होशियार सिंह के मोबाइल की तस्वीरों के आधार पर 4 गिरफ्तार

मंडी।। जून महीने में मंडी के करसोग में जंगल में संदिग्ध हालात में मृत पाए गए फॉरेस्ट गार्ड होशियार सिंह के मामले में अपडेट आया है। पुलिस ने इस केस के सिलसिले में 4 लोगों की गिरफ्तारी की है, जिन्हें वन कटुआ बताया जा रहा है।

 

ख़बर है कि पुलिस ने होशियार के फोन से कुछ तस्वीरें रिकवर की हैं, जिनमें इन चार लोगों की तस्वीरें भी थींय़ बताया जा रहा है कि पुलिस ने चार आरोपियों की कुछ दिनों से तलाश कर रही थी, मगर ये लोग घर से भाग गए थे।

 

एस.पी. मंडी अशोक कुमार का कहना है कि सोमवार को इन आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इनसे पूछताछ भी चल रही है।

22 को सामूहिक अवकाश पर जाएंगे आउटसोर्स्ड कर्मचारी

शिमला।। प्रदेश भर के आउटसोर्स कर्मचारी 22 अगस्त को सामूहिक अवकाश पर जाएंगे। वे स्थायी नीति बनाए जाने की अपनी मांग को लेकर ऐसा करने जा रहे हैं।

 

इसी दिन हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आरंभ होने के साथ-साथ प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक भी होगी। ऐसे में आउटसोर्स कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने के लिए ऐसा कर रहे हैं।

 

हिमाचल प्रदेश आउटसोर्स कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि कि राज्य के विभिन्न विभागों, निगम व बोर्ड में आउटसोर्स पर सेवाएं देने वाले हजारों कर्मचारी इस दिन मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्रियों से मिलेंगे।

गद्दी समुदाय पर लाठीचार्ज: पुलिस से मांगे कॉलर पकड़ने के सबूत

धर्मशाला।। हिमाचल के धर्मशाला में प्रदर्शन कर रहे गद्दी समुदाय पर लाठीचार्ज के मामले की जांच करने पहुंची अनुसूचित जनजाति आयोग की 6 सदस्यीय टीम ने डीजीपी सोमेश गोयल, डीआईजी, जिला कांगड़ा के एसपी रमेश छाजटा, डीसी सीपी वर्मा और एसडीएम श्रवण मांटा से रिपोर्ट ली।

 

आयोग के अध्यक्ष नंद कुमार सहाय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि एसपी ने घटना का वीडियो भी दिखाया। आयोग को बताया गया कि प्रदर्शनकारियों ने एसएचओ मैकलोडगंज की कॉलर पकड़ ली थी। इसके बाद ऐसी घटना हुई। मगर चेयरमैन ने कहा कि पुलिस का यह तर्क हजम नहीं हो रहा है, क्योंकि इस संबंध में प्रशासन ने कोई तथ्य पेश नहीं किया।

 

उन्होंने कहा कि पीड़ित गद्दी समुदाय के लोगों की ओर से पेश किए तथ्यों से साफ लग रहा है कि लाठीचार्ज हुआ है। अधिकारियों के तथ्य सिद्ध होते दिख नहीं रहे हैं। उन्होंने कहा कि आखिर हिमाचल जैसे शांत राज्य में लाठीचार्ज जैसी घटना कैसे हो गई। कहा कि दोनों पक्षों को सुुना गया है। अब दिल्ली जाकर मामले की तथ्यपरक जांच की जाएगी। आयोग विष्लेषण करेगा कि घटना के पीछे जिम्मेदारी किसकी बनती है। दोष साबित होने पर कार्रवाई भी की जाएगी।

आईजीएमसी शिमला में स्क्रब टायफस से पहली मौत

शिमला।। स्क्रब टायफस के मामले सामने आना शुरू हो गए हैं। आईजीएमसी शिमला में स्क्रब टायफस से पहली मौत हुई है। पीड़ित युवक शिमला के नजदीक चलौंठी का रहने वाला बताया जा रहा है। तेज बुखार के चलते युवक को अस्पताल में दाखिल किया गया था।

 

आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद ने स्क्रब टायफस से मौत की पुष्टि की है। पीड़ित को तेज बुखार सहित जोड़ों में दर्द की शिकायत थी, मगर पंद्रह अगस्त को उसकी मौत हो गई। युवक की मौत इस बीमारी से होने की चार दिन बाद पुष्टि करवाने पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि प्रबंधन का कहना है कि रिपोर्ट देर से आई है।

 

अस्पताल में स्क्रब टायफस के चार दिन के भीतर 30 से अधिक पॉजिटिव मामले पाए गए हैं। पॉजिटिव मामलों के बढ़ने के बाद से शहर सहित आसपास के लोग काफी सहम गए हैं। अस्पताल में सामान्य बुखार के उपचार के लिए भी लोगों की भीड़ भी बढ़ रही है।

मैं सीएम बनूं या न बनूं, सरकार कांग्रेस की ही बनेगी: वीरभद्र

कुल्लू।। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि मैं सातवीं बार सीएम बनूं या नहीं, मगर कांग्रेस फिर से सत्ता में आएगी। उन्होंंने कांग्रेस में गुटबाजी के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि गुटबाजी भाजपा में है।

 

कुल्लू में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी में सीएम की दौड़ में 15 लोग हैं जबकि कांग्रेस में ऐसा नहीं है। ढालपुर में उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, इसलिए मतभेदों को भुलाकर, एकजुट होकर आगे बढ़ना है।

 

सीएम ने कहा कि सबसे बड़ी लड़ाई टिकटों पर होती है और इससे घर बंट जाते हैं। हर हलके से एक को ही टिकट मिल सकता है। टिकट के लिए सभी कोशिश करें, मगर बाद में टिकट मिलने वाले के पीछे चलकर उसे कामयाब बनाएं।

जी.एस. बाली के बयान पर मुख्यमंत्री वीरभद्र का पलटवार

शिमला।। नगरोटा बगवां में हुए कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में परिवहन मंत्री जी.एस. बाली ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुशील कुमार शिंदे के सामने कहा था- राजा को रंक और रंक को राजा बनते देर नहीं लगती। मुख्यमंत्री वीरभद्र ने सिंह इस बयान पर पलटवार किया है। मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा- मैं तो खुद चाहता हूं कि बाली जल्द से राजा नहीं, बल्कि महाराजा बन जाएं।

सीएम ने पूर्व विधायक निखिल राजौर की तरफ से लगाए गए उन आरोपों को भी गलत बताया, जिनमें कहा गया था कि वीरभद्र ने निर्दलीय प्रत्याशी का समर्थन करने की बात कही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि निखिल राजौर झूठ बोल रहे हैं और मैं उन पर मानहानि का केस करूंगा।

पुलिस ने 24 घंटों मे ढूंढीं शिरगुल महाराज की प्राचीन मूर्तियां

एमबीएम न्यूज नेटवर्क, चौपाल।। शिमला की चौपाल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही शिरगुल मंदिर से चोरी की गई बेशकीमती चार मूर्तियों समेत दो शंख बरामद कर लिए हैं। इन मूर्तियों की कीमत करोड़ों में आंकी जा रही थी। सूत्रों के मुताबिक पुलिस को घटनास्थल से सुराग मिले थे, इसी के बूते पुलिस नेपाली मूल के दीपेंद्र उर्फ़ बिक्का व छत्र बहादुर शाही तक पहुंचने में सफल हो गई।

 

इस घटना की गुत्थी को सुलझाने की जिम्मेदारी एएसपी कुलवंत मंढोत्रा के हाथों में दी गई थी। थाना प्रभारी धर्म सिंह ठाकुर ने भी वारदात को क्रैक करने में सक्रिय भूमिका निभाई है। खास बात यह रही कि बेशकीमती मूर्तियां चोरी करने बाद भी आरोपी भागे नहीं, ताकि शक न हो। बरामद की गई प्राचीन मूर्तियों के साथ एसपी व टीम के सदस्य सूत्रों के मुताबिक CCTV फुटेज को भी पुलिस गहनता से खंगालने में लगी हुई थी।

पुलिस टीम बरामद की गई मूर्तियों के साथ। (Image: MBM News Network)

वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने मूर्तियों को नजदीक के जंगल में ही छिपा दिया था। इस चोरी की घटना के बाद से इलाके में तरह तरह की चर्चाएं भी चल रही थी। सूत्रों के मुताबिक मूर्ति चोरों से पूछताछ करने के लिए सुबह ही एसपी सौम्या सांबशिवन चौपाल पहुंच गई थी। संपर्क किए जाने पर एसपी ने मूर्तियों की बरामदगी समेत नेपाली मूल के दो व्यक्तियों की गिरफ्तारी होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पूछताछ के बाद ही बाकी जानकारी सामने आएगी। गौरतलब है कि वीरवार की रात प्राचीन शिरगुल किला मंदिर से भगवान शिरगुल की सैंकड़ों साल पुरानी अष्टधातु की चार मूर्तियां चोरी हो गई थी। वारदात को रात 2 बजे के आसपास अंजाम दिया गया।

एमबीएम न्यूज नेटवर्क का फेसबुक पेज लाइक करें

एक अन्य जानकारी के मुताबिक चोरों ने मंदिर में रखे गए चांदी के छत्र व कैश को चोरी नहीं किया है। बहरहाल चौपाल के शिरगुल देवता मंदिर में डाका डालने वाले चोरों को पुलिस ने 24 घँटे में दबिचने में कामयाबी हासिल की है। पूछताछ के दौरान पकड़े गये लोगों ने बताया कि उन्होंने शिरगुल मन्दिर से मूर्तियां चोरी की थी, जिसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर मन्दिर से चोरी की गई मूर्तियाँ बरामद की। वारदात को अंजाम देने के दौरान दोनों ने अपने चेहरों पर नकाब पहना हुआ, था इससे भी अंदाजा लगाया है कि चोरी करने का तरीका सामान्य नहीं था।

भाजपा वाले तो अपने बाप को भी नहीं बख्शते: वीरभद्र सिंह

एमबीएम न्यूज नेटवर्क, मंडी।। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंडी में भाषण देते हुए कहा कि  भाजपा वाले अपने बाप को भी नहीं बखशते। उन्होंने गुड़िया केस को लेकर बीजेपी द्वारा किए गए आंदोलन के संदर्भ में यह बात कही। सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के इस बयान को गरिमाहीन बताया जा रहा है।

 

मंडी में वीरभद्र सिंह ने कहा, ‘भाजपा कोटखाई के गुडि़या प्रकरण को मुद्दा बनाना चाहती थी लेकिन इससे पहले ही उन्होंने पीएम को चिट्ठी लिखकर इस मामले की सीबीआई जांच की मांग कर दी। ऐसा करने से भाजपा के पास सरकार पर आरोप लगाने का कोई मुद्दा नहीं रहा। भाजपा के पास आज प्रदेश में कोई मुद्दा नहीं है। भाजपा वाले अपने बाप को भी नहीं बख्शते, मुझे क्या बख्शेंगे।’

एमबीएम न्यूज नेटवर्क का फेसबुक पेज लाइक करें

वीरभद्र सिंह ने एक बार फिर मीडिया पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आए दिन मीडिया में खबरें आ रही हैं कि कांग्र्रेस में फूट है और यह फूट सिर्फ मीडिया में ही है जबकि संगठन पूरी तरह से मजबूत है। वीरभद सिंह ने कहा कि पार्टी पूरी तरह से एकजुट है और पूरी एकजुटता के साथ चुनावों में उतरकर फिर से सरकार बनाने में कामयाब होगी।

(यह एमबीएम न्यूज नेटवर्क की खबर है और सिंडिकेशन के तहत प्रकाशित की गई है)

सोलन में नालाबिग लड़की की हत्या के राज़ से उठा पर्दा

सोलन।। पुलिस ने  सोलन के ओझघाट में हुई नाबालिग लड़की की हत्या के मामले को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने कहा है कि यह पता चल गया है कि हत्या की वजह क्या थी। एसपी मोहित चावला ने हत्या के जिन कारणों का खुलासा किया गया, वे हैरान करने वाले हैं।

 

पुलिस का कहना है कि यह मामला अवैध संबंधों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि हत्यारा धर्म सिंह डेढ़ साल से महिला और मृतका के सम्पर्क में था। उसका महिला से प्रेम संबंध चल रहा था मगर बाद में वह उसकी नाबालिग बेटी से शादी की इच्छा जातने लगा था। पिछले कुछ दिनों से उनमें अनबन चल रही थी, इसी वजह से गुस्से में आकर उसने हत्या कर दी।

 

एसपी चावला ने बताया कि हत्यारा धर्मेन्द्र मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। जिस दिन हत्या हुई, उस दिन भी उसकी लड़की से बहस हुई थी।

कोटखाई केस: हाई कोर्ट ने पुलिस की SIT से मांगा शपथपत्र

शिमला।। हाईकोर्ट में कोटखाई गैंगरेप पर लगातार दूसरे दिन भी हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। दूसरे दिन शुक्रवार को मामले में पार्टी बनाई गई पुलिस एसआईटी की टीम आईजी जैदी समेत कोर्ट में पेश हुई। कोर्ट ने एसआईटी से मामले को लेकर सभी एसआईटी सदस्यों से शपथ पत्र मांगा है। कोर्ट ने यह भी कहा कि शपथपत्र सच पर आधारित होना चाहिए।

 

24 अगस्त तक एसआईटी सदस्य अपना-अपना शपथ पत्र पेश कर सकते हैं। अगली सुनवाई 31 अगस्त को होगी। इसी दिन सीबीआई को जांच की अंतिम रिपोर्ट कोर्ट में पेश करनी है। सीबीआई जांच से पहले पुलिस विभाग ने मामले की जांच के लिए एसआईटी बनाई थी। आईजी जहूर जैदी की अध्यक्षता में गठित एसआईटी ने 23 जुलाई को केस सीबीआई को सौंपा था।

 

प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजय करौल और जस्टिस संदीप शर्मा की अदालत में मामले पर सुनवाई हुई।