भारत जैसे देश में मोदी की ईश्वरीय शक्ति से बनी वैक्सीन: सुरेश भारद्वाज

File Photo

शिमला।। हिमाचल प्रेदश के शहरी विकास मंत्री और शिमला सिटी से बीजेपी के विधायक सुरेश भारद्वाज ने पीएम नरेंद्र मोदी को शिव का अवतार पुरुष बताने के अपने बयान को सही बताया है। उन्होंने कहा कि उनके बयान में कुछ भी गलत नहीं है और ईश्वर के अवतार इंसान के रूप में ही जन्म लेते हैं। उन्होंने कहा कि जो कुछ पीएम मोदी ने किया, उसके कारण ही उन्होंने ऐसा कहा।

गुरुवार को दिए गए बयान पर बवाल होने के बाद जब मंत्री जी से पत्रकारों ने शुक्रवार को सवाल किया तो उन्होंने इस पर सफाई देते हुए बहुत कुछ कहा, जिसका मतलब निकलता नजर नहीं आया। उन्होंने कहा कि भारत को कोरोना संकट में मोदी ने वैसे ही संभावा, जैसे शिव ने विष पिया था।

भारद्वाज ने कहा, “भारत जैसे देश में कोई सोच भी नहीं सकता था कि वैक्सीन पैदा करेंगे। जिस प्रकार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना को टैकल किया है, यह काम किसी महापुरुष का ही होता है। अवतार जो हैं वो महापुरुष ही होते हैं। उनके पास ईश्वरीय शक्ति होती है। तो इसमें तुलना किसी व्यक्ति या ईश्वर से नहीं, शिव के अवतार से की है। अवतार मनुष्य रूप में आते हैं, ईश्वर खुद नहीं होते। मैंने इसमें कोई गलती नहीं की है।”

सुरेश भारद्वाज का यह कहना कि ‘भारत जैसे देश में वैक्सीन बन गई’, बेहद अजीब है। वह ‘भारत जैसे देश’ कहकर ऐसा जता रहे थे मानो भारत बेहद दीन-हीन देश हो। लेकिन हकीकत यह है कि 19वीं सदी में ही भारत में प्लेग की वैक्सीन विकसित की गई थी। भारत वर्षों से वैक्सीन न सिर्फ विकसित कर रहा है बल्कि बड़े पैमाने पर कई तरह के टीकों का उत्पादन करके पूरी दुनिया को निर्यात कर रहा है। हो सकता है कि पूर्व शिक्षा मंत्री को यह बुनियादी बात पढ़ने या जानने का कभी समय न मिला हो।

क्या दिल्ली तक पहुंच पाएगी सुरेश भारद्वाज की स्तुति की गूंज?

 

SHARE