बाली के बयान पर सत्ती की प्रतिक्रिया, मुख्यमंत्री कहीं से भी हो सकता है

शिमला।। पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता जीएस बाली के बयान के बाद सूबे की सियासत गरमा गयी है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान में हिमाचल प्रदेश सरकार में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने बाली के बयान पर प्रतिक्रिया दी है।

दो दिन पहले बाली ने बयान दिया था कि अगला मुख्यमंत्री कांगड़ा जिला से होना चाहिए। उन्होंने कहा था कि कांगड़ा जिला का मुख्यमंत्री सीट पर पूरा अधिकार है। कोई भी दल इसे नजरअंदाज नहीं कर सकता। 50 सालों से कांगड़ा को मुख्यमंत्री की सीट नहीं मिली है, इसलिए अब कांगड़ा को मौका मिलना चाहिए।

बाली के इस बयान पर सत्ती ने पलटवार किया है। सत्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री कहीं से भी हो सकते हैं। क्षेत्र के हिसाब से बात नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री का पद एक प्रतिष्ठित पद है, इसे क्षेत्रवाद से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हिमाचल में दोबारा जयराम ठाकुर ही मुख्यमंत्री बनेंगे। लोकसभा से लेकर पंचायतों तक के चुनाव में भाजपा जीतकर आई है। उपचुनाव भी भाजपा ही जीतेगी।

सत्ती ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बंटी हुई है। उनसे प्रदेश की जनता को कोई उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 10 से 15 उम्मीदवार मुख्यमंत्री के दावेदार है। कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने की हौड़ मची है, जो कभी नहीं होने वाला है।

SHARE