कैबिनेट से मंजूरी के बाद अब OPS की नोटिफिकेशन का इंतजार

शिमला।। शुक्रवार को सुक्खू सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में ओल्ड पेंशन स्कीम की बहाली को मंजूरी मिलने के बाद अब कर्मचारी नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा था कि आज शाम को ही नोटिफिकेशन आ जाएगी। मगर अब तक यह नोटिफिकेशन नहीं आ पाई है।

कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से कई आदेश देर रात और अवकाश के दिन भी सामने आए हैं। ऐसे में कर्मचारियों को उम्मीद थी कि शुक्रवार देर रात या शनिवार को नोटिफिकेशन आ सकती है। मगर शनिवार को सेकेंड सैटरडे का अवकाश होने के कारण ऐसा नहीं हो पाया। आज रविवार है, ऐसे में सोमवार को नोटिफिकेशन जारी हो सकती है।

दरअसल, कर्मचारियों को नोटिफिकेशन का इंतजार इसलिए है क्योंकि वे जानना चाहते हैं कि ओपीएस बहाली का मॉडल क्या होगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कह चुके हैं कि हिमाचल का ओपीएस का अपना मॉडल होगा। पत्रकारों ने उनसे पूछा था कि क्या हिमाचल में छत्तीसगढ़ का मॉडल अपनाया जाएगा। इस पर उन्होंने कहा था कि हिमाचल का अपना मॉडल होगा जिसे छत्तीसगढ़ मॉडल के आधार पर तैयार किया गया है।

SHARE