शिमला: बंदूक लेकर सड़क पर खड़ा हो गया भाजपा नेता से नाराज कर्मचारी

शिमला।। जल शक्ति विभाग के एक कर्मचारी द्वारा भाजपा नेता पर हमला करने का मामला सामने आया है। मामला शिमला जिला से संबंधित है। बताया जा रहा है कि यहां जल शक्ति विभाग में तैनात एक सरकारी कर्मचारी अपने तबादले से इतना खफा हो गया कि उसने भाजपा नेता पर हमला कर दिया।
मामला रविवार का है। कसुम्पटी भाजपा मंडलाध्यक्ष जितेंद्र भोकटा पौधरोपण कार्यक्रम से घर लौट रहे थे। मंडल अध्यक्ष के साथ कसुम्पटी मंडल के उपाध्यक्ष समेत 3 व्यक्ति सवार थे। जैसे ही वे चुरट के पास पहुँचे तो वहाँ एक व्यक्ति बंदूक लेकर खड़ा था। जब गाड़ी को नहीं रोका गया तो उसने गाड़ी पर बंदूक दे मारी। जिसके बाद गाड़ी रोककर लोगों ने आरोपी को काबू किया और उससे बंदूक छीन ली। इसके बाद आरोपी पत्थरों की बौछार करते हुआ मौके से फरार हो गया।

ढली थाना में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बंदूक को कब्जे में ले लिया है और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

आरोपी में जल शक्ति विभाग में कार्यरत है। पिछले दिनों उसकी ट्रांसफर हो गई थी। उसे अंदेशा था कि उसकी ट्रांसफर के पीछे भाजपा मंडल अध्यक्ष का हाथ है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मंडल अध्यक्ष के साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी है।

वहीं बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में भी आरोपी और भाजपा मंडलाध्यक्ष के बीच बहस हुई थी। मंडल अध्यक्ष शहर से सटे ग्राम पंचायत पटगैहर में पौधरोपण कार्यक्रम में पहुंचे थे। जहां मौजूद आरोपी कर्मचारी अपनी ट्रांसफर को लेकर मंडल अध्यक्ष से उलझ गया था। लेकिन वहां मौजूद लोगों ने विवाद को शांत कर दिया। जिसके बाद कर्मचारी वहां से चला गया था और रास्ते में गाड़ी के सामने आ पहुंचा।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी शिमला मोहित चावला ने कहा कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बंदूक को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी कर्मचारी की तलाश की जा रही है।

SHARE