अरुणाचल हिमस्खलन : हिमाचल के 21 वर्षीय जवान अंकेश समेत सात शहीद

बिलासपुर। अरुणाचल प्रदेश के कामेंग सेक्टर में हुए हिमस्खलन में हिमाचल के जवान अंकेश भारद्वाज सहित 7 सैनिक शहीद हो गए हैं। सेना की ओर से आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि भी कर दी गई है। जानकारी के अनुसार 6 फरवरी को भारतीय सेना के 7 जवान हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे।

सेना की ओर से जवानों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाया गया, लेकिन किसी भी जवान को नहीं बचाया जा सका। शहीद होने वाले जवानों में बिलासपुर जिला के 21 वर्षीय अंकेश भारद्वाज भी शामिल हैं। अंकेश बिलासपुर जिले की घुमारवीं उपतहसील के सेऊ गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार अंकेश के पिता भी सैनिक रहे हैं। इसके अलावा एक चाचा भी पूर्व सैनिक हैं, जबकि दो चाचा बीएसफ सेवाएं दे रहे हैं।

अंकेश माता-पिता के बड़े बेटे थे, जबकि अंकेश का छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है। अंकेश भारद्वाज का जन्म 6 सितंबर 2000 को हुआ था और वो 2019 से भारतीय सेना की जैक-19 में सेवाएं दे रहे थे। सैनिक के शहीद होने की खबर से गांव में मातम है।

भेदभाव की इंतहा थी 15 अंकों के मूल्यांकन की व्यवस्था