नहीं रहे पूर्व मंत्री और हिमुडा उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा

ऊना।। हिमुडा के उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा का निधन हो गया है। पिछले कुछ समय से वह दिल से संबंधित समस्याओं के चलते अस्वस्थ थे। उन्होंने अंब में अपने घर पर अंतिम सांस ली।

चिंतपूर्णी से भाजपा विधायक रहे प्रवीण शर्मा 1998 से लेकर 2003 तक प्रेम कुमार धूमल सरकार में खेल और आबकारी मंत्री रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के करीबी रहे प्रवीण शर्मा उम्र के आखिरी पड़ाव तक काफी सक्रिय रहे।

शर्मा ने पार्टी में विभिन्न दायित्व संभाले और 2007 से 2012 तक हिमुडा के उपाध्यक्ष रहे। वर्तमान सरकार में भी उन्हें यही पद दिया गया था।

राजनीतिक गलियों में उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल का हनुमान भी कहा जाता था। जब प्रेम कुमार धूमल लोकसभा की सदस्यता छोड़ मुख्यमंत्री बने थे तो उनकी जगह हुए उपचुनाव में अनुराग ठाकुर को हमीरपुर से विजयी बनाने में प्रवीण शर्मा की भी बड़ी भूमिका रही थी।

शर्मा के निधन पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने दुख जताया है।

SHARE