गोविंद ठाकुर को झटका, राजीव सहजल को बड़ी जिम्मेदारी; जानें किसे क्या मिला

Image courtesy: Express Photo/ Kamleshwar Singh

शिमला।। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंत्रिमंडल में तीन नए चेहरो ंको शामिल करने के साथ ही महकमों में भी भारी फेरबदल किया है। सीएम ने पहले ही कहा था कि मंत्रिमंडल में फेरबदल यदि किया जाएगा तो उसमें परफ़ॉर्मेंस को आधार बनाया जाएगा। इस तरह से देखा जाए तो कुछ मंत्रियों को झटका लगा है तो कुछ की ज़िम्मेदारी बढ़ाई गई है। हालाँकि, तमाम आरोपों और आलोचनाओं के बावजूद महेंद्र सिंह ठाकुर अभी भी मुख्यमंत्री के बाद ताकतवर मंत्री बने हुए हैं। विक्रम ठाकुर को भी अतिरिक्त महकमे की ज़िम्मेदारी मिली है।

मनाली से विधायक गोविंद ठाकुर से उनके तीन महकमे लेकर शिक्षा मंत्री बनाया गया है। उनके पास भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग भी रहेगा। गोविंद ठाकुर से लिए गए वन विभाग और खेल एवं युवा मामलों के महकमों को नए मंत्री राकेश पठानिया को दिया गया है जबकि ट्रांसपोर्ट महकमा उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर को सौंपा गया है।

गोविंद ठाकुर अपने ही जिले में वनों के कटान को लेकर प्रभावी क़दम न उठा पाने को लेकर मीडिया की आलोचनाओं के केंद्र में रहे थे। इसके अलावा परिवहन विभाग में भी उनकी कोई खास उपलब्धि नहीं रही। दो बार बसों का किराया बढ़ाया गया तो आरोप लगे कि वह निजी बस ऑपरेटरों के दबाव में काम कर रहे हैं। सरकारी बसों के लगातार घाटे में जाने और अवैध वॉल्वो को लेकर आंख मूंदने के कारण भी उनपर सवाल उठ रहे थे।

गोविंद ठाकुर

उधर, शिमला सिटी से विधायक सुरेश भारद्वाज को शहरी विकास, टीसीपी एंड हाउज़िंग, क़ानून, संसदीय मामलों और सहकारिता विभाग की ज़िम्मेदारी दी गई है। जैसा कि पहले ही बताया गया है, उनसे शिक्षा महकमा लेकर गोविंद ठाकुर को दिया गया है। इसके अलावा राजीव सहजल की तरक़्क़ी हुई है। उन्हें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और आयुर्वेद विभाग दिया गया है। वह ख़ुद भी डॉक्टर हैं। पहले यह महकमा विपिन परमार के पास था मगर उनके विधानसभा अध्यक्ष बनने के बाद सीएम के पास चला गया था।

मंत्रियों के विभागों की जानकारी

ख़राब प्रदर्शन के लिए आलोचनाओं का सामना कर रहीं मंत्रिमंडल की इकलौती महिला सदस्य सरवीण चौधरी को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री बनाया गया है। उनके पास पहले शहरी विकास मंत्रालय था मगर वह अपने काम से प्रभावित नहीं कर पा रही थीं। ऐसी चर्चा है कि प्रदेश में बीजेपी की कोई और वरिष्ठ महिला विधायक होती तो सरवीण की जगह उन्हें मंत्री बना दिया जाता।

सरवीण चौधरी

रामलाल मारकंडा को टेक्निकल एजुकेशन और ट्राइबल अफ़ेयर व आईटी विभाग सौंपा गया है। उनसे कृषि मंत्रालय लेकर वीरेंद्र कंवर को दिया गया है। वीरेंद्र कंवर आरडी एंड पीआर, पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग भी सँभालेंगे। नए मंत्री सुखराम को एमपीपी और ऊर्जा मंत्रालय दिया गया है वहीं राजिंदर गर्ग खाद्य एवं आपूर्ति और प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी विभाग देखेंगे। वहीं राकेश पठानिया वन एवं युवा मामलों के मंत्री होंगे।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ढाई साल के कार्यकाल के बाद यह कैबिनेट विस्तार और रीशफल किया है। कई मंत्री पद लंबे समय से ख़ाली चल रहे थे। परफ़ॉर्मेंस के आधार पर मंत्रियों के महकमे बदल सीएम ने सरकार के पेच कसने की कोशिश तो की है मगर अहम बात यह है कि इससे सबक़ लेकर मंत्री अपना रवैया बदलते हैं या नहीं।

हालाँकि, महेंद्र सिंह और विक्रम ठाकुर भी ज़मीन पर डिलीवर करने में असफल दिखे हैं और हवाई बातें या दावे करने को लेकर जनता की नज़रों में भी हैं। फिर भी सीएम ने उनपर विश्वास जताया है। ऐसे में देखना होगा कि यह फेरबदल पूरी की पूरी सरकार की कार्यशैली और छवि को कितना बदल पाता है।

SHARE