मंडी के लड भड़ोल में सड़क हादसे में छह लोगों की मौत, गहरी खाई में गिरी कार

0
लड भड़ोल सड़क हादसा
आशंका है कि रात को कार गहरी खाई में गिर गई थी

मंडी।। मंडी जिले के जोगिंदर नगर के पास लड भड़ोल में एक दर्दनाक हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है। ये हादसा बीती रात हुआ जब कार पर सवार ये लोग एक जन्मदिन समारोह में शिरकत करने के बाद घर लौट रहे थे। रास्ते में ही उनकी कार गहरी खाई में गिर गई।

जब ये लोग घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। पुलिस की भी मदद ली गई। बाद में पता चला कि उनकी कार खाई में गिर गई है। वह भी तब पता चला जब एक बाइक सवाल ने सुबह देखा कि खाई में कार के मलबे जैसा कुछ दिख रहा है। उसने पुलिस को सूचना दी, तब साफ हुआ कि लापता लोगों की कार हादसे की शिकार हो गई है।

मरने वालों में चार लोग नाबालिग थे। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस बीच विधानसभा के शीत सत्र के दौरान जब इन लोगों की मौत की खबर पहुंची तो कार्यवाही को अगले दिन यानी गुरुवार तक स्थगित कर दिया गया।