वीरभद्र सिंह के पांच समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

एमबीएम न्यूज नेटवर्क, शिमला।। कुलदीप सिंह राठौर की कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के तौर पर नियुक्ति होने के बाद कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प का मामला पुलिस के वास पहुंच गया है।

इस घटना में घायल सुक्खू समर्थक की शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित का दिन दयाल उपाध्याय (रिपन) अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जिन पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है, वे वीरभद्र के कट्टर समर्थक बताए जा रहे हैं। इनमें युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता भी हैं। बता दें कि कुछ वर्ष पहले विक्रमादित्य सिंह के नेतृत्व में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के शिमला कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था। उस समय मारपीट और पथराव में बीजेपी के एक कार्यकर्ता की आंख फूट गई थी।

एमबीएम न्यूज नेटवर्क का फेसबुक पेज लाइक करें

बहरहाल, जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है उनमें महेंद्र स्तान, विनोद जिंटा, दीपक खुराना, वेद प्रकाश और विरेंद्र वांसटू शामिल हैं। इनके खिलाफ आईपीसी की धाराओं 323, 506, 147 व 148 के तहत केस दर्ज हुआ है। डीएसपी (हैडक्वार्टर) प्रमोद शुक्ला ने एफआईआर दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।

(यह एमबीएम न्यूज नेटवर्क की खबर है और सिंडिकेशन के तहत प्रकाशित की गई है)

SHARE