अन्य निर्णय

बैठक में सभी सामाजिक, अकादमिक, मनोरंजन, राजनीतिक, सांस्कृतिक समारोहों सहित विवाह एवं अन्य समाराहों में लोगों की उपस्थिति की संख्या में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय के अनुसार, अब इन्डोर समारोहों में कुल क्षमता के 50 प्रतिशत और अधिकतम 200 लोगों को शामिल होने की अनुमति होगी। जबकि खुले स्थान पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में मैदान की कुल क्षमता के 50 प्रतिशत लोगों की उपस्थिति की अनुमति दी जाएगी। यह भी निर्णय लिया गया है कि प्रमुख पर्यटन स्थलों पर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक कोविड उपयुक्त व्यवहार सुनिश्चित करेंगे।

बैठक में हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 2 से 13 अगस्त, 2021 तक आयोजित करने के लिए राज्यपाल को सिफारिश भेजने का निर्णय भी लिया गया है।

इसके अलावा मंत्रिमंडल ने कोविड-19 के कारण अपने माता व पिता दोनों को खोने वाले बच्चों को मुख्यमंत्री बाल उद्धार योजना के अंतर्गत लाने को अनुमति प्रदान की ताकि उन्हें प्रतिमाह 1500 रुपये की अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्रदान की जा सके।

बैठक में आशा कार्यकर्ताओं का वर्तमान में दिए जा रहे अतिरिक्त मानदेय को 2000 रुपये से बढ़ाकर 2750 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया गया जिससे राज्य की लगभग 7964 आशा कार्यकर्ता लाभान्वित होंगी।

मंत्रिमंडल ने प्रदेश में नई शिक्षा नीति को क्रियान्वित करने के लिए तय किया गया है कि तीसरी, पांचवी और आठवीं कक्षाओं के प्रश्नपत्र हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड तैयार करेगा। इन कक्षाओं की मार्किंग और परीक्षा परिणाम क्लस्टर, खंड व जिला स्तर पर घोषित किए जाएंगे। मंत्रिमंडल ने प्रारंभिक शिक्षा में डिप्लोमा के लिए 2018 से 2020 बैच को स्कूल इंटर्नशिप में छह सप्ताह की छूट प्रदान करने को मंजूरी प्रदान की।

बैठक में सभी विद्यालयों को आगामी आदेशों तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। ऑनलाइन कक्षाएं पूर्व की भांति जारी रहेंगी।

मंत्रिमंडल ने काॅलेजों के प्रथम और द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को अगली कक्षा में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया। महाविद्यालयों में नए दाखिले और नवीकरण इस वर्ष जुलाई माह के अंतिम सप्ताह में आरंभ होगा जबकि नए शैक्षिक वर्ष के लिए स्नातक कक्षाएं 6 अगस्त, 2021 से आरम्भ होंगी।

मंत्रिमंडल ने शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों के टीकाकरण की प्रगति की सराहना की। बैठक में जानकारी दी गई कि 30 जून, 2021 तक 90 प्रतिशत शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों का टीकाकरण कर लिया गया है। महाविद्यालयों के लगभग 25 हजार विद्यार्थियों का टीकाकरण 28 व 29 जून, 2021 को किया गया। यह भी जानकारी दी गई कि 30 जून, 2021 तक महाविद्यलयों के अंतिम वर्ष के लगभग 80 प्रतिशत विद्यार्थियों का टीकाकरण किया जा चुका है।

मंत्रिमण्डल ने कांगड़ा जिला में 200 बिस्तरों की क्षमता वाले नागरिक अस्पताल नुरपुर अस्पताल के उचित प्रबन्धन के लिए चिकित्सा अधीक्षक का एक पद सृजित करने का निर्णय लिया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि अनाथ बच्चों और 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को बिना प्रीमियम हिमकेयर योजना के अन्तर्गत लाया जाएगा। इससे 1500 अनाथ बच्चे और 70 वर्ष से अधिक आयु वाले 16304 वरिष्ठजन लाभान्वित होंगे।

जिला कांगड़ा के डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, टांडा में जन सुविधा के लिए 12.50 करोड़ रुपये की लागत से एमआरआई मशीन स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा, इस महाविद्यालय के रेडियोग्राफी विभाग में रेडियोग्राफर के दो पद सृजित करने व इन्हें भरने को स्वीकृति प्रदान की गई है।

मंत्रिमण्डल ने जिला मण्डी के नेर चैक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय में सहायक प्रोफेसर, चिकित्सा सामाजिक कार्यकर्ता और मनोविज्ञानी का एक-एक पद, पैलिएटिव केयर सर्विसिज में चिकित्सा अधिकारियों के दो व स्टाफ नर्सों के पांच पद, चिकित्सा कैंसर सेवाओं में सहायक प्रोफेसर का एक पद और सामान्य शल्य चिकित्सा में सहायक प्रोफेसर का एक पद भरने की मंजूरी प्रदान की।

बैठक में जिला चम्बा में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मड़ी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के रूप में स्तरोन्नत करने तथा इस केन्द्र के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के पांच पद भरने को मंजूरी दी गई।

मंत्रिमण्डल ने इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल, शिमला में प्रसूति एवं स्त्री रोग प्रोफेसर का एक पद सृजित करने व भरने की स्वीकृति दी है।

मंत्रिमण्डल ने जनता की सुविधा के लिए जिला शिमला के कुफरी स्थित यातायात पुलिस सहायता कक्ष को स्थायी पुलिस चैकी में परिवर्तित करने को अपनी मंजूरी प्रदान की।

कर्मचारियों और आम जनता की सुविधा के लिए हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के सिरमौर जिला के राजगढ़ स्थित विश्राम गृह में चार अतिरिक्त कमरों के निर्माण को मंजूरी प्रदान की गई है।

मत्स्य पालन विभाग के बिलासपुर मुख्यालय में अतिरिक्त अथवा संयुक्त निदेशक का एक पद सृजित करने का निर्णय लिया जिसे हिमाचल प्रदेश प्रशासिनक सेवा (एचएएस) के अधिकारी से भरा जाएगा।

वन मंत्री पठानिया के गांव में जल संकट से जूझ रहे लोग

कांगड़ा।। हिमाचल सरकार में वन मंत्री राकेश पठानिया के गांव में लोगों को जल संकट से जूझना पड़ रहा है। पठानिया के गांव लदोडी के कुछ घरों में पानी की गंभीर समस्या है। गांव के लोग आठ सौ रुपये में पानी का टैंक खरीदने को मजबूर हैं। इस समस्या के बारे में पत्रकार सुखदेव सिंह ने अपनी फेसबुक प्रोफइल पर लिखा है।

पत्रकार सुखदेव लिखते हैं कि वन मंत्री राकेश पठानिया जी के गांव लदोडी में भी कुछेक घरों में पानी की विकराल समस्या चल रही है। लोगों को पानी पर्याप्त मात्रा में नसीब नहीं हो पा रहा है। सिर्फ इसी प्राकृतिक जल स्त्रोत के सहारे लोग अपनी प्यास बुझा पा रहे हैं। दो बार मैं भी इस शीतल जल से नहाकर आया हूँ। चिलचिलाती गर्मी में आठ सौ रुपये पानी का टैंक मिल रहा है।

वह आगे लिखते हैं कि अगर किसी ने अपने घर में मवेशी रखे हैं तो एक महीने में पानी के चार टैंक लग जा रहे हैं।कल शाम इस नाडु नामक प्राकृतिक जल स्त्रोत से नहाकर जब मैं सड़क पर पहुंचा तो एक मलकबाल के व्यक्ति ने बातों ही बातों में अपनी आपबीती सुनाई। उस पशु पालक का कहना है कि वह एक महीने में चौबीस सौ रुपये का पानी ख़रीदकर अपनी जरुरतों को पूरा कर रहा है। अगर किसी के घर में कोई छोटा समारोह हो तो बर्तन आखिर किस तरह साफ किए जाएं यह सबसे बड़ी दिक्कत बन जाती है।

उन्होंने आगे लिखा कि सबका साथ, सबका विकास कितना सार्थक सच्चाई सामने है। जनता को पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा और इधर उधर भटकना पड़ रहा है।

विधायक ने शहीद के परिवार के बिना ही कर दिया प्रतिमा का अनावरण

मंडी।। कारगिल शहीद की प्रतिमा का अनावरण करने के लिए शहीद के परिवार का ही इंतज़ार नहीं किया। विधायक ने परिवार की गैर-मौजूदगी में ही प्रतिमा का अनावरण कर दिया।


मंडी जिले के बल्ह की ग्राम पंचायत स्यांह चौक पर कारगिल शहीद टेक चंद की प्रतिमा अनावरण किया जाना था। बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने शहीद की पत्नी और परिवार का इंतजार किये बगैर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दिया।

बताया जा रहा है कि विधायक जल्दबाजी में इसलिए थे क्योंकि विधायक समेत अन्य नेताओं को मुख्यमंत्री से मिलने मंडी जाना था।

शहीद की पत्नी वीना देवी ने इसपर रोष जताया है। उनका कहना है कि यह शहीद के परिवार की अनदेखी है। उन्होंने कहा कि जिसने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, आज उसी शहीद के परिवार को अनदेखा किया गया। सभी को लोकार्पण की इतनी जल्दी दी कि शहीद की पत्नी और बच्चों की प्रतीक्षा नहीं कर सके।

उन्होंने बताया कि पहले कार्यक्रम 2 बजे के आसपास रखा गया था और उसी के हिसाब से तैयारी भी की थी। लेकिन सुबह 9 बजे फोन आया कि कार्यक्रम का समय 9 बजे कर दिया गया है, आप जल्दी आ जाओ। मैं बेटी की डिलीवरी होने की वजह से अस्पताल में थी। जब तक दौड़ी-भागी वहां पहुंची, तब तक अनावरण हो चुका था।

उधर, विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि स्यांह चौक पर शहीद टेक चंद की प्रतिमा का स्थापित होना बड़े ही गर्व की बात है। शहीद की प्रतिमा स्थापित करने के लिए परिवार ने कई प्रयास किए लेकिन पिछली सरकारें यह काम न कर सकीं। आज यह बड़ा मौका है। परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने कार्यक्रम की सूचना सैनिक के परिवार व अन्य सभी लोगों को दी थी। अभी सही ढंग से प्रतिमा का अनावरण होना है। शहीद के परिवार को पूरे सम्मान के साथ बुलाकर दोबारा प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।

वीआईपी ड्यूटी में खड़ी रही एम्बुलेंस, होमगार्ड ने घायल को ऑटो से पहुंचाया अस्पताल

बिलासपुर।। समय पर एम्बुलेंस न मिलने के कारण एक व्यक्ति की जान जा सकती थी। अगर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड समझदारी न दिखाता। सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बिलासपुर में थे। भारी प्रशासनिक तामझाम भी उनकी सुरक्षा में तैनात था। ऐसे में बिलासपुर अस्पताल में मौजूद इकलौती एम्बुलेंस भी आपातकालीन सेवा के लिए वीआईपी ड्यूटी पर तैनात थी। वीआईपी ड्यूटी के लिए एम्बुलेंस को लुहणु मैदान में तैनात किया गया था।

सुबह 10 बजे के करीब डियारा सेक्टर के रहने वाले पवन कुमार किसी काम के लिए बस अड्डा की ओर आये थे। जब वह बस अड्डा परिसर में लगे वाटर कूलर से पानी पीने आये तो चक्कर खाकर गिर गए। गिरने से सिर पर गहरी चोट लगी और खून बहने लगा।

उस समय होमगार्ड ऋषि चौहान बस अड्डा परिसर में ड्यूटी दे रहे थे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर एम्बुलेंस के लिए फोन। किया। मगर बिलासपुर अस्पताल की इकलौती एम्बुलेंस वीआईपी ड्यूटी पर लगाई गई थी। जब काफी देर तक एम्बुलेंस नहीं पहुंची तो ऋषि ऑटो में व्यक्ति को अस्पताल लेकर गए और व्यक्ति की जान बचाई।

इस बारे 108 एम्बुलेंस के मंडी ज़ोन मैनेजर राहुल चौहान ने पत्रकारों को बताया कि वर्तमान में बिलासपुर अस्पताल में केवल एक ही एम्बुलेंस है। सोमवार को एम्बुलेंस वीआईपी ड्यूटी में तैनात थी। दूसरी एम्बुलेंस कोविड हेल्थ सेंटर घुमारवीं में सेवाएं दे रही है। घायल को अस्पताल ले जाने के लिए गसौड़ से एम्बुलेंस मंगवाई गई थी, लेकिन तब तक उसे अस्पताल पहुंचाया जा चुका था।

खड्ड में गंदगी फैला रहे पर्यटकों को हिदायत, यहां से दूर रहें

सोलन।। जिला प्रशासन ने पर्यटकों को कंडाघाट के साधुपुल के पास अश्वनी खड्ड से दूर रहने का निर्देश दिया है। जिला प्रशासन का कहना है कि पर्यटकों की गतिविधियां जल संसाधन को प्रदूषित कर रही हैं।

उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने पहले ही अश्वनी खड्ड के आसपास के क्षेत्र में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी है। खड्ड नहाने, वाहन धोने और कूड़ा डालने आदि पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

कृतिका कुल्हारी ने पर्यटकों से आग्रह किया कि वे वाहन धोने और अन्य कार्यों के लिए खड्ड के पानी का उपयोग न करें। साथ ही खड्ड में प्लास्टिक और अन्य कचरा भी न फेंके। यह सब पेयजल के इस संसाधन को प्रदूषित कर रहा है।

एसडीएम कंडाघाट विकास सूद ने कहा कि बड़ी संख्या में पर्यटक इस क्षेत्र में आते हैं, खासकर वीकेंड में। साथ ही बारिश का मौसम भी शुरू हो चुका है, जिस कारण अचानक बाढ़ का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में पर्यटकों द्वारा की गई कोई लापरवाही उन्हें महंगी पड़ सकता है। एहतियातन पर्यटकों को पिकनिक, व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने और खड्ड के आसपास स्नान करने पर प्रतिबंध लगाने के बारे में चेतावनी के लिए एक बोर्ड लगाया गया है।

गोवा के राजेंद्र आर्लेकर होंगे हिमाचल के अगले राज्यपाल

नई दिल्ली।। गोवा विधानसभा के पूर्व स्पीकर व पूर्व मंत्री राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर हिमाचल प्रदेश के अगले राज्यपाल होंगे। राष्ट्रपति द्वारा इसके आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। राष्ट्रपति द्वारा 8 राज्यों के राज्यपाल बदले गए हैं। हिमाचल प्रदेश में राज्यपाल की सेवाएं दे रहे बंडारू दत्तात्रेय को अब हरियाणा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

हिमाचल में 18 हज़ार आवारा पशुओं को दिया आश्रय, गौ अभ्यारण्य के लिए भूमि की पहचान की प्रक्रिया शुरू

हमीरपुर।। हिमाचल प्रदेश में करीब 18,000 आवारा पशुओं को आश्रय दिया गया है। यह बात कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर ने सोमवार को हमीरपुर में कही। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गौशालाओं में इन जानवरों के पालन-पोषण के लिए प्रत्येक को हर महीने 500 रुपये दिए जाएंगे।

वहीं उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में गौ अभ्यारण्य विकसित किया जाएगा। जिसके लिए भूमि की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस गौ अभ्यारण्य की स्थापना हमीरपुर जिले के खीरी गांव में की जाएगी। राज्य में गायों के लिए मुफ्त निषेचन की सुविधा भी सरकार द्वारा प्रदान की जाएगी।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न फसलों के बीज उत्पादन के लिए सुविधाएं विकसित की जा रही है। राज्य में पहली बार किसानों को अपनी फर्सल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बेचने की सुविधा दी गई है। भारतीय खाद्य निगम द्वारा 1,975 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है।

शिमला में पर्यटकों की संख्या बढ़ने से पानी की किल्लत

शिमला।। कोरोना के कारण लगी बंदिशें हटने के बाद भारी संख्या में पर्यटक हिमाचल प्रदेश पहुंच रहे हैं। प्रदेश की राजधानी शिमला में भी पर्यटकों का खूब जमावड़ा लग रहा है। ऐसे में शिमला शहर में पानी की थोड़ी कमी हो गई है।

शिमला नगर निगम सीमा में पानी की खरीद व वितरण का कार्य शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड कंपनी द्वारा किया जाता है। कंपनी के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से पानी की मांग और आपूर्ति में 2-3 एमएलडी का अंतर आ गया है।

एसजेपीएनएल के एजीएम हरमेश भाटिया के अनुसार कंपनी को लगभग 40 एमएलडी पानी मिल रहा है, जो कि इस समय जरूरत से लगभग 2-3 एमएलडी कम है। जिस कारण कंपनी ने जल वितरण में कुछ पुनर्निर्धारण किया है।जरूरत पड़ने पर कंपनी द्वारा 20-30 मिनट के लिए पानी की कटौती भी की जा रही है।