वो योजनाएं जिसने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को बेस्ट परफॉर्मर बनाया था

जयराम ठाकुर (File Photo)

शिमला। हिमाचल की बीजेपी सरकार को चार साल पूरे होने में अभी कुछ महीने बाकी हैं। दिसंबर में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार को चार साल पूरे होने जा रहे हैं। जाहिर है सरकार चार साल पूरे होने पर खास कार्यक्रम का भी आयोजन करेगी, लेकिन कुछ उपलब्धियां हैं जिनकी चर्चा अभी से लोगों के बीच लगातार हो रही है। दरअसल हिमाचल ने हाल ही में कोविड वैक्सीनेशन की पहली डोज सभी व्यस्कों को लेकर देश भर में नंबर एक का स्थान हासिल किया था। इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर चलने वाले कोई भी अभियान हों, हिमाचल हमेशा इक्कीस ही साबित होता रहा है।

इसी तरह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने खुद की सोच से कुछ योजनाओं को भी जनता के लिए शुरू किया। आयुष्मान योजना की तर्ज पर हिम केयर योजना चलाई गई। बिस्तर पर दिन गुजार रहे गंभीर रोगियों के लिए सहारा योजना की शुरुआत हुई। वृद्धों की दिक्कतों को देखते हुए पेंशन के लिए आयु सीमा घटाई गई। महिलाओं की पेंशन के लिए तो आयु सीमा घटाकर 65 कर दी गई।

ये भी पढ़ें – संवैधानिक मर्यादा भूल राष्ट्रपति के सामने ‘राजनीति’ कर गए अग्निहोत्री

ये सभी सीधे आम आदमी के लिए चलाई गई योजनाएं हैं। इन योजनाओं की चर्चा तो हो ही रही बल्कि हिमाचल भी विकास की गाथा लिख रहा है। स्वास्थ्य के साथ शिक्षा को लेकर भी जयराम सरकार अभूतपूर्व कार्य कर रही है। नौवीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए मुफ्त में ही नीट-जेईई कोचिंग की शुरुआत की गई है। इसके अलावा श्रमिकों के बच्चों को पढ़ाई के लिए दी जाने वाली राशि में 300 से 30 हजार रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है।

इसके अलावा बेटियों के जन्म पर 51 हजार रुपए की एकमुश्त राशि देने की योजना हो या गरीब बेटियों की शादी पर 31 हजार रुपए की शगुन योजना। ये सभी योजनाएं आम जनता के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से शुरू की गई। साधारण पृष्टि भूमि से जुड़े मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ये योजनाएं आम आदमी की पसंद बन चुकी हैं।

हिमाचल ने कोरोना काल में बेहतरीन प्रबंधन का उदाहरण पेश किया था। प्रदेश के अस्पतालों में पीएसए ऑक्सीजन प्लांट की संख्या बढ़कर 15 हो चुकी है जो कि इस महीने के अंत तक 28 हो जाएगी। कम संसाधनों वाला हिमाचल आत्मनिर्भरता के पग उठा रहा है।

बीते साल भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व के चलते उन्होंने एक सर्वे में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पीछे छोड़ दिया था। यह सर्वे आईएएनएस-सी वोटर की ओर से किया गया था। बीते वर्ष हुए इस सर्वे में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बीजेपी शासित सरकारों के मुख्यमंत्रियों के बीच बेस्ट परफार्मिंग सीएम चुने गए थे।