माँ के अंधविश्वास ने छीन लिए दो बच्चे, बाद में खुद कर ली आत्महत्या

प्रतीकात्मक तस्वीर

चम्बा।। चम्बा जिले में एक माँ के अंधविश्वास ने उसके बेटे और बेटी को उससे छीन लिया। जिसके बाद मां ने भी फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। आज के आधुनिक युग में अंधविश्वास से जुड़ी ऐसी खबर सामने आना सच में चौंका देने वाला है।

मामला चंबा जिला के पांगी क्षेत्र के अंतर्गत रेई पंचायत के मझरौऊ गांव का है। मिली जानकारी के अनुसार अंधविश्वास की वजह से दो बच्चों की मौत हो गई। जिसके बाद उनकी मां ने भी फंदा लगा लिया। मृतका की पहचान 42 वर्षीय प्यार देई पत्नी बेदब्यास के रूप में हुई है।

प्यार देई खुद को चेलन यानी माता का रूप मानती थी। यही कारण था कि जब उसके बड़े बेटे की तबीयत खराब हुई तो उसे अस्पताल नहीं ले गए। जिस वजह से घर में ही उसकी मौत हो गई। महिला को विश्वास था कि उसके बेटे को भगवान दूसरी दुनिया में ले गए हैं और वापस छोड़ जाएंगे।

इसी बीच महिला की बेटी की भी तबीयत बिगड़ गई। महिला ने उसे भी अस्पताल ले जाने से मना किया। पिता बेद ब्यास पत्नी के मना करने की वजह से काफी देर से बेटी को इलाज के लिए चंबा अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान ही उसकी मौत हो गई।

जैसे ही महिला को बेटी की मौत की खबर मिली, तो उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना पुलिस को मिलने के बाद घर से बेटे का शव बरामद किया गया, जो लगभग चार-पांच महीने पुराना था। स्थानीय लोगों के अनुसार महिला का पूरा परिवार अंधविश्वास में जकड़ा था। सालों से उनके घर किसी का आना-जाना नहीं था।

स्थानीय लोगों ने ही इस बात की आशंका जताई कि बेटे की मौत चार-पांच महीने पहले ही हो गई थी। पत्नी के कहने पर न तो किसी को घर आने देते थे और न ही किसी के घर जाते थे। लड़कियों को भी जबरदस्ती अस्पताल लेकर गया था। जिनमें छोटी लड़की की मृत्यु हो गई है व बड़ी का चंबा मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी नितिन चौहान ने बताया कि मां और बेटे के शव कब्‍जे में ले लिए हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

SHARE