शांता बताएं, रिटायर्ड पीएसओ पर क्यों हैं मेहरबान: चन्द्र कुमार

अमित पुरी, धर्मशाला।। पूर्व सांसद चंद्र कुमार ने मौजूदा सांसद शांता कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि शंता कुमार सभी को कानून व नियमों का पाठ पढ़ाते है लेकिन खुद जब नियमों की पालना की बात आए तो वे खुद नियमों को तार-तार करते हुए दिखाई देते है।

पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि कांगडा-चंबा के सांसद शांता कुमार की सुरक्षा का जिम्मा 64 साल के करीब एक पीएसओ के जिम्मे है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने बार-बार नियमों को ताक पर रखकर पसंदीदा व्यक्ति को रिटायरमेंट के बाद भी सेवा विस्तार देने पर सवाल उठाए। हिमाचल में कर्मचारियों के बीच सख्त छवि रखने वाले शांता कुमार पहले भी अपने पीएसओ को बार-बार एक्सटेंशन दिलाने को लेकर आलोचनाओं का सामना करते रहे हैं।

नियम ताक पर
जानकारी के अनुसार नियमों को नकारते हुए भाजपा से लेकर कांग्रेस तक की सरकारें पिछले छह साल से शांता कुमार की सिफारिशों पर उनके पीएसओ को सेवा विस्तार देती आ रही हैं। शांता के पीएसओ नरेश कटोच 64 साल की उम्र के हैं। लेकिन रिटायरमेंट उम्र के छह साल बाद भी मौजूदा सांसद शांता कुमार को नरेश कटोच के तैनात रहने से खासा सुरक्षित महसूस होता है।

चन्द्र कुमार

पूर्व सांसद ने कहा कि उसूलों की बाते करने वाले मौजूदा सांसद जबाव दें कि वे अपने पीएसओ को बार-बार क्यों विभाग से एक्सटेंशन दिला रहे है। उन्होंने सवाल उठाया है कि क्या शांता कुमार को प्रदेश पुलिस के अन्य सिपाहियों से डर लगता है जो पिछले छह सालों से रिटायर्ड हो चुके व्यक्ति को ही अपने साथ तैनाती करवा रहे है।

क्या है पुलिस ऑर्डर
40 पार के पुलिस कर्मी को निजी सुरक्षा कर्मी (पीएसओ) के तौर पर अनफिट माना जाता है। उसे कमांडो या पीएसओ कोर्स के अलावा हर साल फायरिंग प्रैक्टिस करनी होती है और शारीरिक फिटनेस बरकरार रखनी होती है। सर्विस रिकार्ड का बेहद अच्छा होना जरूरी होता है।

शांता कुमार पर आरोप

पिछले छह साल में वीरभद्र सिंह से लेकर वर्तमान जयराम सरकार भी पीएसओ को सेवा विस्तार देती जा रही है। सूत्रों की मानें तो निजी सुरक्षा कर्मी मुहैया कराने वाली सीआईडी कई बार नरेश की तैनाती व सेवा विस्तार पर आपत्ति जाहिर कर चुकी है लेकिन सीआईडी द्वारा दिए गए तर्कों के बावजूद शांता कुमार की इच्छा नियमों पर भारी रहती है।

प्रदेश में जयराम सरकार के आने के बाद विधायकों व पूर्व मुख्यमंत्रियों को निजी सुरक्षा कर्मी देने को लेकर डीजीपी सीताराम मरडी के साथ काफी तनातनी हुई थी। इसके बावजूद जयराम सरकार ने हाल ही में शांता कुमार के पीएसओ को दो साल का सेवा विस्तार दे दिया है।

नियम तोड़ा तो पुलिसकर्मी ने किया डीसी कांगड़ा की गाड़ी का चालान

पालमपुर।। कांगड़ा के डीसी की गाड़ी का पालमपुर में चालान काटा गया है। वाहन की गलत जगह पार्किंग पर यह कार्रवाई की गई।

जिस समय यह कार्रवाई की गई, डीसी वाहन में नहीं थे। उनका ड्राइवर ही वहां मौजूद था।

ट्रैफिक पुलिस कर्मी लाल चंद ने यह चालान काटा है। उनकी तारीफ हो रही है कि उन्होंने नियमों के तहत कार्रवाई की और बड़े अधिकारी तक को नहीं बख्शा।

गद्दी कैंडिडेट की मांग पर शांता बोले- लोकसभा का चुनाव है, बिरादरी का नहीं

अमित पुरी, धर्मशाला।। लोकसभा चुनावों को लेकर हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के बहुत से कार्यकर्ता लगातार सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर गद्दी समुदाय का उम्मीदवार उतारने की मांग कर रहे थे। मौजूदा सांसद शांता कुमार ने शुक्रवार को धर्मशाला में बैठक के बाद इस मांग से जुड़े सवाल पर कहा कि यह किसी बिरादरी का नहीं बल्कि लोकसभा का चुनाव है।

पत्रकारों से बात करते हुए शांता कुमार ने कहा कि भाजपा भारत की जनता की पार्टी है और भाजपा के कार्यकर्ता इस तरह की सोच नहीं रखते। उन्होंने कहा, “हम सभी मिलकर केंद्र सरकार द्वारा घोषित किए जाने वाले उम्मीदवार को जिताने का काम करेंगे।”

शांता कुमार ने कहा कि आज की बैठक में लोकसभा चुनावों के लिए रणनीति तैयार की गई और सभी नेताओं को उनकी जिम्मेदारी दी गई कि वे किस तरह से चुनावों में अपनी भूमिका निभाएंगे। शांता कुमार ने कहा, “आज की बैठक में कांगडा-चंबा के कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियां दे दी गई है और बैठक में यह भी नारा दिया गया है कि इस बार भाजपा का लक्ष्य है- 2 लाख से पार।”

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि इस बैठक में सभा कार्यकर्ताओं को उनके काम समझा दिए गए है और इसकी रणनीति बनाई गई है कि उन्हें अपने-अपने विधाससभा क्षेत्रों में किस तरह से काम करना है। शुक्रवार को धर्मशाला के साथ लगते डी पोलो होटल में आयोजित कांगडा-चंबा लोकसभा की बैठक में भाजपा सरकार के मंत्री, विधायक और अन्य नेता मौजूद रहे।

इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने कहा कि वह प्रदेश की राजनीति में खुश है और प्रदेश की जनता के लिए काम करना चाहते है। उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार इस सीट से सांसद है और पार्टी हाईकमान जिसे उम्मीदवार बनाएगा पार्टी के सभा कार्यकर्ता पार्टी के उम्मीदवार को जिताने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे।

बैठक के बाद सभा नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार के जन्मदिवस पर केक काट कर उन्हें बधाई दी। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार, खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर, शाहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, केसीसी बैंक के चैयरमेन राजीव भारद्वाज, विस उपाध्यक्ष हंसराज, कृपाल परमार, विधायक अरुणा मेहरा, रविन्द्र धीमान, विधायक विक्रम जरयाल व अन्य नेता उपस्थित रहे।

आचार संहिता के उल्लंघन पर बीजेपी विधायक धवाला की गाड़ी ज़ब्त

ज्वालामुखी।। ज्वालामुखी के विधायक रमेश धवाला पर आचार सहिता के उल्लंघन का आरोप लगा है। विधायक रमेश धवाला योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भी हैं। उनके ऊपर तीन दिन से सरकारी गाड़ी का दुरुपयोग करने का आरोप लगा है। उनकी गाड़ी को जब्त कर लिया गया है।

योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष धवाला और उनकी गाड़ी बीती रात ज्वालामुखी रेस्ट हाउस में थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गाड़ी को मौके पर घेरकर चुनाव आयोग को शिकायत की। मामला देर रात का है। चुनाव आयोग की शिकायत के बाद विधायक की गाड़ी को पुलिस ने अपने नियंत्रण में ले लिया।

ज्वालामुखी सहायक निर्वाचन अधिकारी राकेश शर्मा ने कहा कि पिछली शाम को सूचना मिली थी एक गाड़ी ज्वाला जी रेस्ट हाउस में खड़ी है जिस पर करवाई की गई।

उन्होंने कहा कि गाड़ी रमेश धवला की थी और गाड़ी के चालक को आदेश दे गए है कि गाड़ी को विभाग को सपुर्द किया जाए। वही उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी जिला कांगड़ा निर्वाचन चुनाव अधिकारी को भी दे दी गई है।

अनोखा मेडिकल कॉलेज, जहां सालों से खराब है सीटी स्कैन मशीन

चंबा।। प्रदेश के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में सरकार द्वारा हर प्रकार की मरीजों के लिए मुक्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध तो करवा दी जाती है लेकिन हॉस्पिटल प्रशासन की लापरवाही की वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। प्रदेश सरकार व केंद्र सरकार द्वारा लोगों को मुफ्त में स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए अलग-अलग तरह के कार्ड भी उपलब्ध करवाए गए हैं लेकिन हॉस्पिटलों में सुविधाएं ही न होने के कारण ये कार्ड कागज के पुलिंदे मात्र बनकर रह जाते हैं।

पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा की बात करें तो यहां पर पिछले कई सालों से सीटी स्कैन मशीन खराब होने की वजह से उसका लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। पिछले दो सालों से यह हॉस्पिटल मेडिकल कॉलेज के रूप में बदल चुका है लेकिन मेडिकल कॉलेज होने के बावजूद यहां के हॉस्पिटल प्रशासन द्वारा लोगों को वह सुविधाएं प्रदान नहीं की जा रही हैं जिनके वे हकदार हैं।

यहां स्थापित सीटी स्कैन मशीन को खराब हुए कई साल हो चुके हैं लेकिन हॉस्पिटल प्रशासन द्वारा उसे ठीक करवाने की जहमत नहीं उठाई जा रही है। उसे अलग तरीके से बहाने बनाकर टाल दिया जाता है। इस मशीन के खराब होने के बाद चंबा मुख्यालय में दो और निजी क्लीनिक में सिटी स्कैन मशीन लग चुकी हैं लेकिन सरकारी हॉस्पिटल में अभी तक इसे बदलने की प्रक्रिया ही हो रही है। ऐसे में लोगों में इस बात का भी शक हो रहा है कि कहीं ऐसा तो नहीं कि निजी क्लीनिक को फायदा देने के लिए हॉस्पिटल प्रशासन यहां पर सिटी स्कैन मशीन स्थापित नहीं करना चाहता। लोगों को परेशानी यह है कि उन्हें अधिक पैसे खर्च कर यह सीटी स्कैन करवाना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कई सालों से उन्हें यहां हॉस्पिटल में सीटी स्कैन की सुविधा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने बताया कि हॉस्पिटल में सीटी स्कैन की सुविधा न होने की वजह से उन्हें या तो पठानकोट जाना पड़ता है यहां फिर यहां चंबा में निजी क्लीनिक में सीटी स्कैन करवाना पड़ता है जिसके लिए उन्हें काफी पैसे खर्च करने पड़ते हैं।

लोगों ने बताया कि सरकार द्वारा इलाज के लिए अलग अलग कार्ड तो बनाए गए हैं लेकिन उनका भी तभी फायदा होगा जब यहां पर स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से लोगों को मिल पाएंगे। लोगों ने एक बार फिर से हॉस्पिटल प्रशाशन से आग्रह किया है कि यहां पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू किए जाए ताकि लोगों को इन सभी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल पाए।

आपके फोन ठीक हैं, दिक्कत फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप में है

इन हिमाचल डेस्क।। बीती रात से अगर आपको फेसबुक, इंस्टाग्राम, मेसेंजर और वॉट्सऐप इस्तेमाल करने में परेशानी हो रही है तो यह आपके स्मार्टफोन की दिक्कत नहीं है। समस्या फेसबुक की ओर से है।

दरअसल फेसबुक, मेसेंजर, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप सभी फेसबुक की ही सर्विसेज हैं। ये सभी सर्विसेज किसी गड़बड़ी से जूझ रही हैं। फेसबुक ने ट्वीट करके इसकी जानकारी भी दी है।

इस कारण दुनिया के अलग अलग हिस्सों में बहुत से यूजर इन ऐप्स या वेबसाइट्स के सभी फीचर्स को यूज नहीं कर पा रहे।

फेसबुक का कहना है कि वह इस समस्या को जल्द से जल्द सुलझाने में जुटी है। शायद यह पहला मौका है जब फेसबुक फैमिली के ऐप्स एकसाथ इतनी बड़ी संख्या के यूजर्स के लिए इतनी देर तक खराब हैं।

एचआरटीसी बसों पर लगे सरकारी योजनाओं के विज्ञापन हटाए गए

अमित पुरी, धर्मशाला।। लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद आदर्श चुनाव संहिता लागू होने के बाद जिला प्रशासन और अन्य विभागों की कसरत बढ़ गई है। ऐसे में सरकार की ओर से जारी किए गए योजनाओं और उपलब्धियों से जुड़े विज्ञापनों को हटाया जा रहा है।

धर्मशाला और आसपास के इलाके में होर्डिंग और पोस्टर आदि तो हटा दिए गए थे मगर सरकारी बसों पर लगे विज्ञापनों को अभी नहीं हटाया गया था। ऐसे में एचआरटीसी के आरएम ने बसों पर लगे विज्ञापनों को हटाने का आदेश दिया है।

इसके बाद एचआरटीसी के कर्चमारी बसों के पीछे और साइड में लगे विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े विज्ञापनों को हटाते हुए नजर आए।

लोगों को खूब भा रहा- नलवाड़ी मेले के निमंत्रण का वीडियो

इन हिमाचल डेस्क।।  बिलासपुर में प्रसिद्ध नलवाड़ी मेले का आयोजन 17 से 23 मार्च तक होने जा रहा है। इस मेले की ओर लोगों को आकर्षित करने के लिए बिलासपुर जिला प्रशासन की ओर से एक वीडियो जारी किया गया है।

मधुर संगीत में गाते हुए नलवाड़ी के मेले में आने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है और उसपर स्लो मोशन में मेले के दृश्य चल रहे हैं। गाने के बोल हैं- नलवाड़िया रे मेले जो आयां मेरी जान।

देखें वीडियो:

वाह Experiments by Vivek Bhatia जी

जाहू-भांबला-बम्म ಅವರಿಂದ ಈ ದಿನದಂದು ಪೋಸ್ಟ್ ಮಾಡಲಾಗಿದೆ ಮಂಗಳವಾರ, ಮಾರ್ಚ್ 12, 2019

 

‘समाजसेवी’ के दावों पर उठे सवाल, प्रशासन ने कहा- तस्वीरें सही नहीं

इन हिमाचल डेस्क।। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जरूरतमंद लोगों के पास जाकर उनके साथ तस्वीर खिंचाने और उन लोगों का दर्द उठाने का दावा करने वाले कांगड़ा जिले के एक समाजसेवी की सोशल मीडिया पोस्ट्स काफी शेयर की जाती हैं। लोग भावुक होकर कई जरूरतमंद लोगों की मदद भी कर चुके हैं। मगर कई बार उनकी पोस्ट्स में किए जाने वाले दावों की पूरी सच्चाई पर सवाल भी उठते रहे हैं।

ताजा मामला है मंडी जिले के जोगिंदर नगर के द्राहल गांव की बर्फी देवी का। सोशल मीडिया पर पोस्ट वाइरल हुई कि बर्फी देवी 17 साल पहले पति की मौत हो जाने के बाद मुश्किल हाल में रह रही हैं।

दावा किया गया कि जूते पोलिश करके 20-25 रुपये कमाती हैं मगर पंचायत ने उन्हें गांव की सबसे अमीर महिला घोषित किया है और 7 साल पहले आईआरडीपी से नाम काट दिया गया।

पुत्रा,20 या 25 रुपये कमा लेती हूं शाम तक जूते पालिश या सिल कर पर जूतों को सिलाने का रिवाज तो लगभग खत्म हो गया है…

Sanjay Sharma ಅವರಿಂದ ಈ ದಿನದಂದು ಪೋಸ್ಟ್ ಮಾಡಲಾಗಿದೆ ಭಾನುವಾರ, ಮಾರ್ಚ್ 10, 2019

जाहिर है, ऐसा होना नहीं चाहिए किसी के साथ। मगर यह तो हुआ एक पहलू-

डीसी मंडी ने कहा- गलत तस्वीरें शेयर हुईं
‘इन हिमाचल’ से बातचीत में मंडी के डीसी ऋग्वेद मिलिंद ठाकुर ने बताया, “हमने मामले की जांच की है। जांच के पहले हिस्से में सामने आया है कि महिला के घर की जो तस्वीर सोशल मीडिया में शेयर की गई है, वो गलत है। महिला का पक्का मकान है और वह अपने रोजगार के लिए काम करती हैं। अभी मामले को पूरी तरह देखा जा रहा है।”

क्या बोले संजय शर्मा
‘इन हिमाचल’ ने समाजसेवी संजय शर्मा से भी संपर्क किया। उन्होंने कहा, “मुझे ये मामला समाचार पत्र के माध्यम से जानकारी में आया और उसके बाद मैं महिला से मिला। महिला ने जो तथ्य मेरे सामने रखे, उसी पर  मैंने उसके लिए राशन की व्यवस्था भी की थी। प्रधान ने भी महिला की जानकारी को सही बताया था।”

संजय ने कहा कि उनके पास इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। उन्होंने कहा कि वह समाज सेवा के लिए काम कर रहे है। ‘इन हिमाचल’ के सवालों पर उन्होंने कहा कि उन्होंने महिला की मदद की है लेकिन प्रशासन जो तथ्य बता रहा है और इन हिमाचल ने जो तथ्य रखे हैं, उससे सबक लेते हुए आगे हर मामले के सभी पहलू देखकर काम करेंगे ताकि समाज में गलत संदेश न जाए।

क्या सामने आया है पड़ताल में?
सोशल मीडिया पर पोस्ट की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से डीसी मंडी को आदेश दिया गया। प्रशासन हरकत में आया और मामले की पड़ताल की तो और ही कहानी सामने आई। अब प्रशासन का पक्ष सुनिए।

पंचायत का कहना है कि बर्फी देवी का नाम परिवार रजिस्टर में बड़े बेटे नरेश के साथ दर्ज है।

नरेश सम्पन्न हैं और कुल्लू में रहते हैं।

बर्फी देवी दावा करती हैं कि वह छोटे बेटे रमेश के घर में रहती हैं मगर उनके पास नरेश के घर की भी चाबियां हैं। ये पक्का मकान है और सब सुविधाओं से सम्पन्न है।

उनके छोटे बेटे रमेश का घर भी लेंटर वाला है। हालांकि उसमें दरार आई है और पंचायत ने उसकी तस्वीरेँ आगे भेजने का दावा किया है।

और जो चूल्हे की तस्वीर शेयर की गई है, हिमाचल में इस तरह से घर से बाहर भी पानी गर्म करने आदि के लिए शेड के नीचे चूल्हे बनाने का रिवाज है।


बहरहाल, मुख्यमंत्री कार्यालय से निर्देश मिलने के बाद प्रशासन ने इस मामले में कदम उठाना शुरू कर दिया है ताकि बुजुर्ग महिला को सरकारी योजनाओं के तहत लाभ दिया जाए। उज्ज्वला योजना के तहत भी बर्फी देवी को लाया जा सकता है।

मेहनतकशी की मिसाल हैं बर्फी देवी
परिवार के अन्य सदस्यों का पक्ष सामने नहीं आया है, संजय शर्मा की पोस्ट में सिर्फ महिला के हवाले से बात रखी गई है। लेकिन यह बात भी समझी जानी चाहिए कि यदि कोई आत्मनिर्भरता के लिए रोजगार के लिए काम कर भी रहा है, उसे गलत निगाह से दीन-हीन नहीं समझना चाहिए। साथ ही सोशल मीडिया पर कुछ भी पोस्ट करते समय यह जिम्मेदारी बनती है कि हर पहलू को सामने रखा जाए। एक तरफा दावे अक्सर भ्रामक हो सकते हैं। इससे जनता को भी सबक यह है कि सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई हर बात पर आंख मूंदकर यकीन नहीं करना चाहिए।

 

लोकसभा चुनाव 2019: हिमाचल की चारों सीटों पर 19 मई को होगी वोटिंग

नई दिल्ली।। चुनाव आयोग 2019 लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया है। देश की 543 लोकसभा सीटों के लिए इस बार सात चरणों में चुनाव होंगे। बता दें कि 2014 में हुए लोकसभा चुनाव नौ चरणों में संपन्न हुए थे। चुनाव का पहला चरण 11 अप्रैल को जबकि आखिरी चरण 19 मई को है। नतीजे 23 मई को घोषित होंगे।

लगभग डेढ़ महीने तक चलने वाली चुनाव प्रक्रिया में हिमाचल में मतदान का नंबर सबसे आखिर में आया है। हिमाचल प्रदेश में 19 मई को सातवें और आखिरी चरण के तहत मतदान होगा।

11, 18, 23, 29 अप्रैल एवं 6, 12 और 19 मई को चुनाव कराने का ऐलान किया है। सबसे ज्यादा 80 सीटों वाले उत्तर प्रदेश, 40 सीटों वाले बिहार और 42 सीटों वाले पश्चिम बंगाल में 7 चरणों में मतदान होगा। जाहिर है, सभी सातों चरणों में देश के विभिन्न हिस्सों में हुए मतदान के नतीजे एकसाथ 23 मई को होंगे।

लोकसभा चुनाव 2019 की तारीखों की घोषणा

हिमाचल की सभी चारों सीटों के लिए सातवें चरण के तहत 19 मई को होगी वोटिंग। इस बार देश में 7 चरणों में होगा लोकसभा के लिए मतदान, 23 मई को घोषित होंगे नतीजे।

In Himachal ಅವರಿಂದ ಈ ದಿನದಂದು ಪೋಸ್ಟ್ ಮಾಡಲಾಗಿದೆ ಭಾನುವಾರ, ಮಾರ್ಚ್ 10, 2019

पहले राउंड में 20 राज्यों की 91 सीटों पर मतदान होगा। दूसरे राउंड में 13 राज्यों की 97 सीटों पर मतदान होगा। तीसरे चरण में 14 राज्यों की 115 सीटों पर वोट पड़ेंगे। चौथे दौर में 9 राज्यों की 7 सीटों, 5वें में 7 राज्यों की 51 सीटों, छठे राउंड में 7 राज्यों की 59 सीटों और 7वें एवं आखिरी दौर में 8 राज्यों की 59 सीटों पर मतदान होगा। इसी दौर में हिमाचल का भी नंबर आएगा। वहीं राजधानी दिल्ली में छठे चरण में 12 मई को मतदान होगा।

इस बार सभी पोलिंग स्टेशनों पर वीवीपैट मशीनें होंगी। इससे वोटर्स को यह पता चल सकेगा कि उसकी ओर से दिया गया वोट सही उम्मीदवार को ही पड़ा है या नहीं। इस आम चुनाव में 90 करोड़ वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। 2014 से अब तक 8.4 करोड़ मतदाता बढ़े हैं। 1.5 करोड़ मतदाता 18 से 19 साल के हैं। बीते चुनाव में 81 करोड़ वोटर थे।