शहीद तिलकराज की पत्नी को मिली नौकरी, पूरा हुआ सीएम जयराम का वादा

जवाली।। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को हुए आंतकी हमले में शहीद हुए कांगड़ा के जवाली के धेवा गांव के तिलकराज के परिजनों को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और जवाली के विधायक अर्जुन ठाकुर ने आर्थिक सहायता देने की बात कही थी। उस समय शहीद की पत्नी सावित्री देवी को रोजगार दिलाने का आश्वासन दिया था।

शुक्रवार को सरकार ने यह वादा पूरा कर दिया। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सरकार की तरफ़ से जवाली के विधायक अर्जुन ठाकुर के माध्यम से शहीद तिलक राज की पत्नी सावित्री देवी को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।

इस मौके पर एसडीएम जवाली अरुण शर्मा ने हारचकियाँ उपतहसील में जाकर सावित्री देवी को क्लर्क के पद पर जॉइनिंग करवाई।

शहीद तिलक राज की पत्नी सावित्री देवी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर स्थानीय विधायक अर्जुन ठाकुर का धन्यवाद किया। जवाली के विधायक अर्जुन ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शहीदों और उनके परिजनों के प्रति सम्मान जताया है।

SHARE