रणदीप सिंह सुरजेवाला बुधवार को धर्मशाला में सुधीर शर्मा के लिए करेंगे प्रचार

धर्मशाला।। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता एवं स्टार प्रचार रणदीप सिंह सुरजेवाला बुधवार को धर्मशाला के जोरावार मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सुरजेवाला के धर्मशाला आने पर कांग्रेस पार्टी के प्रचार अभियान को और मजबूती मिलेगी। सुरजेवाला करीब 8 बजे धर्मशाला पहुंचेंगे और उसके बाद मां चामुंडा मंदिर में पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लेंगे। इसके उपरांत वह करीब 10 बजे तय कार्यक्रम के अनुसार भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे।

सुरजेवाला कांग्रेस पार्टी में राष्ट्रीय स्तर के नेता हैं और लोगों के बीच उनकी छवि एक मुखर प्रवक्ता एवं कुशल राजनेता की है। राजनीतिक गलियारों में सुरजेवाला को सुधीर शर्मा का मित्र होने के साथ-साथ बहुत बड़ा समर्थक भी माना जाता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि रणदीप सिंह सुरजेवाला का धर्मशाला पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा।

जारी है सुधीर का प्रचार अभियान
इस बीच धर्मशाला से कांग्रेस प्रत्याशी सुधीर शर्मा ने मंगलवार को कांग्रेस पदाधिकारियों, बूथ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपने निवास स्थान पर बैठकें की और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया। उन्होंने कांग्रेस पदाधिकारियों को चुनावों के दौरान संयम एवं सौहार्द बरतने का आग्रह किया। सुधीर शर्मा ने करीब 2 बजे उक्त बैठकों को संपन्न करने के बाद आज जनता से अपने निवास स्थान पर ही मुलाकात की। इस दौरान करीब 67 परिवारों ने भाजपा का दामन छोड़ कर कांग्रेस का हाथ थामा, जिसमें मुख्य रूप से भाजपा सोशल मीडिया संयोजक धर्मशाला मंडल राजेश शर्मा व भाजपा कार्यकर्ता विक्रम धीमान शामिल रहे।

भाजपा सोशल मीडिया संयोजक धर्मशाला मंडल राजेश शर्मा कांग्रेस में शामिल

कांग्रेस में शामिल हुए बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा के कुशासन एवं जनविरोधी नीतियों से वह तंग आ चुके थे इसलिए उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि सुधीर शर्मा ऐसे नेता साबित हुए हैं जिन्होंने सत्ता से बाहर रहते हुए भी तन मन धन से लोगों की मदद की जबकि सत्तासीन नेता लोगों की आंशिक मदद करने में भी विफल रहे। उन्होंने सुधीर शर्मा का धन्यवाद करते हुए कहा कि धर्मशाला में 2012 से 2017 तक हुए विकास का श्रेय उन्हें जाता है और 2017 से बाद सत्ता से बाहर रहने के बावजूद उन्होंने लोगों का दामन थामे रखा।

SHARE