अमानवीय: तेंदुए को मारकर चारों पंजे काट ले गए शिकारी

सिरमौर।। अक्सर आपने खबरें पढ़ी होंगी कि आदमखोर तेंदुए को मार गिराया गया, तेंदुए ने इंसान पर हमला किया, तेंदुआ बस्ती में घुसा। हमारे मन में पहली इमेज बनती है कि कितना खतरनाक जीव है। मगर ये तो बेचारे जानवर हैं और इनसे क्या उम्मीद की जाए। समझदारी की उम्मीद इंसानों से की जा सकती है, मगर अफसोस! कुछ लोग मानवता को कलंकित करने में जुटे हुए हैं।

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन में एक तेंदुआ मृत पाया गया है, जिसके शरीर में छर्रों के निशान हैं। यही नहीं, इसके चारों पंजे गायब हैं। घटनास्थल पर बंदूक के छर्रे भी पड़े हुए हैं। साफ है कि शिकारियों ने इस जीव को मार डाला और नाखूनों के पंजे काटकर ले गए।
चारों पंजे काट दिए हैं किसी ने

चारों पंजे काट दिए हैं किसी ने

वन विभाग ने पुलिस थाना नाहन में अज्ञात शिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया है और वन्य प्राणी अधिनियम के तहत छानबीन शुरू कर दी गई है। कौलांवालाभूड़ के वन आरक्षित क्यारी जंगल में गश्त के दौरान फॉरेस्ट गार्ड को यह तेंदुआ मृत मिला था।तेंदुए के शव में कीड़े पड़ गए थे। आशंका है कि किसी शिकारी इसकी जान ली है।

यह धरती जितनी हम इंसानों की है, उतनी ही अन्य जीवों की भी। आज हम सक्षम होकर हर जगह पहुंच बना चुके हैं। जंगलों में घर बना लिए, सड़कें बना दीं, तरह-तरह के निर्माण कर लिए। इससे अब तक कई जीव विलुप्त हो चुके हैं तो कई विलुप्त होने की कगार पर है। हमें चाहिए कि प्रकृति का सम्मान करें और अन्य जीवों को जगह दें। यह हमारी जिम्मेदारी है क्योंकि हम इंसानों ने अपने लिए सब कुछ बदला है, ये जीवन जैसे सदियों पहले रहते थे, आज भी वैसे ही रहते हैं। मगर हमारी स्थिति क्या हो चुकी है, यह इस घटना से पता चलता है।

SHARE