रितेश कपरेट बने सीएम सुक्खू के OSD (Political Affairs)

शिमला।। रितेश कपरेट बने मुख्यमंत्री के OSD (Political Affairs)। कांग्रेस में विभिन्न दायित्व संभाल चुके कपरेट सरकार और पार्टी में समन्वय बिठाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।

कांग्रेस सरकार में नवीन नियुक्ति के तहत रितेश कपरेट को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का विशेष कार्याधिकारी (OSD) राजनीतिक मामले ( Political Affairs) नियुक्त किया गया है। कपरेट कांग्रेस के केंद्रीय संगठन और प्रादेशिक संगठन के साथ सरकार का सामंजस्य देखेंगे तथा कांग्रेस के पदाधिकारियों का मुख्यमंत्री के साथ तालमेल देखेंगे।

रितेश मूल रूप से शिमला जिला से संबंध रखते हैं और कांग्रेस छात्र विंग एनएसयूआई से राजनीति की शुरुआत की। राहुल गांधी द्वारा कांग्रेस संगठन में चुनाव के तहत नियुक्तियों की शुरुआत की गई तब कपरेट युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव चुनकर आए। गौरतलब है कि उस दौरान युवा संगठन में चुनकर आए अन्य प्रतिनिधि अनिरुद्ध सिंह, विक्रमादित्य सिंह, रघुवीर सिंह बाली और आशीष बुटेल पहले से ही सरकार का मुख्य हिस्सा हैं इसी कड़ी में कपरेट का नाम भी जुड़ गया है। कपरेट चालीस वर्ष की अल्पायु में ही जिला शिमला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी बने थे।

रितेश मुख्यमंत्री सुक्खू के करीबी माने जाते हैं। वर्तमान मुख्यमंत्री सुक्खू जब चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष थे उस समय कपरेट प्रदेश महासचिव के रूप में उनके साथ अटैच थे तथा अध्यक्ष के सारे प्रदेश कार्यक्रम कारडीनेट करते थे।

अक्टूबर 2017 में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव कपरेट को सुक्खू ने शिमला ग्रामीण का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। तत्कालीन सीएम वीरभद्र ने इसका विरोध किया था। उनके दवाब के आगे कांग्रेस संगठन ने यशवंत छाजटा शिमला ग्रामीण का अध्यक्ष बना दिया और कपरेट को संगठन सचिव बना दिया। मगर सुक्खू अड़ गए और कपरेट को शिमला ग्रामीण का कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाए रखा।

कपरेट को मुख्य तौर पर संगठन का व्यक्ति माना जाता है। कांग्रेस संगठन के विभिन्न विंग्स में लंबे अनुभव के तहत उन्हें यह कार्यभार सौंपा गया है।

SHARE