पुणे में पोर्शे कार से दो लोगों को रौंदने वाले लड़के के पिता गिरफ्तार

पुणे।। महाराष्ट्र के पुणे में दो लोगों की जान लेने वाले घातक कार हादसे में शामिल रहे 17 साल के लड़के के पिता को पुणे पुलिस ने महाराष्ट्र के औरंगाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। Pune Porsche accident के नाम से पूरे देश में इस हादसे की चर्चा है।

ये हादसा सोमवार सुबह पुणे के कल्याणी नगर इलाके में हुआ था। पॉर्शे कार को 17 साल का एक लड़का चला रहा था। पुलिस का कहना है कि ये कार एक मोटरसाइकल से टकराई और अनीस अवधिया और अश्वनी कोस्टा की मौके पर ही मौत हो गई।

अब इस मामले को पुणे पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंपा जा रहा है। पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने बताया कि नाबालिग लड़का 12वीं का रिजल्ट आने पर स्थानीय पब में जश्न मना रहा था, जहां उसे क्रैश से पहले शराब पीते हुए देखा गया था। महाराष्ट्र में शराब पीने की कानूनी उम्र 25 साल है। ऐसे में जिस पब ने उसे शराप परोसी, वो भी अवैध काम कर रहा था। ऐसे में उनके ऊपर भी मामला दर्ज होगा।

घटना के बाद लोगों में गुस्सा देखा गया। खासकर तब, जब जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने 15 घंटों के अंदर ही लड़के को ज़मानत दे दी। बोर्ड ने काउंसलिंग, शराब मुक्ति और रोड सेफ्टी पर 300 शब्दों का निबंध लिखने जैसी हल्की व्यवस्थाएं दीं। हादसे में दो लोगों की जान जाने के बाद इतनी हल्की प्रतिक्रिया से लोगों में भारी गुस्सा था।

पुणे पुलिस ने सेशन कोर्ट में इस नाबालिग को वयस्क मानने की याचिका दायर करते हुए जमानत का विरोध किया है। इस बीच पुलिस ने लड़के के पिता को भी हिरासत में लिया है जो एक नामी बिल्डर हैं। उनके खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस ऐक्ट की धारा 75 और 77 के तहत मामला दर्ज किया गया है।