शिमला।। हिमाचल प्रदेश उद्यान विभाग ने सेब के पौधे बेचने वाली तीन नर्सरियों पर हिमाचल सरकार नर्सरी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। यह तीनों नर्सरियां विदेशी सेब के पौधे बेचती थी। अब विभाग ने इन पर पाबंदी लगा दी है और इनमें सेब के पौधे आयात करने के सर्टिफिकेट भी रद्द कर दिए हैं। मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन 1100 में शिकायत के बाद विभाग ने यह कार्रवाई की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, इन नर्सरियों द्वारा सेब के पौधे विदेशों से आयात करने के बाद एक साल तक क्वारन्टीन नहीं किए गए थे और गलत तरीके से बागवानों को बेचे जा रहे थे। सोशल मीडिया पर भी सेब के पौधों का प्रचार किया जा रहा थ, जिस पर विभाग ने नकेल कसी है।
इस बारे बागवानी विभाग के निदेशक जेपी शर्मा ने कहा कि विदेशों से आयात किए गए सेब के पौधे बिना क्वारंटीन किए बागवानों को बेचे जा रहे थे। इससे बगीचों में वायरस आने का खतरा रहता है।
उन्होंने बताया कि जब विभाग के अधिकारी जांच के लिए मौके पर गए, तो पता चला कि नियमों के विपरीत जाकर सेब के पौधे बेचे जा रहे थे। जिसके बाद विभाग ने इन नर्सरियों पर रोक लगा दी है। साथ ही उनके विदेशों से सेब के पौधे आयात करने के लिए जारी सर्टिफिकेट भी रद्द कर दिए हैं।