डिग्रियां बिकने और पेपर लीक होने पर शांता कुमार की खरी-खरी

शांता कुमार

पालमपुर।। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा है कि देवभूमि हिमाचल प्रदेश में 43 हजार फर्जी डिग्रियां बिकने का कलंक अत्यन्त दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने फेसबुक पर जारी बयान में लिखा, “43 हजार डिग्रियां करोड़ों रूपये में बिकी। हिमाचल में भी हजारों लोगों ने डिग्रियां खरीदी। कई साल तक यह घोटाला होता रहा। हैरानी की बात यह है कि पुलिस और सरकार को इसका पता ही नही लगा।”

उन्होंने कहा कि हजारों लोगों ने डिग्रियां खरीदी। सैकेड़ों घरों में चर्चा हुई होगी। पुलिस में गुप्तचर विभाग का यही काम होता है कि इस प्रकार के होने वाले अपराध का पता करें। यह भी अपने आप में एक बड़ा घोटाला है कि हिमाचल में इतना बड़ा महापाप और महा अपराध वर्षो तक होता रहा परन्तु सरकार को कोई पता नही चला।

शांता कुमार ने कहा कि यह सोच कर डर लग रहा है कि कहीं जनता भी इस भ्र्ष्टाचार में शामिल तो नही हो गई। सैकड़ों लोगों को फर्जी डिग्रियां बिकने का पता लगा होगा। उन में एक भी ऐसा ईमानदार देशभक्त नहीं था जो इस अपराध की सूचना सरकार को देता। यह भी हो सकता है कि हिम्मत करके सूचना दी हो परन्तु भ्र्ष्टाचार के कारण उस पर कोई कार्यवाही नही हुई हो।

पूर्व सीएम ने कहा कि उस समय के पुलिस गुप्तचर विभाग के प्रमुख को भी अपराधी बनाया जाना चाहिए। इस विभाग के पास लाखों रुपये इसी काम के लिए होते है। सैकड़ों कर्मचारी होते है। वह भी बराबर अपराधी है।

पेपर लीक होने पर भी सवाल
शांता कुमार ने कहा कि प्रदेश में पुलिस पेपर लीक घोटाले में हिमाचल प्रदेश के माथे पर एक और कलंक लगा है। रोज उसकी खबरें पढ़कर सिर शर्म से झुक जाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जी को बधाई दी है कि उन्होंने इस मामले को सी.बी.आई. को सौंपने का निर्णय किया है।

शांता कुमार ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जी से आग्रह किया है कि भविष्य में हिमाचल प्रदेश का कोई भी विभाग अपने विभाग की भर्ती स्वंय न करे। यह काम करने के लिए हिमाचल प्रदेश में दो संस्थाएं पहले से स्थापित है। राजपत्रित कर्मचारियों के लिए एचपी पब्लिक सर्विस कमीशन और अन्य कर्मचारियों के लिए एचपी कर्मचारी चयन कमीशन है। सभी विभागों की भर्ती का काम इन दो संस्थाओं द्वारा ही करवाया जाए। इस निर्णय से हर प्रकार के चयन में पारदर्शिता आयेगी और किसी प्रकार के घोटाले की सम्भावना नही रहेगी।

शांता कुमार ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिये दिन रात परिश्रम कर रहे हैं। केन्द्र सरकार पर पिछले 8 साल में कोई ऊंगली भी नहीं उठा सका परन्तु मोदी सब जगह नही आएंगे। जनता को हर प्रकार का सहयोग देना होगा।”

SHARE