घरेलू हिंसा के आरोपों पर बोले विक्रमादित्य सिंह, होली लॉज पर मां भीमाकाली का आशीर्वाद

इन हिमाचल डेस्क।। शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने होली लॉज में मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इसमें उन्होंने सरकार, ओपीएस के मुद्दे और मंत्रिमंडल के गठन पर बात कही। इस दौरान पत्रकारों ने विक्रमादित्य पर पत्नी सुदर्शना चुंडावत की ओर से लगाए गए घरेलू हिंसा के आरोपों पर भी सवाल किए। इस पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि धुएं को निकलने के लिए आग की जरूरत है। वह जानते हैं कि कौन इस षड्यंत्र के पीछे है। होली लॉज पर मां भीमाकाली का आशीर्वाद है। जनता ने उन्हें जो मैनडेट दिया है वह बताता है कि जनता उनके साथ है।

विक्रमादित्य सिंह ने इस मामले पर यह भी कहा कि पिछले तीन साल से यह मामला चल रहा है, लेकिन अब कुछ लोग जानबूझकर इसे उछाल रहे हैं। यह एक पारिवारिक मामला है जिसे न्यायिक प्रक्रिया से सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय ही इस मुद्दे को क्यों उछाला गया। उनके खिलाफ राजनीतिक षड्यंत्र रचा जा रहा है। इसके पीछे कौन-कौन हैं जल्द ही उनका भी खुलासा किया जाएगा।

पढ़ें – पत्नी सुदर्शना की शिकायत पर विक्रमादित्य सिंह और अन्य के खिलाफ वॉरन्ट

प्रत्रकारों की ओर से सवाल किया गया कि कांग्रेस ने सरकार बनने के दस दिन के भीतर ओपीएस बहाल करने का वादा किया था लेकिन अभी तक मंत्रिमंडल का गठन नहीं हो पाया हैं। कांग्रेस के वादों को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर हैं जिस पर कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने उन्हें सयंम रखने की हिदायत दी और कहा है कि कांग्रेस पार्टी ने चुनावों में जो 10 गारंटी दी हैं उन्हें जल्द चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

‘मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पूरा होगा ओपीएस का वादा’
विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह हमेशा टू-वे कम्युनिकेशन में विश्वास रखते हैं। इसकी शुरुआत सीएम सुक्खू ने कर दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जो मैनडेट जनता ने कांग्रेस पर जताया है उसके लिए सरकार और प्रशासन तैयार है और कांग्रेस सभी वादे पूरे करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे को पूरा करेगी। हर महिला को 1500 रुपये, युवाओं के लिए 680 करोड़ के आर्थिक पैकेज सहित सभी गारंटियों को पूरा किया जाएगा।

‘केंद्र सरकार नहीं छीन सकती हिमाचल का हक’
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने भी संगठन और सरकार को तालमेल से काम करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि महायुद्ध तो अभी आना है जो 2024 के लोकसभा चुनाव हैं। इसे भी जीतना है और इसके लिए हम तैयार हैं। सरकार रिसोर्सिज को जनरेट कर आय के साधनों को मजबूत करने का काम करेगी। केंद्र सरकार के साथ मिलकर कार्य करना होगा। पीएम मोदी ने कहा था कि हिमाचल मेरा दूसरा घर है तो यह रिश्ता बरकरार रहना चाहिए।

विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय नेतृत्व से बड़ा दिल दिखाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था भले ही पार्टी अलग है लेकिन वीरभद्र मेरे मित्र हैं। ऐसा ही रिश्ता केंद्र और राज्य का होना चाहिए। पार्टी के साथ विचारों की लड़ाई तो आगे भी रहेगी लेकिन हिमाचल का जो अधिकार है उसे केन्द्र सरकार छीन नहीं सकती है।

‘जयराम ठाकुर कहते थे विक्रमादित्य सिंह जल्दी में है’
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि 5 साल सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में सभी प्रदेश के विकास में सहयोग देंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जो वादे किए हैं पूरे किए जाएंगे। अभी मंत्रिमंडल का गठन नहीं हुआ है। इसके अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से हिमाचल सरकार पर की गई टिप्पणी को लेकर जब उनसे सवाल किया गया तो विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भगवंत मान अपना राज्य संभाले हमारी चिंता न करें। हमें उनसे सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं। जयराम ठाकुर कहते थे विक्रमादित्य सिंह जल्दी में है अभी तो पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकारी आवास भी नहीं छोड़ा। इतनी जल्दी टिका टिप्पणी न करें थोड़ा संयम रखें।

यह भी पढ़ें – सीमेंट प्लांट बंद रहे तो टूटेगी आपकी भी कमर, हिमाचल को होगा गंभीर नुकसान