मंत्रिमंडल का गठन करने की कोई जल्दबाजी नहीं है: सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू

नई दिल्ली।। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सु्क्खू ने कहा है कि उन्हें मंत्रिमंडल का विस्तार करने की कोई जल्दबाजी नहीं है। उन्होंने दिल्ली में पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा कि विधानसभा के शीत सत्र के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।

गौरतलब है कि अभी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ही शपथ ली है। हिमाचल में ऐसा पहली बार हुआ है जब मुख्यमंत्री के शपथ लेने के इतने दिन बाद भी मंत्रियों ने शपथ नहीं ली है।

अभी विधायकों ने शपथ नहीं ली है। वे विधानसभा के शीतकालीन सत्र में शपथ लेंगे। माना जा रहा है कि धर्मशाला में 22 दिसंबर से सत्र शुरू हो सकता है। ऐसी स्थिति में इसके बाद ही मंत्रिमंडल का विस्तार होगा।

यह संभवत: पहला मौका होगा जब हिमाचल विधानसभा के पहले सत्र में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री समेत दो ही लोगों का मंत्रिमंडल होगा।

ऐसे में यह सवाल भी उठने लगे हैं कि क्या कांग्रेस नेताओं का सरकार बनने के 10 दिन के अंदर ओपीएस की बहाली करने का वादा पूरा हो पाएगा या नहीं। हालांकि, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, दोनों मिलकर यह फैसला ले सकते है।