ईरान की नाव को भारत के कोस्ट गार्ड ने पकड़ा तो भारतीय क्रू ने सुनाई आपबीती

Image: keralakaumudi.com

डेस्क।। ईरान के एक छोटे जहाज़ को भारतीय कोस्ट गार्ड ने केरल के तट के पास पकड़ा है। इस जहाज के क्रू के सदस्य भारत के हैं। द हिंदू की खबर के अनुसार, भारतीय कोस्ट कार्ड के जहाज और हेलिकॉप्टर ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

इसे कोझिकोड़ जिले के कोइलैंडी से 20 समुद्री मील दूर बेपोर के नजदीक पकड़ा गया है। इसके बाद इसे कोच्चि में लाया गया है जहां आगे की पड़ताल और कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।

कोस्ट गार्ड के अनुसार, शुरुआती जांच बता रही है कि नाव का मालिकाना हक एक ईरानी के पास है और उसने कन्याकुमारी के छह मछुआरों से एक कॉन्ट्रैक्ट किया हुआ है। इसके तहत उसने इन्हें ईरान के तट के करीब मछली पकड़ने के लिए ईरानी वीजा दिलवाया है।

क्रू के सदस्यों ने कोस्ट गार्ड को बताया कि उन्हें हायर करने के बाद से ही परेशान किया जा रहा था। उनके साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा था। उन्हें सही से नहीं रखा जा रहा था और पासपोर्ट जब्त कर लिए गए थे।

मछुआरों का कहना है कि इसके बाद मौका मिलते ही वो नाव लेकर ईरान से भारत की ओर भाग निकले।