नरेश चौहान मीडिया सलाहकार, गोकुल बुटेल बने आईटी अडवाइजर, दोनों को कैबिनेट रैंक

शिमला।। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्कू भले ही अभी तक मंत्रिमंडल का गठन न कर पाए हों लेकिन उन्होंने अपनी कोर टीम का विस्तार करना जारी रखा है। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आईटी सलाहकार रहे गोकुल बुटेल को सुक्खू का प्रधान आईटी सलाहकार नियुक्त किया गया। उन्हें कैबिनेट मंत्री का रैंक दिया गया है।

इसी तरह सुक्खू ने कांग्रेस प्रवक्ता नरेश चौहान को अपना प्रधान मीडिया सलाहकार नियुक्त किया है। नरेश चौहान शिमला से कांग्रेस के टिकट के दावेदार भी थे। उन्हें भी कैबिनेट मंत्री के बराबर दर्जा दिया गया है।

इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपनी टीम में पहली नियुक्ति हमीरपुर के सुनील शर्मा की थी। उन्हें कैबिनेट रैंक पर सीएम ने अपना राजनीतिक सलाहकार बनाया है।

गौरतलब है कि अभी तक सुक्खू अपने मंत्रिमंडल का गठन नहीं कर पाए हैं। कांग्रेस ने घोषणा की थी कि वह सरकार के गठन के 10 दिन के अंदर अपनी पहली कैबिनेट में ओपीएस बहाली और एक लाख नौकरियां देने जैसे फैसले करेगी। हालांकि, ऐसा तभी हो पाएगा जब मंत्री शपथ लें।

SHARE