कुलदीप सिंह राठौर ने मारपीट को बताया कार्यकर्ताओं का जोश

शिमला।। वीरभद्र और सुक्खू समर्थकों के बीच मारपीट के बाद जहां कांग्रेस के नए प्रदेशाध्यक्ष से सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की उम्मीद की जा रही थी, वहीं उन्होंने नरम तेवर दिखाए हैं।

अपनी ताजपोशी के दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और अन्य पदाधिकारियों के सामने वीरभद्र-सुक्खू गुट में हुई मारपीट पर राठौर ने कहा कि मैं भी एनएसयूआई के कार्यकर्ता रहा हूं और जोश में अक्सर ऐसी छोटी-छोटी बातें होती रहती हैं।

बता दें कि जब कांग्रेस कार्यकर्ता राजीव भवन में इकट्ठा हुए तो वीरभद्र समर्थकों और सुक्खू समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। नारेबाजी से सिलसिला गालियों तक जा पहुंचा और फिर हाथापाई होने लगी। फिर सभागार में कुर्सियां उछलती नज़र आई। एक सुक्खू समर्थक के सिर पर चोट आई है जिसे लहूलुहान हालत में अस्पताल ले जाया गया।

इतनी बड़ी घटना हो गई मगर प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि वो कार्यकर्ताओं को समझाएंगे और उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। वहीं, बीजेपी द्वारा इस घटना का मुद्दा बनाने की संभावना पर राठौर ने कहा कि वो ज्वालाजी की घटना को याद करें, जब पार्टी के बड़े नेता के मुंह पर थूका गया था।

विडियो देखें, वीरभद्र-सुक्खू समर्थक भिड़े, फाड़े सिर

शिमला।। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में वीरभद्र और सुक्खू के समर्थकों में झड़प, डंडे-लाठियां और कुर्सियां चलीं।

कई कार्यकर्ता लहूलुहान, पुलिस मौके पर। कांग्रेस के नए अध्यक्ष कुलदीप राठौर की ताजपोशी के लिए जमा थे कार्यकर्ता।

वीडियो देखें (Courtesy: Adarsh Himachal)

कांग्रेस कार्यालय में घमासान…सुक्खु वीरभद्र समर्थकों में मारपीट…कई कार्यकर्ता लहूलुहान#Shimla #congress party#rajeev bhawan#

Adarsh Himachal ಅವರಿಂದ ಈ ದಿನದಂದು ಪೋಸ್ಟ್ ಮಾಡಲಾಗಿದೆ ಗುರುವಾರ, ಜನವರಿ 17, 2019

जानें, किस-किसको मिलेगी कुलदीप सिंह राठौर की टीम में जगह

इन हिमाचल डेस्क।। कुलदीप सिंह राठौर गुरुवार को आधिकारिक तौर पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। इससे पहले ‘इन हिमाचल’ को सूत्रों से यह जानकारी मिली है कि उनकी कोर टीम में किस-किस को अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है।

जाहिर है, लोकसभा चुनाव के लिए कम समय बचा है और कांग्रेस बिल्कुल भी लापरवाही नहीं बरतना चाहती। ऐसे में कुलदीप के पास इतना समय नहीं कि वह पूरी तरह से संगठन में फेरबदल करे। ऐसे में उनकी प्राथमिकता यही रहेगी कि कोर टीम में उन लोगों को बिठाया जाए, जिनसे उनकी फ्रिक्वेंसी मैच होती है। इसके अलावा वह प्रदेश में संगठन के स्तर पर कोई खास बदलाव नहीं करेंगे।

इन हिमाचल को जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक वह चौपाल से संबंध रखने वाले रजनीश किमटा को महासचिव बना सकते हैं। इसके साथ ही शिमला ग्रामीण के विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह को भी महासचिव बनाया जा सकता है।

वहीं महेश्वर सिंह चौहान को प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। सूत्रों का यह कहना है कि पालमपुर से विधायक आशीष बुटेल को कैशियर नियुक्त किया जा सकता है। जुब्बल-कोटखाई से संबंध रखने वाले महेंद्र चौहान को भी कोर टीम में जगह मिलने की उम्मीद है।

सूत्रों के अनुसार अभी ऑफिस संभालने के लिए कोर टीम में ही नियुक्तियां होंगी, इसके अलावा बाकी टीम के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी।

जानें, कौन तय करता है कि HRTC बस किस ढाबे पर रुकेगी

एमबीएम न्यूज नेटवर्क, शिमला।। आपने अक्सर देखा होगा कि एचआरटीसी की लॉन्ग रूट वाली बसें जिन ढाबों में रुकती हैं, वहां पर खाना खराब होता है या फिर बहुत महंगा होता है। कई बार तो दोनों की बातें होती हैं- खाना महंगा भी होता है और खराब भी। पिछले दिनों इस समस्या को लेकर हिमाचल के परिवहन मंत्री ने कहा था कि उन्हें नहीं पता कि जिन ढाबों या रेस्तरां पर बसें रुकती हैं, उन्हें एचआरटीसी की ओर से मंजूर किया जाता है या नहीं। मगर यह स्पष्ट हो गया है कि बस किस ढाबे में रोकनी है, यह कौन तय करता है।

पढ़ें– HRTC यात्रियों को महंगा और घटिया खाना मिलने पर परिवहन मंत्री का गोलमोल जवाब

हम देखते हैं कि जहां बस रुकती है, वहां पर ड्राइवर और कंडक्टर अलग जगह खाना खाते हैं। जाहिर है, उन्हें अच्छा खाना मिलता होगा और शायद मुफ्त भी। जबकि सवारियां पेरशान रहती हैं क्योंकि खाने की क्वॉलिटी और उसकी कीमत सही नहीं होती। ऐसे में अक्सर यात्रियों का गुस्सा ड्राइवर और कंडक्टर पर ही उतरता है कि बेकार जगह पर क्यों बस रोकी।

कई बार ड्राइवर और कंडक्टरों पर कमीशन खाने के आरोप भी लगते है। मगर हकीकत यह है कि बसें कहां रोकनी है, इसपर ड्राइवर या कंडक्टर का कोई बस नहीं चलता।

परिवहन निगम तय करता है कहां रुकेगी बस

दिल्ली जाते हुए यहां कहीं और जाते हुए या वहां से आते हुए बस खाने के लिए या रिफ्रेशमेंट के लिए कहां रुकेगी, इसका फैसला हिमाचल पथ परविहन निगम का प्रबंधन करता है। और अगर प्रबंधन की ओऱ से तय किए गए ढाबे या रेस्तरां पर ड्राइवर ने ब्रेक नहीं लगाया तो ड्राइवर और कंडक्टर दोनों पर कार्रवाई भी हो सकती है।

यह पता चला है कि पिछली सरकार के दौरान ढाबों को चिह्नित किए जाने का काम शुरू किया गया था ताकि सही जगहों पर ही बस रोकी जाए। इसके साथ ही ढाबों और रेस्तरां में स्पष्ट मेन्यू रखने का निर्देश था और यह आदेश भी था कि एचआरटीसी के यात्रियों के लिए ये ढाबे/रेस्तरां स्पेशल थाली देगें, जिसका रेट मेन्यू में लिखा होगा। 2014 में यात्रियों से लूट खसोट रोकने के लिए निगम प्रबंधन ने ढाबों के काउंटरों पर रेट लिस्ट और एचआरटीसी का शिकायत नंबर प्रदर्शित करना अनिवार्य कर दिया।

मगर अब धीरे-धीरे लूट-खसूट शुरू हो गई है। छह महीने पहले प्रबंधन स्तर पर बदलाव किए गए हैं। साथ ही एचआरटीसी के रीजनल मैनेजर्स को यह बताया गया है कि बसों को कहां पर रोकना है। यानी बस को कहां रोकना है, ये ड्राइवरों-कंडक्टरों के हाथ में भी नहीं है और गालियां उन्हें ही सुननी पड़ती है। ऊपर से प्रबंधन यह मॉनिटरिंग भी नहीं कर रहा कि आपने जो ढाबे चिह्नित किए हैं, वहां खाना की गुणवत्ता और उसका दाम सही है या नहीं।

एमबीएम न्यूज नेटवर्क का फेसबुक पेज लाइक करें

ऐसी जानकारी भी सामने आई है कि प्रदेश से बाहर ही नहीं, बल्कि प्रदेश के अंदर भी किस ढाबे पर बस रोकी जानी है, यह भी प्रबंधन चिह्नित करता है। इस संबंध में एमबीएम ने हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक संदीप भटनागर से संपर्क साधा तो उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री के निर्देश के मुताबिक कार्रवाई की जा रही है और ढाबों की जांच की जा रही है।

(ये एमबीएम न्यूज नेटवर्क की खबर है और सिंडिकेशन के तहत प्रकाशित की गई है)

वीरभद्र को अपने परिवार के अलावा सब ‘मकरझंडू’ क्यों दिखते हैं?

आई.एस. ठाकुर।। हिमाचल प्रदेश में जिस कांग्रेस को विपक्ष की भूमिका निभाते हुए जनहित के मुद्दे पर सरकार पर दबाव बनाने में व्यस्त होना चाहिए, आज वह गृहयुद्ध में उलझी हुई है। एक समय हिमाचल में कांग्रेस के आधार रहे पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह लगातार पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साध रहे हैं और बदले में सुक्खू भी खुलकर पलटवार कर रहे हैं।

दोनों नेताओं के बीच ऐसी बयानबाजी नई नहीं है मगर यह पहला मौका है जब संगठन के अन्य नेताओं को भी खुलकर बीचबचाव में उतरना पड़ा। पार्टी इस मुद्दे पर दोफाड़ भी होती नजर आई। वीरभद्र के करीबी नेता उनके पक्ष में खड़े हैं जबकि अन्य नेता सुक्खू के पक्ष में। यह लड़ाई इतनी बढ़ चुकी है कि पार्टी आलाकमान तक पहुंच चुकी है।

कब से उठा विवाद

इस पूरे विवाद की जड़ में जाएं तो पता चलेगा कि यह विवाद तभी से शुरू हो गया था जब सुक्खू की कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के तौर पर ताजपोशी हुई थी। वीरभद्र को सुक्खू उसी समय से खटक भी रहे थे। शुरू में सुक्खू ने सभी को साथ लेकर चलने की कोशिश की मगर यह बात वीरभद्र को रास नहीं आई। वीरभद्र चाहते थे कि सुक्खू उनकी उंगलियों पर नाचें। जो वीरभद्र चाहें, सुक्खू बस वही करें। मगर सुक्खू ने जब ऐसा नहीं किया तो वीरभद्र ने खुलकर सुक्खू पर निशाना साधना शुरू कर दिया।

खुद अपने करीबी अधिकारियों को अहम पद देने वाले, हारे हुए नेताओं को सरकार ओहदे देने से लेकर अन्य कई तरह की नियुक्तियां देते रहे वीरभद्र कहने लगे कि सुक्खू अयोग्य लोगों को जिम्मेदारियां दे रहे हैं। इन प्रतिक्रियाओं का शुरू में तो सुक्खू की ओर से कोई जवाब नहीं आया, मगर बाद में उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब में नाम लिए बिना प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया। यही नहीं, वीरभद्र के करीबी नेताओं ने भी उस समय प्रदेश में संगठन के सबसे बड़े नेता की उपेक्षा की।

विधानसभा चुनाव के नजदीक बढ़ी लड़ाई

जब तक वीरभद्र सरकार चलाने में व्यस्त रहे, उनकी टिप्पणियां सुक्खू पर कभी-कभार आती थीं। मगर जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आते गए, वीरभद्र के हमले न सिर्फ तेज हो गए, बल्कि वे निजी भी होते गए। इस बीच मुख्यमंत्री वीरभद्र जगह-जगह कुछ ऐसे बयान देने लगे, जिससे पार्टी की छवि को नुकसान होने लगा। उदाहरण के लिए बीजेपी के दिवंगत नेता आईडी धीमान की सीट पर हो रहे उपचुनाव में प्रचार के दौरान उन्होंने यह कह दिया कि आईडी धीमान के बेटे अपने पिता की राह पर चल रहे हैं और उनमें कई अवगुण हैं।

इसी तरह उन्होंने कई मंचों से नेताओं पर ऐसी टिप्पणियां कीं, जिन्हें शालीन नहीं कहा जा सकता। उदाहरण के लिए भाजपा के तत्कालीन विधायक रविंद्र रवि को खोखा चलाने वाला कहना, वनरक्षक होशियार सिंह की मौत को छोटी-मोटी घटना बताना, गुड़िया मामले मे लीपापोती करना। वीरभद्र का एक-एक बयान कांग्रेस को चुनावों में भारी पड़ने वाला था। इस बीच काग्रेस पदयात्रा निकालने लगी तो वीरभद्र ने कहा कि इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। जब इस बारे में पत्रकारों ने सुक्खू से सवाल किया तो उन्होंने कहा कि सीएम बुजुर्ग हैं, उन्हें याद नहीं रहा होगा।

इसके जवाब में वीरभद्र सिंह ने कहा- मुझे वो दिन भी याद है जब सुक्खू पैदा हुए थे। जवाब में सुक्खू ने कहा कि अगर ऐसा है तो उन्हें पदयात्रा याद क्यों नहीं रही। यह पहला मौका था जब सुक्खू ने भी वीरभद्र की ओर से हो रहे हमलों का खुलकर जवाब दिया। सुक्खू इससे कुछ समय पहले ही दिल्ली का चक्कर लगा आए थे और राजनीतिक गलियारों में चर्चा होने लगी कि सुक्खू को आलाकमान का विश्वास हासिल है।

वीरभद्र को कठपुतली अध्यक्ष चाहिए?

उधर वीरभद्र खेमा इस घटनाक्रम से तिलमिलाता नजर आया। विभिन्न आरोपों, खासकर गुड़िया केस में नाकामी को लेकर घिर चुकी वीरभद्र सरकार को जब लगने लगा कि इस बार सत्ता में लौटना मुश्किल हो सकता है तो सुक्खू पर हमलों की रफ्तार बढ़ गई। एक मजेदार बात यह है कि जिन वीरभद्र सिंह पर यह आरोप लगता रहा है कि वह हिमाचल में कांग्रेस को अपने ऊपर निर्भर बनाए रखना चाहते हैं, उन्होंने ही सितंबर 2017 में एक बयान दिया था, जो किसी और के बजाय उन्हीं के ऊपर ज्यादा लागू होता था।

वीरभद्र ने कहा, “कांग्रेस के लोग आजकल पार्टी के बजाए व्यक्ति विशेष के प्रति वफादार हैं। आजादी के समय की कांग्रेस और स्वतंत्रता उपरांत की कांग्रेस में बहुत बड़ा बदलाव आया है। आजकल जो लोग चापलूसी करते हैं, उन्हें चुनावों की अवधारणा को भुलाकर उच्च पदों पर बिठाया तथा मनोनीत किया जाता है।(पढ़ें)”

दरअसल वीरभद्र के साथ समस्या यह है कि उन्हें अपने पीछे चलने वाले लोग तो पसंद हैं मगर किसी को वो अपने बराबर आता या खुद से आगे बढ़ता हुआ नहीं देख सकते। उन्होंने हमेशा अपने वफादारों को फायदा पहुंचाया है। फिर वे नेता हों, अधिकारी या पूर्व अधिकारी। इस बात के लिए वीरभद्र की तारीफ भी होती है कि अपने लोगों को कभी भूलते नहीं। राजनीति में पकड़ बनाए रखने के लिए वफादारों को होना भी जरूरी है। इसे वीरभद्र की योग्यता भी कहा जा सकता है कि इसी कारण हिमाचल के किसी भी कोने में वीरभद्र के वफादार मिल जाएंगे।

लेकिन वीरभद्र का दूसरा पहलू भी है। वह अपने प्रतिद्वंद्वियों के पीछे पर हाथ धोकर पड़ जाते हैं। यही कारण है कि हिमाचल में कांग्रेस में वीरभद्र के बाद कोई भी ऐसा सशक्त नेता नहीं उभरा जो उन्हें टक्कर दे। वीरभद्र ने किसी को उभरने ही नहीं दिया। कुछ नेता वीरभद्र के खिलाफ बयानबाजी जरूर करते रहे हैं मगर बाद में वे मजबूरी में वीरभद्र को लेकर प्रतिबद्धता जताते रहे हैं। मगर सुक्खू का मामला अलग रहा। वह खुलकर ऐसे काम करते रहे जो वीरभद्र को रास नहीं आए।

वीरभद्र को सुक्खू से मिली टक्कर

आलाकमान का आशीर्वाद होने के कारण सुक्खू ने ऐसे कदम भी उठाए जिनसे वीरभद्र तिलमिला गए। इनमें वीरभद्र के कुछ वफादारों को चुनावों में पार्टी विरोधी काम करने के लिए बाहर का रास्ता दिखाना भी था। वीरभद्र सुक्खू के खिलाफ बयान पर बयान देते रहे, मगर सुक्खू अपनी धुन में लगे रहे। शायद यह पहला मौका था जब वीरभद्र को कोई उनकी ही शैली में जवाब दे रहा था। जाहिर है, ऐसे में हताशा बढ़ना लाजिमी था।

जैसे ही लोकसभा चुनाव की बात उठी, वीरभद्र सिंह ने फिर सुक्खू पर निशाना साधना शुरू कर दिया। विधानसभा चुनाव में हार के बाद वीरभद्र विधानसभा में अपने करीबी मुकेश अग्निहोत्री को कांग्रेस विधायक दल का नेता बनवाने में तो कामयाब हो गए मगर सुक्खू को हटवाने में उनका बस नहीं चल रहा था। विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने खूब कोशिशें की थीं मगर वे नाकामयाब रही थीं। वीरभद्र की चिंता यह भी थी कि कार्यकाल खत्म होने के बावजूद सुक्खू को हटाया नहीं जा रहा।

दरअसल कांग्रेस ने हिमाचल के मामले में बहुत बड़ी गलती की है। पूरे देश में आप कांग्रेस का पैटर्न देखें तो पता चलेगा कि कांग्रेस ने कभी भी किसी भी एक व्यक्ति को इतना नहीं चढ़ने दिया कि वह कल्ट बन जाए। अगर किसी राज्य में कोई नेता ज्यादा उभरने लगे, तो उसके समानांतर एक और नेतृत्व खड़ा कर दिया जाता है ताकि संतुलन बना रहे। वीरभद्र के समय सुखराम इस तरह का संतुलन बना रहे थे मगर दूरसंचार घोटाले में नाम आने के बाद सुखराम कांग्रेस से क्या हटे, वीरभद्र को पूरी ताकत मिल गई। उन्होंने इसका फायदा उठाया भी।

मगर उधर कांग्रेस का पूरे देश पर था, छोटी आबादी वाले पहाड़ी राज्य हिमाचल पर उसका फोकस कभी रहा ही नहीं। इस कारण उसने वीरभद्र को ऐब्सल्यूट पावर देकर रखी। मगर बाद में जब 2014 के लोकसभा चुनाव में झटका लगा, सत्ता से बाहर बैठकर सोच-विचार करने की फुरसत मिली तब आलाकमान ने सुक्खू को शक्तियां दीं कि वह स्वतंत्र होकर काम करें। इसलिए भले ही वीरभद्र ने दिल्ली के कई चक्कर लगाए मगर सुक्खू अपने पद पर बने रहे।

सुक्खू का कार्यकाल पिछले साल पूरा हो चुका था, ऐसे में जाहिर है उनकी जगह किसी और को प्रदेश अध्यक्ष बनना ही था। मगर हाल ही में जैसे ही आनंद शर्मा के करीबी कुलदीप सिंह राठौर को यह जिम्मेदारी सौंपी गई, वीरभद्र ने राहत की सांस ली। इसके साथ की एक बार फिर बयानबाजी का दौर शुरू हो गया। हद तो तब हो गई जब उन्होंने सुक्खू की टीम में मौजूद रहे नेताओं को ‘कबाड़’ बता दिया। वीरभद्र के लिए ये नेता कबाड़ इसलिए थे क्योंकि वे उनके खेमे के या उनके वफादार नहीं थे।

ब्लैकमेलिंग के आरोप

वीरभद्र का दूसरों को अपमानित करने वाले बयान देना पार्टी संगठन के बीच उनकी छवि को खराब कर चुका है। वह समय अलग था जब प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में वीरभद्र सिंह के करीबी थे। अब संगठन से जुड़े युवा वीरभद्र के प्रति नहीं, प्रदेश और देश के बारे में ज्यादा सोचते हैं। वे जानते हैं कि एक समय चुनाव से पहले क्यों वीरभद्र के कांग्रेस छोड़कर एनसीपी में जाने की तैयारी करने की अटकलों वाली खबरें छाई थीं। यह वह दौर था जब कौल सिंह ठाकुर कांग्रेस अध्यक्ष रहे थे और खुद को सीएम कैंडिडेट के तौर पर प्रॉजेक्ट कर रहे थे। शायद यही कारण है कि आज सुक्खू ने बयान दिया है कि वीरभद्र चुनाव से पहले पार्टी और कार्यकर्ताओं को ब्लैकमेल करते हैं।

वीरभद्र सिंह खुद और उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह मंडी से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ते रहे हैं और जीतते भी रहे हैं। मगर पिछले चुनाव में जब प्रतिभा सिंह की हार हुई थी, लंबे समय तक मंडी में विकास कार्य ठप होने और सीएम के मंडी न आने की खबरें चर्चा में रही थीं। यही नहीं, जिस सीट से वीरभद्र खुद जीते थे, उनकी धर्मपत्नी जीती थी, वहां से रामस्वरूप शर्मा के जीतने पर उन्होंने मंडी के बल्ह में ब्राह्मणों को लेकर बयानबाजी की थी। यानी मीठा-मीठा गप्प, कड़वा-कड़वा थू।

मकरझंडू

अब इस बार जब उनसे मंडी से चुनाव लड़ने के लिए बारे में पूछा गया थात तो उन्होंने कहा था- न मैं लड़ूंगा औ न मेरे परिवार के सदस्य, कोई नया मकरझंडू लड़ेगा। यानी वीरभद्र और उनके परिवार के अलावा और कोई कांग्रेस से चुनाव लड़ेगा तो वह मकरझंडू होगा? मकरझंडू शब्द को वीरभद्र दूसरों को अपमानित करने में इस्तेमाल करते रहे हैं। मकरझंडू शब्द कभी उन्होंने अध्यापकों के लिए इस्तेमाल किया औऱ एक बार ज्वालामुखी में कहा कि आज के अध्यापक मकरझंडू हैं। इस शब्द को वह अपने राजनीतिक विरोधियों के लिए भी इस्तेमाल करते रहे हैं। कभी वह कांग्रेस संगठन के लोगों को मकरझंडू कह देते हैं तो कभी किसी को।

दरअसल इस विषय पर कई बार बात हो चुकी है कि खुद को ऱाजसी समझने वाले वीरभद्र भूल जाते हैं कि रियासत काल चला गया और यह लोकतंत्र है। मगर उनका रवैया, उनका ऐटिट्डूयड रजवाड़ों जैसा ही है। मगर हैरानी की बात यह है कि कांग्रेस क्यों उन्हें ढो रही है? वीरभद्र के बयानों की फेहरिस्त बनाई जाए तो नैतिकता के आधार पर पार्टी संगठन के अनुशासनहीनता के सारे पैमाने टूट जाएं।

कुलदीप क्या करेंगे?

आज अगर कुलदीप सिंह राठौर संतुलन साधने की कोशिश करते हुए इस तरह की बयानबाजी को नजरअंदाज करेंगे तो कल को उनके लिए ही मुश्किल हो जाएगी। क्योंकि कल को जब आप स्वतंत्र ढंग से काम करने लगेंगे तो वीरभद्र आपको भी उसी तरह निशाने पर लेकर बयानबाजी कर सकते हैं जैसे सुक्खू को लेकर करते रहे हैं। जैसे सुक्खू स्वतंत्र काम करने लगे तो वीरभद्र के लिए वह मकरझंडू हो गए थे, उसी तरह से कल को कुलदीप अगर स्वतंत्र काम करेंगे तो वह भी मकरझंडू हो जाएंगे। वैसे भी वीरभद्र के लिए तो अपने परिवार के अलावा दूसरा हर शख्स मकरझंडू है ही।

अगर कुलदीप चाहते हैं कि संगठन को वह संगठन की तरह चलाएं तो उन्हें किसी भी बाहरी हस्तक्षेप से बचना होगा। ऐसे में उन्हें आज ही सख्त कदम उठाते हुए हिदायत जारी करनी चाहिए कि कोई कितना भी बड़ा नेता क्यों न हो, पार्टी के अनुशासन से बड़ा वह नहीं हो सकता। फिर वह वीरभद्र ही क्यों न हो। हां, अगर वह अध्यक्ष पद पर सिर्फ नाम भर के लिए बैठना चाहते हैं तो कोई दिक्कत नहीं है। वह आराम से वीरभद्र के हिसाब से काम कर सकते हैं और बदले में वह उनकी तारीफ करते रहेंगे। राठौर को चुनना होगा कि उन्हें क्या करना है।

देश बदल गया है, राजनीति बदल गई है और राजनीति की जरूरतें भी बदल गई हैं। ऐसे में पार्टी को कल के लिए तैयार करना है तो इसे परंपरागत चमचावाद से दूर करके नए ढंग से गढ़ना होगा। ऐसे में कुलदीप सिंह राठौर को चाहिए कि वह वीरभद्र को खुद पर हावी न होने दें, अपने हिसाब से अपने विज़न के हिसाब से पार्टी को चलाएं।

(लेखक हिमाचल प्रदेश से जुड़े विषयों पर लिखते रहते हैं। उनसे kalamkasipahi@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है)

ये लेखक के निजी विचार हैं

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने की मर्यादाहीन टिप्पणी

शिमला।। हरोली से विधायक और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने एक बार फिर ऐसी टिप्पणी की जिस कारण उनकी कड़ी आलोचना हो रही है। न सिर्फ भाजपा कार्यकर्ता, बल्कि कांग्रेस से जुड़े लोग और हिमाचल का बुद्दिजीवी वर्ग भी उनकी आलोचना कर रहा है।

दरसअल ज़ी मीडिया के कार्यक्रम में बोलते हुए अग्निहोत्री ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने संघ के लोग सरकार में बिठाए हैं। आगे उन्होंने कहा- “कोई मास्टर है, कोई हलवाई है और कोई धोबी है, ऐसे लोग सरकार में बिठा दिए हैं। तो काम कैसे चलेगा?”

अग्निहोत्री का इशारा किसकी तरफ था, यह नहीं मालूम। मगर जिस तरह उन्होंने मास्टर, धोबी और हलवाई शब्द इस्तेमाल किए हैं, वह दिखाता है कि कैसे वह इन्हें अयोग्य बता रहे हैं और उनके विशेषण इस्तेमाल करते हुए सरकार को नकारा बता रहे हैं।

बता दें कि इससे पहले वीरभद्र भी ऐसे विशेषण इस्तेमाल करके फंसते रहे हैं। गद्दी समुदाय को लेकर की गई उनकी टिप्पणी ने कांगड़ा में गद्दी वर्ग को नाराज़ कर दिया था, जिसका खामियाजा उन्हें विधानसभा चुनाव में भी भुगतना पड़ा था।

बहरहाल, सोशल मीडिया पर लोग टिप्पणी कर रहे हैं कि अग्निहोत्री को ऐसी टिप्पणी करने से बचना चाहिए क्योंकि वह खुद पत्रकार रहे हैं और उनसे मर्यादित भाषा की अपेक्षा की जाती है। वरना कल को कोई उनपर भी सवाल उठा सकता है कि कैसे जनता ने एक पत्रकार को चुनकर विधानसभा भेज दिया और ऐसे काम कैसे चलेगा।

इस बीच बीजेपी ने मांग की है कि अग्निहोत्री को अध्यापक, हलवाई और धोबी वर्ग से माफी मांगनी चाहिए।

जानें, बीजेपी के लिए प्रतिष्ठा का विषय क्यों था सांगटी उपचुनाव

शिमला।। नगर निगम शिमला के सांगटी वॉर्ड में हुए उपचुनाव में बीजेपी की उम्मीदवार मीरा शर्मा ने 44 वोटों से जीत हासिल की है. उन्होंने कांग्रेस की शिल्पा चौहान को हराकर अपनी तीसरा चुनाव जीता.

मीरा ने साल 2007 में सीपीएम, 2017 में कांग्रेस और अब बीजेपी के टिकट पर इलेक्शन लड़कर जीत हासिल की है. इस तरह से वह शिमला नगर निगम के लिए तीन बार अलग-अलग पार्टियों के टिकट से चुनाव लड़कर जीतने वाली पहली पार्षद बन गई हैं.

मीरा शर्मा को 622, कांग्रेस की शिल्पा चौहान को 578 और सीपीएम की उम्मीदवार रंजना वर्मा को 488 वोट मिले.

बीजेपी के लिए अहम है यह जीत
मीरा शर्मा की यह जीत भारतीय जनता पार्टी के लिए काफी अहमियत रखती है क्योंकि यह चुनाव बीजेपी के लिए नाक का सवाल बन गया था.

मीरा ने पिछला चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था और फिर इस्तीफा दे दिया था. उपचुनाव में उन्होंने दोबारा हिस्सा लिया मगर बीजेपी के टिकट पर.

ऐसे में उनके लिए तो जीतना अहम था ही, बीजेपी के लिए पर प्रतिष्ठा का विषय बन गया था. मगर राह में कई मुश्किलें आ रही थी.

भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में नाराजगी थी कि क्यों उस प्रत्याशी को टिकट दिया गया, जिसके खिलाफ पिछले चुनाव में उन्होंने काम किया था.

इसके अलावा पार्टी की अंदरूनी राजनीति के बादल भी इस उपचुनाव पर घिरने लगे थे. शिमला अर्बन के एमएलए और शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज और कोटखाई के विधायक नरेंद्र बरागटा की आपसी प्रतिद्वंद्विता भी मीरा शर्मा के लिए मुश्किल का सबब बनने लगी थी.दरअसल सांगटी वार्ड में शिमला के ऊपरी इलाकों की आबादी ज़्यादा है और ये दोनों नेता वहीं से संबंध रखते हैं। ऐसे में दोनों के बीच तारतम्य जीतने के लिए ज़रूरी था।

उधर कांग्रेस तो पूरा ज़ोर लगा ही रही थी, सीपीएम ने भी पूरी ताक़त झोंक दी थी. मगर संगठन से रिपोर्ट मिलने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आखिरकार इस मामले में दखल दिया और सभी को साथ बिठाया. सांगटी उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास ओकओवर में बैठक हुई थी।

इस बैठक में सीएम ने सबकी बातें सुनी और सबकी समस्याओं को सुलझाने का वादा करते हुए कहा कि बाक़ी काम बाद में, पहले एकजुट होकर चुनाव पर ध्यान दें.

इस बीच जिद पर अड़े कुछ नेताओं को मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में घुड़की भी पिलाई.बाद में नेताओं ने जीत के लिए एकजुट होकर काम करने का आश्वासन दिया था।

अब चुनाव के नतीजे बीजेपी के पक्ष में रहे हैं तो पार्टी कार्यालय में जश्न का माहौल है. बेशक यह नगर निगम पर एक सीट का उपचुनाव था मगर इसमें जीत के माध्यम से जयराम कहीं न कहीं यह संदेश देने में कामयाब रहे हैं कि वह पार्टी के अंदर के मदभेदों को दूर कर सकते हैं. जानकारों का कहना है कि इसके पीछे उनका पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष के तौर अर्जित अनुभव भी काम आया.

ऊर्जा क्षेत्र में हिमाचल का बड़ा कदम, 6 राज्यों के CM के बीच MoU साइन

नई दिल्ली।। हिमाचल प्रदेश ने ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा क़दम बढ़ाया है। सीएम ने हिमाचल को बड़ी सफलता दिलाई है। गिरी नदी पर प्रस्तावित रेणुका जी बहुद्देशीय परियोजना के कार्यान्वयन पर छह बेसिन राज्यों के बीच MOU साइन हुआ है।

रेणुका बाँध को लेकर छह प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के बीच MOU साइन हुआ। केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी की मौजूदगी में MOU साइन किया गया।

हिमाचल, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखण्ड, यूपी, राजस्थान के मुख्यमंत्रियों ने किया MOU साइन। रेणुका डैम से 40 मेगावाट बिजली हिमाचल को मिलेगी। बिजली उत्पादन की 90% लागत दिल्ली सरकार उठाएगी। हिमाचल सरकार सिर्फ़ 10% लागत उठाएगी।

सुक्खू की जगह कुलदीप राठौर कांग्रेस के नए प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त

शिमला।। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में संगठन के शीर्ष नेता के पद पर कुलदीप सिंह राठौर को बिठाया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू की जगह अब कुलदीप राठौर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष होंगे।

कांग्रेस कार्यालय की ओर से जारी आदेश की प्रति यह है-

कुलदीप को वैसे तो आनंद शर्मा कैंप से माना जाता है मगर वह कभी खुलकर वीरभद्र के आलोचक नहीं रहे हैं। ऐसे में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले वीरभद्र को कड़ी राजनीतिक टक्कर दे रहे सुक्खू की जगह उनकी नियुक्ति के कई मायने निकाले जा रहे हैं।

हिमाचल में स्वास्थ्य सेवाएं बेहाल, मंडी हॉस्पिटल में 45 में से सिर्फ 14 डॉक्टर तैनात

मंडी।। हिमाचल प्रदेश के तीन जिलों के मरीजों को देखने वाले मंडी जोनल अस्पताल की हालत खस्ता है। यहां डॉक्टरों के 45 पद मंजूर हैं मगर आपको हैरानी होगी कि यहां सिर्फ 14 डॉक्टर तैनात हैं। ऐसे में मंडी के अलावा कुल्लू और लाहौल स्पीति से आने वाले मरीजों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

दरअसल यह समस्या इसलिए और पेचीदा हो गई है क्योंकि यहां के बहुत से कर्मचारियों को नेरचौक में खोले गए मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट कर दिया गया है। ऐसा इसलिए किया गया ताकि मेडिकल कॉलेज चलाने के लिए मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया की शर्तों को पूरा किया जा सके। अब हालत यह है कि डॉक्टर न होने के कारण मंडी में बहुत से ओपीडी बंद हैं। अब मंडी हॉस्पिटल को नेरचौक मेडिकल कॉलेज का एसोसिएटेड अस्पताल बना दिया गया है मगर मरीज क्या पहले यह पता करेंगे कि फ्लां बीमारी है तो नेरचौक जाए या मंडी जाए?

सोचिए, यह हाल मुख्यमंत्री के गृह जिले के हैं। बाकी अस्पतालों और अन्य जिलों में हालत क्या होगी, अंदाज़ा लगाया जा सकता है। मंडी हॉस्पिटल में जरूरी उपकरणों तक की कमी है। ऐसा नहीं है कि संसाधनों को नेरचौक मेडिकल कॉलेज शिफ्ट करने से वहां मरीजों को अच्छी सुविधाएं मिल रही है। वहां भी कमोबेश हालात ऐसे ही हैं। यानी दो-दो बड़े संस्थान तो चल रहे हैं मगर दोनों में सुविधाओं का अभाव है।

मंडी रीजनल हॉस्पिटल का तो आलम यह है कि मंडी के चीफ मेडिकल ऑफिसर भी इस स्थिति से परेशान हैं। अंग्रेजी अखबार ‘दि ट्रिब्यून‘ से उन्होंने कहा है कि स्टाफ की कमी के कारण रीजनल हॉस्पिटल में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। हालांकि उनका कहना था कि अस्पला प्रशासन अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहा है ताकि लोगों को समस्या न हो।

बहुत से विभागों में डॉक्टर नहीं
नेरचौक मेडिकल कॉलेज के कारण मंडी में न तो स्किन स्पेशलिस्ट है, न ही सायकायट्रिस्ट। यही नहीं, इस इतने बड़े अस्पताल में कोई ईएनटी स्पेशलिस्ट तक नहीं है। सीएमओ का भी कहना है कि बेहतर व्यवस्था तब होगी जब हर विभाग में कम से कम दो विशेषज्ञ हों। यानी सर्जरी, मेडिसिन, ऑर्थो, गाइनी और पीडीऐट्रिक्स में भी दो-दो स्पेशलिस्ट डॉक्टर होने चाहिए।