सोलन : कुनिहार में नाले में कंबल में लिपटा मिला महिला का शव, नहीं थी आंखें

सोलन। कुनिहार-कुफटू मार्ग में बझोल घाटी के नजदीक नाले में बिना आंखों के नाले में एक महिला का शव बरामद हुआ है। शव कंबल में लिपटा हुआ था। मामला सोलन जिला का है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि अभी तक मृतक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

जानकारी के अनुसार महिला का शव कुनिहार क्षेत्र में कूड़ा फेंकने वाली जगह से नीचे खाई में फेंका गया था। ऐसे में पूरे मामले को मर्डर से जोड़ कर देखा जा रहा है। मृतक महिला की उम्र 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। दरअसल, कुनिहार-कुफटू मार्ग के बझोल के नजदीक नाले में कुछ महिलाएं पशुओं के लिए चारा लाने गई थीं।

इसी दौरान महिलाओं की नजर नाले में पड़े एक कंबल पर पड़ी। जब पास जाकर महिलाओं ने कंबल को खोला तो उसमें महिला की लाश थी। इस पर भी हैरानी की बात यह थी कि महिला की आंखें गायब थीं। स्थानीय महिलाओं ने मामले की सूचना तुरंत स्थानीय पंचायत को दी। पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से पुलिस थाना कुनिहार को दी गई।

हालांकि पुलिस ने स्थानीय लोगों से शव की पहचान करवाई, लेकिन मृतक महिला शिनाख्त नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी अंकुश डोगरा के मुताबिक महिला प्रवासी लग रही है। महिला की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही होगा।

 

आजादी न होती तो घोड़ों की लीद उठा रही होतीं कंगना: प्रेम देवी शास्त्री