हिमाचल में अक्तूबर में होंगे सभी उपचुनाव, जानें तारीख

नई दिल्ली।। हिमाचल प्रदेश सहित देश भर के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्रस्तावित उपचुनावों की स्थिति अब साफ हो गई है। चुनाव आयोग ने उपचुनावों की घोषणा कर दी है। 30 अक्तूबर को देशभर में संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव होंगे।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश राज्यों के अलावा केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली व दमन और दीव में संसदीय उपचुनाव होने हैं। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के 30 विधानसभा क्षेत्रों में भी उपचुनाव होने हैं। चुनाव आयोग ने उपचुनाव की घोषणा कर दी है। देशभर में 30 अक्तूबर को उपचुनाव होंगे।

हिमाचल में यहाँ होंगे उपचुनाव

हिमाचल में मंडी संसदीय क्षेत्र और फतेहपुर, जुब्बल-कोटखाई व अर्की विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव होने हैं। मंडी संसदीय सीट पूर्व सांसद रामस्वरूप के निधन के बाद खाली हुई थी। वहीं, फतेहपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक सुजान सिंह पठानिया का निधन होने से हिमाचल में पहली विधानसभा सीट खाली हुई थी। उसके बाद जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीट से भाजपा विधायक नरेंद्र बरागटा का निधन हुआ था और अगस्त में अर्की विधानसभा सीट से विधायक व पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के बाद अर्की विधानसभा सीट खाली हुई थी।

चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार एक अक्तूबर से राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। आठ अक्तूबर को प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। उसके बाद 11 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। लोकसभा व विधानसभा में प्रत्याशियों के लिए नामांकन पत्र वापस लेने के दिन अलग-अलग हैं।

मंडी लोकसभा सीट से प्रत्याशी 13 अक्तूबर को अपना नामांकन पत्र वापस ले सकेंगे, वहीं तीन विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी 16 अक्तूबर को अपना नाम वापस ले सकेंगे। 30 अक्तूबर को एक साथ सभी सीटों पर मतदान होगा। वहीं, दो नवंबर को मतगणना होगी।

SHARE