जुब्बल-कोटखाई: चेतन बरागटा के निष्कासन के बाद भाजपा में इस्तीफों की होड़

शिमला।। जुब्बल-कोटखाई में चेतन बरागटा के निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने के बाद भाजपा की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। चेतन बरागटा को टिकट न मिलने से नाराज भाजपा मंडल के सभी पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफे दे दिए हैं।

शुक्रवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष ने पूरी कार्यकारिणी के साथ अपना इस्तीफा पार्टी हाईकमान को भेज दिया है। भाजपा जिला कार्यकारिणी में शामिल पदाधिकारियों ने भी अपने इस्तीफे दे दिए हैं। इसके अलावा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष सहित सैकड़ों पदाधिकारियों ने भी इस्तीफा दिया है।

चेतन बरागटा के निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने के बाद भाजपा ने उन्हें भाजपा प्रदेश आईटी संयोजक पद से निष्कासित कर दिया है। उनके निष्कासन के बाद अब भाजपा के बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर के पदाधिकारियों में इस्तीफे देने की होड़ लग गई है। सभी पदाधिकारी फेसबुक पर पोस्ट डालकर अपने पदों से इस्तीफा दे रहे हैं।

शुक्रवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल जबैईक, महिला मोर्चा अध्यक्षा नैना तनेटा, युवा मोर्चा अध्यक्ष जतिन चौहान, किसान मोर्चा अध्यक्ष मनोज सुंटा ने सैकड़ों पदाधिकारियों सहित अपना इस्तीफा पार्टी हाईकमान को भेज दिया है।

SHARE