हिमाचल: अब एंटीना पर प्रसारित नहीं होगा दूरदर्शन, सात टावर बंद

शिमला।। अब एंटीना पर दूरदर्शन का प्रसारण नहीं होगा। डीटीएच और केबल तकनीक आने के चलते यह निर्णय लिया गया है। हिमाचल प्रदेश में दूरदर्शन के सात टावर बंद किए जा रहे हैं। अब प्रसार भारती ने स्थलीय प्रसारण बंद करने का निर्णय लिया है।

इसकी पुष्टि करते हुए दूरदर्शन शिमला के केंद्र निदेशक विकास भट्ट ने बताया कि 31 अक्तूबर 2021 से कुल्लू टावर के स्थलीय प्रसारण बंद हो जाएंगे। वहीं, 31 मार्च, 2022 तक सभी टावर बंद कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अब तकनीक काफी बदल गई है। दूरदर्शन का प्रसारण सेटेलाइट और केबल टीवी के माध्यम से हो रहा है। इसी के चलते ये टावर बंद किए जा रहे हैं।

बता दें कि प्रदेश में दूरदर्शन के स्थलीय प्रसारण के लिए सात टॉवर लगाए गए हैं। इनमें एचपीटी के तीन टावर शिमला, कसौली और धर्मशाला में हैं। एलपीटी टावर बिलासपुर, मंडी, कुल्लू और मनाली में हैं।

ये टावर बंद होने से तकनीकी कर्मचारियों पर तबादले की गाज गिर सकती है। स्थलीय प्रसारण बंद करने से दूरदर्शन के 50 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों पर संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में इन कर्मचारियों को हिमाचल से बाहर भी ट्रांसफर किया जा सकता है। इसी वजह से कर्मचारी टावर बंद करने का विरोध भी कर रहे हैं।

SHARE