बांसुरी की तान से मंत्रमुग्ध करने वाले करीब 100 साल के बुजुर्ग झाबे राम

मंडी।।

आज हम आपको जिस शख्सियत से मिलवाने जा रहे हैं, उनकी बांसुरी की धुन सुनकर आपका मन खुश हो जाएगा। इंटरनेट पर हमें यह विडियो मिला और फिर इसके बाद इनके बारे में पता लगाने की कोशिश की। जानकारी मिली कि इनका नाम झाबे राम है और यह थुनाग (मंडी जिला) के गांव शेगला के रहने वाले हैं। कुछ महीने पहले इनके पोते से हमें जानकारी मिली थी कि इनकी उम्र 100 साल के करीब है, फिर भी वह एकदम फिट हैं।

इन हिमाचल के पाठक पवन शर्मा, जो उनके पोते हैं ने बताया था कि झाबे राम इस उम्र में भी खुद मेहनत करके पैसे कमाकर जीवन-यापन करते हैं। उनके 5 बेटे और 3 बेटियां हैं, मगर झाबे राम जी नहीं चाहते कि वह किसी पर बोझ न बनें और खुद ही मेहनत करते हैं।

झाबे राम जी।
झाबे राम जी।

जानकारी मिली कि उन्होंने बहुत मेहनत की है और शून्य से ऊपर उठे हैं। गांव में आज भी उनकी खूब पूछ है और सबसे समझदार और बुजुर्ग आदमी माना जाता है। हर काम करने से पहले उनकी राय जरूर ली जाती है। कहा जाता है कि जवानी के वक्त वह इतने ताकतवर थे कि आसपास के किसी गांव का व्यक्ति ताकत के मामले में उनका मुकाबला नहीं कर सकता था।

वह देव सराज घाटी के बड़े देव मतलोड़ा के पुजारी भी हैं। उनकी बांसुरी की तान सुनने को गांव  के लोग बेकरार रहते हैं। वह साथ में पारंपरिक लोकगीत भी गाते हैं, जो शायद आज की पीढ़ी में किसी को नहीं आते। उनकी हमेशा से ख्वाहिश रही कि लोग उनकी कला को पहचानें और इसे आगे बढ़ाएं। इस वक्त उनकी सेहत कैसी है, इस बारे में हमने उनके पोते से संपर्क करने की कोशिश की, मगर फेसबुक पर उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया। बहरहाल, आप देखें यह विडियो

झाबे राम जी का पता इस तरह से है- झाबे राम, गांव झेगला, पोस्ट ऑफिस- बागाचनोगी, तहसील- थुनाग, मंडी, हिमाचल प्रदेश, पिन- 175035.

SHARE