राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने हिमाचल के नरेंद्र ठाकुर को दी बड़ी जिम्मेदारी

शिमला।। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से संबंध रखने वाले नरेंद्र ठाकुर को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। अब वह संघ के राष्ट्रीय सह प्रचार प्रमुख होंगे। यानी संघ के मीडिया विभाग को एक तरह से राष्ट्रीय स्तर पर वही देखेंगे। वह सीधे संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख मनमोहन वैद्य को रिपोर्ट करेंगे।

 

मीडिया के बढ़ते प्रभाव को समझते हुए संघ ने अपने मीडिया विभाग का विस्तार किया है और अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल भी किया है। इनमें प्रमुख है संघ के राष्ट्रीय सह प्रचार प्रमुख के पद पर नया चेहरा लाना। अब तक यह जिम्मेदारी जे. नंद कुमार संभाल रहे थे मगर यह जिम्मेदारी नरेंद्र ठाकुर को दी गई है।
नरेन्द्र ठाकुर अब तक उत्तर क्षेत्र के प्रचार प्रमुख का दायित्व संभाल रहे थे, जिसमें उत्तर भारत के दिल्ली, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा जैसे कई राज्य आते थे। अब उनकी जिम्मेदारी बढ़ाकर उन्हें अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख बना दिया गया है। कोयंबटूर में संपन्न अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में यह फैसला लिया गया है।

 

नरेंद्र मंडी जिले के जोगिंदर नगर से हैं और शिमला में कई वर्षों तक ‘मातृवंदना’ पत्रिका के प्रबंधक रहे हैं। उन्हें बेहद विनम्र और मृदुभाषी माना जाता है।

SHARE